आज की ताजा खबर, 24 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: नेपाल में भूकंप, उत्तर बंगाल और सिक्किम में भी महसूस किए गए झटके... मोदी ने दी देशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की शुभकामनाएं
आज की ताजा खबर लाइव, 24 नवंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [नेपाल में भूकंप], [गंगा स्नान], [कार्तिक पूर्णिमा] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को देशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि इन पावन पर्वों में सेवा के माध्यम से परोपकार का संदेश निहित है। इसके अलावा, भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 1943 के बंगाल के अकाल का उल्लेख करते हुए ’ग्लोबल साउथ’ पर संघर्षों के असमान प्रभाव को रेखांकित किया और यूक्रेन युद्ध के बीच खाद्य असुरक्षा को रोकने के लिए उपाय करने का आह्वान किया। वहीं, नेपाल के पूर्वी हिस्से में चीन की सीमा के पास स्थित कोशी प्रांत में मंगलवार सुबह 5.6 तीव्रता का भूकंप आया जिसके झटके पश्चिम बंगाल के उत्तर में और सिक्किम में भी महसूस किए गए। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के कारण किसी के हताहत होने या कोई नुकसान होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। पढ़ें- अन्य खबरें
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [नेपाल में भूकंप], [गंगा स्नान], [कार्तिक पूर्णिमा] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सह-संयोजक सौरव दास ने आरोप लगाया है कि उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया, जहां ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में ’कॉकरोच आंदोलन’ पर व्याख्यान देने के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया था। दास ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर कई पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उन्हें लंदन जाने वाली देर रात एक बजे की उड़ान में सवार होना था लेकिन इससे पहले ही उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर आव्रजन जांच के दौरान रोक दिया गया। इसके अलावा, अमेरिका की एक संघीय अपीलीय अदालत ने आयोवा के एक गोला-बारूद निर्माण संयंत्र में बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली कई टन खराब हो चुकी विस्फोटक सामग्री को विस्फोट के जरिए नष्ट करने का अमेरिकी सेना का रास्ता साफ कर दिया है। वहीं, कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ नोएडा के सेक्टर-63 थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता सिमरन गुप्ता ने राहुल गांधी के 2014, 2021 और 2024 के बयानों का हवाला देते हुए धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत FIR की मांग की है। पढ़ें- अन्य खबरें
प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को दीं कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की शुभकामनाएं
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’आप सभी को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। इस पावन पर्व में सेवा के माध्यम से परोपकार का संदेश निहित है।’’
उन्होंने कहा, ’’पवित्र स्नान, दान-पुण्य और दीपदान से समृद्ध यह परंपरा सभी के जीवन में श्रद्धा, आस्था और सकारात्मकता का संचार करे, यही मंगलकामना है।’’
कार्तिक पूर्णिमा को रास पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। भगवान श्रीकृष्ण और राधा से जुड़े होने के कारण इस पर्व का हिंदू आध्यात्मिक परंपराओं में विशेष महत्व है।
हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक माह की पूर्णिमा के दिन मनाया जाने वाला यह पर्व ब्रज में भगवान श्रीकृष्ण और गोपियों के दिव्य महारास का प्रतीक है।
देव दीपावली के संबंध में मान्यता है कि इस दिन देवता गंगा के पवित्र जल में स्नान करने और पवित्र नगरी काशी (वाराणसी) को आशीर्वाद देने के लिए धरती पर उतरते हैं।
संघर्षों की कीमत सभी देशों को समान रूप से नहीं चुकानी पड़ती: बंगाल के अकाल का जिक्र करते हुए भारत ने कहा
’ग्लोबल साउथ’ से तात्पर्य उन देशों से है जिन्हें अक्सर विकासशील, कम विकसित अथवा अविकसित के रूप में जाना जाता है और ये मुख्य रूप से अफ्रीका, एशिया और लातिन अमेरिका में स्थित हैं।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने सोमवार को सुरक्षा परिषद की एक उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि वैश्विक संघर्षों के कारण उत्पन्न खाद्यान्न, ईंधन, उर्वरक और ऊर्जा की कमी का सबसे ज्यादा खमियाजा विकासशील देशों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, ’’भारत लगातार यह कहता रहा है कि संघर्षों की कीमत सभी देशों को समान रूप से नहीं चुकानी पड़ती और वर्तमान वैश्विक संघर्षों के कारण उत्पन्न खाद्यान्न, ईंधन और उर्वरक संकट से ’ग्लोबल साउथ’ के देश सबसे अधिक प्रभावित हैं।’’
उन्होंने बंगाल के अकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस त्रासदी में 30 लाख से अधिक लोगों की जान गई थी और यह इस बात की याद दिलाती है कि युद्धकालीन प्राथमिकताओं और आकलनों पर अंकुश नहीं होने के कारण दूर कहीं हो रहे संघर्ष की भी कितनी भयावह मानवीय कीमत चुकानी पड़ सकती है।
’महत्वपूर्ण ऊर्जा बुनियादी ढांचे और वैश्विक खाद्य आपूर्ति की जीवनरेखा काला सागर की सुरक्षा’ विषय पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए पर्वतनेनी ने कहा कि परस्पर जुड़ी आज की दुनिया में यूक्रेन संघर्ष का प्रभाव हर जगह महसूस किया जा रहा है।
नेपाल में भूकंप, उत्तर बंगाल और सिक्किम में भी महसूस किए गए झटके
अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के कारण किसी के हताहत होने या कोई नुकसान होने की तत्काल कोई खबर नहीं है।
नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, भूकंप सुबह सात बजकर 17 मिनट पर आया और इसकी तीव्रता 5.6 थी तथा इसका केंद्र काठमांडू से करीब 275 किलोमीटर पूर्व में ताप्लेजुंग जिले के ओलांगचुंग गोला में था।
हालांकि, यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (ईएमएससी) ने भूकंप की तीव्रता 5.3 बताई। उसने कहा कि इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था।
भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र सिक्किम के युकसोम से 61 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।
भूकंप के झटके पूर्वी नेपाल के कई जिलों में भी महसूस किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों तथा सिक्किम में सुबह करीब सात बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए जिसके बाद कई इलाकों में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
अधिकारी स्थिति का आकलन कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि भूकंप के झटकों से प्रभावित इलाकों में कोई नुकसान हुआ है या नहीं।
सौरव दास ने दिल्ली हवाई अड्डे पर ब्रिटेन जाने से रोके जाने का आरोप लगाया
दास ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर कई पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उन्हें लंदन जाने वाली देर रात एक बजे की उड़ान में सवार होना था लेकिन इससे पहले ही उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर आव्रजन जांच के दौरान रोक दिया गया।
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे किसी व्यक्ति को दास को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से निमंत्रण मिलने पर जलन है।
दास ने कहा, ’’इस कायर (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी (के नेतृत्व वाली) सरकार ने मुझे ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में व्याख्यान देने के लिए लंदन जाने से दिल्ली हवाई अड्डे पर रोक दिया।’’
उन्होंने कहा, ’’इस कायर सरकार ने मुझे लंदन जाने वाली उड़ान में सवार नहीं होने दिया। मुझे ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, एलएसई (लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स) और एडिनबरा जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में कॉकरोच आंदोलन पर व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया था।’’
उन्होंने कहा, ’’भारतीय छात्रों ने इन कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जी-जान से मेहनत की लेकिन बौद्धिक विचार-विमर्श विरोधी यह सरकार मेरे इन प्रतिष्ठित संस्थानों में जाने से डर गई।’’
दास ने कहा कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के छात्र संघ ने उन्हें एक परिचर्चा में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया था।
उन्होंने कहा, ’’इसीलिए मैं लंदन जा रहा था लेकिन जैसे ही मैं आव्रजन जांच के लिए पहुंचा, मुझे पता चला कि मेरे पासपोर्ट को आव्रजन प्रणाली में चिह्नित किया गया है।’’
दास ने कहा, ’’सरकार इस बात से इतनी क्यों डरी हुई है कि एक शिक्षित युवा पढ़े-लिखे लोगों के बीच जाकर बौद्धिक चर्चा करे?’’
उन्होंने कहा, ’’काश मैं नीरव मोदी होता। काश मैं विजय माल्या होता। काश मैंने बैंकों से हजारों करोड़ रुपये लूटे होते...।’’
कॉजपा नेता ने मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, ’’वे अपने मंत्रिमंडल का विस्तार तक नहीं कर पा रहे क्योंकि मंत्री इस्तीफा देने से इनकार कर रहे हैं।’’
दास ने कहा कि वह इस घटना से विचलित हुए बिना अपना काम जारी रखेंगे और भविष्य में लंदन, पेरिस एवं अन्य स्थानों की यात्रा भी करेंगे।
संघीय अपीलीय अदालत ने आयोवा में विस्फोटक सामग्री नष्ट करने का अमेरिकी सेना का रास्ता साफ किया
अमेरिका की आठवीं सर्किट अपीलीय अदालत का यह आदेश उन दो फैसलों में से एक है, जिनका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इंतजार कर रहे थे। ट्रंप ने सोमवार को सेना को निर्देश दिया था कि वह अदालत की मंजूरी के बिना इन रसायनों को विस्फोट के जरिए नष्ट न करे।
राष्ट्रपति ने कहा कि उनका फैसला नवनिर्वाचित गवर्नर रॉब सैंड की सहमति पर निर्भर करेगा।
’लेड एजाइड’ के 68 बैरल को विस्फोट के जरिए नष्ट करने की योजना मूल रूप से पिछले शुक्रवार की थी। हालांकि, स्वास्थ्य और पर्यावरण पर इसके संभावित प्रतिकूल प्रभावों को लेकर लोगों की व्यापक चिंता के बाद सेना अब तक तीन बार इसकी तारीख बदल चुकी है।
नवीनतम योजना के अनुसार, मौसम की अधिक अनुकूल परिस्थितियों के मद्देनजर ’थैंक्सगिविंग’ पर्व से ठीक पहले बुधवार को इस विस्फोटक सामग्री को नष्ट किया जाना है।
राहुल गांधी के खिलाफ नोएडा में पुलिस शिकायत
शिकायतकर्ता सिमरन गुप्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि राहुल गांधी द्वारा हिंदुओं और सनातन धर्म को लेकर बार-बार कथित अपमानजनक टिप्पणियां की गई हैं। उन्होंने सबूत के तौर पर राहुल गांधी के वर्ष 2014, 2021 और 2024 में दिए गए चार प्रमुख बयानों का उल्लेख किया है:
मंदिर जाने वाले लोगों को महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों से जोड़ने वाला कथित बयान।
'हिंदू और हिंदुत्ववादियों को बाहर निकालना है' वाली टिप्पणी।
संसद के भीतर हिंदुओं को हिंसा, नफरत और असत्य से जोड़ने वाला कथित बयान।
धार्मिक भावनाएं आहत करने और सौहार्द बिगाड़ने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि इन बयानों से करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका पैदा हुई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मांग की है कि राहुल गांधी के इन बयानों की मूल रिकॉर्डिंग और उनके वास्तविक संदर्भ की गहन जांच कराई जाए।
पुलिस को दी गई शिकायत में राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1)(a) (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना), 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर किया गया कृत्य), 302, 352 और 353(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
