LIVE

Aaj Ki Taza Khabar 25 Nov 2025 LIVE: पीएम मोदी ने राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्‍वज फहराया...चीन ने अरुणाचल प्रदेश को फिर बताया अपना हिस्सा

Nitin AroraUpdated Nov 25, 2025, 18:53 IST

आज की ताजा खबर: (Aaj Ki Taza Khabar, 25 नवंबर 2025 की बड़ी खबरें), ब्रेकिंग न्यूज़, हिंदी न्यूज़ लाइव और मुख्य समाचार LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राम मंदिर के ऊपर भव्य ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के लिए अयोध्या में होंगे। पॉल डॉयल, जिन पर इस साल की शुरुआत में लिवरपूल की विजय परेड में भीड़ पर कार चढ़ाने का आरोप है, उन पर लिवरपूल क्राउन कोर्ट में मुकदमा चलेगा। पढ़ें- अन्य देश और दुनिया की हर छोटी बड़ी खबर

Aaj Ki Taza Khabar 25 Nov 2025 LIVE: पीएम मोदी ने राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्‍वज फहराया...चीन ने अरुणाचल प्रदेश को फिर बताया अपना हिस्सा
Aaj Ki Taza Khabar 25 Nov 2025 LIVE: पीएम मोदी ने राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्‍वज फहराया...चीन ने अरुणाचल प्रदेश को फिर बताया अपना हिस्सा

अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर आज सूर्य पताका फहराया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस शुभ कार्य को किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं। इथोपिया के ज्वालामुखी फटने के बाद उसकी राख भारत तक पहुंचने वाली है। राख की इस गुबार के चलते एशिया में उड़ानें प्रभावित हुई हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से फोन पर बातचीत हुई है। ट्रंप ने कहा है कि वह अप्रैल में चीन की यात्रा पर जाएंगे। पटना में सोमवार को अपराध की एक बड़ी घटना हुई। दो बाइक सवार बदमाशों ने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली मारकर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया और फिर पीट-पीट कर उनकी हत्या कर दी। पीएम मोदीआज शाम हरियाणा जाएंगे और गुरु तेग बहादुर से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे-

थोड़ी देर में होगा टी20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल का ऐलान, देखें पल -पल की अपडेट

-पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने 22 आतंकवादियों को मार गिराया
-पीएम मोदी ने राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्‍वज फहराया
-अयोध्या में आज के धार्मिक समारोह को लेकर लोगों में काफी उत्साह है
-अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है

NOV 25, 2025 18:53 IST

डिफेंस इनोवेशन के स्वर्णिम युग में प्रवेश कर रहा है भारतबोले राजनाथ सिंह

Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि तेजी से बदलती दुनिया और बदलती भू-राजनीति (geopolitics) के बीच भारत को प्रतिक्रियावादी दृष्टिकोण से आगे बढ़कर खुद को भविष्य के लिए तैयार करने के लिए सक्रिय दृष्टिकोण अपनाना होगा। दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित 'स्वावलंबन 2025' में अपने संबोधन में, जो नवाचार और स्वदेशीकरण पर नौसेना का प्रमुख कार्यक्रम है, राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत रक्षा नवाचार के स्वर्णिम युग में प्रवेश कर रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा, रक्षा पारिस्थितिकी तंत्र में हमें और अधिक बड़े, साहसिक और तेज गति से आगे बढ़ना होगा। उन्होंने निजी क्षेत्र से "प्रॉफिट-प्लस" दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया, जिसमें निजी क्षेत्र को व्यवसाय में लाभ कमाने के अलावा, राष्ट्रीय हितों और देश के लिए कुछ करने की इच्छा को भी ध्यान में रखना चाहिए। मंत्री ने जोर देकर कहा कि जितने अधिक इनोवेटर्स आगे बढ़ेंगे, भारत उतना ही अधिक सुरक्षित, सक्षम और 'आत्मनिर्भर' बनेगा।
NOV 25, 2025 17:12 IST

चीन ने अरुणाचल प्रदेश को फिर बताया अपना हिस्सा

शंघाई एयरपोर्ट पर भारतीय महिला को परेशान करने के मामले में चीन ने फिर हेकड़ी दिखाई है। चीन ने मंगलवार को इन आरोपों को गलत बताया कि अरुणाचल प्रदेश की एक भारतीय महिला को शंघाई हवाई अड्डे पर परेशान किया गया। चीन ने कहा कि चीनी आव्रजन अधिकारियों ने जो कार्रवाई की, वह कानून और नियमों के मुताबिक थी। ब्रिटेन में रहने वाली भारतीय नागरिक पेमा वांगजोम थोंगडोक 21 नवंबर को लंदन से जापान जा रही थीं। उन्होंने दावा किया कि उनका तीन घंटे का तय ठहराव तब बहुत बुरा हो गया जब आव्रजन वालों ने उनके पासपोर्ट को सिर्फ इसलिए अवैध घोषित कर दिया क्योंकि उसमें अरुणाचल प्रदेश उनका जन्मस्थान लिखा था।
NOV 25, 2025 16:40 IST

मुख्यमंत्री बदलने के मुद्दे पर नहीं करना चाहता सार्वजनिक रूप से बात, बोले डीके शिवकुमार

D K Shivakumar: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने मंगलवार को कहा कि वह मुख्यमंत्री बदलने के मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं करना चाहते, क्योंकि यह पार्टी के चार-पांच लोगों के बीच एक गुप्त समझौता है और उन्हें अपनी अंतरात्मा पर विश्वास है। राज्य कांग्रेस अध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि वह पार्टी के लिए कोई शर्मिंदगी पैदा नहीं करना चाहते और इसे कमज़ोर नहीं करना चाहते। 20 नवंबर को कांग्रेस सरकार के अपने पांच साल के कार्यकाल के आधे पड़ाव पर पहुंचने के बाद राज्य में मुख्यमंत्री बदलाव की अटकलों के बीच, सत्तारूढ़ दल के भीतर सत्ता संघर्ष तेज़ हो गया है। 2023 में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच कथित सत्ता-साझाकरण समझौते का हवाला दिया जा रहा है।
NOV 25, 2025 16:22 IST

बांग्लादेश को एक लाख टन चावल निर्यात करेगा पाकिस्तान

बांग्लादेश को पाकिस्तान एक लाख टन चावल निर्यात करेगा। यह पिछले वर्ष अगस्त में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के अपदस्थ होने के बाद से दोनों देशों के बीच बेहतर हुए व्यापार संबंधों को दर्शाता है।
टीसीपी के एक अधिकारी ने बताया कि इसके लिए पिछले सप्ताह 'ट्रेडिंग कॉरपोरेशन ऑफ पाकिस्तान' (टीसीपी) द्वारा निविदा जारी की गई थी। यह पाकिस्तान से बांग्लादेश को भेजी जाने वाली चावल की अब तक की सबसे बड़ी खेप है। इस वर्ष फरवरी में दोनों देशों द्वारा चावल आयात के साथ सरकारी स्तर पर व्यापार शुरू करने के बाद 50,000 टन चावल की पहली खेप निर्यात की गयी।
एक प्रमुख चावल निर्यातक ने कहा कि अगर बांग्लादेश के साथ व्यापार बढ़ता है तो यह कारोबार के लिए अच्छा होगा क्योंकि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में चावल निर्यात में 28 फीसदी की गिरावट आई है। पंजाब प्रांत में अपनी चावल मिल चलाने वाले वकार अहमद ने कहा, सरकार की ओर से हमें अनेक बाधाओं का सामना करना पड़ता है, जिससे पूरी प्रक्रिया जटिल हो जाती है। उन्होंने कहा कि गिरावट का कारण पिछले वर्ष भारत द्वारा चावल निर्यात को फिर से शुरू करना और सरकार द्वारा बासमती के न्यूनतम निर्यात मूल्य को हटाना व चावल निर्यात पर शून्य दर लागू करना है।
NOV 25, 2025 16:10 IST

नफरत फैलाने वाले भाषण की हर घटना पर कानून बनाने या निगरानी रखने का कोई इरादा नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने कहा

Hate Speech Issue in SC: सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि वह देश भर में नफ़रत फैलाने वाली हर घटना पर कानून बनाने या निगरानी करने के लिए इच्छुक नहीं है क्योंकि वहां विधायी उपाय, पुलिस थाने और हाई कोर्ट पहले से ही मौजूद हैं। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने यह टिप्पणी एक याचिका पर सुनवाई करते हुए की, जिसमें एक विशेष समुदाय के सामाजिक और आर्थिक बहिष्कार के कथित आह्वान का मुद्दा उठाया गया था। पीठ ने कहा, हम इस याचिका की आड़ में कानून नहीं बना रहे हैं। निश्चिंत रहें, हम इस देश के किसी भी छोटे-मोटे हिस्से में होने वाली हर छोटी-मोटी घटना पर कानून बनाने या निगरानी करने के लिए इच्छुक नहीं हैं। हाई कोर्ट हैं, पुलिस थाने हैं, विधायी उपाय हैं। ये पहले से ही मौजूद हैं। शीर्ष अदालत ने शुरुआत में आवेदक को अपनी शिकायत के साथ संबंधित हाई कोर्ट जाने को कहा था। पीठ ने आवेदक की ओर से मामले में पेश हुए वकील से कहा, यह अदालत देश भर में ऐसी सभी घटनाओं की निगरानी कैसे कर सकती है? आप अधिकारियों से संपर्क करें। उन्हें कार्रवाई करने दें, अन्यथा हाई कोर्ट जाएं। वकील ने कहा कि उन्होंने एक लंबित रिट याचिका में एक आवेदन दायर किया है जिसमें अभद्र भाषा का मुद्दा उठाया गया है। उन्होंने कहा, मैंने आर्थिक बहिष्कार के इन आह्वानों के कुछ अतिरिक्त उदाहरणों को अदालत के संज्ञान में लाते हुए निर्देश देने के लिए एक आवेदन दायर किया है। जब पीठ ने देखा कि कुछ व्यक्तियों द्वारा ऐसे आह्वान किए गए हैं, तो वकील ने कहा कि कुछ जनप्रतिनिधि भी ऐसे आह्वान कर रहे हैं।
NOV 25, 2025 14:50 IST

पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने 22 आतंकवादियों को मार गिराया

पाकिस्तान के उत्तरपश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के 22 आतंकवादियों को मार गिराया है। सेना की मीडिया इकाई ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि सुरक्षा बलों ने सोमवार को उत्तर वजीरिस्तान की सीमा से लगते बन्नू जिले में अभियान चलाया, जहां आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी।
NOV 25, 2025 12:20 IST

पीएम मोदी ने राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्‍वज फहराया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मंगलवार को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर वैदिक मंत्रोच्चार और 'जय श्री राम' के नारों की गूंज के बीच भगवा ध्वज फहराया। इस अनुष्ठान के साथ ही मंदिर का निर्माण औपचारिक रूप से पूरा हो गया।
NOV 25, 2025 12:05 IST

अयोध्या: ध्वजारोहण में पहुंचे आदिवासी मेहमानों का स्वागत; बाबरी विवाद के मुद्दई के पुत्र भी शामिल

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के लिए सोनभद्र से पहुंचे आदिवासी और वनवासी समुदाय के प्रतिनिधियों का यहां भव्य स्वागत किया गया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस ऐतिहासिक मौके पर सामाजिक समरसता की कड़ी जोड़ते हुए बाबरी विवाद के एक मुद्दई के बेटे को भी ससम्‍मान आमंत्रित किया गया और वह उत्साह के साथ शामिल हुए हैं।
एक पदाधिकारी ने कहा कि श्री राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा बुलाए गए मेहमानों का विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्यों ने शानदार स्वागत किया।
अधिकारियों के मुताबिक, राम मंदिर ट्रस्ट ने शहर भर में अलग-अलग जगहों पर मेहमानों के रहने का इंतज़ाम किया है और सभी को सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं।
NOV 25, 2025 12:05 IST

PM 2.5 के मामले में दिल्ली का स्तर सबसे खराब: विश्लेषण

देश के 33 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली सबसे प्रदूषित रही, जहां पीएम 2.5 प्रदूषक तत्वों की सांद्रता का वार्षिक औसत 101 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जो भारतीय मानक से 2.5 गुना और विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशानिर्देशों से 20 गुना अधिक है। एक नए उपग्रह-आधारित विश्लेषण में यह जानकारी सामने आई है।
‘सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर’ की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2024 से फरवरी 2025 तक की अध्ययन अवधि के दौरान चंडीगढ़ में पीएम2.5 का वार्षिक औसत स्तर 70 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया और वह इस मामले में दूसरे स्थान पर रहा, जिसके बाद हरियाणा में 63 और त्रिपुरा में 62 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर का स्तर दर्ज किया गया।
NOV 25, 2025 09:04 IST

अप्रैल में चीन की यात्रा पर जाऊंगा और उसके बाद शी की मेजबानी करूंगा : ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि उन्होंने अप्रैल में बीजिंग की यात्रा के लिए चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग द्वारा दिये गए निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।
ट्रंप ने कहा कि इसके साथ ही उन्होंने अगले वर्ष के उत्तरार्ध में चिनफिंग को अमेरिका की राजकीय यात्रा के लिए आमंत्रित किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह घोषणा सोमवार सुबह शी चिनफिंग से फोन पर हुई बातचीत के कुछ घंटों बाद की। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने यूक्रेन, फेंटेनाइल और सोयाबीन जैसे मुद्दों पर चर्चा की। यह फोन कॉल दक्षिण कोरियाई शहर बुसान में दोनों नेताओं की आमने-सामने की मुलाकात के लगभग एक महीने बाद हुई है।
NOV 25, 2025 09:03 IST

इजराइली हवाई हमले में मारे गए हिज्बुल्ला कमांडर के अंतिम संस्कार में जुटे हजारों लोग

लेबनान में सोमवार को हजारों लोग चरमपंथी संगठन हिज्बुल्ला के शीर्ष सैन्य कमांडर के अंतिम संस्कार में शामिल हुए, जो एक दिन पहले बेरूत में इजराइली हवाई हमले में मारा गया था।

हिज्बुल्ला के शीर्ष कमांडर हयथम तबतबाई की अंतिम यात्रा में उसके समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। तबतबाई और हिज्बुल्ला के दो अन्य सदस्यों को बेरूत के दक्षिण में उस कब्रिस्तान में दफनाया गया जहां संगठन के लड़ाकों को पारंपरिक रूप से दफनाया जाता है।
NOV 25, 2025 09:03 IST

अमित शाह ने गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर मंगलवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि नौवें सिख गुरु ने आध्यात्मिक साधना की, दिव्य समागम आयोजित किए और क्रूर आक्रमणकारियों से स्वसंस्कृति और स्वधर्म की रक्षा की। शाह ने X पर एक संदेश में कहा, 'सिख धर्म के नौवें गुरु, 'हिंद की चादर' गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस पर उन्हें नमन करता हूं।'

गृह मंत्री ने कहा, 'गुरु तेग बहादुर जी ने एक ही जीवनकाल में आध्यात्मिक साधना भी की, सत्संग भी किए और क्रूर आक्रांताओं से स्वसंस्कृति व स्वधर्म की रक्षा भी की। उन्होंने कश्मीरी पंडितों के लिए संघर्ष किया, अत्याचारी मुगल को चुनौती दी और धर्म की खातिर अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया।' शाह ने कहा, 'शौर्य, संयम, त्याग और समर्पण से भरी गुरु साहिब जी की बलिदान गाथा को याद कर आज भी मन गौरव और राष्ट्ररक्षा के संकल्प से भर जाता है।'
NOV 25, 2025 07:51 IST

Yamuna Expressway पर कटेगा ई-चालान

आने वाली 15 दिसंबर से 60 से 80 की स्पीड से ज्यादा वाहन दौड़ाने पर यमुना एक्सप्रेस वे पर ई-चालान कटा करेंगे। स्पीड पर ब्रेक लगाने के लिए यह फैसला लिया गया है, क्योंकि आगे कोहरा होगा, जिस कारण कोई अप्रिय घटना ना घटे, इस कारण हल्की स्पीड पर वाहनों को चलाने के लिए कहा जा रहा है।
NOV 25, 2025 07:38 IST

राम मंदिर के झंडा फहराने के कार्यक्रम के लिए PM मोदी अयोध्या में

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नए बने राम मंदिर के ऊपर भव्य झंडा फहराने के समारोह के लिए उत्तर प्रदेश के अयोध्या जाएंगे। यह समारोह मंदिर के आर्किटेक्चर के पूरा होने का प्रतीक है और ट्रस्ट पहले से ही इसे ऐतिहासिक रूप से तैयार कर रहा है। वे इस आखिरी पड़ाव को पहले बड़े कार्यक्रम, 2024 प्राण प्रतिष्ठा के बाद सबसे महत्वपूर्ण क्षण मानते हैं।

सूर्य के निशान वाला एक बड़ा झंडा फहराया जाएगा जो मंदिर के नींव से लेकर मुकुट तक पूरा होने का प्रतीक है। इसका धार्मिक महत्व बहुत ज्यादा है, जो विवाह पंचमी, भगवान राम और सीता के विवाह के पवित्र दिन के साथ बिल्कुल सही समय पर हो रहा है। पिछले साल के प्राण प्रतिष्ठा की तरह, PM मोदी मुख्य संतों और ट्रस्ट सदस्यों की मौजूदगी में रस्मों का नेतृत्व करेंगे।
NOV 25, 2025 07:38 IST

लिवरपूल विक्ट्री परेड घटना का ट्रायल शुरू होगा

इस साल 26 मई को लिवरपूल की प्रीमियर लीग विक्ट्री परेड के दौरान भीड़ में कार चलाने के आरोपी पॉल डॉयल का ट्रायल आज लिवरपूल क्राउन कोर्ट में शुरू होगा। वॉटर स्ट्रीट पर हुई इस घटना में 130 से ज्यादा लोग घायल हुए, जिनमें छह महीने से लेकर 77 साल तक के लोग शामिल थे। पुलिस ने कहा है कि यह घटना अलग-थलग थी और आतंक से जुड़ी नहीं थी।

53 साल के पॉल डॉयल ने अपने ऊपर लगे सभी 31 आरोपों में खुद को बेकसूर बताया है। कुछ आरोपों में जानबूझकर गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश के 18 मामले, जानबूझकर गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने के नौ मामले, जानबूझकर घायल करने के दो मामले, खतरनाक ड्राइविंग का एक मामला और मारपीट का एक मामला शामिल है।
NOV 25, 2025 07:38 IST

लावरोव मॉस्को में बेलारूसी काउंटरपार्ट से मिलेंगे

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव आज मॉस्को में अपने बेलारूसी काउंटरपार्ट मैक्सिम रायजेनकोव से मिलेंगे। यह दौरा दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के कॉलेजियम की सालाना जॉइंट मीटिंग का हिस्सा है।

रूस और बेलारूस के विदेश मंत्रालयों के कॉलेजियम की जॉइंट मीटिंग 2000 से हर देश में बारी-बारी से होती आ रही है ताकि इंटरनेशनल लेवल पर उनकी फॉरेन पॉलिसी की कोशिशों को कोऑर्डिनेट किया जा सके। मीटिंग में आपसी और इंटरनेशनल मुद्दों पर फोकस किया जाएगा, जिसमें सहयोग और वेस्टर्न प्रेशर का मुकाबला करना जैसी दूसरी बातें शामिल हैं।
NOV 25, 2025 07:38 IST

UNSC मीटिंग

UN सिक्योरिटी काउंसिल आज नॉर्थ कोरिया के बैन से जुड़ी एक मीटिंग करेगी। मीटिंग में DPRK के न्यूक्लियर और बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम, बैन से बचने और बैन सिस्टम के पूरे असर से जुड़े बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी, ये चर्चा के टॉपिक हो सकते हैं।

UNSC के एजेंडा में लीबिया में इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) की स्थिति पर सुबह की मीटिंग और लीबियाई मैरीटाइम ऑथराइजेशन पर दोपहर की मीटिंग भी शामिल है।