LIVE

22 जनवरी 2025 हिंदी न्यूज़ LIVE अपडेट: मोदी सरकार का तोहफा, कच्चे जूट की एमएसपी में 2.35 गुना बढ़ोतरी, CM योगी और मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों ने महाकुंभ में लगाई डुबकी, AAP ने जारी किया चुनावी घोषणापत्र

Times Now Navbharat DigitalUpdated Jan 22, 2025, 16:43 IST

आज की ताजा खबर 22 जनवरी 2025 हिंदी समाचार LIVE Updates: केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार 22 जनवरी 2025 को मार्केटिंग सत्र 2025-26 के लिए कच्चे जूट के लिए 5,650 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को मंजूरी दे दी, जो पिछले MSP से 6 प्रतिशत या 315 रुपये अधिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक के बाद वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यह जानकारी दी वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल के साथ तीर्थराज प्रयागराज में त्रिवेणी के संगम में पावन डुबकी लगाकर समूचे विश्व के कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने संगम स्नान को भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह स्नान आत्मिक शांति, धार्मिक समर्पण और समाज कल्याण का संदेश देता है। त्रिवेणी संगम का स्नान केवल व्यक्तिगत शुद्धि नहीं, बल्कि समग्र लोक कल्याण का आह्वान है उधर दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने घोषणापत्र जारी कर दिया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को चेतावनी दी कि अगर वह बातचीत का रास्ता नहीं अपनाते हैं तो उन्हें और अधिक अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है। तुर्किये के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र स्थित एक ‘स्की रिसॉर्ट’ के होटल में मंगलवार को लगी आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 76 हो गई है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अपने क्वाड समकक्षों- भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, जापान के ताकेशी इवाया और ऑस्ट्रेलिया के पेनी वोंग के साथ मंगलवार को मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद एस जयशंकर ने मार्को रुबियो के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। दिल्ली सरकार ने शहर में शराब की दुकानें और शराब परोसने वाले अन्य प्रतिष्ठानों को तीन से पांच फरवरी तक मतदान के दिन और आठ फरवरी को नतीजे घोषित होने के दिन बंद रखने का आदेश दिया है।

22 जनवरी 2025 हिंदी न्यूज़ LIVE अपडेट: मोदी सरकार का तोहफा, कच्चे जूट की एमएसपी में 2.35 गुना बढ़ोतरी, CM योगी और मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों ने महाकुंभ में लगाई डुबकी, AAP ने जारी किया चुनावी घोषणापत्र
22 जनवरी 2025 हिंदी न्यूज़ LIVE अपडेट: मोदी सरकार का तोहफा, कच्चे जूट की एमएसपी में 2.35 गुना बढ़ोतरी, CM योगी और मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों ने महाकुंभ में लगाई डुबकी, AAP ने जारी किया चुनावी घोषणापत्र

  • मार्को रूबियो ने क्वाड के विदेश मंत्रियों से की मुलाकात
  • तुर्किये के 'स्की रिसॉर्ट' में होटल में आग लगने से 76 की मौत
  • अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर एक टैंकर से अमोनिया गैस लीक
  • शेख हसीना के प्रत्यर्पण पर बांग्लादेश की गीदड़भभकी
  • इसराइली सेना के प्रमुख ने इस्तीफा देने की घोषणा की


दिल्ली विधानसभा चुनाव से जुड़े सभी अपडेट यहाँ देखें | आज का मौसम कैसा रहेगा बारिश होगी या नहीं: यहाँ देखें

JAN 22, 2025 16:42 IST

खराब फॉर्म से जूझ रहे रोहित शर्मा को मिला अजिंक्य रहाणे का साथ

मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे खराब फॉर्म से जूझ रहे रोहित शर्मा के पक्ष में उतरे हैं। उन्होंने कहा है कि रोहित शर्मा को यह बताने की जरूरत नहीं है कि उन्हें क्या करना है और ‘ जब वह लय हासिल कर लेंगे तो उन्हें बड़ी पारी खेलने में कोई परेशानी नहीं आयेगी’।
JAN 22, 2025 16:41 IST

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को अगले 5 सालों तक जारी रखने को कैबिनेट की मंजूरी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को अगले पांच साल तक जारी रखने की मंजूरी दे दी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पत्रकारों को मंत्रिमंडल बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि मिशन ने पिछले 10 वर्षों में ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल किए हैं, कैबिनेट की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इसकी जानकारी दी।
JAN 22, 2025 16:25 IST

CM योगी और मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों ने महाकुंभ में एक साथ लगाई डुबकी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल के साथ तीर्थराज प्रयागराज में त्रिवेणी के संगम में पावन डुबकी लगाकर समूचे विश्व के कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने संगम स्नान को भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह स्नान आत्मिक शांति, धार्मिक समर्पण और समाज कल्याण का संदेश देता है। त्रिवेणी संगम का स्नान केवल व्यक्तिगत शुद्धि नहीं, बल्कि समग्र लोक कल्याण का आह्वान है।
JAN 22, 2025 13:54 IST

रहस्यमय मौतों के बाद राजौरी का गांव निषिद्ध क्षेत्र घोषित

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के बधाल गांव में तीन परिवारों के 17 लोगों की मौत और एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने के बाद गांव को निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि उसी गांव के एक और व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत सभी सार्वजनिक और निजी आयोजनों पर रोक लगा दी गई है। बीएनएसएस की धारा 163 जिलाधिकारी को अत्यावश्यक परिस्थितियों में लिखित आदेश जारी करने की शक्ति देती है। इन आदेशों का उपयोग उपद्रव या खतरों को रोकने या उनका समाधान करने के लिए किया जा सकता है।
JAN 22, 2025 12:59 IST

सेना ने LoC के पास पाकिस्तान ड्रोन पर चलाई गोलियां

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सेना के जवानों ने मंगलवार आधी रात के बाद नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार करके भारतीय सीमा में पहुंचे एक पाकिस्तानी ड्रोन पर गोलीबारी की। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन मेंढर सेक्टर में सीमा बाड़ के पास एक इलाके में कुछ देर हवा में चक्कर लगाने के बाद वापस पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में लौट गया। सैनिकों ने रात करीब एक बजे ड्रोन की गतिविधियां देखीं और करीब 12 गोलियां चलाईं। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को सुबह होते ही तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ड्रोन से कोई हथियार या मादक पदार्थ तो नहीं गिराए गए हैं।
JAN 22, 2025 12:57 IST

AAP ने जारी किया चुनावी घोषणापत्र

AAP ने मध्यम वर्ग के लिए घोषणापत्र जारी किया, केंद्र से शिक्षा, स्वास्थ्य, कर छूट, पेंशन से संबंधित सात मांगें कीं। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आप के मध्यम वर्ग के लिए घोषणापत्र में आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी समाप्त करने और उच्च शिक्षा सब्सिडी की मांग की गई है।
JAN 22, 2025 11:57 IST

यमन के तट पर नाव पलटने से 20 इथियोपियाई प्रवासियों की मौत

अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) ने बताया कि सप्ताहांत में दक्षिणी यमनी तट के पास एक नाव के पलट जाने से कुल 20 इथियोपियाई प्रवासियों की मौत हो गई, जिनमें नौ महिलाएं और 11 पुरुष शामिल थे। आईओएम ने एक बयान में कहा कि यह नाव, जिसमें 35 इथियोपियाई प्रवासी, एक यमन कप्तान और उसका सहायक सवार थे, कथित तौर पर जिबूती के हम्मारता क्षेत्र से रवाना हुआ था और शनिवार रात को तैज प्रांत के दुबाब जिले के अल-हज्जाजाह के पास तेज मौसमी हवाओं के बीच पलट गई। बयान में कहा गया कि जीवित बचे लोग सफलतापूर्वक तट पर पहुंच गए हैं।
JAN 22, 2025 11:41 IST

H-1B पर ट्रंप का बड़ा बयान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि उन्हें ‘एच-1बी’ विदेशी अप्रवासी कामगारों के वीजा पर इसका समर्थन करने वाले और इसका विरोध करने वाले दोनों पक्षों की दलीलें अच्छी लगीं। उन्होंने कहा कि उन्हें देश में आने वाले ‘‘बेहद कुशल लोग’’ पसंद हैं और उन्होंने इस कार्यक्रम का उपयोग किया है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक कार्यालय एवं आवास) में ‘ओरेकल’ के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) लैरी एलिसन, ‘सॉफ्टबैंक’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मासायोशी सोन और ‘ओपन एआई’ के सीईओ सैम ऑल्टमैन के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।
JAN 22, 2025 11:40 IST

ठाणे में छह साल की छात्रा को पीटने के आरोप में शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज

महाराष्ट्र के ठाणे शहर के एक निजी स्कूल में छह साल की छात्रा को धातु के स्केल से पीटने के आरोप में एक पुरुष डांस टीचर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह घटना 15 जनवरी को ठाणे के कपूरबावड़ी इलाके में स्थित निजी स्कूल में हुई, जिसमें बच्ची घायल हो गई। पुलिस के अनुसार, स्कूल ने 32 वर्षीय आरोपी डांस टीचर को वार्षिक उत्सव के कार्यक्रमों की तैयारी के लिए नियुक्त किया था। कपूरबावड़ी पुलिस थाने की निरीक्षक वैशाली गोरडे ने बताया कि नृत्य प्रस्तुति की तैय़ारिय़ों के दौरान आरोपी शिक्षक ने बच्ची से पूछा कि वह एक दिन पहले स्कूल क्यों नहीं आई थी। उन्होंने बताया कि नृत्य के अभ्यास के दौरान शिक्षक ने बच्ची को कथित तौर पर धातु के स्केल से पीटा।
JAN 22, 2025 09:40 IST

कर्नाटक में वाहन दुर्घटना में तीन छात्रों सहित चार की मौत

कर्नाटक के रायचूर जिले में बुधवार तड़के एक वाहन के सड़क पर पलट जाने से उसमें सवार तीन छात्रों सहित कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि संस्कृत पाठशाला के छात्र वाहन में सवार होकर नरहरि मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए हम्पी जा रहे थे उसी दौरान सिंधनूर में अरागिनमारा कैंप के पास यह हादसा हुआ।
JAN 22, 2025 09:12 IST

ट्रंप के शपथग्रहण समारोह को टीवी पर करीब 2.46 करोड़ दर्शकों ने देखा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह को टेलीविजन पर अनुमानित 2.46 करोड़ दर्शकों ने देखा। अमेरिका में राष्ट्रपति का कार्यकाल चार वर्ष का होता है और ट्रंप ने राष्ट्रपति के रूप में दूसरी बार कार्यभार संभाला है। नीलसन कंपनी ने मंगलवार को कहा कि दर्शकों की ये संख्या पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के 2021 के शपथ ग्रहण समारोह के दर्शकों से कम थी। बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम को 3.38 करोड़ लोगों ने देखा था वहीं 2017 में ट्रंप के पिछले कार्यकाल के शपथ ग्रहण समारोह को 3.6 करोड दर्शकों ने देखा था।
JAN 22, 2025 08:51 IST

भारतीय अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल के पिता का निधन

भारतीय अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल के पिता एमपी जयपाल का निधन हो गया है और वह इस मुश्किल वक्त में अपने परिवार का साथ देने के लिए भारत जा रहीं हैं। प्रमिला जयपाल ने बयान में कहा,‘‘ मेरे प्यारे पिता एमपी जयपाल का कल रात निधन हो गया। मैं भारत जा रही हूं ताकि दुख की इस घड़ी में मैं अपनी मां और बहन के साथ रह सकूं। हम एक ऐसे शानदार व्यक्ति के जाने से गम में हैं जिनकी वजह से हम इस मुकाम पर हैं।’’
JAN 22, 2025 08:50 IST

पश्चिम एशिया की यात्रा कर सकते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह पश्चिम एशिया की यात्रा पर विचार कर रहे हैं। ट्रंप ने ‘व्हाइट हाउस’ में ओरेकल के सीटीओ लैरी एलिसन, सॉफ्टबैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मासायोशी सोन और ओपन एआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन के साथ एक संयुक्त समाचार सम्मेलन के दौरान कहा, ‘‘हम पश्चिम एशिया की यात्रा करने के बारे में सोच रहे हैं। लेकिन अभी नहीं, क्योंकि अभी बंधक वापस आ रहे हैं। उनमें से कुछ को बहुत अधिक नुकसान पहुंचा है। एक महिला का हाथ लगभग गायब है.... आपको पता है कि यह कैसे हुआ?’’
JAN 22, 2025 08:35 IST

वाराणसी में डबल डेकर बोट में आई खराबी, सभी यात्री सुरक्षित

वाराणसी में डबल डेकर बोट अचानक बीच गंगा में थम गई। बोट के इंजन में तकनीकी खराबी के चलते नाव लगभग आधे घंटे तक फंसी रही। इसके बाद एनडीआरफ और जल पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को नाव से बाहर निकाला गया।
JAN 22, 2025 07:51 IST

कोहरे की वजह से थमी ट्रेनों की रफ्तार

घने कोहरे के कारण दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों से चलने वाली 9 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। जिनमें ब्रह्मपुत्र मेल, पूर्वा एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, कालिंदी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें शामिल हैं।
JAN 22, 2025 07:15 IST

पुतिन को ट्रंप की धमकी, अगर बातचीत का रास्ता नहीं अपनाया तो...

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के मुद्दे पर रूस के चेताया है। ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुती से किसी भी समय मिलने के लिए तैयार हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रूस वार्ता की मेज पर नहीं आता है तो वह संभवत: उस पर प्रतिबंध लगा देंगे। जब ट्रंप से पूछा गया कि अगर पुतिन बातचीत की मेज पर नहीं आते हैं तो क्या अमेरिका रूस पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाएगा, तो उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ऐसा संभव लगता है।
JAN 22, 2025 07:09 IST

हमारे मंदिर सरकारी नियंत्रण में हैं, हम उन्हें वापस चाहते हैं: शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती

द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने सनातन बोर्ड के गठन का जिक्र करते हुए कहा कि हम धर्म की रक्षा के लिए यहां पर हैं... सभी का मुख्य उद्देश्य धर्म का प्रचार-प्रसार है ताकि आने वाली पीढ़ी हमारे धर्म के बारे में अधिक समझ सके। आप यहां लोगों में एकता देख सकते हैं... इसी तरह विविधता में एकता साबित होती है... धार्मिक मामलों में कोई राजनीतिक हस्तक्षेप न हो, इसके लिए सनातन बोर्ड का गठन किया जा रहा है। हमारे मंदिर सरकारी नियंत्रण में हैं और हम उन्हें वापस चाहते हैं...
JAN 22, 2025 06:53 IST

चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर का चुनाव अब 30 जनवरी को होगा

चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर चुनाव की तारीख अब 30 जनवरी निर्धारित की गई है। डीसी निशांत यादव ने इस संबंध में मंगलवार को एक नोटिफिकेशन जारी किया। बीते दिन, चंडीगढ़ हाई कोर्ट के फैसले के बाद अब नए सिरे से नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इसके तहत उम्मीदवारों के दोबारा नॉमिनेशन किए जाएंगे। इस चुनाव में प्रमुख दलों की ओर से अपनी पूरी ताकत झोंकने की संभावना है।
JAN 22, 2025 06:41 IST

कब तक पूरा होगा राम मंदिर का काम?

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या धाम ट्रस्ट के महासचिव एवं विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने मंगलवार को कहा कि ऐसा लगता है मंदिर का काफी काम अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। चंपत राय ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मंदिर निर्माण समिति की बैठक और उसका निरीक्षण 19 जनवरी को दोपहर तीन बजे से प्रारम्भ हुआ था। इसके पश्चात 20 और 21 जनवरी को सभी इंजीनियर एलएनटी, टाटा, सोमपुरा निर्माण समिति के सदस्य, मित्तल और अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा और उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम और इंजीनियर इंडिया लिमिटेड के इंजीनियर के साथ भविष्य के निर्माण की बारीकियों पर चर्चा हुई है। समीक्षा की गई है कि कौन कौन से काम कब तक पूरे हो जाएंगे। तीन गेट बनाए जा रहे हैं। एक गेट का निर्माण शुरू हो गया है जबकि दूसरे का भी कार्य प्रारंभ हो गया है।
JAN 22, 2025 06:28 IST

जयशंकर ने की अमेरिकी विदेश मंत्री संग द्विपक्षीय बैठक

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका के नए विदेश मंत्री मार्को रुबियो संग एक द्विपक्षीय बैठक की। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीरें पोस्ट कर इस बैठक की जानकारी साझा की।