LIVE

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 26 जून 2024: स्पीकर बनते ही ओम बिरला ने किया आपातकाल का जिक्र, जम्मू-कश्मीर के डोडा में मुठभेड़ में आतंकवादी ढेर

Shashank Shekhar MishraUpdated Jun 26, 2024, 23:05 IST

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 26 जून 2024: स्पीकर बनते ही ओम बिरला ने किया आपातकाल का जिक्र, जम्मू-कश्मीर के डोडा में मुठभेड़ में आतंकवादी ढेर
आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 26 जून 2024: स्पीकर बनते ही ओम बिरला ने किया आपातकाल का जिक्र, जम्मू-कश्मीर के डोडा में मुठभेड़ में आतंकवादी ढेर

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 26 जून 2024 और बड़ी खबरें: लगातार दूसरी बार लोकसभा स्पीकर बनने के बाद ओम बिरला ने अपने पहले भाषण में 1975 में तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी द्वारा लगाई गई इमरजेंसी को लेकर विपक्ष को संसद में जमकर सुनाया। इतना ही नहीं उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए सदन में दो मिनट का मौन भी रखा। इस दौरान सदन में भारी हंगामा देखने को मिला। साथ ही विपक्षी दलों के नेताओं ने नारेबाजी भी की। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों से साथ जारी मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। पुलिस ने बताया कि जिले के गनदोह इलाके के बजाद गांव में सुबह 9.50 बजे के करीब मुठभेड़ शुरू हुई। जब सुरक्षा बलों के जवान छिपे हुए आतंकवादियों के करीब पहुंचे तो उन्होंने उन पर गोलीबारी कर दी। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया है। वहां उनकी तबीयत खराब हो गई। उनका शुगर लेवल डाउन हो गया। केजरीवाल को दूसरे कमरे में लेकर गए हैं। कोर्ट में ही सीबीआई ने उन्हें अरेस्ट कर लिया था। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...

JUN 26, 2024 22:42 IST

डोडा में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में तीन आतंकियों को किया ढेर

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में तीन आतंकियों को मार गिराया। पुलिस ने बताया कि डोडा के गंडोह इलाके के बजाड़ गांव में सुबह करीब 9.50 बजे सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "सुरक्षाबलों को गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस, सीआरपीएफ और सेना ने गांव में घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया। जवान जब छिपे आतंकियों के करीब पहुंचे तो उन्होंने उनपर फायरिंग कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई शुरू की। मुठभेड़ में जवानों ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया।"
JUN 26, 2024 22:18 IST

सुकमा में आईईडी विस्फोट में शामिल छह नक्सली गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में 23 जून को आईईडी से ट्रक को उड़ाने के मामले में शामिल कम से कम छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से विस्फोटक बरामद हुए हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
JUN 26, 2024 22:00 IST

दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार को आसमान में बादल छाये रहे जबकि कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।शाम को पालम, आयानगर और रिज में क्रमश: 2.3 मिमी(मिलीमीटर), 1.3 मिमी और 1.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
JUN 26, 2024 21:45 IST

आकाशीय बिजली की जद में आने से आठ लोगों की मौत

बिहार के छह जिलों में आकाशीय बिजली की जद में आने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंट में भागलपुर, मुंगेर, जमुई, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और अररिया जिलों में ये मौतें हुई हैं। बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में पिछले 24 घंटे में आकाशीय बिजली की जद में आने से हुईं मौतों पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिजन को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की गई है।
JUN 26, 2024 21:07 IST

उत्तर प्रदेश के बरेली में युवती से बलात्कार

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक गांव में 18 वर्षीय लड़की से कथित तौर पर एक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पीड़िता के पिता के अनुसार, घटना 21 जून को हुई जब बीए अंतिम वर्ष की छात्र उनकी बेटी कॉलेज जा रही थी, इस दौरान विशाल गंगवार रास्ते में उससे मिला और उसे लिफ्ट देने की पेशकश की।
JUN 26, 2024 21:07 IST

राहुल गांधी को दी नेता प्रतिपक्ष की मान्यता

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को सदन में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आधिकारिक रूप से मान्यता दे दी। लोकसभा सचिवालय की अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। राहुल गांधी का नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नौ जून, 2024 से प्रभावी रहेगा। वह इस बार लोकसभा में उत्तर प्रदेश के रायबरेली का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
JUN 26, 2024 21:07 IST

छह पुलिसकर्मियों को हत्या के जुर्म में आजीवन कारावास

असम के तिनसुकिया जिले की एक स्थानीय अदालत ने 11 साल पहले बाजार में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में बुधवार को छह पुलिसकर्मियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। तिनसुकिया जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपांकर बोरा ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत छह पुलिसकर्मियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
JUN 26, 2024 21:06 IST

जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव

पंजाब में जालंधर पश्चिम (आरक्षित) विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अब 15 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, नामांकन दाखिल करने वाले 16 उम्मीदवारों में से एक निर्दलीय उम्मीदवार अमित कुमार ने नामांकन वापस लेने के अंतिम दिन अपना नामांकन वापस ले लिया।
JUN 26, 2024 18:40 IST

राष्ट्रपति मुर्मू छह जुलाई को ओडिशा का दौरा करेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छह जुलाई को ओडिशा का दौरा करेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू ओडिशा के अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान सात जुलाई को पुरी में रथ यात्रा उत्सव में शामिल हो सकती हैं। कटक-भुवनेश्वर के पुलिस आयुक्त संजीव पांडा ने बुधवार को कहा कि संभावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति छह जुलाई की शाम को भुवनेश्वर में एक कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं।
JUN 26, 2024 17:56 IST

रैनावारी में जमीन धंसने से मकानों में दरारें आईं

श्रीनगर शहर के रैनावारी इलाके में संभवत: जमीन धंसने के कारण कम से कम छह मकानों में दरारें आ गईं, जिसके बाद प्रशासन ने इन आवासीय इमारतों को खाली करा दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि इसे दुरूस्त करने के उपाय सुझाने के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि रैनावारी के ख्वाजापोरा सुरतेंग क्षेत्र में कुछ मकानों में 17 जून को दरारें आनी शुरू हो गईं, जो अगले कुछ दिनों में और चौड़ी हो गईं। स्थानीय लोगों का मानना ​​है कि जमीन धंसने के कारण ऐसा हुआ।
JUN 26, 2024 16:52 IST

असम में बाढ़ की हालत में कुछ सुधार

असम में बुधवार को प्रमुख नदियों और उनकी सहायक नदियों में जलस्तर घटने के साथ ही बाढ़ की स्थिति में कुछ हद तक सुधार हुआ है। हालांकि सात जिलों में करीब डेढ़ लाख लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। एक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार बाढ़ प्रभावित जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई, इस दौरान करीमगंज में कुशियारा नदी को छोड़कर अन्य सभी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया।
JUN 26, 2024 15:52 IST

जम्मू-कश्मीर के डोडा में मुठभेड़ में एक आतंकवादी ढेर

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों से साथ जारी मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। पुलिस ने बताया कि जिले के गनदोह इलाके के बजाद गांव में सुबह 9.50 बजे के करीब मुठभेड़ शुरू हुई। एक अधिकारी ने कहा, "गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस, सीआरपीएफ और सेना ने एक घेराबंदी एवं तलाशी अभियान शुरू किया।"
JUN 26, 2024 15:14 IST

ओम बिरला ने किया आपातकाल का जिक्र

लगातार दूसरी बार लोकसभा स्पीकर बनने के बाद ओम बिरला ने अपने पहले भाषण में 1975 में तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी द्वारा लगाई गई इमरजेंसी को लेकर विपक्ष को संसद में जमकर सुनाया।इतना ही नहीं उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए सदन में दो मिनट का मौन भी रखा। इस दौरान सदन में भारी हंगामा देखने को मिला। साथ ही विपक्षी दलों के नेताओं ने नारेबाजी भी की।
JUN 26, 2024 14:44 IST

हूती विद्रोहियों पर एक जहाज पर हमले का संदेह

यमन के हूती विद्रोहियों के संदिग्ध हमलों में बुधवार को तड़के अदन की खाड़ी में एक जहाज को निशाना बनाया गया, जबकि विद्रोहियों से संबद्ध इराकी लड़ाकों द्वारा किए गए एक अलग हमले में दक्षिणी इजराइल के बंदरगाह शहर ईलात को निशाना बनाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ये हमले यहां आठ माह तक तैनात रहे विमानवाहक पोत यूएसएस ड्वाइट डी. आइजनहावर के वापस लौटने के बाद हुए हैं। इस पोत को हूतियों के हमले रोकने और अमेरिका की जवाबी कार्रवाई के लिए तैनात किया गया था।
JUN 26, 2024 14:05 IST

जम्मू-कश्मीर: डोडा में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के एक वन क्षेत्र में बुधवार को जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी जिले में 11 और 12 जून को हुए दोहरे आतंकवादी हमले के बाद पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा गहन तलाशी और घेराबंदी अभियान चलाया जा रहा था। इसी तलाशी अभियान के दौरान सुबह नौ बज कर 50 मिनट पर गंडोह क्षेत्र के बजाद गांव में गोलीबारी शुरू हुई।
JUN 26, 2024 12:48 IST

15 अगस्त से पहले दौड़ेगी देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

देश को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जल्द मिलने वाली है। जानकारी के अनुसार, पीएम 15 अगस्त से पहले देश को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात दे सकते है। यहां पढ़ें पूरी खबर
JUN 26, 2024 11:35 IST

अफगानिस्तान पर कतर में होने वाली संयुक्त राष्ट्र की बैठक में भाग लेगा तालिबान

तालिबान ने मंगलवार को पुष्टि की है कि अफगानिस्तान पर कतर में संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में होने वाली आगामी बैठक में उसका प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। इससे पहले, आयोजकों ने पिछले सप्ताह कहा था कि महिलाओं को इस बैठक में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। कतर की राजधानी दोहा में 30 जून और एक जुलाई को होने वाली बैठक अफगान संकट पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रायोजित तीसरी बैठक है। पहली बैठक में तालिबान को आमंत्रित नहीं किया गया था। वहीं, दूसरी बैठक के लिए उन्होंने तथाकथित अस्वीकार्य शर्तें रखी थीं। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि तालिबान में फरवरी में होने वाली दूसरी बैठक में भाग लेने के लिए शर्त रखी थी कि अफगान नागरिक समाज के सदस्यों को वार्ता से बाहर रखा जाए और उनके साथ देश के शासकों जैसा व्यवहार किया जाए।
JUN 26, 2024 09:47 IST

पीएम मोदी,अमित शाह रखेंगे ओम बिरला को लोकसभा स्पीकर चुनने का प्रस्ताव

केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार के गठन के बाद लोकसभा में बुधवार को अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच पहला शक्ति प्रदर्शन होने जा रहा है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही एनडीए में शामिल सहयोगी दलों के अन्य नेता लोकसभा में ओम बिरला को स्पीकर चुनने का प्रस्ताव रखेंगे। राजनाथ सिंह, शिवराज सिंह चौहान और नितिन गडकरी समेत सरकार के कई दिग्गज इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर सबसे पहले उन नवनिर्वाचित सांसदों का नाम शपथ लेने के लिए पुकारा जाएगा जिन्होंने अब तक सदन की सदस्यता की शपथ नहीं ली है।
JUN 26, 2024 06:26 IST

मानहानि मामले में राहुल गांधी की आज सुल्तानपुर कोर्ट में होगी पेशी

कांग्रेस सांसद राहुला गांधी की आज सुल्तानपुर की कोर्ट में पेशी होनी है। उनके खिलाफ अमित शाह के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणी मामले में मानहानि का केस चल रहा है।
JUN 26, 2024 05:31 IST

संविधान में आस्था रखने वाले लोग 25 जून 1975 को कभी नहीं भूल सकते: भजनलाल शर्मा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि भारत के संविधान और लोकतंत्र में आस्था रखने वाले लोग 25 जून 1975 का दिन कभी नहीं भूल सकते, जिस दिन देश में आपातकाल लगाया गया था। उन्होंने कहा कि आज जो लोग लोकतंत्र और संविधान को बचाने का ढोंग कर रहे हैं, उनके द्वारा देश में लगाया गया आपातकाल लोकतंत्र पर काले धब्बे के समान है।