LIVE

27 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट को मेल के जरिए मिली उड़ाने की धमकी, LOC पर पाकिस्तान की नापाक हरकत, फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, धमाके से दहला ईरान, 14 की मौत; सोना तस्करी मामले में अभिनेत्री रान्या पर COFEPOSA अधिनियम के तहत मामला दर्ज

27 अप्रैल 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को रविवार को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LOC) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए बिना उकसावे के गोलीबारी की है। ईरान में शनिवार को एक बंदरगाह पर हुए विस्फोट में पांच की मौत हो गई, जबकि 700 से अधिक लोग घायल हो गए। यह विस्फोट ईरान के कंटेनजर जहाजों के लिए एक प्रमुख केंद्र बंदर अब्बास के बाहर राजई बंदरगाह पर हुआ। सोशल मीडिया पर प्रसारित कई वीडियो में विस्फोट के बाद काला धुआं उठता दिख रहा है। एक वीडियो में विस्फोट स्थल से कई किलोमीटर दूर स्थित इमारतों के शीशे टूटते हुए दिख रहे हैं। कन्नड़ फिल्म अभिनेत्री रान्या राव पर सोने की तस्करी के मामले में विदेशी मुद्रा संरक्षण और तस्करी गतिविधियों की रोकथाम (सीओएफईपीओएसए) अधिनियम, 1974 के तहत आरोप लगाए गए हैं। इस अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने से उसे कम से कम एक साल तक जमानत नहीं मिल पाएगी। अधिकारियों ने कहा कि उसे अवैध गतिविधियों को फिर से शुरू करने से रोकने के लिए यह कदम उठाना आवश्यक था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के. रामचंद्र राव की सौतेली बेटी रान्या राव को तीन मार्च को 12.56 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 14.2 किलोग्राम सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

Shashank Shekhar MishraUpdated Apr 27, 2025, 17:46 IST
Follow on Google News
27 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट को मेल के जरिए मिली उड़ाने की धमकी, LOC पर पाकिस्तान की नापाक हरकत, फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, धमाके से दहला ईरान, 14 की मौत; सोना तस्करी मामले में अभिनेत्री रान्या पर COFEPOSA अधिनियम के तहत मामला दर्ज

27 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट को मेल के जरिए मिली उड़ाने की धमकी, LOC पर पाकिस्तान की नापाक हरकत, फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, धमाके से दहला ईरान, 14 की मौत; सोना तस्करी मामले में अभिनेत्री रान्या पर COFEPOSA अधिनियम के तहत मामला दर्ज

27 अप्रैल 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को रविवार को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LOC) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए बिना उकसावे के गोलीबारी की है। ईरान में शनिवार को एक बंदरगाह पर हुए विस्फोट में पांच की मौत हो गई, जबकि 700 से अधिक लोग घायल हो गए। यह विस्फोट ईरान के कंटेनजर जहाजों के लिए एक प्रमुख केंद्र बंदर अब्बास के बाहर राजई बंदरगाह पर हुआ। सोशल मीडिया पर प्रसारित कई वीडियो में विस्फोट के बाद काला धुआं उठता दिख रहा है। एक वीडियो में विस्फोट स्थल से कई किलोमीटर दूर स्थित इमारतों के शीशे टूटते हुए दिख रहे हैं। कन्नड़ फिल्म अभिनेत्री रान्या राव पर सोने की तस्करी के मामले में विदेशी मुद्रा संरक्षण और तस्करी गतिविधियों की रोकथाम (सीओएफईपीओएसए) अधिनियम, 1974 के तहत आरोप लगाए गए हैं। इस अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने से उसे कम से कम एक साल तक जमानत नहीं मिल पाएगी। अधिकारियों ने कहा कि उसे अवैध गतिविधियों को फिर से शुरू करने से रोकने के लिए यह कदम उठाना आवश्यक था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के. रामचंद्र राव की सौतेली बेटी रान्या राव को तीन मार्च को 12.56 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 14.2 किलोग्राम सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

धमाके से दहला ईरान, 14 की मौत

सोना तस्करी मामले में अभिनेत्री रान्या पर COFEPOSA अधिनियम के तहत मामला दर्ज

नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने पहलगाम हमले के पीड़ितों के लिए शोक सभा आयोजित की

पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन, बंद

APR 27, 2025 17:31 IST

पाकिस्तान में सुरक्षा बलों ने टीटीपी के 41 आतंकवादियों को मार गिराया

तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) समूह के कम से कम 41 आतंकवादी अफगानिस्तान से पाकिस्तान में घुसपैठ की कोशिश के दौरान एक मुठभेड़ में मारे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि सशस्त्र लड़ाके शुक्रवार रात को उत्तरी वजीरिस्तान कबायली जिले के बिबक घर इलाके के पास छिपे हुए थे, तभी सुरक्षा बलों के साथ उनकी मुठभेड़ हुई। अधिकारी ने कहा, "उनमें से अधिकांश अफगान नागरिक थे।" अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने बचे हुए आतंकवादियों को मार गिराने के लिए इलाके में तलाश अभियान शुरू किया।
APR 27, 2025 17:29 IST

पीएसएल में शामिल भारतीय स्वदेश लौटे

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने रविवार को 23 भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी की सुविधा प्रदान की जो पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के प्रोडक्शन और प्रसारण टीम का हिस्सा थे। पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सीमा तनाव बढ़ने के बाद पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तान में सभी भारतीय नागरिकों को 30 अप्रैल तक देश छोड़ने के लिए कहा था। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों को आतंकवादियों ने गोली मार दी थी। पीसीबी के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि पीएसएल मैचों के प्रोडक्शन और प्रसारण के लिए पाकिस्तान में मौजूद 23 भारतीय नागरिकों को वापस भेज दिया गया है। अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी भारतीय नागरिक लाहौर से वाघा सीमा के रास्ते स्वदेश लौट आए।’’ भारतीय कैमरामैन और तकनीशियनों को कंपनी ने काम पर रखा है जो पीएसएल मैचों का प्रोडक्शन और प्रसारण कर रही है। अधिकारी ने कहा कि प्रसारण की गुणवत्ता को प्रभावित नहीं होने देने के लिए कंपनी ने भारतीयों की कमी को पूरा करने के लिए विदेशी और स्थानीय कैमरामैन तथा तकनीशियनों को काम पर रखा है।
APR 27, 2025 16:35 IST

दिल्ली के रोहिणी में झुग्गी बस्ती में आग लगने से दो लोगों की मौत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में रविवार सुबह झुग्गियों में भीषण आग लगने से दो लोगों की झुलस कर से मौत हो गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें पूर्वाह्न करीब 11:55 बजे घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की 20 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं। इलाके से धुएं का घना गुबार उठता हुआ नजर आ रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अग्निशमनकर्मी फिलहाल आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अभियान जारी है।’’ पुलिस के अनुसार, इस घटना में 400 झुग्गियां जलकर खाक हो गई हैं। रोहिणी के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने कहा, ‘‘पुलिस और अग्निशमन विभाग की कई टीम तैनात की गई हैं। घटनास्थल पर अब शीतलन अभियान जारी है। दो शव बरामद किए गए हैं।’’ उन्होंने कहा कि विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
APR 27, 2025 16:32 IST

नेपाल के काठमांडू में झड़पों के दौरान सात शिक्षक, कुछ पुलिसकर्मी घायल

नेपाल के काठमांडू शहर में रविवार को शिक्षा में सुधार और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान दो पक्षों के बीच हुई झड़प में कम से कम सात शिक्षक और कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पुलिस ने काठमांडू के नया बनेश्वर क्षेत्र के प्रतिबंधित इलाके में प्रवेश करने के मकसद से सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश कर रहे हजारों आंदोलनकारी शिक्षकों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और पानी की बौछार की। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि झड़पों में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। देश के विभिन्न भागों से आये हजारों स्कूल शिक्षक स्कूली शिक्षा में सुधार तथा वेतन एवं भत्तों में वृद्धि की मांग को लेकर काठमांडू में लगभग एक महीने से प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मुख्य मांग संसद द्वारा स्कूल शिक्षा विधेयक पारित करना है। पिछले सप्ताह, आंदोलनकारी शिक्षकों की चिंताओं का समाधान करने में विफल रहने के कारण शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री बिद्या भट्टाराई को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा तथा रघुजी पंटा को मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया।
APR 27, 2025 15:23 IST

बिहार में पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी करने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

बिहार के पटना जिले में वाहन निरीक्षण अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित रूप से गोलीबारी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार रात बिहटा इलाके में परेड ग्राउंड के पास हुई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने भी हथियारबंद लोगों को नियंत्रित करने के लिए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, लेकिन इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि पुलिस ने निरीक्षण अभियान के दौरान कबाड़ ले जा रहे एक वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। इसमें कहा गया है, "पुलिस दल ने तुरंत वाहन का पीछा किया और एक आवासीय इलाके में उसे पकड़ लिया। अचानक, स्थानीय लोगों ने अराजकता पैदा कर दी और वाहन को छुड़ाने का प्रयास किया। उस समय बंदूकधारियों ने गोलीबारी भी शुरू कर दी और पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की।" बयान में कहा गया कि अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी भी वहां पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। इसमें कहा गया है, "अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।"
APR 27, 2025 15:23 IST

आरबीआई गवर्नर ​​ने अमेरिकी उद्योग से भारत में निवेश करने को कहा

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ​​ने अमेरिकी उद्योग से भारत में निवेश करने को कहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत नीतिगत स्थिरता और निश्चितता के साथ सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। मल्होत्रा ने शुक्रवार को यहां भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और अमेरिका भारत रणनीतिक साझेदारी मंच (यूएसआईएसपीएफ) के एक कार्यक्रम में कहा कि वैश्विक वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता और अस्थिरता बढ़ने के बावजूद भारत में चालू वित्त वर्ष के दौरान 6.5 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है। गवर्नर ने कहा, ''ऐसे समय में जब कई उन्नत अर्थव्यवस्थाएं आर्थिक चुनौतियों और बिगड़ते आर्थिक परिदृश्य का सामना कर रही हैं, भारत मजबूत वृद्धि और स्थिरता दर्शा रहा है। ऐसे में यह दीर्घकालिक मूल्य और अवसर की तलाश करने वाले निवेशकों के लिए एक स्वाभाविक विकल्प बन गया है।'' उन्होंने कहा कि भारत ''मौद्रिक, वित्तीय, राजनीतिक और नीतिगत स्थिरता, अनुकूल कारोबारी माहौल, और मजबूत व्यापक आर्थिक बुनियाद से समर्थित अर्थव्यवस्था बना हुआ है।'' मल्होत्रा ​​ने कहा, ''हमारे पास एक साथ भविष्य को आकार देने का मौका है - न केवल भारत के लिए बल्कि एक बेहतर दुनिया के लिए। मैं आपको इस यात्रा का हिस्सा बनने, सहयोग करने, नवाचार करने और भारत में निवेश करने के लिए आमंत्रित करता हूं।''
APR 27, 2025 14:33 IST

तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट को मेल के जरिए मिली उड़ाने की धमकी

तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को रविवार को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 27, 2025 12:51 IST

भारतीय नौसेना ने की एंटी-शिप फायरिंग, कहा किसी भी मुकाबले के लिए तैयार

भारतीय नौसेना राष्ट्र के समुद्री हितों की रक्षा के लिए किसी भी समय, कहीं भी और किसी भी प्रकार से मुकाबले के लिए तैयार है। अपनी यही तैयारी प्रदर्शित करते हुए नौसेना ने सफलतापूर्वक एंटी-शिप फायरिंग की है। यह परीक्षण भारतीय नौसेना के जहाजों से किया गया। नौसेना की इस एंटी-शिप फायरिंग ने लंबी दूरी के सटीक आक्रामक हमले के लिए प्लेटफार्म, सिस्टम और चालक दल की तत्परता को पुनः प्रमाणित किया है।
रविवार को नौसेना ने बताया कि चालक दल की तत्परता को प्रदर्शित करने के लिए उन्होंने कई सफल एंटी-शिप फायरिंग की हैं। भारतीय नौसेना किसी भी समय, कहीं भी, किसी भी तरह से राष्ट्र के समुद्री हितों की रक्षा करने के लिए युद्ध के लिए तैयार हैं।
APR 27, 2025 12:49 IST

वैश्विक नेताओं ने PM मोदी से किया संपर्क

22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद देश भर में शोक और आक्रोश की लहर है। वहीं दुनिया भर के नेताओं और राष्ट्राध्यक्षों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संपर्क कर अपनी संवेदना व्यक्त की है। दुनिया भर के नेताओं ने इस कृत्य की निंदा की और आतंकवाद का मुकाबला करने के भारत के प्रयासों में समर्थन की अपील की। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 27, 2025 11:53 IST

देश के युवाओं ने भारत के प्रति दुनिया का नजरिया बदल दिया: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' कार्यक्रम के 121वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश के युवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि युवाओं ने भारत के प्रति दुनिया का नजरिया बदल दिया है। पीएम मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम पूरी दुनिया में भारत की प्रतिभा की तारीफ होते देखते हैं। भारत के युवाओं ने भारत के प्रति दुनिया का नजरिया बदल दिया है। किसी भी देश के युवा की रुचि किस तरफ है, किधर है, उससे पता चलता है कि देश का भविष्य कैसा होगा। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत का युवा, साइंस, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन की ओर बढ़ रहा है। ऐसे इलाके, जिनकी पहचान पहले पिछड़ेपन और दूसरे कारणों से होती थी, वहां भी युवाओं ने ऐसे उदाहरण प्रस्तुत किए हैं जो हमें नया विश्वास देते हैं।
APR 27, 2025 11:52 IST

भारतीय नौसेना ने पोत विध्वंसक अभ्यास किया

भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने लंबी दूरी के सटीक हमलों के लिए अपनी तैयारी को प्रदर्शित करते हुए सफलतापूर्वक पोत विध्वंसक अभ्यास किया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में बढ़े तनाव के बीच यह अभ्यास किया गया। रतीय नौसेना के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘भारतीय नौसेना के पोतों ने लंबी दूरी के सटीक आक्रामक हमले के लिए मंचों, प्रणालियों और चालक दल की तत्परता को पुनः प्रमाणित करने और प्रदर्शित करने के लिए पोत विध्वंसक अभ्यास सफलतापूर्वक किया।
APR 27, 2025 10:05 IST

दिलीप घोष का बिलावल भुट्टो के बयान पर पलटवार, बोले- खून तो पाकिस्तान में बह रहा है

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने रविवार को पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर भारत की तरफ से सिंधु जल समझौते को निलंबित किया गया, तो सिंधु में या तो पानी बहेगा या उनका खून। अब पाकिस्तान के पूर्व मंत्री के इसी बयान पर भाजपा नेता दिलीप घोष ने मीडिया से बातचीत के दौरान पलटवार किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “खून तो छोड़ दीजिए। खून तो पाकिस्तान में बह रहा है। कभी उन पर अलकायदा की तरफ से हमले किए जा रहे हैं, तो कभी अफगानिस्तान की तरफ से। मौजूदा समय में पाकिस्तान के हालात बद से बदतर हो चुके हैं। उन्हें कोई नहीं पूछ रहा है। हम उन्हें कभी भी मात दे सकते हैं। हमने बीते दिनों इस संबंध में कई नमूने दिखा भी दिए हैं।”
APR 27, 2025 10:04 IST

देश और सैनिकों की सुरक्षा से कोई भी समझौता माफी के योग्य नहीं : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि देश और सैनिकों की सुरक्षा से कोई भी समझौता माफ़ी के योग्य नहीं है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्पेशल ऑपरेशन्स की लाइव कवरेज की अनुमति क्या एक रणनीतिक लापरवाही थी या फिर ये राजनीतिक प्रचार से प्रेरित थी, ये बात सरकार तत्काल स्पष्ट करे। कल को फिर से सरकार ये कहेगी कि ‘एक चूक के बाद ये दूसरी चूक’ हो गई। उन्होंने आगे लिखा कि इसका मतलब साफ है कि सुरक्षा जैसे अति संवेदनशील क्षेत्र में मीडिया का अवांछित अतिक्रमण है। लाइव कवरेज तो दुश्मन भी देखेंगे जिससे हमारे सुरक्षा बलों की लोकेशन उनको पता चल जाएगी और रणनीति भी, इससे देश की सुरक्षा और हमारे जवानों की जान भी खतरे में डाल दी जाएगी। इस तरह की लाइव कवरेज के लिए सख़्त दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। देश और सैनिकों की सुरक्षा से कोई भी समझौता माफ़ी के योग्य नहीं है।

APR 27, 2025 10:03 IST

नवी मुंबई में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या के आरोप में किशोर हिरासत में

नवी मुंबई में पुलिस ने 12 वर्षीय एक बच्ची की हत्या के आरोप में एक नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। तुर्भे थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अबासाहेब पाटिल ने बताया कि शुक्रवार देर रात बच्ची एक पहाड़ी के नीचे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि शिरावणे एमआईडीसी क्षेत्र निवासी बच्ची के परिवार ने उसके गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अधिकारी ने बताया कि बच्ची की मौत के बाद प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2) (हत्या) जोड़ी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बच्ची के साथ आखिरी बार देखे गए 17 वर्षीय लड़के को हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
APR 27, 2025 09:05 IST

दक्षिण मुंबई में प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय की इमारत में लगी भीषण आग

दक्षिण मुंबई के ‘बलार्ड एस्टेट’ इलाके में शनिवार देर रात प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय की इमारत में भीषण आग लग गई। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार देर रात दो बजकर 31 मिनट पर दमकल विभाग को कुरिमभॉय रोड पर ग्रैंड होटल के पास बहुमंजिला इमारत ‘कैसर-ए-हिंद’ में आग लगने की सूचना मिली। इसी इमारत में प्रवर्तन निदेशालय का कार्यालय है। दमकल विभाग के कई दल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल विभाग के नियंत्रण कक्ष ने पुष्टि की कि करीब साढ़े तीन बजे आग ‘स्तर-2’ तक बढ़ गई जिसे आम तौर पर भीषण आग माना जाता है।
APR 27, 2025 08:29 IST

LOC पर पाकिस्तान की नापाक हरकत, भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब

26-27 अप्रैल 2025 की रात, पाकिस्तान सेना ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तूतमारी गली और रामपुर सेक्टर के सामने बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से फायरिंग की। पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का भारतीय सेना ने पूरी मुस्तैदी और संयम के साथ करारा जवाब दिया। किसी भी प्रकार के नुकसान की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। सेना स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 27, 2025 07:18 IST

पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ शनिवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब समेत कई राज्यों में प्रदर्शन हुए। आज भी देश के कई हिस्सों में पहलगाम आतंकी हमके के विरोध में प्रदर्शन देखने को मिल सकते है। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 27, 2025 06:31 IST

क्या पहलगाम त्रासदी विभाजन के अनसुलझे सवालों का नतीजा: मणिशंकर अय्यर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने शनिवार को आश्चर्य व्यक्त किया कि क्या पहलगाम त्रासदी विभाजन के अनसुलझे सवालों का परिणाम थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां एक पुस्तक विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उस समय भी देश के सामने प्रश्न था और आज भी वही प्रश्न है, वह यह है कि क्या भारत में मुसलमान खुद को स्वीकार्य, स्नेह प्राप्त और सम्मानित महसूस करते हैं? उन्होंने कहा, ‘‘कई लोगों ने लगभग विभाजन को रोक दिया था, लेकिन ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि गांधीजी, पंडित नेहरू, जिन्ना और जिन्ना से असहमत कई अन्य मुसलमानों के बीच भारत की राष्ट्रीयता और इसकी सभ्यतागत विरासत की प्रकृति की मूल्य प्रणालियों और आकलन में मतभेद थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन सच्चाई यह है कि विभाजन हुआ और आज तक हम उस बंटवारे के परिणामों के साथ जी रहे हैं। क्या हमें इसी तरह जीना चाहिए? क्या बंटवारे के अनसुलझे सवाल ही 22 अप्रैल को पहलगाम में हुई भयानक त्रासदी में प्रतिबिंबित हुए हैं।’’
APR 27, 2025 06:30 IST

पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन, बंद

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ शनिवार को भोपाल, इंदौर और मध्य प्रदेश के कई अन्य शहरों और कस्बों में विरोध प्रदर्शन हुए और बंद रखा गया। कुछ संगठनों द्वारा बंद के आह्वान के बाद पुराने शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों सहित भोपाल के कई हिस्सों में आधे दिन तक दुकानें और बाजार बंद रहे। इंदौर में विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा बंद के आह्वान को बहुत कम प्रतिक्रिया मिली। बालाघाट, रायसेन, रतलाम और कुछ अन्य जिलों में दुकानें और व्यवसाय बंद रहे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नक्सल प्रभावित बालाघाट में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए और पूरी तरह बंद रहा। छतरपुर में बंद का असर देखने को मिला और बाजार दिनभर बंद रहे। गांधी चौक बाजार में विरोध प्रदर्शन किया गया और पीड़ितों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया। आगर मालवा जिले के छावनी नाका चौक पर आतंकवाद का पुतला जलाया गया और पाकिस्तान विरोधी नारे भी लगाए गए।
APR 27, 2025 06:29 IST

नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने पहलगाम हमले के पीड़ितों के लिए शोक सभा आयोजित की

नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को एक शोक सभा का आयोजन किया। इस हमले में एक नेपाली नागरिक सहित 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी।
भारतीय दूतावास के अधिकारियों के मुताबिक शोक सभा में नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा, वित्त मंत्री विष्णु पौडेल, पूर्व विदेश मंत्री और नेपाली कांग्रेस के नेता एन पी सऊद, वरिष्ठ मधेसी नेता महंत ठाकुर सहित अन्य प्रमुख नेता और भारतीय समुदाय के सदस्य शामिल हुए और मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।