LIVE

Aaj Ki Taza Khabar: ट्रंप बोले- यूक्रेन रूस के कब्जे में गए सभी क्षेत्रों को वापस हासिल करने की स्थिति में....कांग्रेस की पटना में हुई CWC बैठक

Nitin AroraUpdated Sep 24, 2025, 21:30 IST

Aaj Ki Taza Khabar 24 Sep 2025: पटना में बुधवार को कांग्रेस की बड़ी बैठक होनी है। इस दौरान कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी पार्टी की वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। वहीं, सुपर टाइफून रागासा ने तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ हांगकांग पर खतरनाक दस्तक दी। तूफान ने हांगकांग के समुद्र तट पर ऊंची लहरें उठाईं और दक्षिणी चीन के तटीय इलाकों में जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी। कई लोगों की जान भी गई। उधर अमेरिका पहुंचे जयशंकर ने समान विचारधारा वाले वैश्विक दक्षिणी देशों की उच्च-स्तरीय बैठक की मेजबानी की। दूसरी ओर तुर्की के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में एक बार फिर कश्मीर मुद्दे का जिक्र किया। आइए जानते हैं देश और दुनिया की अहम खबरें...

Aaj Ki Taza Khabar: ट्रंप बोले- यूक्रेन रूस के कब्जे में गए सभी क्षेत्रों को वापस हासिल करने की स्थिति में....कांग्रेस की पटना में हुई CWC बैठक
Aaj Ki Taza Khabar: ट्रंप बोले- यूक्रेन रूस के कब्जे में गए सभी क्षेत्रों को वापस हासिल करने की स्थिति में....कांग्रेस की पटना में हुई CWC बैठक

-विदेश मंत्री जयशंकर की हाई लेवल बैठक

-एर्दोगन ने UNGA में उठाया कश्मीर मुद्दा

-नाटो की मदद से यूक्रेन अपने मूल स्वरूप को वापस पाने की स्थिति में: ट्रंप

SEPT 24, 2025 15:18 IST

एक सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा

पंजाब से राज्यसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा। मतदान और मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। यह सीट जुलाई में सांसद संजीव अरोड़ा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
SEPT 24, 2025 12:29 IST

शारदीय नवरात्रि और विजयदशमी के त्योहार पर कानून-व्यवस्था दुरुस्त

उत्तर प्रदेश में शारदीय नवरात्रि और विजयदशमी के त्योहार पर कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।

इस संबंध में संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, 4 अक्टूबर 2025 तक किसी भी पुलिसकर्मी को छुट्टी नहीं मिलेगी। हालांकि अतिआवश्यक और विषम परिस्थितियों में छुट्टी की अनुमति दी जा सकती है।
SEPT 24, 2025 11:41 IST

छात्राओं से यौन शोषण के आरोपों में स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती फरार

साउथ वेस्ट दिल्ली के वसंतकुंज नॉर्थ थाने में स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी के खिलाफ छात्रों से यौन शोषण और धोखाधड़ी के मामले दर्ज किए गए हैं। शृंगेरी शारदापीठ की ओर से एक बयान आया, जिसमें उन्होंने स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती से सभी संबंध तोड़ लिए हैं। दक्षिणाम्नाय श्रीशारदापीठ, शृंगेरी ने एक सार्वजनिक बयान जारी कर बताया कि स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती (पूर्व नाम, स्वामी डॉ. पार्थसारथी) के खिलाफ गंभीर कदम उठाए गए हैं। पीठ ने साफ कहा है कि उनके आचरण और गतिविधियां अवैध, अनुचित और पीठ के हितों के खिलाफ रही हैं। इसी कारण उनसे पीठ के सभी संबंध समाप्त कर दिए गए हैं।
SEPT 24, 2025 11:41 IST

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सड़क दुर्घटना में पांच सेनाकर्मी घायल

पुंछ के मानकोट सेक्टर के घानी इलाके में आज सुबह एक बोलेरो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार पांच सेना के जवान घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब बलनोई नंगी टाकरी में तैनात जवान छुट्टी पर जा रहे थे।
SEPT 24, 2025 10:16 IST

रुपया शुरुआती कारोबार में सात पैसे टूटकर 88.80 प्रति डॉलर पर

रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में सात पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.80 पर आ गया। अमेरिका के एच-1बी वीजा शुल्क में भारी वृद्धि और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी के बीच घरेलू मुद्रा पर दबाव है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 88.80 प्रति डॉलर पर खुला जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया शुरुआती कारोबार में 88.71 प्रति डॉलर पर भी पहुंचा। रुपया मंगलवार को 45 पैसे की गिरावट के साथ अपने सर्वकालिक निचले स्तर 88.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। दिन के कारोबार में रुपया 88.82 प्रति डॉलर पर भी पहुंचा था।
SEPT 24, 2025 08:54 IST

गुमला में JJMP के तीन उग्रवादी एनकाउंटर में मारे गए

गुमला के बिशनपुर थाना क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुई है, जिसमें तीनों उग्रवादी मारे गए हैं. झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मारे गए नक्सलियों में 5 लाख का इनामी छोटू भी शामिल हैं. घटनास्थल से तीन हथियार भी बरामद किए गए हैं. एक Ak-47 एक इंसास एक एसएलआर हथियार बरामद हुआ है।
SEPT 24, 2025 08:51 IST

राहुल गांधी पटना में CWC की बैठक में होंगे शामिल

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बुधवार को पटना में पार्टी की वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। उम्मीद है कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले हो रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की इस बैठक में विपक्ष के कई शीर्ष नेता भी हिस्सा लेंगे।
SEPT 24, 2025 08:51 IST

साइक्लोन ने मचाई हांगकांग व दक्षिणी चीन में तबाही

इस साल दुनिया का सबसे शक्तिशाली ट्रॉपिकल साइक्लोन सुपर टाइफून रागासा ने तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ हांगकांग पर खतरनाक दस्तक दी। शहर में सब कुछ बंद हो गया और 700 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं। दक्षिणी चीन के तटीय इलाकों में जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। रागासा सोमवार को उत्तरी फिलीपींस और मंगलवार को ताइवान से गुजरा था। ताइवान में 14 और फिलीपींस में 3 लोगों की मौत हो गई।
SEPT 24, 2025 08:50 IST

विदेश मंत्री जयशंकर की हाई लेवल बैठक

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने न्यूयॉर्क में एक हाई लेवल बैठक की मेजबानी की है। अमेरिका पहुंचे जयशंकर ने समान विचारधारा वाले वैश्विक दक्षिणी देशों की उच्च-स्तरीय बैठक की मेजबानी की। उन्होंने इसको लेकर खुशी जाहिर की। जयशंकर ने कहा, 'न्यूयॉर्क में आज #UNGA80 के मौके पर समान विचारधारा वाले ग्लोबल साउथ देशों की उच्च-स्तरीय बैठक की मेजबानी करके खुशी हुई। चिंता और जोखिमों में बढ़ोतरी के इस दौर में, यह स्वाभाविक है कि ग्लोबल साउथ समाधान के लिए बहुपक्षीयता की ओर बढ़े।'
SEPT 24, 2025 08:50 IST

एर्दोगन ने UNGA में उठाया कश्मीर मुद्दा

तुर्की के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में एक बार फिर कश्मीर मुद्दे का जिक्र किया। एर्दोगन ने कहा कि उनका देश इस साल की शुरुआत में संघर्ष के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्धविराम से खुश है। आतंकवाद-रोधी सहयोग पर भारत और पाकिस्तान के बीच सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा, 'हमें उम्मीद है कि कश्मीर मुद्दे का समाधान संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के आधार पर बातचीत के जरिए किया जाना सही होगा।'
SEPT 24, 2025 08:50 IST

नाटो की मदद से यूक्रेन अपने मूल स्वरूप को वापस पाने की स्थिति में: ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि यूक्रेन रूस के कब्जे में गए सभी क्षेत्रों को वापस हासिल कर सकता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात के तुरंत बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अपना रुख स्पष्ट किया।
ट्रंप ने लिखा, 'मुझे लगता है कि यूरोपीय संघ के समर्थन से यूक्रेन लड़ने और पूरे यूक्रेन को उसके मूल स्वरूप में वापस लाने की स्थिति में है। समय, धैर्य और यूरोप तथा विशेष रूप से नाटो के वित्तीय समर्थन के साथ उन मूल सीमाओं वाली स्थिति में पहुंचने का विकल्प संभव है जिससे यह युद्ध शुरू हुआ था।'