LIVE

आज की ताजा खबर, 24 मई 2024:नर्मदा बचाओ आंदोलन की मेधा पाटकर मानहानि मामले में दोषी करार; सुप्रीम कोर्ट ने मतदान प्रतिशत के आंकड़ों पर सुनाया बड़ा फैसला

आज की ताजा खबर
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 24 मई 2024 और बड़ी खबरें: नर्मदा बचाओ आंदोलन से जुड़ीं मेधा पाटकर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दिल्ली की साकेत अदालत ने उन्हें मानहानि के एक मामले में दोषी ठहराया है। कोर्ट ने यह फैसला तत्कालीन केवीआईसी अध्यक्ष वीके सक्सेना (अब दिल्ली एलजी) द्वारा दायर याचिका पर सुनाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर हिमाचल प्रदेश के युवाओं को एक लाख नौकरियां देने के अपने वादे को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी की ‘तालाबाज सरकार’ ने राज्य कर्मचारी चयन आयोग पर ताला लगा दिया है। शिमला लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सुरेश कश्यप के समर्थन में सिरमौर जिले के नाहन में एक विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी ‘घोर सांप्रदायिक, जातिवादी और परिवारवादी’ हैं। उन्होंने कहा, 'मेरे लिए न तो नाहन नया है और न ही सिरमौर लेकिन मुझे कहना पड़ेगा कि आज का माहौल नया है क्योंकि मैंने नाहन में ऐसी ऐतिहासिक रैली नहीं देखी।' वहीं सुप्रीम कोर्ट ने एक एनजीओ की याचिका पर निर्वाचन आयोग को लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत के आंकड़े उसकी वेबसाइट पर अपलोड करने के संबंध में कोई निर्देश देने से इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि मतदान के पांच चरण हो चुके हैं, दो चरण शेष हैं। निर्वाचन आयोग के लिए वेबसाइट पर मतदान प्रतिशत के आंकड़े अपलोड करने के काम में लोगों को लगाना मुश्किल है। सुप्रीम कोर्ट की अवकाशकालीन पीठ ने एनजीओ की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें निर्वाचन आयोग को मतदान केंद्र-वार मतदान प्रतिशत आंकड़े वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश देने का अनुरोध किया गया था। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 24 मई 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए आज की बड़ी खबरों पर हर अपडेट।

SRH Vs RR Qualifier 2 Live Score
May 24, 2024 | 10:41 PM IST

गुजरात: रैगिंग के आरोप में मेडिकल कॉलेज के चार छात्र निलंबित

अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज के चार छात्रों को कनिष्ठ छात्रों के साथ रैगिंग करने के आरोप में शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।जिन विद्यार्थियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उनमें दो छात्राएं भी शामिल हैं।
May 24, 2024 | 10:26 PM IST

छत्तीसगढ़: 72 घंटे में 8 नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में बीते 72 घंटों में 8 नक्सली मारे गए हैं। दंतेवाड़ा SP गौरव राय ने बताया, ऑपरेशन जल शक्ति तीन जिलों दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बस्तर में लॉन्च किया गया था। लगभग 72 घंटे के ऑपरेशन में जवानों और नक्सलियों के बीच 7 से 8 बार मुठभेड़ हुई। अलग-अलग जगहों पर मुठभेड़ में हथियार सहित 8 नक्सलियों के शव बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त हमें टिफिन बम भी बरामद किया है।
May 24, 2024 | 09:45 PM IST

फ्लिपकार्ट में 35 करोड़ डॉलर में छोटी हिस्सेदारी खरीदेगी गूगल

दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल ने ताजा वित्तपोषण दौर में ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट में छोटी हिस्सेदारी खरीदने के लिए करीब 35 करोड़ डॉलर (करीब 2,900 करोड़ रुपये) के निवेश का प्रस्ताव रखा है। वॉलमार्ट समूह की कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
May 24, 2024 | 09:30 PM IST

ठाणे में रसायन कारखाने विस्फोट मामले में दो हिरासत में

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली में रसायन बनाने वाले कारखाने में हुए विस्फोट के सिलसिले में पुलिस ने शुक्रवार को 70 वर्षीय एक महिला समेत कारखाने के दो मालिकों को हिरासत में लिया।
May 24, 2024 | 09:12 PM IST

पुणे कार हादसा: दो पुलिसकर्मी निलंबित

पुणे पोर्श कार हादसे में लापरवाही बरतने पर दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
May 24, 2024 | 07:48 PM IST

बिहार में छठे चरण में आठ लोकसभा सीटों पर शनिवार को मतदान

बिहार में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आठ सीटों पर मतदान कराया जायेगा, जहां इन क्षेत्रों के करीब डेढ़ करोड़ मतदाता 86 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला शनिवार को करेंगे। प्रदेश की इन आठ सीटों पर निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है।
May 24, 2024 | 07:00 PM IST

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पहुंची पटना, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचकर मत्था टेका

लोकसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्रियों का बिहार दौरा जारी है। इसी बीच शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बिहार की राजधानी पटना पहुंचीं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पटना पहुंचने के बाद पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचीं। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने तख्त श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन किए और मत्था भी टेका। गुरुद्वारा पहुंचने पर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। यहां केंद्रीय मंत्री ने लोगों से बात भी की। इस दौरान उनके साथ विधान पार्षद संजय मयूख भी रहे।
May 24, 2024 | 06:25 PM IST

महबूबा मुफ्ती ने मतदाताओं से कहा, उम्मीद है आप मुझे निराश नहीं करेंगे

अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र में चुनाव से एक दिन पहले शुक्रवार को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने अपने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, ‘‘ उम्मीद है कि आप मुझे निराश नहीं करेंगे और संसद में आपकी वकालत करने का अवसर प्रदान करेंगे।’’ पीडीपी प्रमुख 2015 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से गठबंधन करने के बाद पार्टी की खोई जमीन वापस पाने की पुरजोर कोशिश कर रही हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र पर उनका मुकाबला नेशनल कांफ्रेंस के मियां अल्ताफ और 18 अन्य प्रत्याशियों से है। यह चुनाव निर्वाचन क्षेत्र के विवादित परिसीमन के बाद हो रहा है। यहां पर शनिवार को मतदान होगा।
May 24, 2024 | 06:24 PM IST

लोकसभा के बाद स्थानीय निकाय चुनाव कराये जाएंगे: सीएम सिद्धरमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा चुनाव की मतगणना संपन्न होने के तुरंत बाद बृहत बेंगलुरू महानगर पालिका (बीबीएमपी) सहित स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वार्डों का परिसीमन हो चुका है और उन्हें आरक्षित करने की प्रक्रिया का अगला चरण प्रारंभ होगा।
May 24, 2024 | 04:56 PM IST

बांग्लादेश के सांसद की हत्या करने वाला कसाई गिरफ्तार

बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार की हत्या के मामले में एक नया खुलासा हुआ है, पश्चिम बंगाल सीआईडी ​​ने बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार की हत्या में संलिप्तता के आरोप में राज्य के उत्तर 24 परगना जिले के बोनगांव इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
May 24, 2024 | 04:30 PM IST

‘हिंदू-मुस्लिम करना बंद कीजिए’, ओवैसी को बीजेपी के यासिर जिलानी का मुंहतोड़ जवाब

लोकसभा चुनाव के बीच दिल्ली बीजेपी इकाई ने चुनाव आयोग को खत लिखकर पोलिंग बूथ पर मतदान करने पहुंचने वाली बुर्कानशीं महिलाओं की जांच करने की मांग की है, जिस पर अब सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। ओवैसी और वारिस पठान जैसे नेता जहां बीजेपी के इस कदम की आलोचना कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी नेता यासिर जिलानी ने ओवैसी पर पलटवार किया है।
May 24, 2024 | 04:29 PM IST

किर्गिस्तान में फंसे बच्चों को वापस लाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार करे पहल : कांग्रेस

किर्गिस्तान में अशांति है और मध्य प्रदेश के लगभग 1,200 बच्चे वहां फंसे हुए हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार से बच्चों को सुरक्षित लाने के लिए आवश्यक पहल करने की मांग की है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर लिखा, "किर्गिस्तान में मध्य प्रदेश के 1,200 बच्चे फंसे हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने उन्हें वहां से सुरक्षित बाहर निकालने का भरोसा दिया है, लेकिन, राजनीतिक वादे की तरह उन्हें वापस लाने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए।"
May 24, 2024 | 03:45 PM IST

लेफ्ट जीता तो फिर नक्सलवाद आ जाएगा, ये केवल बंदूक की भाषा समझते हैं : अमित शाह

बिहार के आरा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर आरा से भाकपा (माले) जीत गया तो नक्सलवाद फिर आ जाएगा। लेफ्ट वाले केवल बंदूक की भाषा समझते हैं। आपके पास दो विकल्प हैं, एक तरफ जंगलराज वाले भ्रष्टाचारियों का गठबंधन हैं और दूसरी तरफ पारदर्शिता से गरीब कल्याण करने वाली मोदी सरकार है। अमित शाह ने विपक्ष को घेरते हुए लोगों से पूछा कि आपको लालू का जंगलराज चाहिए या मोदी का गरीब कल्याण। उन्होंने चुनाव परिणाम की चर्चा करते हुए दावा किया कि अब तक हुए चुनाव में एनडीए 310 पार कर चुका है। उन्होंने कहा कि बिहार में राहुल और लालू के गठबंधन का सूपड़ा साफ हो चुका है।
May 24, 2024 | 03:04 PM IST

चुनाव आयोग ने शुभेंदु अधिकारी के आवास पर पुलिस कार्रवाई पर रिपोर्ट मांगी

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) शुभेंदु अधिकारी के किराए के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की थी। भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने इस कार्रवाई पर जिला निर्वाचन अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। पुलिस ने यह कार्रवाई बीते मंगलवार को देर रात को कोलाघाट में की थी। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के सूत्रों ने बताया, "जिला निर्वाचन अधिकारियों से रिपोर्ट मिलने के बाद इसे शुक्रवार शाम तक नई दिल्ली स्थित आयोग के मुख्यालय को भेजा जाएगा।"
May 24, 2024 | 03:03 PM IST

पापुआ न्यू गिनी में भूस्खलन में लगभग 100 लोगों के मरने की आशंका

दक्षिण प्रशांत द्वीप पर बसे देश पापुआ न्यू गिनी के एक दूरदराज के गांव में शुक्रवार तड़के भूस्खलन हुआ, जिसमें लगभग 100 लोगों के मारे जाने की आशंका है। मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने एबीसी के हवाले से बताया कि यह आपदा पोर्ट मोरेस्बी से 600 किमी उत्तर पश्चिम में स्थित एंगा प्रांत के काओकलाम गांव में स्थानीय समयानुसार सुबह 3:00 बजे के आसपास हुई। पोरगेरा वुमेन इन बिजनेस एसोसिएशन की प्रेसिडेंट एलिजाबेथ लारुमा ने कहा, "भूस्खलन के दौरान लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे और पूरा गांव मलबे में दब गया।"
May 24, 2024 | 03:00 PM IST

चुनाव आयोग को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत

लोकसभा चुनाव-2024 के बीच सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग की वेबसाइट पर फॉर्म 17सी डेटा अपलोड करने और बूथ-वार मतदाता मतदान डेटा प्रकाशित करने की मांग वाली याचिका पर कोई निर्देश देने से इनकार कर दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर
May 24, 2024 | 02:08 PM IST

कांग्रेस की तालाबाज सरकार ने भर्ती आयोग पर ताला लगाया: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर हिमाचल प्रदेश के युवाओं को एक लाख नौकरियां देने के अपने वादे को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी की ‘तालाबाज सरकार’ ने राज्य कर्मचारी चयन आयोग पर ताला लगा दिया है। शिमला लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सुरेश कश्यप के समर्थन में सिरमौर जिले के नाहन में एक विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी ‘घोर सांप्रदायिक, जातिवादी और परिवारवादी’ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए न तो नाहन नया है और न ही सिरमौर लेकिन मुझे कहना पड़ेगा कि आज का माहौल नया है क्योंकि मैंने नाहन में ऐसी ऐतिहासिक रैली नहीं देखी।’’
May 24, 2024 | 01:57 PM IST

हिमाचल में गरजे मोदी, कांग्रेस की प्रदेश सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर हिमाचल प्रदेश के युवाओं को एक लाख नौकरियां देने के अपने वादे को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी की ‘तालाबाज सरकार’ ने राज्य कर्मचारी चयन आयोग पर ताला लगा दिया है। शिमला लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सुरेश कश्यप के समर्थन में सिरमौर जिले के नाहन में एक विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी ‘घोर सांप्रदायिक, जातिवादी और परिवारवादी’ हैं। उन्होंने कहा, 'मेरे लिए न तो नाहन नया है और न ही सिरमौर लेकिन मुझे कहना पड़ेगा कि आज का माहौल नया है क्योंकि मैंने नाहन में ऐसी ऐतिहासिक रैली नहीं देखी।' मोदी ने कहा, 'मैं यहां अपने या अपने परिवार के लिए नहीं बल्कि एक विकसित राष्ट्र के लिए, भाजपा के तीसरे कार्यकाल के लिए आपका आशीर्वाद लेने आया हूं।' उन्होंने कहा कि सीमा पर रहने वाले हिमाचल प्रदेश के लोग एक मजबूत देश की कीमत जानते हैं। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग (एचपीएसएससी) को भंग करने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि युवाओं को एक लाख नौकरियां देना तो दूर की बात है, कांग्रेस की ‘तालाबाज सरकार’ ने भर्ती आयोग पर ताला लगा दिया है। पिछले साल फरवरी में, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने एचपीएसएससी को भंग कर दिया था। इसका कामकाज दिसंबर 2022 में पेपर लीक के एक मामले के सार्वजनिक होने के बाद निलंबित कर दिया गया था। मोदी ने कांग्रेस पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का आरक्षण छीनकर मुस्लिमों को देने का भी आरोप लगाया।
May 24, 2024 | 01:55 PM IST

भाजपा उम्मीदवार हिरण्मय ने हलफनामे में गलत जानकारी दी: आप

आम आदमी पार्टी (आप) ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल की घाटल लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हिरण्मय चट्टोपाध्याय ने हलफनामे में अपनी शैक्षणिक योग्यता के बारे में "गलत" जानकारी दी है। ‘आप’ ने उनकी उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की है। अभिनेता से नेता बने हिरण्मय पर ‘आप’ का आरोप है कि उन्होंने आईआईटी खड़गपुर में ‘रिसर्च फेलो’ होने का झूठा दावा किया है। ‘आप’ ने बृहस्पतिवार को आयोग को लिखे पत्र में कहा, 'हमने हिरण्मय चट्टोपाध्याय की शैक्षणिक योग्यता/उपलब्धि के संबंध में उनके चुनावी हलफनामे में दी गई जानकारी में विसंगति देखी है। उन्होंने मई 2023 से आईआईटी खड़गपुर में एक रिसर्च फेलो होने का दावा किया है। हालांकि, आईआईटी खड़गपुर से हाल में एक आरटीआई के तहत मिली जानकारी से पता चला है कि संस्थान के नियमों के अनुसार वह न तो एक शोध कर्मी हैं, न वैज्ञानिक हैं, न कर्मचारी हैं और न ही किसी अन्य श्रेणी में कार्यरत हैं।' पार्टी ने कहा, यह स्पष्ट है कि चट्टोपाध्याय ने अपने चुनावी हलफनामे में गलत व्यक्तिगत जानकारी दी है, जो जन प्रतिनिधित्व अधिनियम से संबंधित नियमों का उल्लंघन है।
May 24, 2024 | 01:55 PM IST

राजस्थान के कई जिलों में जारी हुआ भीषण गर्मी का 'रेड अलर्ट'

राजस्थान के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बीकानेर में बीती रात तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम केंद्र ने यह जानकारी दी। राज्य में भीषण गर्मी की स्थिति ने सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जहां अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस से ऊपर तक दर्ज किया गया है। बाड़मेर में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए राज्य के कई जिलों में भीषण गर्मी के पूर्वानुमान के चलते ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। विभाग के अनुसार बीती रात सिरोही में न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 29 डिग्री सेल्सियस, पिलानी (झुंझुनू) में 29.1 डिग्री सेल्सियस और अलवर में 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य स्थानों पर रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। विभाग ने आगामी कुछ दिन तक राज्य के कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका जताई है।
May 24, 2024 | 01:54 PM IST

गुजरात में सब्जी ले जा रहे ट्रक के पलटने से तीन की मौत, सात घायल

गुजरात के सूरत जिले में शुक्रवार तड़के सब्जी से लदे ट्रक के पलट जाने से तीन मजदूरों की मौत हो गई और सात घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर बारदोली के किकवाड गांव के समीप दुर्घटना हुई। बारदोली पुलिस के निरीक्षक डी.आर. वसावा ने बताया कि ट्रक सब्जियों को लेकर पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के नासिक जिले के सताना शहर से सूरत शहर की ओर जा रहा था। उन्होंने कहा, 'ट्रक चालक सुरेश पवार तेज गति से ट्रक चला रहा था क्योंकि वह सुबह होने से पहले सूरत पहुंचना चाहता था ताकि उसे सब्जियों के अच्छे दाम मिल सकें। इसी के चलते ट्रक सड़क से उतर गया और किकवाड के पास पलट गया। ट्रक में सवार दस मजदूरों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई और सात घायल हो गये।' उन्होंने बताया कि मृतक पिंटू पवार (40), भावसा माली (40) और सोनू पाटिल (35) नासिक जिले के सताना तालुका के निवासी थे। अधिकारी ने कहा कि चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है। चालक को मामूली चोट आई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
May 24, 2024 | 01:52 PM IST

महाराष्ट्र के पालघर जिले में 11 लाख रुपये के गांजे के साथ चार गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार लोगों के पास से करीब 11 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पेल्हार पुलिस की एक टीम ने बुधवार को सोपारा फाटा के पास एक पुरुष और एक महिला को पकड़ा तथा उनके पास से 25 किलोग्राम गांजा जब्त किया। उसी दिन, एक गश्ती दल ने तुंगर फाटा में 24 किलोग्राम गांजा के साथ दो लोगों को पकड़ा। पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय विरार) जयंत बाजबले ने बताया कि कुल मिलाकर, लगभग 11 लाख रुपये मूल्य का 49 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया और चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि आगे की जांच चल रही है।
May 24, 2024 | 01:52 PM IST

अयोध्या में राम मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे नगालैंड के राज्यपाल

नगालैंड के राज्यपाल एल गणेशन ने शुक्रवार को अयोध्या में राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए। गणेशन ने अयोध्या पहुंचने पर पत्रकारों से कहा, 'मैं कई साल पहले अयोध्या आया था... मंदिर निर्माण के बाद मैंने आने की कोशिश की थी, लेकिन तब नहीं आ सका।' नगालैंड में राजभवन की ओर से ‘एक्स’ पर जानकारी दी गई कि प्रदेश के राज्यपाल एल गणेशन ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की। राजभवन के सूत्रों ने बताया कि गणेशन रविवार को नगालैंड लौटेंगे।
May 24, 2024 | 01:51 PM IST

भाजपा का कर्नाटक सरकार पर निशाना, राजधानी को 'उड़ता बेंगलुरु' कहा

कर्नाटक में कानून व्यवस्था की कथित खराब स्थिति के लिए सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि राज्य की राजधानी मादक पदार्थों और रेव पार्टियों का अड्डा बनती जा रही है। भाजपा ने इसके लिए ‘उड़ता बेंगलुरू’ शब्द का भी इस्तेमाल किया। बेंगलुरु पुलिस द्वारा हाल में एक फार्महाउस में रेव पार्टी का भंडाफोड़ करने के बाद भाजपा ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। इस रेव पार्टी में कथित तौर पर एक तेलुगू फिल्म अभिनेत्री सहित 86 लोग शामिल हुए थे। भाजपा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में आरोप लगाया है कि जब से कर्नाटक में कांग्रेस सरकार सत्ता में आई है तब से बेंगलुरु में हर जगह "अनैतिक आयोजन" हो रहे हैं। कर्नाटक भाजपा ने कन्नड भाषा में किए एक पोस्ट में कहा, 'कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है और सरकारी अव्यवस्था उजागर हो गई है। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद बेंगलुरु में हर जगह अनैतिक आयोजन हो रहे हैं। ‘सिलिकॉन सिटी’ अब मादक पदार्थ, गांजा और रेव पार्टियों का अड्डा बन गया है।'
May 24, 2024 | 01:51 PM IST

चुनाव ड्यूटी के लिए आए होमगार्ड जवान की मौत

लोकसभा चुनाव ड्यूटी में सुलतानपुर आए होमगार्ड जवान की बृहस्पतिवार की रात मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतक जवान पवन कुमार (48) मेरठ जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत अयोध्या-प्रयागराज हाईवे किनारे महर्षि विद्या मंदिर में सुरक्षा कर्मियों की टोली रुकी हुई थी। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात होमगार्ड जवान की तबीयत खराब होने पर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एसएचओ ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद मौत होने के कारण का पता चल सकेगा। मृतक जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
May 24, 2024 | 12:29 PM IST

मतदान प्रतिशत के आंकड़ों पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

सुप्रीम कोर्ट ने एक एनजीओ की याचिका पर निर्वाचन आयोग को लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत के आंकड़े उसकी वेबसाइट पर अपलोड करने के संबंध में कोई निर्देश देने से इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि मतदान के पांच चरण हो चुके हैं, दो चरण शेष हैं। निर्वाचन आयोग के लिए वेबसाइट पर मतदान प्रतिशत के आंकड़े अपलोड करने के काम में लोगों को लगाना मुश्किल है। सुप्रीम कोर्ट की अवकाशकालीन पीठ ने एनजीओ की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें निर्वाचन आयोग को मतदान केंद्र-वार मतदान प्रतिशत आंकड़े वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश देने का अनुरोध किया गया था।
May 24, 2024 | 12:27 PM IST

बरेली में दीवार से कार टकराने से आईटीआई के प्राचार्य की मौत

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के प्रधानाचार्य की कार उनके सरकारी आवास की दीवार में टकराने से उनकी मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बरेली के पुलिस अधीक्षक (नगर) राहुल भाटी ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार देर रात करीब पौने बारह बजे घटी। उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्य शिव रामकृष्ण (52) आठ माह पूर्व बाराबंकी से स्थानांतरित होकर राजकीय आईटीआई सीबीगंज, बरेली में आए थे। उन्होंने बताया कि वह बृहस्पतिवार देर रात कोई जरूरी काम करके शहर से आईटीआई परिसर स्थित अपने आवास लौट रहे थे। अधिकारी के अनुसार वह जैसे ही आवास के पास पहुंचे, उनकी कार परिसर की एक दीवार से टकरा गई। एसपी ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के सभी एयरबैग फट गए। घटना के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए और सूचना मिलने पर पहुंचे सीबीगंज थाने के निरीक्षक ने रामकृष्ण को गंभीर हालत में बरेली के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों में उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाटी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
May 24, 2024 | 11:39 AM IST

बलिया में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 25 साल की सजा

बलिया की एक स्थानीय अदालत ने नाबालिग के साथ बलात्कार कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने के जुर्म में एक व्यक्ति को 25 साल कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष ने शुक्रवार को बताया कि विशेष न्यायाधीश प्रथमकांत की अदालत ने बृहस्पतिवार को मामले में दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद आरोपी विकास पासी को दोषी करार देते हुए उसे 25 वर्ष कारावास और 30 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) देव रंजन वर्मा ने घटना का ब्योरा देते हुए शुक्रवार को बताया कि जिले के दोकटी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग के साथ इसी थाना क्षेत्र के हृदयपुर गांव निवासी विकास पासी ने 14 अप्रैल 2023 को बलात्कार किया और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया। एसपी ने बताया कि इस मामले में नाबालिग की शिकायत पर विकास पासी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म) के साथ ही यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और आईटी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया। उन्होंने बताया कि अदालत ने सुनवाई पूरी कर दोषी को सजा सुनाई।
May 24, 2024 | 11:38 AM IST

तमिलनाडु के नीलगिरि जिले में हाथी के हमले में बुजुर्ग की मौत

तमिलनाडु के नीलगिरि जिले के गुडालूर में शुक्रवार को जंगली हाथी के हमले में 84 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान पलानी के तौर पर की गई है। पुलिस ने बताया कि पलानी जब अपने घर से बाहर निकले तो उन पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। उन्हें तत्काल पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हाथी ने आसपास की दो कारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
May 24, 2024 | 11:38 AM IST

केदारनाथ में हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में उतारा गया

केदारनाथ में एक निजी कंपनी के हेलीकॉप्टर को तकनीकी गड़बड़ी के कारण आपात स्थिति में हेलीपैड से कुछ ही मीटर की दूरी पर उतारना पड़ा। हेलीकॉप्टर में छह श्रद्धालु समेत सात लोग सवार थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार पायलट और सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं और श्रद्धालुओं को भगवान केदारनाथ के दर्शन करा दिए गए हैं। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार, घटना सुबह सात बजे की है जब क्रिस्टल एवियेशन कंपनी के हेलीकॉप्टर ने गुप्तकाशी और सोनप्रयाग के बीच शेरसी हेलीपैड से उड़ान भरी। प्रशासन की ओर से बताया गया कि इसी बीच, तकनीकी खामी की जानकारी मिलते ही पायलट ने हेलीकॉप्टर को केदारनाथ हेलीपैड से कुछ दूरी पर आपात स्थिति में उतारा। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने कहा कि पायलट की सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामी की जानकारी मिलने के बाद पायलट ने अपना धैर्य नहीं खोया और हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में सुरक्षित उतारा। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी तीर्थयात्री सुरक्षित हैं और सभी को बाबा केदारनाथ के दर्शन करा दिए गए हैं। गहरवार ने कहा कि हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की जांच कराई जा रही है।
May 24, 2024 | 11:37 AM IST

बरेली में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, शिनाख्त की कोशिश जारी

बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिम थाना क्षेत्र में राष्‍ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के औंध पेट्रोल पंप के पास सड़क पर डिवाइडर से एक बाइक के टकरा जाने से उस पर सवार करीब 25 वर्ष की उम्र के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है जो बाइक से दिल्ली की तरफ से आ रहे थे। थाना फतेहगंज पश्चिम के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) धनंजय कुमार पांडे ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7:40 बजे दो युवक मोटरसाइकिल से तेज रफ्तार से बरेली की ओर आ रहे थे कि सतुईया पट्टी के पास उनकी मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकराकर दूर तक घिसटती चली गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्‍त की कोशिश की जा रही है।
May 24, 2024 | 10:52 AM IST

ब्रिटेन में आम चुनाव: भारत के साथ एफटीए टलने की आशंका

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक द्वारा चार जुलाई को देश में आम चुनाव कराए जाने की अचानक घोषणा किए जाने के बाद भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) टलने की आशंका है। ब्रिटेन में आम चुनाव से ठीक एक महीने पहले चार जून को भारत में लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होंगे। हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों और रणनीतिक विशेषज्ञों ने भरोसा जताया है कि परिणाम भले ही कुछ भी हो, द्विपक्षीय संबंधों में खास बदलाव नहीं होगा लेकिन जो एफटीए समझौता सुनक के नेतृत्व वाली ‘कंजर्वेटिव पार्टी’ की सरकार में होने की उम्मीद थी, उसके अब आम चुनाव की घोषणा के कारण टलने की आशंका है। भारत और ब्रिटेन के बीच एफटीए को लेकर बातचीत जनवरी 2022 में शुरू हुई थी और इसका उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाना है। वर्तमान में दोनों देशों के बीच एक साल में करीब 38.1 अरब पाउंड का व्यापार होता है। चुनाव पूर्व के अधिकतर सर्वेक्षणों में विपक्षी दल ‘लेबर पार्टी’ आगे दिख रही है। हालांकि ‘लेबर पार्टी’ ने भी इस समझौते को अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता जताई है लेकिन इसकी समय सीमा को लेकर कुछ कहा नहीं जा सकता। लंदन के थिंक टैंक ‘इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रैटेजिक स्टडीज’ (आईआईएसएस) में दक्षिण और मध्य एशियाई रक्षा, रणनीति और कूटनीति संबंधी मामलों के वरिष्ठ ‘फेलो’ राहुल रॉय चौधरी ने कहा, 'ऋषि सुनक ने चार जुलाई को चुनाव कराने की घोषणा करके सभी को हैरान कर दिया। इसके कारण कंजर्वेटिव सरकार द्वारा भारत के साथ बहुप्रतीक्षित एफटीए को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना खत्म हो गई है।' ब्रिटेन के थिंक टैंक ‘चैथम हाउस’ में दक्षिण एशिया, एशिया-प्रशांत कार्यक्रम के वरिष्ठ शोध ‘फेलो’ डॉ. सी बाजपेयी ने कहा, 'ब्रिटेन में चुनाव के नतीजे कुछ भी हों, उसके भारत के साथ संबंधों में निरंतरता होनी चाहिए।'
May 24, 2024 | 10:51 AM IST

दिल्ली मे सुबह रही गर्म, दिन में तेज़ हवाएं चलने की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्लीवासियों की शुक्रवार की सुबह गर्म रही और न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। सुबह साढ़े आठ बजे नमी 61 प्रतिशत दर्ज की गई। आईएमडी ने दिन में आसमान साफ ​​रहने और तेज हवाएं चलने तथा रात गर्म रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
May 24, 2024 | 10:19 AM IST

मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर, अब तक मारे गए आठ नक्सली

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर और बीजापुर जिलों के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को नारायणपुर-बीजापुर जिलों की सीमा पर जंगल में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ शुक्रवार सुबह उस समय हुई जब विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का एक दल नक्सल विरोधी अभियान के बाद लौट रहा था। अधिकारियों ने बताया कि एसटीएफ के जवान सुरक्षाबलों के एक संयुक्त दल का हिस्सा थे, जिसने बृहस्पतिवार को बीजापुर-नारायणपुर सीमा के पल्लेवाया-हांदावाड़ा इलाके में मुठभेड़ में सात नक्सलियों को मार गिराया था। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की मुठभेड़ के बाद शुक्रवार को सुरक्षाबल के जवान अपने शिविर लौट रहे थे तब नक्सलियों ने एसटीएफ के दल पर गोलीबारी की, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी बंद होने के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से वर्दीधारी एक नक्सली का शव बरामद किया है। उन्होंने बताया कि विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है। इस कार्रवाई के साथ ही 21 मई को शुरू किए गए इस अभियान में कुल आठ नक्सली मारे गए हैं।
May 24, 2024 | 10:18 AM IST

केरल के कोट्टायम में सरकारी पोल्ट्री फार्म में एवियन फ्लू का प्रकोप

केरल के मनारकाड में जिला प्रशासन ने सरकार द्वारा संचालित क्षेत्रीय पोल्ट्री फार्म में एवियन फ्लू (एच5एन1) के फैलने की पुष्टि की है। जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि एवियन फ्लू के प्रकोप के बाद पोल्ट्री फार्म के एक किलोमीटर के दायरे में सभी पालतू पक्षियों को मारने और दफनाने/जलाने का निर्णय लिया गया। इसमें कहा गया है कि प्रभावित क्षेत्र को संक्रमणमुक्त करने के लिए कदम उठाए जाएंगे और पोल्ट्री फार्म से एक से दस किलोमीटर के दायरे को निगरानी क्षेत्र घोषित किया गया है। इसके अलावा राज्य के कोट्टायम जिले में मुर्गी, बत्तख, बटेर और अन्य पक्षियों के पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री और आयात पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिला कलेक्टर वी विग्नेश्वरी ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित पोल्ट्री फार्म में एवियन फ्लू फैलने की पुष्टि की जिसके बाद कलेक्ट्रेट में आयोजित अंतर-विभागीय बैठक के बाद ये कदम उठाए गए। इसमें कहा गया है कि फार्म में लगभग नौ हजार मुर्गियां पाली गई थीं। फार्म में बड़ी संख्या में मुर्गियों के मरने के बाद मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान प्रयोगशाला में नमूनों के परीक्षण के बाद एच5एन1 की पुष्टि हुई।
May 24, 2024 | 10:18 AM IST

शाहजहांपुर के व्यक्ति ने नर्स के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक व्यक्ति ने एक नर्स के साथ कथित रूप से दुष्कर्म के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार मीणा ने शुक्रवार को बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के केरूगंज में स्थित एक होटल में यहीं के निवासी शुभम शुक्ला ने बृहस्पतिवार शाम को एक कमरा किराए पर लिया और वह निजी अस्पताल में काम करने वाली नर्स नैंसी सिंह (22) को वहां लेकर गया। उन्होंने बताया कि बाद में शुभम बाहर से खाना लाने की बात कहकर होटल से चला गया। एसपी ने इस मामले में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के हवाले से बताया कि बाद में जब होटल का एक कर्मचारी ऊपर कमरे में पहुंचा तो उसे वहां स्नान गृह में नर्स का शव पड़ा मिला और महिला की गर्दन पर निशान थे। प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपी शुभम युवती को लेकर होटल में गया और उसने वहां उससे दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। मीणा ने बताया कि मामले में युवती के परिजन ने प्राथमिकी दर्ज कराई है तथा आरोपी की तलाश के लिए तीन दलों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
May 24, 2024 | 10:16 AM IST

केमिकल फैक्ट्री विस्फोट में मरने वालों की संख्या 9 हुई, मालिकों के खिलाफ FIR

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रसायन फैक्टरी में हुए विस्फोट के मामले में दुर्घटनास्थल से एक और शव मिला है जिसके बाद मृतक संख्या बढ़कर नौ हो गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने डोंबिवली एमआईडीसी के फेज दो में स्थित ‘अमुदान केमिकल्स’ के मालिकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। कल्याण के तहसीलदार सचिन शेजल ने बताया कि मृतक संख्या नौ हो गई है और यह बढ़ भी सकती है क्योंकि उन्हें परिसर में और शव होने का संदेह है। अधिकारी ने कहा, ‘मलबा हटाया जा रहा है।’ उन्होंने बताया कि आसपास के कारखानों में काम करने वाली कई महिलाओं सहित 64 लोग इस हादसे में घायल हो गए और कम से कम छह अलग-अलग अस्पतालों में उनका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डोंबिवली में एआईएमएस अस्पताल में 24 मरीजों का इलाज हो रहा है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रसायन कारखाने में बृहस्पतिवार अपराह्न विस्फोट होने के बाद आग लग गयी थी। कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के कैलास निकम ने कहा आग पर काबू पाने के लिए दमकल की दस गाड़ियों को लगाया गया और बृहस्पतिवार रात 11 बजे तक आग बुझाने का काम जारी रहा।
May 24, 2024 | 10:14 AM IST

वियतनाम के हनोई में एक इमारत में आग लगने से 14 की मौत, तीन घायल

वियतनाम के हनोई में एक छोटे अपार्टमेंट में बृहस्पतिवार आधी रात को आग लग जाने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। आधिकारिक ‘वियतनाम न्यूज एजेंसी’ ने बताया कि आग रात लगभग साढ़े बारह बजे लगी और इसके साथ कई विस्फोट भी हुए। उन्होंने बताया कि आग पर करीब एक घंटे में काबू पाया जा सका और अभी यह पता नहीं चल सका है कि जब आग लगी तब इमारत में कितने लोग थे। यह इमारत हनोई की एक संकरी गली में स्थित है।
May 24, 2024 | 10:14 AM IST

आगरा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर मोटर साइकिल सवार युवक की मौत

इटावा जिले के ऊसराहार थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर कुदरैल पुलिस चौकी के निकट डिवाइडर से टकराकर बुलेट मोटर साइकिल सवार युवक की मौत हो गयी। वह कोलकाता से आगरा जा रहा था। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। ऊसराहार थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) बेचन सिंह ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर कुदरैल के निकट बृहस्पतिवार को अपराह्न के समय रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटर साइकिल संतुलन बिगड़ने से डिवाइडर से टकराकर पलट गई जिससे उस पर सवार युवक विश्वजीत (26) निवासी सुभाष नगर, कोलकाता की मौके पर ही मौत हो गयी। एसएचओ ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
May 24, 2024 | 08:59 AM IST

बस दुर्घटना में सात लोगों की मौत; 20 से अधिक घायल

अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल के डॉ. कौशल कुमार न बताया है कि हरियाणा के अंबाला-दिल्ली-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए।