LIVE
Aaj Ki Taza Khabar: GST बचत उत्सव कल से हो रहा शुरू, बिस्कुट, घी, तेल सहित यह सामान होंगे सस्ते
Aaj Ki Taza Khabar 21 Sep 2025 LIVE: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज शुरू हो रही अपनी दो दिवसीय मोरक्को यात्रा के दौरान अफ्रीकी देश में ‘टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स’ की एक विनिर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे। H-1B वीजा फीस बढ़ोतरी के बीच अमेरिकी स्थित भारतीय दूतावास ने इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। एशिया कप में आज भारत-पाकिस्तान के बीच दूसरा महामुकाबला है। इसके अलावा, कई देशों में आज सूर्य ग्रहण लगेगा। हालांकि, भारत में नहीं दिखाई देगा नजारा। अफगानिस्तान को बगराम एयर बेस को लेकर ट्रंप ने चेतावनी दी है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज अपनी दो दिवसीय मोरक्को यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। इस दौरान वे वहां टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन करेंगे। वहीं, अमेरिका में H-1B वीजा फीस में बढ़ोतरी के बीच भारतीय दूतावास ने भारतीयों की मदद के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। खेल जगत में आज एशिया कप 2025 का रोमांचक मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा, जिस पर करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें टिकी हैं। दूसरी ओर, कई देशों में आज सूर्य ग्रहण दिखाई देगा, हालांकि भारत में इसका नजारा नहीं मिल सकेगा। इसी बीच, अफगानिस्तान को लेकर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बगराम एयर बेस के मुद्दे पर सख्त चेतावनी दी है।
SEPT 21, 2025 18:35 IST
दक्षिण कोलकाता के जिम में गोलीबारी से दहशत
दक्षिण कोलकाता के व्यस्त चारु मार्केट स्थित एक जिम में रविवार को हथियारबंद व्यक्तियों ने गोलीबारी की, जिससे वहां दहशत उत्पन्न हो गई। पुलिस ने बताया कि बंदूकधारियों ने रेनकोट और हेलमेट पहना हुआ था और वे दोपहिया वाहन पर सवार होकर आए थे। पुलिस ने बताया कि बंदूकधारी देशप्राण साशमल रोड स्थित जिम में घुसे और उसके मालिक जॉय कामदार की तलाश करने लगे। पुलिस ने बताया कि जिम मालिक को नहीं पाकर उन्होंने हवा में दो गोलियां चलाईं और भाग गए। पुलिस ने कहा कि वह घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसका कारण कोई व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता या जबरन वसूली का प्रयास तो नहीं था।
SEPT 21, 2025 17:45 IST
GST बचत उत्सव कल से हो रहा शुरू
रोजमर्रा की जरूरतों का सामान (एफएमसीजी) बनाने वाली प्रमुख कंपनियों ने जीएसटी कटौती का लाभ उपभोक्ताओं को देने के लिए अपने उत्पादों की कीमतों में कटौती की है। ऐसे में सोमवार से साबुन, पाउडर, कॉफी, डायपर, बिस्कुट, घी और तेल जैसी दैनिक जरूरत की वस्तुएं सस्ती हो जाएंगी। इस कदम से आगामी त्योहारी सत्र, जो नवरात्रि के साथ शुरू होता है, के दौरान खपत में वृद्धि और बिक्री में उछाल आने की उम्मीद है। एफएमसीजी कंपनियों ने जीएसटी 2.0 के लाभों को बिना किसी देरी के उपभोक्ताओं तक पहुंचाया है। इन कंपनियों ने 22 सितंबर से साबुन, शैम्पू, बेबी डायपर, मंजन, रेजर और आफ्टर-शेव लोशन सहित अपने उत्पादों की अधिकतम खुदरा मूल्य की संशोधित सूची जारी की है। इसका मकसद उपभोक्ताओं को माल एवं सेवा कर (जीएसटी) दर में कटौती का लाभ देना है। प्रॉक्टर एंड गैंबल, इमामी और एचयूएल जैसी कंपनियों ने नई मूल्य सूची जारी की हैं। इसके बारे में कंपनियों की वेबसाइट के माध्यम से उनके संबंधित वितरकों और उपभोक्ताओं को सूचित किया गया है। प्रॉक्टर एंड गैंबल ने अपने उत्पादों की एक संशोधित सूची जारी की है। इसमें उसने विक्स, हेड एंड शोल्डर्स, पैंटीन, पैम्पर्स (डायपर), जिलेट, ओल्ड स्पाइस और ओरल-बी आदि ब्रांड के उत्पादों की कीमतों में कमी की है।
SEPT 21, 2025 16:08 IST
उज्जैन स्टेशन पर सेना की विशेष ट्रेन में लगी आग
मध्यप्रदेश के उज्जैन रेलवे स्टेशन पर ट्रकों से लदी सेना की एक विशेष ट्रेन में रविवार सुबह आग लग गई हालांकि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो के बीच से गुजरने वाली रेल लाइन पर उस समय हुई, जब एक बोगी में लदे ट्रकों को ढकने वाले तिरपाल में आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि स्टेशन के बचाव दल, दमकल की गाड़ियों और अन्य उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। उज्जैन रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के निरीक्षक नरेंद्र यादव ने संवाददाताओं को बताया कि भोपाल-जोधपुर सेना की विशेष मालगाड़ी में लदे एक ट्रक में संभावित तकनीकी खराबी के कारण आग लग गई।
SEPT 21, 2025 15:43 IST
क्या भारत-पाक युद्धविराम पर ट्रंप के दावों और एच1बी वीजा धारकों की चिंताओं पर बोलेंगे मोदी: कांग्रेस
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन से पहले रविवार को पूछा कि क्या वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान ‘युद्धविराम’ के दावों और एच1बी वीजा धारक लाखों भारतीयों की चिंताओं पर बात करेंगे या फिर नयी जीएसटी दरों के बारे में पहले से ज्ञात बातें दोहराएंगे। प्रधानमंत्री मोदी रविवार शाम पांच बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी, लेकिन मोदी के संबोधन के विषय के बारे में कोई संकेत नहीं दिया।
SEPT 21, 2025 10:13 IST
Disha Patani: अलर्ट पर रहें बरेली पुलिस: मुंबई पुलिस
दिशा पाटनी के घर फायरिंग का मामले में बरेली पुलिस ने मुंबई पुलिस को जानकारी दी है। बरेली पुलिस ने मुंबई पुलिस को दिशा की सुरक्षा के बारे में अलर्ट रहने के लिए कहा है। सूत्रों के मुताबिक मुंबई के अधिकारी ने बरेली पुलिस को बताया कि मुंबई में दिशा के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ाई है, मुंबई पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है
SEPT 21, 2025 09:22 IST
उधमपुर मुठभेड़ में एक जवान बलिदान शहीद
उधमपुर के ऊंचाई वाले एक सुदूर वन क्षेत्र में सेना और पुलिस ने आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना पर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ हुई। गोली लगने से एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। सैनिक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां इलाज के दौरान शनिवार तड़के सैनिक की मौत हो गई।
SEPT 21, 2025 08:22 IST
दिल्ली लाया गया गायक जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर
गायक जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर दिल्ली से गुवाहाटी हवाई अड्डे पर लाए जाने के बाद उनके आवास पर ले जाया गया। 19 सितंबर को सिंगापुर में स्कूबा दुर्घटना में जुबीन गर्ग का निधन हो गया था।
SEPT 21, 2025 06:25 IST
एशिया कप 2025: भारत-पाकिस्तान के बीच दूसरा महामुकाबला आज
एशिया कप 2025 में आज एक बार फिर क्रिकेट का सबसे बड़ा रोमांच देखने को मिलेगा। भारत और पाकिस्तान के बीच टूर्नामेंट का दूसरा महामुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हैं। फैंस को इस हाई-वोल्टेज मैच का बेसब्री से इंतजार है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच हर मैच केवल खेल नहीं बल्कि जुनून और जज़्बात से भरा होता है। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह मुकाबला एशिया कप में दोनों टीमों की संभावनाओं को भी काफी हद तक तय करेगा।
SEPT 21, 2025 06:25 IST
राजनाथ सिंह आज मोरक्को होंगे रवाना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज शुरू हो रही अपनी दो दिवसीय मोरक्को यात्रा के दौरान अफ्रीकी देश में ‘टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स’ की एक विनिर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे। बेरेचिड में यह ‘व्हील्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म’ अफ्रीका में पहला भारतीय रक्षा विनिर्माण संयंत्र होगा। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि दोनों पक्षों द्वारा रक्षा क्षेत्र में सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाने की भी उम्मीद है।
