LIVEआज की ताजा खबर, 25 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: सीट बंटवारे पर आमने-सामने सपा कांग्रेस, अनंत सिंह की बेटी की शादी आज, CIA पर साइबर अटैक
आज की ताजा खबर लाइव, 25 नवंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज Latest News in Hindi: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले ही सीटों के बंटवारे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भिड़ गई है। सपा ने बिना सहमति के ही पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी का शादी आज है। आज की ताजा और अहम खबरों के लिए बने रहिए टाइम्स नाउ नवभारत के साथ

आज की ताजा खबर, 25 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: सीट बंटवारे पर आमने-सामने सपा कांग्रेस, अनंत सिंह की बेटी की शादी आज, CIA पर साइबर अटैक
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News LIVE: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के घटक दलों समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे के मामले पर मतभेद तेज हो गए हैं। सीट बंटवारे की बातचीत के बीच सपा ने पांच उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिससे कांग्रेस भड़क गई है। बिहार के मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी का शादी आज है। इस शादी की चर्चा पूरे देश में है। करीब 4 लाख मेहमानों के लिए यहां भव्य इंतजाम किया गया है। अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA पर साइबर अटैक हुआ है।
दिल्ली में दुष्कर्म
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार स्थित एक कैफे में दो सहकर्मियों द्वारा 22 वर्षीय युवती से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के मामले में एक अन्य महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों ने बताया कि मामले के तीन अन्य आरोपी फरार हैं और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
टैरिफ बढ़ाने की तैयारी में अमेरिका
अमेरिका इस सप्ताह चीन, भारत और कई अन्य देशों पर शुल्क बढ़ाने की योजना बना रहा है। अमेरिका का आरोप है कि इन देशों ने औद्योगिक उत्पादन में जरूरत से ज्यादा वृद्धि को बढ़ावा दिया जिससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंचा। ’द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने मंगलवार को यह खबर दी।
यमन में बड़ा हमला
यमन के हूती लड़ाकों ने मंगलवार को सऊदी अरब की राजधानी के वित्तीय जिले में एक टॉवर को निशाना बनाया, जिसमें दो भारतीय और तीन नेपाली नागरिकों समेत 11 लोग घायल हो गए। सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने कहा कि रियाद के किंग अब्दुल्ला वित्तीय जिले में स्थित टॉवर पर हूती लड़ाकों द्वारा किए गए "आतंकवादी हमले" में 11 लोग घायल हो गए।
Haridwar News: हरिद्वार अर्द्धकुंभ 2027 के लिए जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात ने धूमधाम से किया नगर प्रवेश
अगले साल के आरंभ में होने वाले अर्द्धकुंभ मेले को कुंभ की तर्ज पर मनाए जाने के उत्तराखंड सरकार के संकल्प के बाद साधु-संतों ने भी इस दिशा में कदम बढ़ाया है तथा इस सिलसिले में सबसे पहले मंगलवार को जूना अखाड़ा के रमता पंचों की जमात ने धूमधाम के साथ नगर प्रवेश किया । अर्द्धकुंभ में पहली बार नगर प्रवेश का अद्भुत नजारा देखने को मिला और इसी के साथ हरिद्वार अर्द्धकुंभ-2027 की धार्मिक गतिविधियों का विधिवत आरंभ हो गया। कुंभ नगरी में शाम को रमता पंचों की जमात के प्रवेश के दौरान चंडी चौक पर बैंड-बाजे, पुष्पवर्षा और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच संतों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में साधु-संत, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।
जूना अखाड़े की जमात का स्वागत करने के लिए मेलाधिकारी सोनिका, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर, कुंभ के एसएसपी आयुष अग्रवाल सहित मेला पुलिस और प्रशासन के तमाम अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत प्रेम गिरि, उपाचार्य ब्रह्मनिष्ठ कपिलपुरी महाराज, प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि, वरिष्ठ अध्यक्ष उमाशंकर भारती, उपाध्यक्ष विद्यानंद सरस्वती और महामंत्री केदार पुरी सहित अखाड़े के अनेक वरिष्ठ संत एवं नागा साधु मौजूद रहे।
Punjab News: जालंधर में प्रॉपर्टी कारोबारी की हत्या
जालंधर के मखदूमपुरा में मंगलवार की देर शाम को युवकों द्वारा तेजधार हथियारों से हमला कर प्रापर्टी व फाइनांस कारोबारी की हत्या कर दी। मृतक की पहचान लक्की ठाकुर निवासी मखदूमपुरा में हुई है।वारदात की घटना सूचना मिलते ही थाना-4 की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लक्की ठाकुर को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।मौके पर पहुंचे एसीपी ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि कुछ समय पहले सूचना मिली थी कि मखदूमपुरा में लक्की ठाकुर पर हमला हुआ है। थाना-4 की पुलिस की टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया।
Weather News: जम्मू कश्मीर में ठंड का असर और बढ़ा
जम्मू कश्मीर में घाटी में मौसम और सर्द होता जा रहा है। लोग भारी सर्दियों के कपड़े पहनकर बाहर निकल रहे हैं।इलाके के कुछ हिस्सों में धुंध और कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने चार दिसंबर तक मौसम के सर्द और मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान खास बारिश या बर्फबारी की उम्मीद नहीं है। आने वाले दिनों में रात का तापमान और गिर सकता है, जबकि सुबह और शाम के समय धुंध और कोहरा बने रहने का अनुमान है।
Vaibhav Suryavanshi News: क्या आज वैभव सूर्यवंशी का मैच है?
नहीं, आज 25 नवंबर 2026 को वैभव सूर्यवंशी का मैच नहीं है। उन्होंने मंगलवार, 24 नवंबर को राइजिंग स्टार्स एशिया कप में यूएई के खिलाफ इंडिया-ए की ओर से खेलते हुए 53 गेंदों में नाबाद 204 रन बनाए थे। इंडिया-ए का सेमीफाइनल श्रीलंका-ए के खिलाफ होगा। मुकाबला दोपहर 3:30 बजे (IST) से खेला जाएगा। यानी वैभव को अगली बार 26 नवंबर को मैदान पर देखा जा सकता है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में कब आएंगे महिलाओं के खाते में 20 हजार
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की योजना पर काम शुरू किया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 20-20 हजार रुपये ट्रांसफर करने की तैयारी कर रही है। इस प्रस्ताव को अमलीजामा पहनाने के लिए आगामी शीतकालीन सत्र में बजट का प्रावधान किए जाने की संभावना है।
Dalai Lama News: दलाई लामा को लुटियंस दिल्ली में बंगला आवंटित किया गया
केंद्र सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा को लुटियंस दिल्ली में एक सरकारी बंगला आवंटित किया है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, दलाई लामा को पंडित रविशंकर शुक्ला लेन स्थित बंगला आवंटित किया गया है। सूत्रों ने बताया कि यह आवंटन विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर दलाई लामा के कार्यालय ’गादेन फोडरंग ट्रस्ट’ को किया गया है। इस तरह के सरकारी आवास का आवंटन आमतौर पर तीन साल के लिए किया जाता है और इसकी अवधि बढ़ाने का भी प्रावधान है।
Defense News: डोभाल ने मालदीव के रक्षा मंत्री से मुलाकात की
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने मंगलवार को मालदीव के रक्षा मंत्री हसन रशीद से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
दोनों नेताओं की यह मुलाकात माले में आठवें कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन (कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव) से इतर हुई। मालदीव में भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों नेताओं ने ’’दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।’’ वहीं, मालदीव के रक्षा एवं राष्ट्रीय सेवा मंत्रालय ने कहा कि इस बैठक से दोनों पक्षों को ’’आपसी हित के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी तथा रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराने’’ का अवसर मिला।
Gorakhpur News: गोरखपुर में पूर्व सांसद पर एक महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक निजी वित्तीय कंपनी में काम करने वाली महिला ने एक पूर्व सांसद पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मामले की जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ-कैंट) की निगरानी में करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार रामगढ़ताल थाना क्षेत्र स्थित एक वित्तीय कंपनी में काम करने वाली महिला ने दो-तीन दिन पहले थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि महिला का आरोप है कि पूर्व सांसद ने उसे शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसने दावा किया कि पूर्व सांसद उसे अलग-अलग मौकों पर होटलों में ले गये, जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाये। सूत्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता के मुताबिक पूर्व सांसद ने शादी का भरोसा दिलाते हुए उसे एक मंदिर भी ले जाकर विवाह का आश्वासन दिया था। महिला का आरोप है कि वह लगातार शादी का वादा करते रहे लेकिन अब उससे दूरी बनाने लगे हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि जब भी वह पूर्व सांसद से फोन पर संपर्क करने की कोशिश करती है, तो वह कभी पार्टी के काम में व्यस्त होने और कभी शहर से बाहर होने का हवाला देकर बात करने से बचते हैं। उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
Congress News: खरगे 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान दिवस के कार्यक्रम में होंगे शामिल : कांग्रेस
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर यहां पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम और रैली में शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं को यह जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे का कार्यक्रम में शामिल होना गर्व और उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जो लड़ाई लड़ रहे हैं, उसे कांग्रेस सड़क से लेकर प्रदेश स्तर तक और मजबूत तथा तेज करेगी एवं इसी संकल्प के साथ 26 नवंबर को रैली आयोजित की जाएगी। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सीटों के बंटवारे को लेकर किये गये पोस्ट के संबंध में पूछे जाने पर मिश्रा ने कहा कि आज करीब साढ़े तीन घंटे तक बैठक हुई और बातचीत सकारात्मक रही। उन्होंने कहा, ’’यह एक अच्छी शुरुआत है। गठबंधन को पूरी मजबूती देकर हम न केवल चुनाव लड़ेंगे, बल्कि जीतकर सरकार भी बनाएंगे।’’
Goa News: कांग्रेस ने जल्द गठबंधन बनाने पर जोर दिया
कांग्रेस नेतृत्व ने 2027 में होने वाले गोवा विधानसभा चुनाव से पहले चुनावी गठबंधन को जल्द अंतिम रूप देने की जरूरत पर जोर दिया है। पार्टी का लक्ष्य सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ समन्वित अभियान तैयार करना है। मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस की गोवा इकाई के वरिष्ठ नेताओं की पार्टी के महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल के साथ हुई बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठा। बैठक में चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की गई। कांग्रेस मार्च,2027 से पहले होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिए गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) और रिवोल्यूशनरी गोअन्स पार्टी (आरजीपी) के साथ गठबंधन को लेकर पहले से बातचीत कर रही है। यह बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के गोवा प्रभारी माणिकराव ठाकरे और कांग्रेस सचिव अंजलि निम्बालकर के नेतृत्व में हुई। इसमें गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जीपीसीसी) के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर, विधानसभा में विपक्ष के नेता यूरी आलेमाओ, दक्षिण गोवा के सांसद विरियातो फर्नांडिस और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
Sports News: विश्व शतरंज चैंपियनशिप: गुकेश ने पहले मुकाबले में सिंदारोव को ड्रॉ पर रोका
जिनेवा में फिडे विश्व चैंपियनशिप के पहले मुकाबले में गत चैंपियन भारत के डी गुकेश ने मंगलवार को उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी जावोखिर सिंदारोव के साथ ड्रॉ खेला। काले मोहरों से खेल रहे गुकेश ने एक बार फिर अपनी खासियत दिखाई और कम समय होने के बावजूद उन्होंने मशीन की तरह सटीक चालों की गणना की। शुरुआत से ही दोनों खिलाड़ियों के बीच रणनीतिक दांव-पेच देखने को मिले। गुकेश ने रुई लोपेज ओपनिंग का जवाब देने के लिए अप्रत्याशित रूप से काले मोहरों से ’बर्लिन डिफेंस’ अपनाया। शुरुआती चरण में भारतीय खिलाड़ी थोड़ा दबाव में थे, लेकिन उन्होंने कुछ चतुर चालें चलकर बिना वजीर वाली मध्यावस्था में अपनी स्थिति संभाल ली। एक समय उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी को मामूली बढ़त हासिल थी। सिंदारोव ने अंततः एक प्यादे की कुर्बानी देकर मुकाबले को थोड़ा जटिल बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने घड़ी की सुइयां तेजी से चलने के बावजूद सभी सही चालें चलीं और मुकाबला ड्रॉ करा लिया।
Gurugram News: गुरुग्राम में ट्रेन की चपेट में आने से 17 वर्षीय लड़के की मौत
हरियाणा में दिल्ली-रेवाड़ी रेलमार्ग पर मंगलवार सुबह रानीखेत एक्सप्रेस की चपेट में आने से 17 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह लड़का कान में ’ईयरफोन’ लगाकर रेलमार्ग पर चल रहा था। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर जीआरपी का एक दल मौके पर पहुंचा एवं उसने शव को मुर्दाघर में रखवाया। जीआरपी के अनुसार, मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के छपरा गांव निवासी देशराज राजपूत (17) के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम के सेक्टर-80 में अपने मामा के साथ माली का काम करता था और गढ़ी हरसरू गांव में किराये के मकान में रहता था।
Uttarakhand News: उत्तरकाशी जिले के पंवाणी गांव में भीषण आग लगने से 33 मकान जलकर खाक
उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले के दूरस्थ पंवाणी गांव में मंगलवार को भीषण आग लग गयी जिससे लकड़ी के 33 रिहायशी मकान जलकर खाक हो गए । अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार इस घटना में 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। पुरोला के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के अनुसार इस अग्निकांड में 33 रिहायशी मकान पूरी तरह जल गए, एक पंचायत भवन तथा एक प्राथमिक विद्यालय को भी इसमें नुकसान पहुंचा। उनके अनुसार, इसमें 58 परिवार प्रभावित हुए हैं लेकिन फिलहाल किसी जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि आग गांव के बुद्धि सिंह के घर से शुरू हुई, हालांकि, आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के दौरान गांव में पांच से सात रसोई गैस सिलिंडरों के फटने की भी सूचना है, जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया।
Nagpur News: नागपुर में कार से लूटे गए 3.28 करोड़ रुपये मध्य प्रदेश से बरामद
महाराष्ट्र के नागपुर में पिछले सप्ताह हुई सनसनीखेज वारदात में लूटे गए 3.28 करोड़ रुपये पुलिस ने मध्यप्रदेश से बरामद कर लिए हैं और इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नकदी मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के डोरली माल गांव में एक खेत से बरामद की गई। अधिकारियों ने बताया कि लूट की वारदात 18 नवंबर को रात करीब डेढ़ बजे नागपुर के शांति नगर थाना क्षेत्र के तुलसी नगर में हुई थी। इस दौरान चार से पांच नकाबपोश लोगों ने एक कार में सवार लोगों पर हमला किया और 3.74 करोड़ रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, चोरी की गई नकदी प्लास्टिक की तीन बोरियों में भरकर पुआल के ढेर के नीचे छिपाई गई थी। पांच दिनों तक चली जांच और मध्यप्रदेश में विभिन्न स्थानों पर तलाशी के बाद यह रकम बरामद की गई। एक अधिकारी ने बताया, ’’सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन की लोकेशन से हमें आरोपियों के कटंगी और वारासिवनी की तरफ होने का सुराग मिला। करीब तीन दिनों तक तलाशी लेने के बाद हमारी टीम डोरली माल गांव पहुंची। पुलिस ने अरविंद डहरवाल, रजनीकांत चंद्रावल और चंद्रकांत दिनेश बघेल को गिरफ्तार किया।’’
Delhi News: महिला से सहकर्मियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार स्थित एक कैफे में दो सहकर्मियों द्वारा 22 वर्षीय युवती से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के मामले में एक अन्य महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि मामले के तीन अन्य आरोपी फरार हैं और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पीड़िता और सभी छह आरोपी कड़कड़डूमा इलाके के एक मॉल में स्थित कैफे में काम करते हैं।
Bihar News: आरा में शादी समारोह के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग
बिहार के भोजपुर जिले के आरा से एक सनसनीखेज और दर्दनाक वारदात सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव के पास आयोजित एक शादी समारोह में जयमाला की रस्म संपन्न होने के बाद छह हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गोली लगने से घायल हो गया। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय राहुल कुमार और 21 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है। दोनों को आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी व मामले की तह तक जाने के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
Ramayana Collection News: मंगलवार को 'रामायण' के कलेक्शन में आया 37.8% का उछाल...
बॉलीवुड इंडस्ट्री के बेहतरीन एक्टर रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' (Ramayana) का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार है। सोमवार के दिन फिल्म की गिरती कमाई को देखने के बाद मेकर्स ने टिकट के दाम कम कर फैन्स को बड़ा सरप्राइज दिया। खास बात यह है कि मंगलवार को 99 रुपये में 'रामायण' को बड़े परदे पर देखने का ऑफर था, जिसका फायदा इसे बॉक्स ऑफिस पर हुआ है। मंगलवार के आंकड़ों में सोमवार के मुकाबले काफी उछाल दर्ज किया गया है। तो चलिए देखते हैं 20वें रणबीर कपूर और यश की 'रामायण' ने अपने खाते में कितने रुपये जोड़े हैं।
Vaibhav Suryavanshi News: वैभव सूर्यवंशी ने तोड़े कई विश्व रिकॉर्ड
वंडर ब्वॉय’ वैभव सूर्यवंशी ने 53 गेंद में 204 रन की असाधारण पारी में कई विश्व रिकॉर्ड तोड़े जिसके दम पर भारत ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में मंगलवार को ग्रुप बी के मैच में 250 रन का लक्ष्य 14 . 2 ओवर में हासिल कर लिया । पंद्रह बरस के सूर्यवंशी ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक (28 गेंद में) और सबसे तेज दोहरा शतक (52 गेंद में) जड़ डाला । उन्होंने अपनी पारी में 28 छक्के लगाये जो भी एक रिकॉर्ड है । इससे पहले पिछले साल तक भारत के लिये प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने वाले हरप्रीत सिंह भाटिया के 144 गेंद में 130 रन की मदद से यूएई ने आठ विकेट पर 249 रन बनाये । पिछले दो मैचों में नाकाम रहे सूर्यवंशी ने अपनी पारी में छक्कों की बौछार कर दी । उन्होंने स्पिनरों या तेज गेंदबाजों किसी को नहीं बख्शा । उन्होंने मैच के बाद मेजबान प्रसारक से कहा ,’’ मैं पहले दो मैचों में रन नहीं बना सका था । विकेट को समझने के बाद मुझे लगा कि इसमें गेंदबाजों के लिये कुछ नहीं है तो मैने अपना स्वाभाविक खेल दिखाया । मैं हर मैच में लंबी पारी ही खेलना चाहता हूं ।’’
Us Tariffs News: अमेरिका भारत एवं 15 अन्य देशों पर शुल्क बढ़ाने की तैयारी में जुटा: रिपोर्ट
अमेरिका इस सप्ताह चीन, भारत और कई अन्य देशों पर शुल्क बढ़ाने की योजना बना रहा है। अमेरिका का आरोप है कि इन देशों ने औद्योगिक उत्पादन में जरूरत से ज्यादा वृद्धि को बढ़ावा दिया जिससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंचा। ’द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने मंगलवार को यह खबर दी। इस अखबार के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जैमीसन ग्रीर 1974 के व्यापार कानून की धारा 301 के तहत भारत समेत 16 अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ शुरू की गई जांच के निष्कर्षों की घोषणा कर सकते हैं। यूएसटीआर कार्यालय ने यह जांच 11 मार्च को शुरू की थी। इस कानून की धारा 301 के तहत अनुचित व्यापार गतिविधियां पाए जाने पर राष्ट्रपति आयात शुल्क लगा सकते हैं। ’द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ अखबार के अनुसार ग्रीर ने कहा है कि इन देशों में सब्सिडी और सरकार की अन्य सहायता से औद्योगिक उत्पादन क्षमता जरूरत से ज्यादा बढ़ गई है जिससे इन देशों की कंपनियां वैश्विक बाजारों को सस्ते सामान से पाट दे रही हैं और अमेरिकी उत्पादकों को नुकसान पहुंचा रही हैं।
BJP News: त्रिपुरा नगर निकाय चुनाव के लिए BJP ने घोषणापत्र जारी किया
त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया और इसमें बेहतर सुविधाएं, आधुनिक बुनियादी ढांचा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। अगरतला नगर निगम (एएमसी) सहित राज्य के 16 नगर निकायों के चुनाव 27 नवंबर को होंगे। मतगणना दो दिसंबर को की जाएगी।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 21 सूत्री ’संकल्प पत्र’ में यातायात जाम, जल निकासी, कचरा प्रबंधन, बिजली आपूर्ति और सड़क संपर्क जैसी शहरी चुनौतियों से निपटने की योजनाएं शामिल हैं।