LIVE

आज की ताजा खबर, 23 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव: यूपी के महराजगंज में ट्रेलर की टक्कर से दंपति और बेटी की मौत, उत्तराखंड के टिहरी में खाई में गिरा वाहन, 8 लोगों की मौत

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज बंगाल चुनाव, ईरान यूएस युद्ध, आईपीएल में आज का मैच, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar):अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील के बाद ईरान ने प्रदर्शन से जुड़ी आठ महिलाओं की फांसी की सजा टाल दी है। ट्रंप ने ईरानी नेताओं का धन्यवाद भी किया। भारत में आज पश्चिम बंगाल की 152 और तमिलनाडु की सभी सीटों पर पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है। वहीं यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट भी आज जारी किया जाएगा। आईपीएल में आज मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच बड़ा मुकाबला है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

आज सुबह डोमकल के नाराज़पुर में बूथ नंबर 220 पर CPIM कार्यकर्ता को वोट डालने से रोका गया और TMC द्वारा उन पर हमला किया गया।
स्थान: डोमकल, मुर्शिदाबाद।
आज की ताजा खबर, 23 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव: यूपी के महराजगंज में ट्रेलर की टक्कर से दंपति और बेटी की मौत, उत्तराखंड के टिहरी में खाई में गिरा वाहन, 8 लोगों की मौत
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज बंगाल और तमिलनाडू चुनाव में वोटिंग आज , ईरान यूएस युद्ध आज का आईपीएल मैच, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar):
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की अपील के बाद ईरान ने उन आठ महिलाओं की फांसी की सजा टाल दी है, जो देश में हुए हालिया प्रदर्शन की चेहरा थीं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्रुथ सोशल पर इस बाबत पोस्ट कर ईरानी नेताओं का शुक्रिया भी अदा किया। इससे पहले जब ट्रंप ने इन महिलाओं को रिहा करने की अपील की थी तब ईरान ने फांसी देने की खबरों को फर्जी करार दिया था।
  • आज पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 और तमिलनाडु की सभी सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। यह वोटिंग प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा, जहां मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच माना जा रहा है। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। शेष 142 सीटों पर दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। मतगणना के बाद नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
  • उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) आज 23 अप्रैल को कक्षा 10वीं और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे घोषित करने वाला है। 2026 सत्र के लिए UPMSP कक्षा 10 और कक्षा 12 की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक कुल 52,30,184 छात्रों के लिए आयोजित की गई थीं। कुल पंजीकृत छात्रों में से, 27,50,843 छात्रों ने हाई स्कूल या कक्षा 10 की परीक्षाओं के लिए पंजीकरण कराया है, और 24,79,341 छात्रों ने इंटरमीडिएट या कक्षा 12 की परीक्षाओं के लिए नामांकन कराया है।
  • वे UPMSP की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। इसके अलावा रिजल्ट लिंक को timesnowhindi.com/education पर भी शेयर किया जाएगा। इस साल, UP बोर्ड की कक्षा 10 और 12 की परीक्षाएं 18 फरवरी को शुरू हुईं और 12 मार्च 2026 को समाप्त हुईं।
  • इंडियन प्रीमियर लीग सीजन 19 में आज (23 अप्रैल) का दिन बहुत खास होने वाला है। आज वो मैच खेला जाएगा जिसका सबको काफी समय से इंतजार था। आईपीएल 2026 में आज का महामुकाबला टूर्नामेंट के इतिहास की दो सबसे कामयाब टीमों के बीच होने जा रहा है। इस मैच में सबसे ज्यादा 5-5 बार आईपीएल खिताब अपने नाम कर चुकीं मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स (MI vs CSK) की टक्कर होने वाली है।
  • मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अप्रैल का आखिरी सप्ताह मौसमी गतिविधियों से भरा रह सकता है, लेकिन अभी गर्मी और लू का सामना करना होगा। शुक्रवार तक समूचे उत्तर भारत में पारा चढ़ेगा और दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में गर्म हवाएं बहेंगी और हीटवेव का अलर्ट जारी रहेगा।
  • अगले 36 घंटों के दौरान पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बारिश-बर्फबारी और ओले गिर सकते हैं।
बंगाल चुनाव के पहले चरण में होने वाले चुनाव में बंगाल के कई जिला बिहार के कटिहार जिला से सटा हुआ है, इसी को लेकर कटिहार जिला के कुल 11 स्थान पर विशेष मिरर चेकिंग चलाया जा रहा है, पूरा बॉर्डर सील होने के साथ-साथ बिहार पुलिस बंगाल से आने वाले हर गाड़ी पर पिछले लंबे समय से नजर रख रहे हैं हाल के दिनों में बंगाल से सटे बिहार के कटिहार जिला के बॉर्डरिंग थाना छेत्र मे नशा के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई करते हुए बंगाल में होने वाले चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग कर रहे हैं, कटिहार एसपी शिखर चौधरी ने जानकारी देते हुए कहा कि बंगाल में शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए बंगाल से सेट बिहार के कटिहार जिला पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद है…
Apr 23, 2026 | 09:43 PM IST

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने बिहार के हत्या केस का फरार आरोपी दबोचा

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने बिहार के सनसनीखेज मर्डर के आरोपी को पकड़ लिया है। मामला बिहार के औरंगाबाद जिले के बारून थाना क्षेत्र का है, जहां 1 जनवरी 2026 को दर्ज एक हत्या केस ने पुलिस को चौंका दिया था। मृतक दिलीप कुमार सिंह को रात में एक फोन कॉल आया, वह घर से बाहर निकले और फिर कभी लौटकर नहीं आए। अगले दिन सुबह उनकी लाश एक टायर पंचर की दुकान के पास गला कटा हुआ मिली। साफ था, यह कोई अचानक गुस्से का मामला नहीं, बल्कि सुनियोजित और बेहद क्रूर हत्या थी।

इस केस में 26 वर्षीय नजर-ए-आलम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया और वारदात के बाद फरार हो गया। पुलिस उसे ढूंढती रही और वह अपनी किस्मत पर भरोसा करता रहा। गलत खेल। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को जैसे ही इस आरोपी के शहर में छिपे होने की पुख्ता जानकारी मिली, टीम ने टेक्नोलॉजी और मैदान दोनों पर खेल शुरू किया। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले गए, मुखबिरों को एक्टिव किया गया और हर संभावित ठिकाने पर नजर रखी गई।

आखिरकार, लगातार ट्रैकिंग और सटीक प्लानिंग के बाद आरोपी को अहमदाबाद से पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी इतनी सटीक थी कि आरोपी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक, इस ऑपरेशन में इंटर-स्टेट कोऑर्डिनेशन और एडवांस इन्वेस्टिगेशन टेक्निक्स का अहम रोल रहा। आरोपी को अब आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिहार पुलिस को सौंपा जा रहा है।
Apr 23, 2026 | 08:26 PM IST

यूपी के महराजगंज में ट्रेलर की टक्कर से दंपति और बेटी की मौत

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में बृहस्पतिवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और उनकी नाबालिग बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा महराजगंज-निचलौल राज्य राजमार्ग पर बलुहीघुश गांव के पास हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान नौशाद (28), उसकी पत्नी सालेहा खातून (25) और उनकी सात वर्षीय बेटी शहजादी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दंपति अपनी बीमार बेटी को अस्पताल ले जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला और बच्ची ट्रेलर के नीचे आ गईं, जबकि पुरुष कई फुट दूर जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलने पर सिंदुरिया थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ प्रतीत होता है। उन्होंने कहा, "ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।"
Apr 23, 2026 | 08:34 PM IST

तमिलनाडु में 84 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीट पर चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को रिकॉर्ड 84 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, शाम छह बजे तक राज्य के 5.73 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से 84.29 फीसदी ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इससे पहले, तमिलनाडु में 2011 के विधानसभा चुनावों में सर्वाधिक 78.29 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था, जब ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने शानदार जीत हासिल की थी। तमिलनाडु में मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान राज्य में मतदाताओं की संख्या अक्टूबर 2025 में दर्ज 6.41 करोड़ से घटकर 5.73 करोड़ रह गयी थी। वर्ष 2021 के चुनावों में लगभग 6.29 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे। यह संख्या इस चुनाव में पंजीकृत मतदाताओं से 56 लाख अधिक है।
Apr 23, 2026 | 08:34 PM IST

पश्चिम बंगाल में 90 प्रतिशत मतदाताओं ने डाला वोट

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार को शाम 6 बजे तक करीब 90 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला। इस दौरान हिंसा, मतदाताओं को डराने-धमकाने और कम से कम तीन उम्मीदवारों पर हमले की छिटपुट घटनाएं भी हुईं। राज्य के हालिया चुनावी इतिहास में यह मतदान प्रतिशत सबसे अधिक है। मतदान शाम छह बजे समाप्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समय से पहले मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाले मतदाताओं को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाएगी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़ी संख्या में नाम काटे जाने को लेकर विवाद के बीच राज्य के 16 जिलों में मतदान से 294 सदस्यीय राज्य विधानसभा के 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 167 महिलाओं सहित 1,478 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा।
Apr 23, 2026 | 06:03 PM IST

तमिलनाडु में शाम पांच बजे तक 82.24 प्रतिशत मतदान

निर्वाचन आयोग से मिली लेटेस्ट जानकारी मुताबिक, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव (Tamil Nadu Assembly Election 2026) में शाम पांच बजे तक 82.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
Apr 23, 2026 | 06:01 PM IST

पश्चिम बंगाल में शाम पांच बजे तक 89.93 प्रतिशत मतदान

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के विधानसभा चुनाव (Assembly Elections 2026) में शाम पांच बजे तक 89.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, दक्षिण दिनाजपुर में सबसे ज्यादा 93.12 फीसदी वोट पड़े।
Apr 23, 2026 | 05:09 PM IST

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में छात्राओं ने बाजी मारी

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने 10वीं कक्षा (हाईस्कूल) और 12वीं कक्षा (इंटरमीडिएट) की परीक्षाओं के परिणाम बृहस्पतिवार को जारी किए जिसमें छात्राओं ने दोनों में ही शीर्ष तीन स्थान हासिल किए। शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) महेंद्र देव ने यहां संवाददाताओं को बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में प्रथम स्थान सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने हासिल किया और दोनों ने ही 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं, बाराबंकी की अदिति 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में सीतापुर की अर्पिता, झांसी के ऋषभ साहू और बाराबंकी की परी वर्मा ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। देव ने बताया कि इसी तरह, इंटरमीडिएट की परीक्षा में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बरेली की नंदिनी गुप्ता व बाराबंकी की श्रिया वर्मा ने 97.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, बरेली की सुरभि यादव और बाराबंकी की पूजा पाल ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में कुल 87.30 प्रतिशत बालक और 93.76 प्रतिशत बालिकाएं उत्तीर्ण हुईं, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा में 75.04 प्रतिशत बालक और 86.32 प्रतिशत बालिकाएं उत्तीर्ण हुईं।
Apr 23, 2026 | 05:07 PM IST

उत्तराखंड के टिहरी में वाहन खाई में गिरा, आठ लोगों की मौत

Apr 23, 2026 | 04:04 PM IST

यूपी बोर्ड 12वीं इंटरमी‍डिएट परीक्षा का रिजल्ट जारी

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने यूपी बोर्ड 12वीं इंटरमी‍डिएट परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। छात्र यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट या रिजल्ट वेबसाइट upresults.nic.in से UP Board 12 Result 2026 Check कर सकते हैं।
Apr 23, 2026 | 04:02 PM IST

पश्चिम बंगाल में दोपहर तीन बजे तक 78.77 प्रतिशत मतदान

निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान में दोपहर तीन बजे तक 78.77 प्रतिशत मतदान और दक्षिण दिनाजपुर में सबसे अधिक 81.49 प्रतिशत मतदान हुआ।
Apr 23, 2026 | 03:56 PM IST

अलीगढ़ में कर्ज देने से इनकार करने पर पेट्रोल पंप मालिक की हत्या

उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ शहर के बाहरी इलाके में एक निर्माणाधीन मकान से व्यवसायी का शव मिलने की घटना के सिलसिले में पुलिस ने उसके पड़ोसी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक व्यवसायी की हत्या उसके पड़ोसी ने कर्ज देने से इनकार करने पर की। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कन्हैया के रूप में हुई है। कन्हैया को उसके तीन साथियों-प्रमोद, नंदा और अजय के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि इन तीनों सहयोगियों को कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने के लिए रखा गया था

पुलिस ने बताया कि मृतक नरोत्तम सिंह एक पेट्रोल पंप के मालिक थे। वह सोमवार दोपहर से ही लापता थे। बाद में उनका शव एक गांव में निर्माणाधीन मकान से बरामद किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि नरोत्तम सिंह को आखिरी बार अपने पड़ोसी कन्हैया के साथ दोपहिया वाहन पर जाते हुए देखा गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया और बुधवार शाम आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान कन्हैया ने कथित तौर पर अपराध कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह अपने मकान के निर्माण के लिए नरोत्तम सिंह से कर्ज मांग रहा था, लेकिन सिंह बार-बार मना कर रहे थे, जिससे वह नाराज हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "कर्ज देने से इनकार करने पर नाराज होकर आरोपी ने साजिश रची और अपने साथियों की मदद से हत्या को अंजाम दिया।" पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Apr 23, 2026 | 03:19 PM IST

गुजरात के वलसाड में दो बाइक सवारों को वैन ने मारी जोरदार टक्कर

गुजरात के वलसाड जिले के उमरगाम क्षेत्र में एक तेज रफ्तार वैन चालक ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि इस खतरनाक हादसे में दोनों की जान बच गई और उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं। हादसे के तुरंत बाद वैन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।
Apr 23, 2026 | 02:07 PM IST

बिहार आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर लगी आग

मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बने एक रेल कार्यालय में आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा इलाका धुएं से भर गया।
Apr 23, 2026 | 01:41 PM IST

बंगाल चुनाव आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: कृष्णानगर रैली में पीएम मोदी ने भरा चुनावी जोश

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान 152 सीटों पर सुबह से ही मतदान जारी है। बड़ी संख्या में मतदाता अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर वोट डाल रहे हैं। इस बीच दूसरे चरण के चुनाव के लिए प्रचार अभियान भी तेज हो गया है और राजनीतिक माहौल काफी गर्म हो चुका है।

इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कृष्णानगर (West Bengal election 2026) में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस रैली में उन्होंने लोगों से भाजपा के लिए भारी समर्थन की अपील की और केंद्र की नीतियों व पार्टी के विकास कार्यों को जनता के सामने रखा।
Apr 23, 2026 | 12:19 PM IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: डेनमार्क में दो ट्रेनों की टक्कर

डेनमार्क में गुरुवार तड़के दो ट्रेनों की टक्कर हो गई, पुलिस ने इसे एक भीषण दुर्घटना करार दिया है। यह टक्कर कोपेनहेगन के उत्तर में हुई। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने लोग घायल हुए हैं।
Apr 23, 2026 | 12:09 PM IST

यूपी आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: मिर्जापुर में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री ने दुख जताया, अनुग्रह राशि की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर बृहस्पतिवार को शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मिर्जापुर में बुधवार रात एक ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण हुई इस दुर्घटना में बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई।

प्रधानमंत्री मोदी ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में सड़क दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि से मैं बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
Apr 23, 2026 | 12:08 PM IST

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: सुबह नौ बजे तक 17 प्रतिशत से अधिक मतदान

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बृहस्पतिवार को पहले दो घंटों में 17 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार सुबह नौ बजे तक 17.51 ​​प्रतिशत मतदान हुआ और लगभग 1.1 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

चेन्नई में 16.51 प्रतिशत, मदुरै में 17.08 प्रतिशत, कोयंबटूर में 18.45 प्रतिशत और तिरुचिरापल्ली में 17.99 प्रतिशत मतदान हुआ। कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र में, जहां मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन चुनाव लड़ रहे हैं सुबह नौ बजे तक 17.51 ​​प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि चेपॉक में 15.70 प्रतिशत मतदान हुआ। उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन चेपॉक विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।
Apr 23, 2026 | 10:59 AM IST

बंगाल वोटिंग आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: मुर्शिदाबाद में TMC कार्यकर्ताओं के साथ झड़प के बाद सड़क पर बैठे हुमायूं कबीर

पश्चिम बंगाल में बड़ी तादाद में वोटर्स वोटिंग कर रहे हैं। हालांकि, मुर्शिदाबाद के नौदा में उस समय भारी तनाव फैल गया, जब AJUP प्रमुख हुमायूं कबीर एक घटना स्थल का दौरा करने पहुंचे, जहां टीएमसी समर्थकों और उनके बीच हिंसक झड़प हो गई।

मौके पर मौजूद पुलिस के साथ हुमायूं कबीर की तीखी बहस और नोकझोंक के वीडियो सामने आए हैं, जिसमें स्थिति काफी तनावपूर्ण नजर आ रही है। बता दें कि हुमायूं कबीर रेजीनगर सीट से उम्मीदवार हैं।
Apr 23, 2026 | 10:51 AM IST

मौसम आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: मौसम विभाग ने दिल्ली में हीट वेव चलने का अनुमान जताया

राजधानी में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 2.7 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को ऊष्ण लहर चलने का पूर्वानुमान जताया है, जिसमें अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 या 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक हो जाता है, या वास्तविक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के निशान को पार कर जाता है, तो ऊष्ण लहर की घोषणा की जाती है।
Apr 23, 2026 | 10:34 AM IST

यूपी आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: अमेठी में खड़ी पिकअप वैन से मोटरसाइकिल टकराई, एक व्यक्ति की मौत

अमेठी जिले में एक खड़ी पिकअप वैन से मोटरसाइकिल के टकरा जाने के कारण 35 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार रात रानीगंज कस्बे के पास की है जब भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के गांव ठकुराइन का पुरवा निवासी चंदे प्रजापति अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे।

थाना प्रभारी तनुज पाल ने बताया कि प्रजापति की मोटरसाइकिल एक खड़ी पिकअप गाड़ी से टकरा गई जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Apr 23, 2026 | 10:33 AM IST

यूपी आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: 29 अप्रैल को पीएम मोदी का यूपी दौरा, सीएम योगी आज तैयारियों का लेंगे जायजा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) आज हरदोई दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वे 29 अप्रैल को प्रस्तावित पीएम मोदी (PM Narendra Modi) के कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य गंगा एक्सप्रेसवे के पास होने वाली जनसभा स्थल (Ganga Expressway rally) का जायजा लेना है, ताकि कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित तरीके से आयोजित किया जा सके।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर शाम करीब 4 बजे मल्लावां क्षेत्र में उतरेगा। वहां पहुंचकर वे सबसे पहले जनसभा स्थल का निरीक्षण करेंगे और तैयारियों की स्थिति को समझेंगे। इस दौरान आसपास के इलाकोंं में भी सुरक्षा टाइट रहेगी।
Apr 23, 2026 | 10:01 AM IST

यूपी आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: मिर्जापुर सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु से गहरा दुख हुआ: राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में कई वाहनों की टक्कर में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। पुलिस ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण हुई टक्कर में बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई।

मुर्मू ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर पोस्ट किया, ’’उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’ यह दुर्घटना दरामंदगंज घाटी से लासोदा क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़क पर हुई।
Apr 23, 2026 | 09:46 AM IST

नोएडा आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: ट्रक की टक्कर से महिला व उसके बेटे की मौत, पति घायल

नोएडा में एक सड़क हादसे में एक महिला और उसके दो वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, हादसा बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे थाना फेस-तीन में सेक्टर-68 के पास हुआ जब मुबारक अंसारी अपनी पत्नी समा खातून और दो वर्षीय बेटे नमन अंसारी के साथ खरीदारी करने गए थे तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।

थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घायलों को सेक्टर-71 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने समा खातून और नमन अंसारी को मृत घोषित कर दिया।
Apr 23, 2026 | 09:24 AM IST

नोएडा आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: फैक्ट्रियों में अब ओवरटाइम खत्म

Noida Factory Two shift System: नोएडा की फैक्ट्रियों में 1 मई से ओवरटाइम खत्म कर दो शिफ्टों में काम शुरू होगा। इस फैसले से रोजगार बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन श्रमिकों और उद्यमियों के बीच वेतन और बकाया को लेकर विवाद जारी है।
Apr 23, 2026 | 09:06 AM IST

उमरेठ विधानसभा सीट आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: गुजरात में उमरेठ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी

गुजरात के आणंद जिले में उमरेठ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान जारी है। अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

पिछले महीने इस क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक गोविंद परमार के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई है जिसके बाद यहां उपचुनाव कराए जा रहे हैं। उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्षद गोविंदभाई परमार और कांग्रेस उम्मीदवार भृगुराजसिंह चौहान के बीच सीधा मुकाबला है। तीन निर्दलीय और एक अन्य पार्टी का उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।

गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, उपचुनाव में कुल 2,45,623 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जिसका संचालन 19 नोडल अधिकारियों और 22 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों सहित 1,500 कर्मियों की सहायता से किया जाएगा।
मतों की गिनती चार मई को होगी।
Apr 23, 2026 | 09:04 AM IST

यूपी आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: मिर्जापुर में ट्रक की टक्कर से दो कार में लगी आग, चार बच्चों समेत 11 लोगों की मौत

मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र स्थित ड्रमंडगंज पहाड़ी इलाके में ट्रक की टक्कर से दो कार में आग लगने के कारण चार बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुए इस हादसे में मारे गए लोगों की पहचान देर रात हुई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मध्यप्रदेश से आ रहा चने से लदा ट्रक बड़का मोड़ की पहाड़ी की तेज ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया और उसने पहले एक जीप को, उसके बाद आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद कार आगे जा रहे गिट्टी से लदे ट्रक से टकरा गई, जिससे कार और जीप दोनों में आग लग गई।
Apr 23, 2026 | 08:10 AM IST

जम्मू-कश्मीर आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: एनआईए ने जम्मू-कश्मीर में जैश के एक आतंकी की कई संपत्तियां कुर्क की

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बुधवार को जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के एक आतंकी की कई संपत्तियां कुर्क कीं। यह कार्रवाई 2017 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) शिविर पर हुए फिदायीन हमले के सिलसिले में की गई है।

हमले में पांच अर्धसैनिक जवान शहीद हो गए थे और तीन सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एनआईए ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि यह कुर्की जम्मू स्थित विशेष न्यायालय के हालिया आदेशों के अनुसरण में की गई है।

बयान में बताया गया कि कुर्क की गई संपत्तियों में पुलवामा जिले के अवंतीपोरा थानाक्षेत्र के लेथपोरा में कई जमीनें और आवासीय परिसर शामिल हैं। एनआईए ने बताया कि आतंकवाद से अर्जित संपत्ति मानी जा रही ये संपत्तियां फैयाज अहमद मगरे की थीं। लेथपोरा निवासी फैयाज को इस मामले में फरवरी 2019 में गिरफ्तार किया गया था।
Apr 23, 2026 | 07:23 AM IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: झारखंड में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत, नौ घायल

झारखंड के बोकारो और हजारीबाग जिलों में बुधवार शाम हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र के अंतर्गत चारगी घाटी क्षेत्र में बोकारो को रामगढ़ से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर एक ट्रक और एक टैंकर के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पेटरवार थाने के प्रभारी अधिकारी राजू मुंडा ने ’पीटीआई भाषा’ को बताया कि इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें पेटरवार के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Apr 23, 2026 | 07:06 AM IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: तमिलनाडु में सभी सीटों पर, बंगाल की 152 सीटों पर मतदान शुरू

तमिलनाडु में एक चरण में हो रहे चुनावों और पश्चिम बंगाल में चुनावों के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। तमिलनाडु की सभी 234 सीटों और पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों में से 152 सीटों पर आज मतदान हो रहा है।
Apr 23, 2026 | 07:02 AM IST

उत्तराखंड आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: बद्रीनाथ धाम के कपाट खुले, चारधाम यात्रा शुरू

उत्तराखंड में बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा पूरी तरह शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की और सभी से नियमों का पालन करने की अपील की।
Apr 23, 2026 | 06:53 AM IST

यूपी आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में की होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार रात एक उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा, स्मार्ट मीटर से जुड़ी व्यवस्थाओं, पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता तथा प्रदेश की कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की।

राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने आगामी 25, 26 एवं 27 अप्रैल को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा की तैयारियों और जनसुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था के सम्बन्ध में अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये हुयी इस बैठक में कहा कि होमगार्ड्स की भर्ती परीक्षा पहली बार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से आयोजित की जा रही है, लिहाजा सभी सम्बन्धित अधिकारी विशेष सतर्कता बरतें।
Apr 23, 2026 | 06:39 AM IST

मध्यप्रदेश आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: सतना में कुत्ते ने 40 लोगों को काटा, सभी का अस्पताल में इलाज जारी

मध्यप्रदेश के सतना शहर में बुधवार को एक कुत्ते ने करीब 40 लोगों को काट लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सभी का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

सतना जिला अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. शरद दुबे ने बताया कि एक कुत्ते ने शहर के गहरा नाला से लेकर अस्पताल चौक के बीच लगभग 40 लोगों को काटा और सभी घायलों का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को एंटी रैबीज का टीका लगाया जा रहा है।
Apr 23, 2026 | 06:39 AM IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: जर्मनी के रक्षा मंत्री के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए बातचीत की: राजनाथ सिंह

क्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को जर्मनी के बर्लिन में अपने समकक्ष बोरिस पिस्टोरियस के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए वार्ता की और दोनों पक्षों ने रक्षा औद्योगिक सहयोग की रूपरेखा से जुड़े एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आतंकवाद के हर रूप और अभिव्यक्ति की स्पष्ट रूप से, बिना किसी अपवाद या औचित्य के निंदा की जानी चाहिए। रक्षा मंत्री ने यह टिप्पणी पहलगाम आतंकी हमले का एक साल पूरा होने पर की। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि वैश्विक अनिश्चितताओं के दौर में भारत और जर्मनी ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को बेहद जरूरी स्थिरता व मजबूती प्रदान की है।
Apr 23, 2026 | 06:39 AM IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: गाजा में ड्रोन हमले तेज, बच्चों समेत कई की मौत

WAFA और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, गाजा में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। उत्तरी गाजा के Beit Lahia इलाके में एक मस्जिद के पास नागरिकों के समूह पर ड्रोन हमले में तीन बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

इसी दिन जबालिया में मलबा हटाते समय एक व्यक्ति की जान चली गई। वहीं अल-बुरेज शरणार्थी शिविर और खान यूनिस के पास हुई गोलीबारी और ड्रोन हमलों में कई लोग घायल हुए। लगातार हो रही हिंसा से आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।