आज की ताजा खबर, 25 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़: देश में LPG सप्लाई को लेकर विरोध प्रदर्शन...यूपी का 'लोनी' दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर, धुरंधर मूवी से सिख समुदाय आहत; ईरान युद्ध खत्म करने के लिए ट्रंप का 15 पॉइंट वाला प्लान
-धुरंधर 2 की कमाई
-दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर यूपी का लोनी
-ईरान युद्ध पर ट्रंप का 15 Point को प्लान
कांग्रेस नेतृत्व केरल में अगले मुख्यमंत्री का फैसला करेगा : चेन्निथला
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने कहा है कि केरल में कांग्रेस के पास राज्य का नेतृत्व करने में सक्षम कई नेता हैं और यही पार्टी की ताकत है, जबकि सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के पास मुख्यमंत्री पद के लिए केवल पिनराई विजयन का ही चेहरा है।चेन्निथला ने ’पीटीआई वीडियो’ सेवा को दिए एक साक्षात्कार के दौरान इस बात से इनकार नहीं किया कि वह मुख्यमंत्री पद के एक दावेदार हैं, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की पहली प्राथमिकता विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करना है और जीत के बाद पार्टी नेतृत्व यह तय करेगा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए।
यह पूछे जाने पर कि पार्टी बिना मुख्यमंत्री पद के चेहरे के चुनाव क्यों लड़ रही है, कांग्रेस की कार्यकारी समिति के सदस्य ने कहा, ’’हम किसी को भी मुख्यमंत्री के रूप में पेश नहीं कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के साथ हाल ही में हुई बैठक में सभी मुद्दों पर चर्चा की थी।
अपने निर्वाचन क्षेत्र ’हरिपाद’ में चुनाव प्रचार करते हुए चेन्निथला ने कहा, ’’कांग्रेस अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन खरगे) और राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि प्राथमिकता चुनाव जीतना है, और मुख्यमंत्री पद का फैसला बाद में किया जाएगा।’’
जब चेन्निथला से पूछा गया कि क्या वह केरल के मुख्यमंत्री पद का दावेदार बनने की आकांक्षा रखते हैं, तो उन्होंने कहा, ’’यह उम्मीदवारों की आकांक्षा का सवाल नहीं है। हमारे पास एक दर्जन नेता हैं जो राज्य का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। यही कांग्रेस पार्टी की ताकत है।’’
उन्होंने कहा कि माकपा के पास केवल एक ही चेहरा है- पिनराई विजयन, जबकि कांग्रेस के पास ऐसे कई नेता हैं जो मुख्यमंत्री बनने के योग्य हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल और केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन उन्हें संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में समर्थन देंगे, तो चेन्निथला ने कहा, ’’हम इस मुद्दे पर बिल्कुल भी चर्चा नहीं कर रहे हैं, क्योंकि पार्टी आलाकमान इसपर फैसला लेगा।’’
कांग्रेस नेता के अनुसार, पार्टी एलडीएफ सरकार के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर पर ध्यान केंद्रित कर रही है, और राहुल गांधी द्वारा हाल ही में घोषित पांच गारंटी कांग्रेस को जनता का विश्वास जीतने में मदद करेंगी।
पुरी जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार का सूचीकरण 48 साल बाद शुरू
पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर के ’रत्न भंडार’ की बहुप्रतीक्षित सूचीकरण की प्रक्रिया 48 वर्षों के अंतराल के बाद बुधवार को शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के अनुसार, अधिकृत कर्मियों ने पारंपरिक धोती और गमछा पहनकर सुबह करीब 11:30 बजे मंदिर में प्रवेश किया।
अधिकारियों ने बताया कि समान की गिनती की प्रक्रिया निर्धारित शुभ मुहूर्त, अपराह्न 12:09 बजे से 1:45 बजे के बीच शुरू हुई। इस दौरान केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही अंदर प्रवेश करने की अनुमति दी गई।
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से 12वीं सदी के इस मंदिर की दैनिक पूजा-पद्धति प्रभावित नहीं होगी।
इस प्रकिया के दौरान श्रद्धालुओं को ’बाहर कथा’ से दर्शन की अनुमति दी गई है जबकि ’भीतर कथा’ तक जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
केरल में यूडीएफ सरकार बनाएगी, चेन्निथला होंगे मुख्यमंत्री : कांग्रेस नेता कुरियन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. जे. कुरियन ने बुधवार को दावा किया कि नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सत्ता में लौटेगा और पूर्व मंत्री रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री बनेंगे।राज्यसभा के पूर्व उपसभापति कुरियन ने यह बयान तिरुवल्ला में आयोजित यूडीएफ सम्मेलन के दौरान चेन्निथला की मौजूदगी में दिया।
उन्होंने कहा, "हम नौ अप्रैल को जीतेंगे। रमेश जो अभी यहां बैठे हैं, वही मुख्यमंत्री होंगे। मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है। हालांकि रमेश का मानना है कि पार्टी इस पर अंतिम निर्णय लेगी।"
यह बयान इसलिए महत्व रखता है क्योंकि विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन और केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ समेत वरिष्ठ नेताओं ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि यदि यूडीएफ सत्ता में लौटती है तो मुख्यमंत्री का फैसला पार्टी आलाकमान द्वारा किया जाएगा।
उत्तर पूर्वी दिल्ली में नाबालिग लड़के का शव मिला
उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में बुधवार तड़के एक पार्क में 17 वर्षीय लड़के का शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान ज़ैद के तौर पर हुई है और वह इलाके का ही रहने वाला था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पार्क में एक शव है जिसके बाद न्यू उस्मानपुर थाने की एक टीम जग प्रवेश चंद अस्पताल के पास स्थित डीडीए पार्क पहुंची और शव बरामद किया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अपराध और फॉरेंसिक दलों ने मौका-ए-वारदात का मुआयना किया और सबूत जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण का पता चलेगा।
उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने व उन्हें पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
हरीश राणा का अंतिम संस्कार किया गया
भारत में ’निष्क्रिय इच्छा मृत्यु’ की अनुमति पाने वाले पहले व्यक्ति 31 वर्षीय हरीश राणा का बुधवार सुबह दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया और इसी के साथ 13 साल से जारी उनके चिकित्सकीय संघर्ष का अंत हो गया।हरीश के एक पड़ोसी ने ’पीटीआई-भाषा’ को फोन के जरिए बताया कि उनकी मां निर्मला देवी ने अपने बेटे को हाथ जोड़कर भावुक विदाई दी जबकि उनके पिता अशोक राणा ने शोक जताने आए लोगों से न रोने का आग्रह करते हुए कहा कि उनका बेटा अब ’’एक अच्छी जगह’’ पर है और वह एक अच्छा बेटा था।
परिवार के सदस्यों के अलावा, महिलाओं के नेतृत्व वाले आध्यात्मिक संगठन ब्रह्माकुमारीज की प्रतिनिधि भी अंतिम संस्कार में शामिल हुईं और उन्होंने हरीश के लिए प्रार्थना की। राणा परिवार गाजियाबाद की राज एम्पायर सोसाइटी में रहता है। इस सोसाइटी के निवासी भी दाह संस्कार में शामिल होने और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के सदस्य, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के कर्मचारी, हरीश के रिश्तेदार और दोस्तों सहित बड़ी संख्या में लोग अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद रहे।
हरीश के शव को एम्बुलेंस में श्मशान घाट लाया गया। लोगों ने हरीश को हाथ जोड़कर अंतिम विदाई दी और कुछ लोगों ने शव को चिता पर रखे जाने से पहले उस पर केसरिया मालाएं चढ़ाईं। हरीश के छोटे भाई आशीष राणा ने अपनी बहन भावना के साथ चिता को मुखाग्नि दी।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में हुई सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना मंगलवार देर रात करमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिर्जापुर-रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर केकराही गांव के पास हुई।पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर कुमार मिश्रा ने बताया कि जौनपुर के निवासी जय सिंह (49) और उनकी पत्नी सरिता सिंह (48) मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार कर्मा के निवासी चंदू (20) ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि दो अन्य घायल व्यक्तियों का इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है।
सिख समुदाय को 'आहत' करने के आरोप में 'धुरंधर' सीक्वल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज
महाराष्ट्र के मुंबई में एक सिख संगठन ने फिल्म ’धुरंधर: द रिवेंज’ के निर्माताओं और मुख्य अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ समुदाय की धार्मिक भावनाओं को कथित तौर पर ठेस पहुंचाने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।शिकायतकर्ता ’सिख्स इन महाराष्ट्र’ के अनुसार, फिल्म के एक पोस्टर में सिंह को पगड़ी, लंबी दाढ़ी और ’कड़ा’ (कंगन) पहने हुए दिखाया गया है, जिन्हें सिख समुदाय के पवित्र प्रतीक माना जाता है।
आरोप में कहा गया कि अभिनेता को हाथ में सिगरेट पकड़े हुए भी दिखाया गया है और इस चित्रण से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
आज मतदान का अधिकार छीना जा रहा है, अगली बार वे नागरिकता भी छीन लेंगे: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर बुधवार को तीखा हमला करते हुए उन पर संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।बनर्जी ने उत्तर बंगाल के मैनागुड़ी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग ’’मतदान के अधिकार छीन रहे हैं।’’
उन्होंने चेतावनी दी कि अगला कदम राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लागू करके नागरिकता छीनने का प्रयास हो सकता है।
बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के माध्यम से कुछ समुदायों को चुनाव प्रक्रियाओं से बाहर रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा, ’’राजबंशियों के नाम एसआईआर के जरिए हटा दिए गए हैं। महिलाओं के नाम भी हटाए जा रहे हैं। अगर एसआईआर की वजह से मौतें होती हैं, तो जिम्मेदारी कौन लेगा?’’
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ’’निर्वाचन आयोग, भाजपा और केंद्र सरकार संविधान का पालन नहीं कर रहे और मतदान के अधिकार छीनने की कोशिश कर रहे हैं। आज वे मतदान के अधिकार छीन रहे हैं; कल वे राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लाकर नागरिकता छीन लेंगे।’’
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिए बिना बनर्जी ने जनसभा में उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे ’’यहां मौजूद सज्जन और दिल्ली में दोनों सज्जनों को विदा’’ करें।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तृणमूल कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत राज्य की जनता है।
उन्होंने भाजपा और निर्वाचन आयोग पर मिलीभगत से काम करने का आरोप लगाते हुए कहा, ’’उन्होंने हमसे सब कुछ छीन लिया है। अब मेरे पास सिर्फ हमारी जनता है।’’
बनर्जी से उत्तर बंगाल के लिए रवाना होने से पहले कोलकाता हवाई अड्डे पर निर्वाचन आयोग के छह साल पुराने दस्तावेज का हवाला देते हुए इसी तरह के आरोप लगाए थे। इस दस्तावेज में कथित तौर पर भाजपा का कमल चिह्न अंकित था।
न्यायालय ने वंदे मातरम् पर गृह मंत्रालय के परिपत्र के खिलाफ दायर याचिका खारिज की
उच्चतम न्यायालय ने आधिकारिक कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत ’वंदे मातरम्’ के गायन से संबंधित गृह मंत्रालय के एक परिपत्र के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई से बुधवार को इनकार करते हुए कहा कि यह निर्देश अनिवार्य नहीं है।प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत तथा न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची एवं न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ ने मोहम्मद सईद नूरी द्वारा दायर याचिका को ’’समय से पहले’’ दायर की गई याचिका बताया और इसे ’’भेदभाव की अस्पष्ट आशंका’’ पर आधारित करार दिया।
नूरी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेगड़े ने कहा कि वे देश के हर धर्म का सम्मान करते हैं, लेकिन अगर लोगों को उनके धर्म और आस्था की परवाह किए बिना यह गीत गाने के लिए बाध्य किया जाता है तो कुछ लोगों को यह ’’निष्ठा के सामाजिक प्रदर्शन’’ में भाग लेने की मजबूरी लग सकती है।
न्यायमूर्ति बागची ने पूछा कि क्या परिपत्र में राष्ट्रगीत नहीं गाने पर किसी दंडात्मक परिणाम का उल्लेख है या क्या किसी व्यक्ति को इसे नहीं गाने के कारण सभा से निकाला गया है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दो समूहों के बीच झड़प, चार लोग घायल
उत्तर प्रदेश मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव में पुरानी दुश्मनी के कारण दो समूहों के बीच हुई झड़प में एक महिला समेत कम से कम चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) देववर्त बाजपेयी ने कहा कि घटना मंगलवार रात को हुई जब दो समूहों के सदस्यों ने पुरानी रंजिश की वजह से एक-दूसरे पर कथित तौर पर पथराव किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के सिलसिले में करीब 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और अब तक दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
अधिकारी ने बताया कि झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्रवाई शुरू की गई। वीडियो में दो पक्षों के सदस्य एक-दूसरे पर पथराव करते दिख रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि बाकी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
तृणमूल कांग्रेस ने भवानीपुर के निर्वाचन अधिकारी को हटाने की मांग की
तृणमूल कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी सुरजीत रॉय पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी से करीबी संबंध होने का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है।भवानीपुर विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक शुभेंदु अधिकारी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच कड़ा मुकाबला है।"
तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन ने 24 मार्च को मुख्य निर्वाचन आयुक्त और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे एक पत्र में दावा किया कि 2011 बैच के डब्ल्यूबीसीएस (पश्चिम बंगाल सिविल सेवा) अधिकारी रॉय पहले नंदीग्राम-II ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी के रूप में तैनात थे और अधिकारी के साथ उनके करीबी संबंधों के बारे में सभी को जानकारी है।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में पति ने किया लोहे की छड़ से हमला, पत्नी की मौत
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक व्यक्ति ने पत्नी पर लोहे की छड़ से हमला किया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय ने बताया कि मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि बीजपुर थानाक्षेत्र के अंतर्गत महुआबारी गांव में कन्हैया नामक व्यक्ति और उसकी पत्नी सुमन देवी के बीच झगड़ा हुआ और कन्हैया ने गुस्से में सुमन पर कथित रूप से लोहे की छड़ से हमला कर दिया जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस घायल महिला को धन्वंतरि अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी जिले के ही म्योरपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है तथा अपनी ससुराल में रह रहा था।
उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा महिला शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पहले मजबूरी में होता था सुधार, अब संकल्प के साथ हो रहा है: वित्त मंत्री
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार में पहले मजबूरी के चलते आर्थिक सुधार किए जाते थे, लेकिन अब ’’संकल्प और प्रतिबद्धता’’ के साथ यह किया जा रहा है तथा देश ’रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर सवार होकर निरंतर आगे बढ़ रहा है।उन्होंने वित्त विधेयक, 2026 पर सदन में हुई चर्चा का जवाब देते हुए यह भी कि देश को विकसित बनाने और 140 करोड़ भारतीय नागरिकों की अकांक्षाआों को पूरा करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
सीतारमण ने कहा, ’’पहले की तरह मजबूरी में सुधार नहीं किए जा रहे हैं, बल्कि संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ सुधार किए जा रहे हैं।’’
उनका कहना था कि विश्वास आधारित कर व्यवस्था बनाने पर काम किया गया है ताकि ईमानदार करदाताओं को कठिनाई नहीं हो।
सीतारमण ने कहा कि विपक्ष के कुछ सदस्यों ने जीवनयापन की सुगमता (ईज ऑफ लिविंग) और कारोबार की सुगमता (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) का मजाक बनाया, लेकिन सरकार इन दोनों पहलुओं पर लगातार आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा, ’’हम एमएसएमई, किसानों और सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बना रहे हैं क्योंकि ये देश के विकास के लिए बहुत जरूरी हैं। वित्त विधेयक इन्हें सशक्त बनाने का प्रावधान करता है।’’
वित्त मंत्री का कहना था कि भारत को वैश्चिक व्यावसायिक केंद्र बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
सीतारमण ने कहा कि इस वित्त विधेयक में मध्य वर्ग के लिए बहुत कुछ है।
मुझे पाकिस्तान से जोड़ना हिमंत के दिमाग की कोरी कल्पना है : गौरव गोगोई
कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने उनके एवं उनकी पत्नी के ’’पाकिस्तान के साथ संबंध होने’’ के आरोपों को बुधवार को खारिज करते हुए इन्हें मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के ’’दिमाग की उपज’’ करार दिया।गोगोई ने साथ ही कहा कि ऐसे दावे मुख्यमंत्री की ’’कमजोरी’’ को उजागर करते हैं और यह भी दिखाते हैं कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर मामले में वह किस हद तक जा सकते हैं।
जोरहाट से सांसद ने ’पीटीआई-भाषा’ से साक्षात्कार में कहा कि शर्मा द्वारा किए जा रहे हमलों और कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री पर लगाए गए आरोपों में स्पष्ट अंतर है।
गोगोई ने कहा, ’’शर्मा जो कह रहे हैं और मैं उनके खिलाफ जो कह रहा हूं, उसमें फर्क है - उनके बेतुके आरोप केवल उनके दिमाग की उपज हैं और ये राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे बेहद गंभीर मुद्दे से संबंधित हैं।’’
उन्होंने दावा किया, ’’हम उनके (शर्मा के) परिवार, उनकी संपत्ति, भ्रष्टाचार और सरकारी तंत्र द्वारा उनकी पत्नी की कंपनी को दिए जा रहे लाभ के बारे में जो कुछ भी कह रहे हैं, वह सबके सामने है।’’
उन्होंने कहा कि इस बात के प्रमाण हैं, इस बारे में कई खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं, लोग इन आरोपों के संबंध में अदालतों में मुकदमे लड़ रहे हैं तथा सार्वजनिक रूप से एवं मीडिया में प्रकाशित साक्ष्यों की एक पूरी सूची मौजूद है।
गोगोई ने कहा कि शर्मा द्वारा लगाए जा रहे आरोप ’’कोरी कल्पना मात्र’’ हैं।
उन्होंने कहा, ’’राष्ट्रीय सुरक्षा राजनीति से ऊपर होनी चाहिए। एक मुख्यमंत्री को गरिमापूर्ण व्यवहार करना चाहिए और इस गंभीर मामले पर ऐसे बेबुनियाद आरोप नहीं लगाने चाहिए।’’
शर्मा, गोगोई और उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ क्लेयर गोगोई पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध होने का आरोप लगाते रहे हैं और उन्होंने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।
गोगोई ने दावा किया कि ऐसे आरोप शर्मा की ’’कमजोरियों’’ और ’’असुरक्षाओं’’ को उजागर करते हैं।
उन्होंने कहा, ’’इससे पता चलता है कि वह कांग्रेस को कितना बड़ा खतरा समझते हैं। इससे पता चलता है कि वह कीचड़ उछालने के लिए किस हद तक जा सकते हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर मामले का भी इसके लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।’’
दिल्ली विधानसभा के मौजूदा सत्र के दौरान बम की धमकी, तलाश अभियान जारी
दिल्ली विधानसभा को बुधवार को ईमेल के जरिए एक बार फिर बम की धमकी मिली। एक दिन पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा बजट पेश किए जाने से कुछ समय पहले भी विधानसभा को इसी तरह की धमकियां मिली थीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।सूत्रों के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह एक ईमेल मिला जिसमें कहा गया कि विधानसभा के जारी सत्र के दौरान परिसर में कथित रूप से बम लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि संदेश भेजने वाले ने संदेश में कई भड़काऊ दावे और संदर्भ भी दिए थे।
यह घटनाक्रम विधानसभा को मंगलवार सुबह दो धमकी भरे ईमेल मिलने के एक दिन बाद सामने आया है। पहला ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा को भेजा गया था उसके बाद दूसरा ईमेल सुबह 7:49 बजे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को भेजा गया जिसके कारण मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा बजट पेश करने से पहले व्यापक सुरक्षा जांच की गई।
अधिकारियों ने बताया कि ताजा धमकी के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने विधानसभा परिसर के अंदर और आसपास जांच तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ते, खोजी कुत्ते और स्थानीय पुलिस की टीम जांच अभियान में शामिल है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ’’हम हर धमकी को गंभीरता से ले रहे हैं। गहन जांच की जा रही है और निगरानी बढ़ा दी गई है।’’
साइबर विशेषज्ञों और सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए आईपी ट्रैकिंग और ईमेल हेडर विश्लेषण किया जा रहा है।
बंगाल में नमाज की पूरी आजादी है लेकिन पूजा आयोजित करने के लिए अनुमति लेनी पड़ती है: नितिन नवीन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल में धार्मिक गतिविधियों की अनुमति को लेकर "दोहरे मानदंड" अपनाए जाने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि राज्य में नमाज अदा करने की पूरी आजादी है लेकिन पूजा आयोजित करने या पंडाल लगाने के लिए अदालत से अनुमति लेनी पड़ती है।नवीन ने कोलकाता के बाहरी इलाके में स्थित दक्षिणेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पत्रकारों से कहा कि यह स्थिति "दुर्भाग्यपूर्ण" है।
उन्होंने कहा, "यहां नमाज अदा करने की अनुमति है लेकिन पूजा करने और पंडाल लगाने के लिए उच्च न्यायालय से अनुमति मांगनी पड़ती है।"
नवीन ने कहा, "मैंने दक्षिणेश्वर में पूजा की और राज्य के लोगों के कल्याण तथा ’विकसित बंगाल’ एवं ’सोनार बांग्ला’ के निर्माण के लिए देवी से प्रार्थना की।"
द्रमुक महिला विरोधी, तृणमूल कांग्रेस गरीबों पर अन्याय करने वाली: सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में अप्रैल में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को लोकसभा में इन दोनों प्रदेशों की सरकारों पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि द्रमुक सरकार महिला विरोधी है, वहीं तृणमूल कांग्रेस की सरकार गरीबों के साथ अन्याय कर रही है।उन्होंने सदन में वित्त विधेयक, 2026 पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बयान का उल्लेख किया और कहा कि द्रमुक सरकार महिलाओं के खिलाफ है और इस बार महिलाओं का समर्थन उसे नहीं मिलेगा।
उनका कहना था कि महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किया जा रहा है।
सीतारमण ने आरोप लगाया, ’’तमिलनाडु की द्रमुक सरकार महिलाओं के खिलाफ है। उसे महिलाओं का समर्थन नहीं मिलेगा।’’
जब कुछ विपक्षी दलों ने आपत्ति जताई तो वित्त मंत्री ने कहा कि यह शर्मनाक है कि विपक्षी दलों के लोग द्रमुक के समर्थन में खड़े हैं।
द्रमुक सदस्यों के सदन में मौजूद नहीं रहने को लेकर वित्त मंत्री ने कहा, ’’जब भी मैं बोलती हूं तो द्रमुक के सदस्य सदन में नहीं बैठते हैं। यह पहली बार नहीं हुआ है। तृणमूल कांग्रेस भी ऐसा ही करती है।’’
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने मंगलवार को केंद्र से जून में संसद का विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया ताकि परिसीमन, सीट वृद्धि और राज्यों के प्रतिनिधित्व के वर्तमान हिस्से को तीस वर्षों तक जारी रखने की गारंटी के लिए संवैधानिक संशोधन पारित किए जा सके।
महिला आरक्षण को 2011 की जनगणना के आधार पर लागू करने की तैयारी संबंधी खबरों को लेकर स्टालिन ने कहा था, ’’यह कदम संविधान (128वां संशोधन) विधेयक 2023 के अनुरूप नहीं है, जिसे केंद्र की भाजपा सरकार ने पारित किया था और न ही यह उनके उस पहले के रुख के अनुरूप है जिसमें कहा गया था कि इस ऐतिहासिक पहल को केवल 2026 के बाद कराई जाने वाली जनगणना के आधार पर परिसीमन होने के बाद ही लागू किया जाएगा।’’
सीतारमण ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री चाय श्रमिक योजना असम में लागू की और सात लाख चाय बागान श्रमिकों को फायदा हुआ, लेकिन पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार ने इसे लागू नहीं किया।
उन्होंने आरोप लगाया, ’’पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार चाय बागान में काम करने वाले 3.7 लाख श्रमिकों के साथ अन्याय कर रही है।’’
उन्होंने आयुष्मान भारत और कुछ अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि पश्विम बंगाल सरकार ने इन्हें लागू नहीं किया है।
सीतारमण ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टियों के शासन ने पश्चिम बंगाल में उद्योग जगत की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी थी और फिर तृणमूल कांग्रेस ने भी यही किया।
तृणमूल ने मुस्लिम वोट तो हासिल कर लिए लेकिन समुदाय के लिए कुछ नहीं किया: ओवैसी
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने मुस्लिम वोट तो हासिल कर लिए लेकिन ’’समुदाय के लिए कुछ नहीं किया।’’ओवैसी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की राजनीति ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को उभरने में मदद की।
ओवैसी ने कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल के लोग घुटन महसूस कर रहे हैं और उनकी पार्टी ने हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के साथ हाथ मिलाया है ताकि जनता को वह विकल्प प्रदान किया जा सके जिसकी उन्हें तलाश हैं।
हैदराबाद से सांसद ने कहा, ’’हुमायूं कबीर के साथ हमारे गठबंधन का उद्देश्य पश्चिम बंगाल में कमजोर वर्गों के शोषण को रोकना और उन्हें सशक्त बनाना है।’’
उन्होंने कहा, ’’हमारा गठबंधन मुसलमानों के राजनीतिक नेतृत्व को मजबूत करने का भी प्रयास करेगा।’’
ओवैसी ने दावा किया कि राज्य में अल्पसंख्यकों का विकास एक बड़ा मुद्दा है।
यह पूछे जाने पर कि क्या पश्चिम बंगाल में उनकी पार्टी की मौजूदगी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मदद मिलेगी, इस पर उन्होंने कहा, ’’लोकतंत्र में लोगों को अपनी पसंद की पार्टी को वोट देने की आजादी है।’’
मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की शैली पर प्रस्तावित मस्जिद को लेकर हुए विवाद के बाद तृणमूल कांग्रेस से निलंबित किए जाने पर कबीर ने आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) का गठन किया था। कबीर ने कहा कि गठबंधन विधानसभा चुनाव में 182 सीट पर चुनाव लड़ेगा।
उन्होंने दावा किया कि अगर चुनाव में खंडित जनादेश आता है तो गठबंधन सरकार गठन में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यीय विधानसभा सीट के लिए मतदान 23 एवं 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को निर्धारित है।
आईआरसीटीसी पोर्टल से फर्जी तीन करोड़ खाते हटाए गए: वैष्णव
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि रेलवे टिकट बुक कराने में बिचौलियों और दलालों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए आईआरसीटीसी के पोर्टल से तीन करोड़ से अधिक फर्जी खातों को हटा दिया गया है।उन्होंने लोकसभा में प्रश्नकाल में यह भी कहा कि आज देश में संचालित रेलगाड़ियों में 70 प्रतिशत डिब्बे सामान्य और शयनयान श्रेणी के हैं तथा 78 प्रतिशत सीट गैर-वातानुकूलित डिब्बों में हैं।
वैष्णव ने निर्दलीय सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए ये बातें कहीं।
उन्होंने ट्रेनों में आम लोगों और गरीबों के लिए अपेक्षाकृत कम डिब्बे होने जैसी सदस्य की चिंताओं को खारिज करते हुए कहा, ’’यह भ्रांति फैलाने का प्रयास है। 70 प्रतिशत डिब्बे आज भी सामान्य और शयनयान श्रेणी के हैं। ट्रेनों में करीब 78 प्रतिशत सीट सामान्य और शयनयान यानी गैर-वातानुकूलित श्रेणी में हैं।’’
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के समय बहुत कम विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाती थीं, लेकिन राजग सरकार में 2023-24 में 40,500 विशेष ट्रेन चलाई गईं,
पिछले वित्त वर्ष में 85,400 विशेष ट्रेनें चलाई गईं और चालू वित्त वर्ष में अब तक 75 हजार विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा चुकी हैं।
वैष्णव ने कहा कि इसका परिणाम दिखाई दिया कि गत वर्ष दिवाली और छठ पर, नववर्ष के मौके पर और हाल में होली के मौसम में परिस्थितियां पहले से बेहतर थीं।
उत्तरी सिक्किम में भूस्खलन के बाद चुंगथांग में करीब 200 पर्यटक फंसे
उत्तरी सिक्किम में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन के बाद चुंगथांग में लगभग 200 पर्यटक फंस गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार सुबह यह जानकारी दी।मंगन के जिलाधिकारी अनंत जैन ने बताया कि मंगलवार रात चुंगथांग-लाचेन मार्ग पर भूस्खलन होने से लाचेन जा रहे पर्यटक बीच रास्ते में ही फंस गए।
उन्होंने बताया कि इन यात्रियों को रात भर चुंगथांग में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक शिविर और एक गुरुद्वारे में ठहराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सड़क को साफ करने के काम में लगा हुआ है।
उन्होंने कहा कि अधिकारी स्थिति की समीक्षा करेंगे और मौसम अनुकूल होने के साथ-साथ मार्गों के सुरक्षित होने पर ही आगे की यात्रा की अनुमति दी जाएगी। इस बीच, कुछ पर्यटकों ने अपनी यात्रा योजना रद्द कर दी है और वे गंगटोक लौट आए।
अधिकारियों ने बताया कि इसबीच लाचुंग जाने वाला मार्ग भी साफ कर दिया गया, जिसे वहां फंसे पर्यटकों को बुधवार सुबह सुरक्षित गंगटोक वापस भेज दिया गया। यह मार्ग मंगलवार रात अवरुद्ध हो गया था। क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वर्ष 2023 में हिमनद झील फटने (जीएलओएफ) से आई बाढ़ में लाचेन मार्ग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे मरम्मत के बाद नौ मार्च को फिर से खोला गया था।
इसके अलावा, पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बर्फबारी के कारण त्सोमगो झील और नाथुला भी पर्यटकों के लिए बंद हैं।
मेरठ में भड़काऊ भाषण के आरोप में एआईएमआईएम के तीन नेता गिरफ्तार
मेरठ पुलिस ने सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने के इरादे से भड़काऊ भाषण देने के आरोप में एआईएमआईएम के तीन नेताओं को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की पश्चिमी उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष महताब चौहान, महानगर अध्यक्ष इमरान अंसारी और महानगर सचिव रजी सिद्दीकी को देर रात की छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान पता चला कि 23 मार्च को ग्राम हाजीपुर स्थित एक फार्म हाउस में ’ईद मिलन समारोह’ के नाम पर बिना अनुमति एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां आरोपियों ने कथित रूप से भड़काऊ भाषण दिया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
वीडियो में एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली एक राजनीतिक दल को निशाना बनाते हुए और 2027 के विधानसभा चुनाव पर चर्चा करते हुए कथित तौर पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दिख रहे हैं।
वीडियो क्लिप में अली को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है, ’’आपने जिन्हें 111 सीट दीं, वे खामोश हैं। मुझे सिर्फ 11 विधायक दे दो, मैं वादा करता हूं कि अगर उत्तर प्रदेश में किसी मुसलमान को मुठभेड़ में मारा गया, तो ऐसा करने वालों को भी मुठभेड़ का सामना करना होगा।’’
अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अंतरिक्ष जैन ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना लोहियानगर में अली सहित छह नामजद लोगों और कई अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जैन ने कहा, ’’प्रारंभिक जांच में पाया गया कि उक्त भाषण समाज में विभिन्न धर्मों और समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की मंशा से दिया गया था।’’
उन्होंने कहा कि अन्य आरोपियों के गिरफ्तार किए जाने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रियाद में मारे गए भारतीय युवक का शव सीतापुर लाया गया
सऊदी अरब के रियाद में इस महीने की शुरुआत में एक संदिग्ध मिसाइल हमले में मारे गए उत्तर प्रदेश के 26 वर्षीय व्यक्ति का शव बुधवार को सीतापुर में उसके पैतृक गांव लाया गया। व्यक्ति के परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी।महमूदाबाद थाना क्षेत्र के बघैन गांव के निवासी रवि गोपाल सितंबर 2025 से रियाद में प्लास्टिक की एक फैक्टरी में वाहन चालक के रूप में काम कर रहे थे। गोपाल के परिवार के अनुसार, फैक्टरी के पास हुए मिसाइल हमले में 18 मार्च की रात को उनकी मौत हो गयी।
गोपाल के बड़े भाई मनमोहन दयाल ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनके छोटे भाई का शव प्रशासन की मदद से बुधवार सुबह लखनऊ में उन्हें सौंप दिया गया।
उन्होंने पहले कहा था, "शव सुबह करीब साढ़े नौ बजे मिला। अब हम इसे अपने गांव ले जा रहे हैं और हम संभवत: दोपहर तक वहां पहुंच जाएंगे।...अंतिम संस्कार आज होगा और गांव में पहले से ही तैयारी की जा रही है।’’
दयाल ने बताया कि इस दौरान कोई समस्या नहीं हो, यह सुनिश्चित करने के लिए महमूदाबाद के नायब तहसीलदार राकेश कुमार को तैनात किया गया और वह काफिले के साथ रहे।
उन्होंने कहा कि परिवार को दूतावास के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन ने पहले ही सूचित कर दिया था कि शव रियाद से बुधवार सुबह तक लखनऊ लाया जाएगा।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस, वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में
दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।मौसम विभाग ने कहा कि दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना है और आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि अन्य मौसम केन्द्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। पालम में 16.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक है, जबकि लोदी रोड में 15.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है।
रिज में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है, जबकि आयानगर में न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
टाटा पावर ने उत्तर प्रदेश में टांडा-गोंडा, गोंडा-बस्ती पारेषण लाइन की शुरू
टाटा पावर ने उत्तर प्रदेश में 400 किलोवोल्ट टांडा–गोंडा और 400 किलोवोल्ट गोंडा–बस्ती डबल सर्किट पारेषण लाइन के चालू होने की बुधवार को घोषणा की। इन लाइन की कुल लंबाई 154 सर्किट किलोमीटर है।कंपनी बयान के अनुसार, इस उपलब्धि के साथ ही साउथ ईस्ट यूपी पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (एसईयूपीपीटीसीएल) परियोजना के तहत सभी एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज (ईएचवी) पारेषण लाइन एवं उपकेंद्र चालू कर दिए गए हैं।
एसईयूपीपीटीसीएल, रिसर्जेंट पावर वेंचर्स पीटीई लिमिटेड का हिस्सा है जो टाटा पावर, आईसीआईसीआई बैंक और वैश्विक निवेशकों के नेतृत्व वाला एक संयुक्त उद्यम है।
यह परियोजना बिजली क्षेत्र की दबावग्रस्त परिसंपत्तियों (स्ट्रेस्ड एसेट्स) के समाधान प्रक्रिया के तहत अधिग्रहित की गई थी।
टाटा पावर का खंड नवीकरणीय एवं पारंपरिक ऊर्जा उत्पादन से लेकर पारेषण, वितरण, व्यापार, भंडारण समाधान तथा सौर सेल एवं मॉड्यूल विनिर्माण तक पूरी बिजली मूल्य श्रृंखला में फैला है।
कंपनी के पास 7.5 गीगावाट स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन क्षमता है जो उसकी कुल क्षमता का करीब 46 प्रतिशत है।
विपक्ष ने 'एलपीजी संकट' को लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन किया
विपक्षी दलों के सांसदों ने देश में एलपीजी के "संकट" को लेकर बुधवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) की नेता सुप्रिया सुले, समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेन्द्र यादव और कई अन्य दलों के सांसद इसमें शामिल हुए।
सांसदों ने एक बड़ा बैनर ले रखा था जिस पर ’’एम्पिटी सिलेंडर, एम्पिटी प्रॉमिसेस" (खाली सिलेंडर, खोखले वादे) लिखा हुआ था।
विपक्षी दलों ने "मोदी जी, एलपीजी" के नारे भी लगाए।
विपक्षी दल पश्चिम एशिया संकट और देश में ईंधन की कथित किल्लत को लेकर संसद में विस्तृत चर्चा की मांग कर रहे हैं।
सरकार ने पश्चिम एशिया संकट पर आज शाम सर्वदलीय बैठक बुलाई है।
विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में LPG सप्लाई के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया।
खबर रुपया खुला
रुपया शुरुआती कारोबार में 20 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.96 पर ।खबर शेयर खुला
सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 885.32 अंक चढ़कर 74,953.77 अंक पर जबकि निफ्टी 307.65 अंक की बढ़त के साथ 23,220.05 अंक पर ।बलात्कार के मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक पठानमाजरा गिरफ्तार
बलात्कार के एक मामले में पिछले साल सितंबर से फरार आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला में गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि सनौर से निर्वाचित और पहली बार विधायक बने पठानमाजरा पिछले साल सितंबर में दर्ज बलात्कार के मामले में वांछित थे।
उन्होंने बताया कि पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने यहां सिविल लाइंस थाने में पठानमाजरा के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी देने के आरोप में एक सितंबर 2025 को मामला दर्ज किया था।
यह मामला जीरकपुर की एक महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया था जिसने आरोप लगाया था कि विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताकर उसके साथ संबंध बनाए और पहले से विवाहित होने के बावजूद 2021 में उससे शादी की।
महिला ने विधायक पर उसका लगातार यौन शोषण करने, उसे धमकाने और उसे ’’अश्लील’’ सामग्री भेजने का आरोप लगाया है।
’आप’ विधायक को इस मामले में पेश नहीं होने पर भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।
ईरान परमाणु हथियार न रखने पर सहमत हुआ, अमेरिका को बड़ा तोहफा भेजा: ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में युद्ध में जीत का दावा करते हुए कहा कि ईरान परमाणु हथियार कभी नहीं रखने पर सहमत हो गया है और उसने होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी एक ’’महत्वपूर्ण सौगात’’ भेजी है।ट्रंप ने मंगलवार को ’ओवल ऑफिस (अमेरिका के राष्ट्रपति का कार्यालय) में संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि ईरान ’’समझौता करने’’ का इच्छुक है और उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रूबियो, पश्चिम एशिया के मामलों के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर इस बातचीत का नेतृत्व कर रहे हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के मौजूदा नेतृत्व में पहले ही बड़े बदलाव हो चुके हैं।
उन्होंने कहा, ’’असल में यह वही है, जिसे हम सत्ता परिवर्तन कह सकते हैं। आप जानते हैं कि यह सत्ता परिवर्तन है क्योंकि अब सत्ता में बैठे लोग उन लोगों से बिल्कुल अलग हैं, जिनके साथ हमने शुरुआत की थी और जिन्होंने वे सारी समस्याएं पैदा की थीं।’’
इससे पहले, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए मंगलवार को कहा था कि उनका देश अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त कराने के लिए ’’सार्थक और निर्णायक वार्ता’’ की मध्यस्थता के लिए तैयार है। इसके कुछ घंटों बाद ट्रंप ने शरीफ की पोस्ट को अपने सोशल मीडिया मंच ’ट्रुथ सोशल’ पर साझा किया था।
वार्ता में प्रगति के ट्रंप के दावों के बीच ईरान ने इजराइल पर एक दर्जन मिसाइलें दागीं
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अमेरिका युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान से बातचीत कर रहा है वहीं ईरान ने किसी भी तरह की बातचीत होने से इनकार किया है और इस बीच दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं।मंगलवार को इस्लामिक गणराज्य ईरान ने इजराइल पर एक दर्जन मिसाइलें दागीं वहीं लेबनान के आतंकवादियों के रॉकेट हमलों में इजराइल में एक महिला की मौत हो गई। युद्ध के दौरान लेबनान की ओर से किए गए हमले में इजराइल में मौत का यह पहला मामला है।
इजराइल ने कहा कि उसने ईरान के ’’उत्पादन स्थलों’’ पर व्यापक हमले किए, लेकिन उसने इसके बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
वहीं, ईरान इजराइल पर लगातार हमले कर रहा है जिससे लाखों इजराइली आश्रयस्थलों में शरण लेने को मजबूर हो रहे हैं।
हाल में ऐसी घटनाएं भी सामने आई हैं जब इजराइल ईरान की मिसाइलों को हवा में ही रोक कर नष्ट नहीं पाया और इससे उसके लोग हताहत हुए।
ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खोलने के लिए ईरान को स्वयं दी गई समय सीमा को आगे बढ़ा दिया है। इस अहम जलमार्ग के लगभग पूरी तरह बंद होने से ईंधन की कीमतें आसमान छू रही हैं और वैश्विक अर्थव्यवस्था खतरे में है। युद्ध की अवधि को लेकर अनिश्चितता के कारण मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में मध्यस्थता की पेशकश की है, लेकिन ईरान अपने रुख पर कायम है और एक शीर्ष सैन्य प्रवक्ता ने ’’पूरी तरह जीत हासिल’’ होने तक लड़ाई जारी रखने का प्रण किया।
ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन ने ईरान को 15-सूत्रीय युद्धविराम योजना की पेशकश की है। इस घटनाक्रम से अवगत एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखे जाने की शर्त पर बताया कि युद्धविराम योजना पाकिस्तान के मध्यस्थों के जरिये ईरान को सौंपी गई।
पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में मध्यस्थता की पेशकश की है। यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है जब अमेरिका की सेना 82वीं ’एयरबोर्न डिवीजन’ से कम से कम 1,000 और सैनिकों को तैनात की तैयारी कर रही है ताकि क्षेत्र में पहले से मौजूद करीब 50,000 सैनिकों को और बल मिल सके।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन से फोन पर बातचीत की और ईरान से खाड़ी के देशों पर हो रहे "अस्वीकार्य हमलों" को रोकने, ऊर्जा और नागरिक बुनियादी ढांचे को संरक्षित करने और होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर कहा, ’’मैंने ईरान से सद्भावनापूर्वक बातचीत में शामिल होने का आग्रह किया, ताकि तनाव कम करने का मार्ग प्रशस्त हो सके।’’
ट्रंप प्रशासन ने ईरान को 15 सूत्रीय युद्धविराम योजना की पेशकश की
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन ने ईरान को 15-सूत्रीय युद्धविराम योजना की पेशकश की है। इस घटनाक्रम से अवगत एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखे जाने की शर्त पर बताया कि युद्धविराम योजना पाकिस्तान के मध्यस्थों के जरिये ईरान को सौंपी गई।
पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में मध्यस्थता की पेशकश की है। यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है जब अमेरिका की सेना 82वीं ’एयरबोर्न डिवीजन’ से कम से कम 1,000 और सैनिकों को तैनात की तैयारी कर रही है ताकि क्षेत्र में पहले से मौजूद करीब 50,000 सैनिकों को और बल मिल सके।
’न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने मंगलवार को अपनी एक खबर में कहा कि 15-सूत्रीय योजना ईरानी अधिकारियों को सौंप दी गई है।
अमेरिका के रक्षा मंत्रालय का मुख्यालय ’पेंटागन’ दो ’मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट’ की भी तैनाती की प्रक्रिया में है जिसके तहत क्षेत्र में करीब 5,000 मरीन एवं नौसेना के हजारों अन्य कर्मी और तैनात किए जाएंगे।
अधिकारी ने कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध जारी रखने की वकालत कर रहे इजराइली अधिकारी अमेरिकी प्रशासन द्वारा युद्धविराम योजना सौंपे जाने से हैरान हैं।
उन्होंने साथ ही कहा कि अमेरिका पश्चिम एशिया में अतिरिक्त सैनिक एवं मरीन भेज रहा है, ऐसे में युद्धविराम योजना के प्रस्ताव को ट्रंप की ऐसी रणनीति के तौर पर पेश किया जा रहा है कि भविष्य में क्या कदम उठाना है, इसे लेकर वह अपने विकल्प खुले रखना चाहते हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ’व्हाइट हाउस’ ने इस संबंध में टिप्पणी के अनुरोधों का जवाब नहीं दिया है।
करोल बाग में ‘स्लीपर बस' पलटने से दो लोगों की मौत, 23 घायल
दिल्ली के करोल बाग इलाके के पास मंगलवार देर रात एक ’स्लीपर बस’ पलटने से दो यात्रियों की मौत हो गई और कम से कम 23 लोग घायल हो गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना देर रात एक बजकर 10 मिनट पर मिली जिसके बाद दमकल सेवा की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और बचाव कार्य शीघ्रता से शुरू किया गया।
अधिकारी ने बताया कि यह बस जयपुर से आई थी। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
उप्र : आश्रम मंदिर के पास रोजा इफ्तार के लिये मांसाहारी भोजन बनाने के छह और आरोपी गिरफ्तार
श्रावस्ती जिले के सिरसिया क्षेत्र के सोनपथरी आश्रम मंदिर के पास रोजा इफ्तार पार्टी के लिए कथित तौर पर मांसाहारी भोजन बनाने व अवशेष फेंकने के आरोप में पुलिस ने छह और आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि इसी मामले में शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि 17 मार्च को जिले के सिरसिया थानान्तर्गत जंगल में स्थित सोनपथरी आश्रम के पास कुछ लोगों ने रोजा इफ्तार के लिये कथित तौर पर मांसाहारी भोजन पकाया था और उसे खाने के बाद उसके अवशेष आश्रम के पास बह रही जलधारा में फेंक दिये।
उन्होंने बताया कि उस जलस्रोत का पानी सोनपथरी आश्रम आने वाले श्रद्धालु पीने, भोजन बनाने तथा मन्दिर में विग्रहों के जलाभिषेक में प्रयोग करते हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंध में आश्रम के पुजारी हरी शरणानंद जी महाराज की तहरीर पर 19 मार्च को धार्मिक भावनाएं आहत करने सहित सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने बताया कि 19 मार्च को ही वन विभाग के एक अधिकारी ने पुलिस को लिखित सूचना दी कि आरोपियों ने जंगल में अवैध रूप से आग जला कर आगजनी का खतरा उत्पन्न किया और जंगल के जीव जंतुओं को हानि पहुंचाई। इन सभी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की सुसंगत धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया गया।
उसने बताया कि पुलिस ने 20 मार्च को चार आरोपियों की गिरफ्तारी की थी।
प्रवक्ता के मुताबिक इन मामलों में मंगलवार को छह अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमाल अहमद, इरफान अहमद, सूफियान, शाकिर, शेरु अहमद व शमशाद अली के रूप में की गई है। पुलिस ने सभी को उनके घर से गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में विधिक कार्यवाही कर रही है।
परिसीमन संबंधी संवैधानिक संशोधनों को अधिनियमित करने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाएं: स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मंगलवार को केंद्र से जून में संसद का विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया ताकि परिसीमन, सीट वृद्धि और राज्यों के प्रतिनिधित्व के वर्तमान हिस्से को तीस वर्षों तक जारी रखने की गारंटी के लिए संवैधानिक संशोधन पारित किए जा सकें।मीडिया में आई खबरों उन खबरों (जिनमें बताया गया है कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के प्रतिनिधित्व पर 2011 की जनगणना के आधार पर विचार किया जा रहा है) का हवाला देते हुए स्टालिन ने कहा, "यह कदम संविधान (128वां संशोधन) विधेयक 2023 के अनुरूप नहीं है, जिसे केंद्र की भाजपा सरकार ने पारित किया था और न ही यह उनके उस पहले के रुख के अनुरूप है जिसमें कहा गया था कि इस ऐतिहासिक पहल को केवल 2026 के बाद कराई जाने वाली जनगणना के आधार पर परिसीमन होने के बाद ही लागू किया जाएगा।"
सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा, "यह (केंद्र की पहल) संभवतः चार प्रमुख राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में चुनावी लाभ हासिल करने के उद्देश्य से की गई है।"
उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता पहले से ही लागू होने के बावजूद इस तरह का महत्वपूर्ण कदम उठाना "अभूतपूर्व" है।
मणिपुर के चुराचांदपुर में डूबने से तीन बच्चों की मौत
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों के शिविर के पास एक निर्माण स्थल पर पानी से भरे गड्ढे में तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।जिले के एक अधिकारी ने बताया कि गंगपिमुअल गांव में सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण केंद्र के पास बारिश के पानी से भरे लगभग चार फुट गहरे गड्ढे में तीन से पांच साल के बच्चे डूब गए। उन्होंने बताया कि बच्चे खेलते समय गलती से गड्ढे में गिर गए।
अधिकारी ने बताया कि हाल ही में खोदा गया गड्ढा बारिश के पानी से भर गया था।
उन्होंने बताया कि बच्चों को तुरंत चुराचांदपुर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि ये बच्चे गंगपिमुअल गांव के बेजर वेंग इलाके के निवासी थे।
कर्नाटक सरकार ने विश्वविद्यालय में आयोजित आरएसएस के कार्यक्रम को रद्द किया
कर्नाटक सरकार ने प्रोटोकॉल और दिशा-निर्देशों के उल्लंघन का हवाला देते हुए मैसूरु स्थित कर्नाटक राज्य मुक्त विश्वविद्यालय (केएसओयू) में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के विचारक दीनदयाल उपाध्याय पर प्रस्तावित तीन दिवसीय व्याख्यान शृंखला को मंगलवार को रद्द कर दिया।सरकार के मुताबिक यह निर्णय विश्वविद्यालय की उस योजना की समीक्षा करने के बाद लिया गया जिसमें उसे पूर्व सूचना दिए बिना 25 से 27 मार्च तक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई थी। सरकार ने दावा किया कि विश्वविद्यालय के नाम, लोगो और आधिकारिक भागीदारी के बावजूद कार्यक्रम के निजी होने का दावा किया गया था।
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश में कहा गया, ’’अंतत: उपरोक्त कारणों से, ’एकात्मा मानव दर्शन - भारत का विश्वदृष्टिकोण’ विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सम्मेलन को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाता है।’’
सरकार ने आदेश में प्रोटोकॉल के गंभीर उल्लंघन का भी जिक्र किया। इसमें रेखांकित किया गया कि कुलपति इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करने वाले थे और विश्वविद्यालय में प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितताओं की जांच जारी रहने के बावजूद एक निजी संगठन को अनुमति दी गई है।
कर्नाटक के उच्च शिक्षा मंत्री एम सी सुधाकर ने राज्य सरकार के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि सरकारी विश्वविद्यालयों को गैर-राजनीतिक होना चाहिए और वैचारिक प्रभाव से मुक्त रहना चाहिए।
आरएसएस के मीडिया प्रकोष्ठ द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक ’एकात्मा मानव दर्शन’ नामक अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सम्मेलन 25 से 27 मार्च तक केएसओयू के दीक्षांत समारोह हॉल में आयोजित किया जाना था।
सुधाकर ने व्याख्यान श्रृंखला रद्द करने को लेकर राज्य की मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा की जा रही आलोचना पर कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने आयोजन निकाय की प्रकृति और विश्वविद्यालय अधिकारियों की संलिप्तता को लेकर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने बेंगलुरु में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ’’हमारे सरकारी विश्वविद्यालयों को राजनीति से दूर रहना चाहिए। हमारे विश्वविद्यालयों में किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि नहीं होनी चाहिए।’’
सुधाकर ने आयोजकों से विश्वविद्यालय के जुड़ाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, ’’यह चौंकाने वाली बात है कि हमारे विश्वविद्यालय ने उनके साथ समन्वय किया है। स्वयं कुलपति ही स्वागत समिति के अध्यक्ष हैं।’’
देशभक्ति सिर्फ नारों से नहीं बल्कि कर्तव्य निभाने से व्यक्त होती है: योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि देशभक्ति सिर्फ नारों से नहीं बल्कि अपने कर्तव्यों को ईमानदारी और लगन से निभाने से व्यक्त होती है।मुख्यमंत्री ने लखनऊ में ’श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य यात्रा 6.0’ के मौके पर आयोजित एक सम्मान समारोह में चिकित्सा क्षेत्र के पेशेवर लोगों को संबोधित करते हुए उनसे आग्रह किया कि वे अपनी सेवाओं को सिर्फ ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) तक ही सीमित न रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा की चिकित्सा से जुड़े लोग जब क्षेत्र में उतरते हैं तभी उन्हें एहसास होता है कि किसी मरीज की बीमारी पर अक्सर वहां के भूगोल और मौसम का कितना असर पड़ता है।
आदित्यनाथ ने कहा, ’’अगर समाज में कोई भी जाति, समुदाय या तबका कमजोर रह जाता है तो देश सचमुच तरक्की नहीं कर सकता। देश तभी आगे बढ़ेगा, जब सबका साथ-सबका विकास होगा।’’
उन्होंने चिकित्सा समुदाय से अपील की कि वे इस स्वास्थ्य सेवा अभियान को एक पूरे सामाजिक आंदोलन में बदल दें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उतर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा, "दूसरों की सेवा करना किसी व्यक्ति के संसाधनों पर नहीं, बल्कि उसकी भावनाओं पर निर्भर करता है। सेवा करना भी किस्मत की बात है।"
एनसीआरटीसी ने सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर लैंगिक संवेदनशीलता अभियान शुरू किया
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने मंगलवार को सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर ’आकांक्षाओं के पंख’ नामक एक लैंगिक संवेदनशीलता अभियान शुरू किया, जिसका उद्देश्य यात्रियों के बीच महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देना है।एक बयान में कहा गया है कि भारत सरकार के निर्भया कोष के तहत एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल द्वारा शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को जागरूक करना, सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना और नमो भारत प्रणाली में सुरक्षा पहलों को उजागर करना है।
इसमें कहा गया है कि अभियान का उद्देश्य बुनियादी ढांचागत उपायों और जागरूकता गतिविधियों के संयोजन के माध्यम से एक सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा वातावरण बनाना होगा।
इसमें कहा गया है कि इस पहल के तहत स्टेशन परिसर के बाहर सीसीटीवी निगरानी, अच्छी रोशनी वाले वातावरण, ’नमो भारत कनेक्ट’ मोबाइल एप्लिकेशन में एसओएस सुविधा और एक समर्पित महिला सुरक्षा हेल्पलाइन जैसे उपायों को मजबूत किया जाएगा।
ट्रंप ने पश्चिम एशिया संघर्ष पर चर्चा के लिए मोदी को फोन किया; होर्मुज जलडमरूमध्य पर विशेष ध्यान
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद कहा कि भारत पश्चिम एशिया में जल्द से जल्द तनाव कम करने, शांति बहाल करने और वैश्विक व्यापार के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने का समर्थन करता है।पश्चिम एशिया में 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद से दोनों नेताओं के बीच यह पहली बातचीत है।
इस बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला, सुरक्षित और सुलभ बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया, और कहा कि यह वैश्विक शांति, स्थिरता एवं आर्थिक खुशहाली के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के वास्ते ईरान के लिए अमेरिका की ओर से समयसीमा पांच दिन बढ़ाए जाने के एक दिन बाद ट्रंप ने मोदी को फोन किया।
मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा, ’’राष्ट्रपति ट्रंप का फोन आया और पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों का उपयोगी आदान-प्रदान हुआ।’’
उन्होंने कहा, ’’भारत तनाव कम करने और जल्द से जल्द शांति बहाल करने का समर्थन करता है। होर्मुज जलडमरूमध्य का खुला, सुरक्षित और सुलभ रहना पूरी दुनिया के लिए आवश्यक है। हमने शांति और स्थिरता के प्रयासों के संबंध में संपर्क में रहने पर सहमति व्यक्त की।’’
ईरान द्वारा फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित संकरे समुद्री परिवहन मार्ग ’होर्मुज जलडमरूमध्य’ को लगभग अवरुद्ध कर दिए जाने के बाद वैश्विक तेल और गैस की कीमतों में उछाल आया है। इस मार्ग से वैश्विक तेल और एलएनजी (द्रवीकृत प्राकृतिक गैस) के लगभग 20 प्रतिशत हिस्से का परिवहन होता है।
पश्चिम एशिया भारत की ऊर्जा खरीद का एक प्रमुख स्रोत रहा है।
इस संबंध में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि दोनों नेताओं ने महत्वपूर्ण पोत परिवहन मार्ग को खुला रखने के महत्व पर विचार-विमर्श किया।
गोर ने सोशल मीडिया पर कहा, ’’राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच बातचीत हुई। उन्होंने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने का महत्व भी शामिल है।’’
ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के वास्ते ईरान के लिए समयसीमा बढ़ा दी है और वह ईरानी ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमलों को पांच दिन के लिए टाल रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कोई विवरण साझा किए बिना यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के ’’पूर्ण और समग्र समाधान’’ के लिए अमेरिका तथा ईरान के बीच ’’सार्थक बातचीत’’ हुई है।
पिछले कुछ दिनों में, प्रधानमंत्री मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के छह सदस्य देशों - बहरीन, ओमान, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के नेतृत्व के साथ फोन पर बातचीत की है। उन्होंने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी बात की।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को पेजेशकियान के साथ फोन पर हुई बातचीत में पश्चिम एशिया में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की और महत्वपूर्ण पोत परिवहन मार्गों को ’खुला और सुरक्षित’ रखने का आह्वान किया।
ओमान में भारतीय नाविकों वाले टैंकर पर ड्रोन हमला, 9 को किया गया रेस्क्यू; दो अब भी लापता
CJI सूर्यकांत ने ठुकराई राहुल और मल्लिकार्जुन खरगे की अपील, मिलने का समय देने से किया इनकार, गिनाए कानूनी कारण
मैड संधू हत्याकांड में गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, वापी से तीन आरोपी पकड़े; पंजाब पुलिस ले गई साथ
'कायर हमें डरा नहीं सकते...', राहुल गांधी बोले- पूरा भारत सुप्रीम कोर्ट तक करेगा मार्च, हम सब साथ चलेंगे
क्या बंद होंगी मेट्रो सेवाएं, हटेंगे बैरिकेड? दिल्ली प्रदर्शन पर सुप्रीम कोर्ट 13 निर्देशों में क्या-क्या, जानें
© 2026 Times Horizon Private Limited
