LIVE

आज की ताजा खबर: इजराइली दूतावास के पास धमाके की सूचना; विनेश फोगाट ने लौटाया 'खेल रत्न' और 'अर्जुन अवॉर्ड'

आज की ताजा खबर: इजराइली दूतावास के पास धमाके की सूचना; विनेश फोगाट ने लौटाया 'खेल रत्न' और 'अर्जुन अवॉर्ड'
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 26 दिसंबर 2023 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 26 दिसंबर की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : देश में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, इसे लेकर खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद द्वारा पिछले सप्ताह पारित किए गए तीन नए आपराधिक न्याय विधेयकों को सोमवार को स्वीकृति प्रदान कर दी। विदेश मंत्री एस जयशंकर पांच दिन की यात्रा पर रूस पहुंच गए हैं। इस दौरान वह विभिन्न द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। आपको बता रहे हैं आज की बड़ी खबरें ।
Dec 26, 2023 | 11:13 PM IST

महात्मा गांधी का अपमान करने वाले छात्र पर मामला दर्ज

केरल पुलिस ने हाल ही में महात्मा गांधी की प्रतिमा के कथित अनादर को लेकर मंगलवार को विधि के अंतिम वर्ष के एक छात्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है।छात्र, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) का एक स्थानीय नेता भी है।
Dec 26, 2023 | 10:32 PM IST

हैदराबाद में कोविड-19 के आठ नए मामले

हैदराबाद में मंगलवार को कोविड-19 के आठ नए मामले दर्ज किए गए हालांकि तेलंगाना के अन्य जिलों में संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में बताया गया कि उपचाराधीन मामलों की कुल संख्या 59 हो गई है।बुलेटिन के मुताबिक, मंगलवार को कुल 1,333 नमूनों की जांच की गई, जिसमें से 30 की रिपोर्ट लंबित है।
Dec 26, 2023 | 10:24 PM IST

ग्रेटर नोएडा: घर खरीदारों की रजिस्ट्री का रास्ता साफ

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड ने मंगलवार को रियल एस्टेट परियोजनाओं के संबंध में अमिताभ कांत समिति की सिफारिशों को लागू करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश को लागू किया।इस कदम का मकसद खरीदारों को जल्द घर दिलाने और बिल्डरों की अटकी परियोजनाओं को पूरा करने में मदद करना है।अधिकारियों के मुताबिक इस फैसले से 117 समूह आवासीय परियोजनाओं और करीब 75,000 घर खरीदारों को लाभ मिलेगा।
Dec 26, 2023 | 09:21 PM IST

15 जनवरी से शुरू होगी मुंबई से अयोध्या तक सीधी फ्लाइट

अयोध्या से नई दिल्ली व अहमदाबाद की सीधी फ्लाइट के बाद अब इंडिगो ने 15 जनवरी से अयोध्या व मुंबई के बीच सीधी कनेक्टिविटी की घोषणा की है। बता दें कि 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शुभारंभ करेंगे।
Dec 26, 2023 | 08:11 PM IST

विनेश फोगाट ने लौटाया खेल रत्न

रेसलर बजरंग पुनिया के बाद अब विनेश फोगाट ने भी पदक लौटाने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने मंगलवार शाम घोषणा की कि वह अपना मेजर ध्यानचंद खेल खत्म और अर्जुन अवॉर्ड लौटा रही हैं। विनेश ने यह ऐलान सोशल मीडिया पर किया है।
Dec 26, 2023 | 08:10 PM IST

इजराइली दूतावास के पास धमाके की सूचना

नई दिल्ली स्थित इजराइली दूतावास के पास बम धमाके की सूचना है। बताया जा रहा है कि दूतावास के पीछे खाली पड़े प्लाट में यह धमाका हुआ है। इसकी सूचना एक व्यक्ति ने कॉल करके दी है, जिसके बाद मौके पर पुलिस दलबल के साथ पहुंच गई है।
Dec 26, 2023 | 06:39 PM IST

तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी ने पीएम मोदी से की मुलाकात

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की।
Dec 26, 2023 | 06:39 PM IST

चालू खाते का घाटा दूसरी तिमाही में घटकर 8.3 अरब डॉलर पर

देश के चालू खाते के घाटे (कैड) में कमी आई है। यह चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कम होकर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का एक प्रतिशत यानी 8.3 अरब डॉलर रहा है। मुख्य रूप से वस्तु व्यापार का घाटा कम होने तथा सेवा निर्यात बढ़ने से चालू खाते का घाटा कम हुआ है। चालू खाते का घाटा बीते वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में 3.8 प्रतिशत यानी 30.9 अरब डॉलर रहा था। कैड मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही अप्रैल-जून में 9.2 अरब डॉलर यानी जीडीपी का 1.1 प्रतिशत था।
Dec 26, 2023 | 05:21 PM IST

आंध्र प्रदेश में कोरोना से संक्रमित महिला की मौत

विशाखापत्तनम में कोरोना वायरस से संक्रमित 51 वर्षीय महिला की एक अस्पताल में मंगलवार को मौत हो गई। महिला को पहले से भी कुछ बीमारियां थी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि मृतक बी. सोमाकला को सांस संबंधी गंभीर समस्या, किडनी और विभिन्न अंगों के काम बंद करने के बाद यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
Dec 26, 2023 | 04:34 PM IST

यूट्यूब पर भी पीएम मोदी का जलवा

पीएम नरेंद्र मोदी दुनिया के पहले नेता बन गए हैं। जिनका यूट्यूब चैनल 2 करोड़ सब्सक्राइबर्स तक पहुंचा है। 4.5 अरब (450 करोड़) वीडियो व्यूज के साथ नरेंद्र मोदी चैनल सब्सक्राइबर्स, वीडियो व्यूज और राजनीतिक नेताओं द्वारा यूट्यूब पर पोस्ट किए जाने वाले वीडियो की गुणवत्ता के मामले में सबसे आगे है।
Dec 26, 2023 | 03:22 PM IST

नौसेना में शामिल हुआ आईएनएस इंफाल

विस्तारित दूरी की सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल दागने की क्षमता से लैस स्टेल्थ गाइडेड मिसाइल विध्वंसक ‘आईएनएस इंफाल’ को मंगलवार को मुंबई में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार युद्धपोत को औपचारिक रूप से नौसेना में शामिल करने के कार्यक्रम में उपस्थित थे। आईएनएस इंफाल नौसेना द्वारा स्वदेशी रूप से डिजाइन किए गए 'विशाखापत्तनम' श्रेणी के चार विध्वंसक युद्धपोतों में से तीसरा युद्धपोत है। इसे नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो ने डिजाइन किया है और यह सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम मझगांव डॉक लिमिटेड, मुंबई द्वारा निर्मित है।
Dec 26, 2023 | 02:41 PM IST

सिख गुरुओं ने भारतीयों को अपनी भूमि के गौरव के लिए जीना सिखाया: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को कहा कि सिख गुरुओं ने भारतीयों को अपनी भूमि के गौरव के लिए जीना सिखाया और देश को बेहतर व विकसित बनाने के लिए एक प्रेरणा के रूप में कार्य किया है। गुरु गोविंद सिंह के दो बेटों की शहादत की याद में आयोजित 'वीर बाल दिवस' कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि आज का भारत 'गुलामी की मानसिकता' से बाहर निकल रहा है और आज के भारत को अपने लोगों पर, अपने सामर्थ्य पर, अपनी प्रेरणाओं पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, जब तक हमने अपनी विरासत का सम्मान नहीं किया, तब तक दुनिया ने भी हमारी विरासत को भाव नहीं दिया। आज जब हम अपनी विरासत पर गर्व कर रहे हैं, तो दुनिया का भी नजरिया बदला है।
Dec 26, 2023 | 02:19 PM IST

भारत में कोरोना वायरस के उप-स्वरूप जेएन.1 के मामलों की संख्या बढ़कर 69 हुई: सूत्र

भारत में कोरोना वायरस के उप-स्वरूप जेएन.1 के छह और मामले सामने आए हैं जिससे देश में ऐसे मामलों की संख्या बढ़कर 69 हो गई है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकतर मरीज फिलहाल घर पर पृथक-वास में हैं और अस्पताल में भर्ती होने की दर में कोई वृद्धि नहीं हुई है। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वी के पॉल ने पिछले हफ्ते कहा था कि भारत में वैज्ञानिक समुदाय कोरोना वायरस के नए उप-स्वरूप की बारीकी से पड़ताल कर रहा है और राज्यों को परीक्षण बढ़ाने तथा अपनी निगरानी प्रणालियों को मजबूत करने की आवश्यकता है।
Dec 26, 2023 | 01:51 PM IST

कर्नाटक युवा निधि योजना

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने इस वर्ष उत्तीर्ण स्नातकों, डिप्लोमा धारकों को बेरोजगारी सहायता की पेशकश करते हुए पांचवीं चुनावी गारंटी ‘युवा निधि’ की शुरुआत की।
Dec 26, 2023 | 01:39 PM IST

कर्नाटक : मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत ट्रेन का परीक्षण संचालन शुरू

मंगलुरु-मडगांव सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस का परीक्षण संचालन मंगलवार को मंगलुरु मध्य रेलवे स्टेशन से शुरू हो गया। मंगलुरु मध्य रेलवे स्टेशन पर जब मंगलुरु-मडगांव सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस के परीक्षण संचालन को हरी झंडी दिखाई गई तब दक्षिण कन्नड़ से सांसद नलिन कुमार कटील, स्थानीय धायक और रेलवे अधिकारी उपस्थित थे। मंगलुरु मध्य से सुबह साढ़े आठ बजे रवाना हुई ट्रेन दोपहर एक बजकर 15 मिनट पर मडगांव पहुंचेगी। वापसी में यह दोपहर एक बजकर 45 मिनट पर मडगांव से रवाना होगी और शाम साढ़े छह बजे मंगलुरु पहुंचेगी। ट्रेन उडुपी और करवार स्टेशनों पर रुकेगी।
Dec 26, 2023 | 01:14 PM IST

यूक्रेनी बलों के हवाई हमले में क्रीमिया में नौसेना का एक पोत क्षतिग्रस्त

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेनी बलों के हवाई हमले में क्रीमिया में नौसेना का एक पोत क्षतिग्रस्त हो गया।
Dec 26, 2023 | 01:18 PM IST

कोरोना के 116 नए मामले

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 116 नए मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में कोविड-19 मामलों की एक्टिव केस की संख्या 4170 तक पहुंच गई है।दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 3 मामले सामने आए हैं। दिल्ली में कोरोना के कुल 34 मामले एक्टिव हैं। केरल में सबसे ज्यादा कोरोना के मामले मिल रहे हैं। केरल में टोटल कोरोना के एक्टिव केस 3096 है। पिछले 24 घंटों में 3 मौतें हुई हैं।
Dec 26, 2023 | 12:50 PM IST

अमित शाह ने वीर बाल दिवस पर गुरु गोविंद सिंह, उनके बेटों को श्रद्धांजलि दी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को सिख गुरु गोविंद सिंह, उनके बेटों और पत्नी माता गुजरी को 'वीर बाल दिवस' पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी बेमिसाल वीरता भावी पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। सिख गुरु के उन सपूतों की शहादत को याद करने के लिए 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' के रूप में मनाया जाता है, जिन्होंने अपने धर्म की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी। शाह ने ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, 'वीर बाल दिवस पर मैं गुरु गोविंद सिंह जी के चार साहिबजादे और माता गुजरी जी को नमन करता हूं। सर्वोच्च साहस के साथ वे क्रूर मुगल शासन के खिलाफ खड़े हुए और धर्म परिवर्तन से इनकार करते हुए शहादत को चुना। उनकी बेजोड़ वीरता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
Dec 26, 2023 | 12:25 PM IST

वीर बाल दिवस पर पीएम मोदी की अपील

प्रधानमंत्री मोदी, वीर बाल दिवस भारतीयता की रक्षा के लिए कुछ भी कर गुजरने के संकल्प का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हुए कहा कि अगर वे फिट रहेंगे तो करियर और जीवन में सुपरहिट होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने आध्यात्मिक नेताओं, सामाजिक संगठनों से नशीली दवाओं के इस्तेमाल के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की अपील की।
Dec 26, 2023 | 12:14 PM IST

छत्तीसगढ़ : नक्सलियों द्वारा लगाए गए दो प्रेशर बम बरामद

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने दो प्रेशर बम बरामद किये हैं। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही सुरक्षा बलों ने इस साल, अब तक राज्य में नक्सलियों द्वारा बिछाई गईं कम से कम 180 बारूदी सुरंग का पता लगा कर उन्हें निष्क्रिय किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को पालनार-चेरपाल गांव की सड़क पर जिला रिजर्व गार्ड, जिला पुलिस और बम निरोधक दस्ते का एक संयुक्त दल गश्त के लिए निकला था। इसी दौरान दल को सड़क पर पांच किलोग्राम वजन वाले दो प्रेशर बम होने की जानकारी मिली।
Dec 26, 2023 | 11:57 AM IST

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने की शिवराज सिंह से मुलाकात

Dec 26, 2023 | 11:38 AM IST

आतंकी हमले में मारे गए जवान चंदन कुमार का पार्थिव शरीर अग्नि को समर्पित

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकवादियों से लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिक चंदन कुमार के पार्थिव शरीर का उनके पैतृक स्थान बिहार के नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना अंतर्गत नारोमुरार गांव में मंगलवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। नारोमुरार गांव के निवासियों ने चंदन कुमार को अश्रुपूर्ण विदाई दी। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। शहीद का पार्थिव शरीर सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे उनके गांव पहुंचा। चंदन के निधन की खबर मिलने के बाद से ही उनके माता-पिता, पत्नी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल था। जयंती देवी और मौलेश्वर सिंह के दूसरे बेटे चंदन का 18 माह पहले ही विवाह हुआ था। वह परिवार में कमाने वाले एकमात्र सदस्य थे।
Dec 26, 2023 | 10:41 AM IST

कोहरे का ट्रेनों और विमानों पर असर

कोहरे और कम दृश्यता के कारण उत्तरी क्षेत्र में आज 14 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा कोहरे का असर उड़ानों पर भी पड़ा है। कई विमानों ने देरी से उड़ान भरी है।
Dec 26, 2023 | 10:30 AM IST

ईरान समर्थित मिलिशिया समूहों पर हमला

इराक में ड्रोन हमले में तीन सैनिकों के घायल होने के बाद अमेरिका ने ईरान समर्थित मिलिशिया समूहों पर हमला किया: रिपोर्ट।
Dec 26, 2023 | 10:29 AM IST

अमित शाह और जे पी नड्डा कोलकाता पहुंचे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात में पश्चिम बंगाल के कोलकाता शहर पहुंचे। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के दोनों वरिष्ठ नेता अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में संगठनात्मक तैयारियों का आकलन करेंगे।
Dec 26, 2023 | 08:33 AM IST

फ्रांस से मुंबई लौटे विमान के यात्री

Dec 26, 2023 | 07:45 AM IST

फ्रांस में रोका गया विमान मुंबई लौटा

संदिग्ध मानव तस्करी के कारण चार दिन पहले फ्रांस में रोके जाने के बाद लगभग 276 भारतीय यात्रियों को लेकर रोमानियाई विमान मंगलवार तड़के मुंबई में उतरा। फ्रांसीसी अधिकारियों द्वारा विमान को रविवार को अपनी यात्रा फिर से शुरू करने की अनुमति देने के बाद विमान मुंबई लौट आया। इसमें 300 यात्री थे, लेकिन इनमें से 25 ने फ्रांस में ही रुकने का फैसला किया। रोमानियाई कंपनी लीजेंड एयरलाइंस द्वारा संचालित यह विमान सोमवार (स्थानीय समय) दोपहर 2:30 बजे के बाद रवाना हुआ और मंगलवार सुबह लगभग 4 बजे मुंबई पहुंचा।
Dec 26, 2023 | 07:32 AM IST

लेह, लद्दाख में 4.5 तीव्रता का भूकंप

आज सुबह लगभग 4:33 बजे लेह, लद्दाख में 4.5 तीव्रता का भूकंप आया है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी। जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
Dec 26, 2023 | 07:07 AM IST

दिल्ली में हर दिन कोविड-19 के तीन-चार मामले सामने आ रहे हैं : सौरभ भारद्वाज

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में हर दिन कोविड-19 के औसतन तीन से चार नए मामले सामने आ रहे हैं और सरकार कोरोना वायरस संक्रमण के संभावित प्रसार से लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। देश में रविवार तक कोरोना वायरस के उप-स्वरूप ‘जेएन.1’ के 63 मामले सामने आए जिनमें से 34 मामले गोवा में सामने आए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में नौ, कर्नाटक में आठ, केरल में छह, तमिलनाडु में चार और तेलंगाना में दो मामले सामने आए हैं।
Dec 26, 2023 | 06:20 AM IST

ओडिशा: क्रिकेट खेलने के दौरान गिरने से बीजद विधायक घायल हुए

बीजू जनता दल (बीजद) विधायक भूपेंद्र सिंह सोमवार को कालाहांडी जिले के बेलखंडी में एक खेल कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद संतुलन बिगड़ने और क्रिकेट पिच पर गिरने से घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तब हुई जब नारला के विधायक सिंह क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन के दौरान बल्लेबाजी में अपना हाथ आजमा रहे थे। उन्होंने बताया कि विधायक को सिर पर चोट लगी है।
Dec 26, 2023 | 05:35 AM IST

कर्नाटक: खाद्य विषाक्तता के कारण एक महिला की मौत

कर्नाटक में बेंगलुरु ग्रामीण क्षेत्र के होसकोटे में खाद्य विषाक्तता के एक संदिग्ध मामले में 65 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई जबकि 135 अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक महिला की पहचान होसकोटे की रहने वाली सिद्दागंगम्मा के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि उन्हें संदेह है कि संभवत: इलाके में एक पूजा स्थल पर चढ़ाया गया खाद्य पदार्थ इसका कारण हो सकता है।
Dec 26, 2023 | 05:35 AM IST

राष्ट्रपति मुर्मू ने तीन नए आपराधिक न्याय विधेयकों को मंजूरी दी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद द्वारा पिछले सप्ताह पारित किए गए तीन नए आपराधिक न्याय विधेयकों को सोमवार को स्वीकृति प्रदान कर दी। तीन नए कानून - भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य कानून औपनिवेशिक काल के तीन कानूनों- भारतीय दंड संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता और 1872 के भारतीय साक्ष्य अधिनियम का स्थान लेंगे।
Dec 26, 2023 | 05:34 AM IST

भारतीय नौसेना ने एमवी केम प्लूटो पर ड्रोन हमले की पुष्टि की

भारतीय नौसेना ने जहाज एमवी केम प्लूटो के मुंबई बंदरगाह पहुंचने के बाद उसका शुरुआती निरीक्षण किया और कहा कि उस पर भारत के पश्चिमी तट के पास ड्रोन हमला हुआ लेकिन हमला कहां से हुआ और इसके लिए कितनी मात्रा में विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया, यह फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद ही पता चल पाएगा। भारतीय नौसेना के विस्फोटक आयुध रोधी दल ने अरब सागर में ड्रोन हमले का सामना करने वाले लाइबेरिया के ध्वज वाले व्यापारिक जहाज एमवी केम प्लूटो के सोमवार को मुंबई पहुंचने पर उसका विस्तृत निरीक्षण किया।
Dec 26, 2023 | 05:34 AM IST

केरल: गांव में क्रिसमस समारोह के लिए बनाया गया अस्थायी पुल ढहा, कई लोग घायल

केरल के तिरुवनंतपुरम में नेय्याट्टिनकरा के पास पूवर में क्रिसमस समारोह के लिए बनाया गया एक अस्थायी पुल सोमवार रात ढह गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस घटना में सात से आठ लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनमें से एक महिला के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। उन्होंने कहा कि बाकी लोगों को केवल मामूली चोटें आई हैं।
Dec 26, 2023 | 05:33 AM IST

रूस के नेताओं के साथ बैठकों को लेकर आशान्वित हूं : जयशंकर

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को कहा कि वह रूस की अपनी पांच दिवसीय यात्रा में देश के नेताओं के साथ अपनी बैठकों को लेकर आशान्वित हैं। जयशंकर सोमवार को रूस की पांच दिवसीय यात्रा पर मॉस्को पहुंचे, इस दौरान वह अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ बातचीत करेंगे और विभिन्न द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। जयशंकर ने ट्विटर पर पोस्ट किया, मॉस्को पहुंच गया हूं। अपनी बातचीत को लेकर आशान्वित हूं।
Dec 26, 2023 | 05:33 AM IST

कई राज्यों में कोरोना के नए मामले

Covid New Cases: देश के कई राज्यों में एक के बाद एक कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, गोवा, महाराष्ट्र में मामले बढ़ते दिख रहे हैं। कर्नाटक में कोविड के नए वैरिएंट JN.1 के मामलों का विस्फोट हुआ है। कर्नाटक में नए वैरिएंट के 34 मामले सामने आए हैं।