LIVEआज की ताजा खबर, 21 अप्रैल 2025: पोप फ्रांसिस का निधन, भारत पहुंचे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस; राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर निशाना
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 21 अप्रैल 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 20 अप्रैल (सोमवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 21 अप्रैल 2025: पोप फ्रांसिस का निधन, भारत पहुंचे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस; राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर निशाना
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 21 अप्रैल 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: पोप फ्रांसिस का सोमवार सुबह निधन हो गया। कार्डिनल केविन फारेल ने यह घोषणा की जो वेटिकन ‘कैमरलेंगो’ हैं। कैमरलेंगो की पदवी उन कार्डिनल या उच्चस्तरीय पादरी को दी जाती है जो पोप के निधन या उनके इस्तीफे की घोषणा के लिए अधिकृत होते हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि निर्वाचन आयोग ने ‘समझौता कर लिया है’ और ‘प्रणाली में कुछ गड़बड़ है’। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दावा किया कि सरल शब्दों में कहें तो महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में राज्य में वयस्कों की संख्या से ज्यादा लोगों ने मतदान किया। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने अपनी पत्नी उषा चिलुकुरी और तीन बच्चों के साथ सोमवार को दिल्ली स्थित अक्षरधाम मंदिर में दर्शन किए। इससे पहले, वेंस और उषा के सोमवार सुबह दिल्ली पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अमेरिका के उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी का पालम एयरबेस पर स्वागत किया। अमेरिकी नेता के आगमन पर उनका औपचारिक स्वागत भी किया गया। वेंस के बच्चों ने पारंपरिक भारतीय परिधान पहने थे और उन्होंने पूरे परिवार के साथ मंदिर में तस्वीरें खिंचवाईं।आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...
इजराइल के राष्ट्रपति ने भारत से भू-रणनीतिक मुद्दों पर मिलकर काम करने का आग्रह किया
इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने सोमवार को विशेष रूप से भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारा (आईएमईसी) परियोजना पर जोर देते हुए भारत से भू-रणनीतिक मुद्दों पर मिलकर काम करके द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने का आग्रह किया। हर्जोग ने इस परियोजना को दुनिया का भविष्य बताया। हर्जोग ने इजराइल में भारत के नवनियुक्त राजदूत जे. पी. सिंह से कहा, हम भारत राष्ट्र और उसके नेतृत्व का बहुत सम्मान करते हैं। इजराइल के लोग आपके देश से प्यार करते हैं। मैं आपके देश का दौरा करने और इजराइल में आपके राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की मेजबानी करने के लिए उत्सुकता से इंतजार कर रहा हूं। भारतीय राजदूत सिंह ने राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास पर एक समारोह में अपना परिचय पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने भारत और इजराइल से भू-रणनीतिक मुद्दों, रणनीतिक मुद्दों, बंधकों की घर वापस लाने, ईरान को (परमाणु हथियार प्राप्त करने से) रोकने, शांति और समावेश, कनेक्टिविटी की दिशा में आगे बढ़ने और निश्चित रूप से दोनों देशों के लोगों के बीच अविश्वसनीय संबंधों को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया।
कांग्रेस ने अमेरिका में राहुल के बयान का बचाव किया
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा ने सोमवार को पार्टी नेता राहुल गांधी का बचाव किया, जिन्हें अमेरिका में निर्वाचन आयोग के बारे में उनकी कथित टिप्पणी के लिए भारतीय जनता पार्टी ने देशद्रोही करार दिया है। केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी पर पलटवार करते हुए शैलजा ने आरोप लगाया कि विदेशी धरती पर देश को बदनाम और विपक्षी दलों की आलोचना करने का काम सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। राजधानी भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में सवालों का जवाब देते हुए शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी पर आरोप लगाना और उन्हें देशद्रोही बताना भाजपा की पुरानी आदत है। उन्होंने कहा, मैं याद दिलाना चाहूंगी कि सबसे पहले खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बातें बाहर कहना शुरू कीं। उन्होंने विदेश में देश के अंदर की राजनीतिक बातें कहीं, विपक्ष को हमेशा अपमानित किया। यह तो उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली बात हुई।
हम पर संसदीय और कार्यपालिका के कार्यों में अतिक्रमण का आरोप लगाया गया है: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी आर गवई ने न्यायपालिका को हाल में निशाना बनाए जाने का स्पष्ट जिक्र करते हुए सोमवार को कहा कि हम पर संसदीय और कार्यपालिका के कार्यों में अतिक्रमण करने का आरोप लगाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में वक्फ कानून विरोधी प्रदर्शनों के दौरान हाल में हुई हिंसा की जांच कराए जाने का अनुरोध करने वाली एक नयी याचिका पर सुनवाई कर रही पीठ की अगुवाई कर रहे न्यायमूर्ति गवई ने यह टिप्पणी की। इस पीठ में न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह भी शामिल हैं। न्यायमूर्ति गवई ने एक अन्य मामले में भी इसी तरह की टिप्पणी की। एक मामला जहां वक्फ कानून के विरोध में पश्चिम बंगाल में हाल में हुई हिंसा से जुड़ा है तो दूसरी याचिका में केंद्र को ओटीटी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील सामग्री की स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। ऑनलाइन सामग्री पर याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति गवई ने कहा, इस पर कौन नियंत्रण कर सकता है? इस संबंध में नियम तैयार करना केंद्र का काम है।
जयपुर में पिता, पुत्री सहित तीन लोगों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत
जयपुर के जगतपुरा इलाके में रेलगाड़ी की चपेट में आने से पिता और पुत्री सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जान गंवाने वाले दोनों युवक आपस में भाई थे। पुलिस ने बताया कि एक युवक आत्महत्या के लिए रेल पटरी पर जाकर बैठ गया और उसकी बेटी और उसका भाई उसे बचाने की कोशिश कर रहे थे तभी यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार, घटना सीबीआई गेट रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई, जब घरेलू विवाद से परेशान सुमित सैन (40) आत्महत्या करने के इरादे से रेल पटरियों पर जाकर बैठ गया। सुमित ने एक रिश्तेदार को वीडियो कॉल करके अपनी मंशा बताई और उसने रेल पटरियां भी दिखाई जहां वह बैठा था।
उन्होंने बताया कि उनकी बात पूरी होने से पहले ही कॉल कट गई जिसके बाद घबराए रिश्तेदार ने तुरंत सुमित की 15 वर्षीय बेटी निशा और बड़े भाई गणेश सैन (44) को फोन कर सुमित के बारे में बताया।
जामनगर में वायुसेना का विमान आपात स्थिति में उतरा
IAF chopper makes emergency landing- पुलिस ने बताया कि भारतीय वायुसेना (IAF) के एक हेलीकॉप्टर ने सोमवार को गुजरात के जामनगर जिले में एक बांध के पास आपातकालीन लैंडिंग की। हालांकि यह तुरंत पता नहीं चल पाया कि हेलीकॉप्टर में कितने लोग सवार थे, लेकिन पुलिस अधीक्षक प्रेमसुख डेलू ने पुष्टि की कि कोई भी घायल नहीं हुआ। स्थानीय पुलिस के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने जामनगर वायुसेना स्टेशन से लगभग 22 किलोमीटर दूर रंगमती बांध के पास चांगा गांव के बाहरी इलाके में सुबह करीब 11 बजे आपातकालीन लैंडिंग की। डेलू ने कहा, आईएएफ हेलीकॉप्टर ने रंगमती बांध के पास कुछ समस्याओं के कारण आपातकालीन लैंडिंग की। इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ।
युवती ने प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर का कराया अपहरण
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर का अपहरण कराने के आरोप में पुलिस ने एक युवती और उसके प्रेमी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है तथा एक आरोपी फरार है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के जामुल थाना क्षेत्र में टोकेश साहू का अपहरण करने के आरोप में पुलिस ने हेम कुमारी साहू :25:, उसके कथित प्रेमी दुर्गेश साहू :22: और अमित वर्मा उर्फ राजा :23: को महाराष्ट्र के नागपुर शहर से गिरफ्तार कर लिया है।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में प्रेशर बम की चपेट में आकर जवान शहीद
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रेशर बम की चपेट में आने से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) का एक जवान शहीद हो गया। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के तोयनार से फरसेगढ़ के बीच मोरमेड गांव के जंगल में प्रेशर बम की चपेट में आकर सीएएफ 19 वीं बटालियन का जवान मनोज पुजारी (26) शहीद हो गया है।
उन्होंने बताया कि तोयनार से फरसेगढ़ के बीच बन रही सड़क की सुरक्षा के लिए सीएएफ के दल को गश्त पर रवाना किया गया था। दल जब तोयनार से फरसेगढ़ की ओर चार किलोमीटर दूर मोरमेड गांव के जंगल में था तब सुरक्षाबल के जवान मनोज का पैर प्रेशर बम के ऊपर चला गया। इससे बम में विस्फोट हो गया और वह शहीद हो गया।
ओडिशा: शराबी ने सात साल की बच्ची के साथ बलात्कार किया
ओडिशा के ढेंकनाल जिले में एक शराबी ने कथित तौर पर सात साल की बच्ची का बलात्कार किया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम को उस समय हुई जब बच्ची मोतांगा पुलिस थाना क्षेत्र में अपने गांव के पास स्थित बगीचे से ताड़ के फल इकट्ठा कर रही थी। पुलिस ने बताया कि बच्ची को अकेला पाकर नशे में धुत 32 वर्षीय एक व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार किया। उसने बेहोश लड़की को बगीचे में छोड़ दिया और उसे ताड़ के पत्तों से ढक दिया। बच्ची के भाई ने उसे खून से लथपथ पाया, जिसके बाद उसे पास के हिंडोल अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसे अंगुल के जिला अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
पोप फ्रांसिस का निधन
पोप फ्रांसिस का सोमवार सुबह निधन हो गया। कार्डिनल केविन फारेल ने यह घोषणा की जो वेटिकन ‘कैमरलेंगो’ हैं। कैमरलेंगो की पदवी उन कार्डिनल या उच्चस्तरीय पादरी को दी जाती है जो पोप के निधन या उनके इस्तीफे की घोषणा के लिए अधिकृत होते हैं। फारेल ने कहा, ‘‘रोम के बिशप, पोप फ्रांसिस आज सुबह 7.35 बजे यीशू के घर लौट गए। उनका पूरा जीवन यीशू और उनके चर्च की सेवा के लिए समर्पित था।’’
‘आप' 25 अप्रैल को होने वाले एमसीडी महापौर चुनाव का बहिष्कार करेगी
आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को घोषणा की कि वह दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में महापौर और उप महापौर के पदों के लिए होने वाले चुनाव नहीं लड़ेगी। ये चुनाव 25 अप्रैल को होने हैं। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी (आप) एमसीडी में भी एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। भाजपा ने एमसीडी चुनावों के दौरान खूब धांधली की थी लेकिन फिर भी वह बुरी तरह हारी। इसके बाद भी यह बंद नहीं हुआ और पार्षदों को खरीदा गया।’’
उत्तर कोलकाता की इमारत में आग लगी
उत्तर कोलकाता में सोमवार तड़के चार मंजिला एक इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर आग लग गई, जिसमें दो लोग झुलस गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना जोराबागान पुलिस थाना क्षेत्र के पथुरियाघाटा स्ट्रीट पर हुई। उन्होंने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे दमकल की 10 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने बताया कि इमारत से बेहोशी की हालत में दो लोगों को निकाला गया, जिन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया है।
मप्र के रायसेन में एमयूवी पलटने से छह लोगों की मौ
मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सोमवार की सुबह एक मल्टी-यूटिलिटी वाहन (एमयूवी) के पलट जाने से छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे ने बताया कि यह घटना सुबह करीब सात बजे सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक सड़क के किनारे, भोजनालय के पास हुई।
अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस अपने परिवार के साथ दिल्ली पहुंचे
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस और उनकी भारतीय मूल की पत्नी उषा के सोमवार सुबह दिल्ली पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हवाई अड्डे पर वेंस परिवार का स्वागत किया। वेंस और उनका परिवार भारत की अपनी चार दिवसीय यात्रा के दौरान दिल्ली के अलावा जयपुर और आगरा भी जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस के साथ व्यापार, शुल्क, क्षेत्रीय सुरक्षा और समग्र द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीकों सहित कई प्रमुख मुद्दों पर सोमवार को बातचीत करेंगे और फिर शाम को उनके एवं उषा के लिए रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।
नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में सौतेला पिता गिरफ्तार
पुलिस ने मेरठ शहर के रेलवे रोड क्षेत्र में 50 वर्षीय एक व्यक्ति को अपनी 13 वर्षीय सौतेली बेटी से बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि रेलवे रोड थाना क्षेत्र में रहने वाले आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि आरोपी को पीड़िता के परिवार की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया और उसके खिलाफ ‘पॉक्सो’ अधिनियम (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दिल्ली की एक फैक्टरी में लगी आग
दिल्ली के लॉरेंस रोड औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्टरी में सोमवार सुबह आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने यह जानकारी दी। डीएफएस ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि लॉरेंस रोड के केपीएम इलाके में स्थित एक फैक्टरी में आग लगने की सूचना सुबह करीब सात बजकर 20 मिनट पर मिली।
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में सड़क हादसे में छह लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में एक कार के पेड़ से टकरा जाने के कारण छह लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना रविवार देर रात नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के शुक्ल भुजौली चौराहे पर उस समय हुई जब कार सवार लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए देवगांव जा रहे थे।
गाजियाबाद NH 9 पर भीषण जाम
गाजियाबाद NH 9 पर भीषण जाम लगा हुआ है। नोएडा छिजारसी हिंडन नदी के पास भी जाम। सुबह करीब 5 बजे SJM हॉस्पिटल के पास कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी। बाइक सवार की मौत हो गई। परिजनों ने जाम लगा दिया जिसके चलते भीषण जाम लग गया था। अब जाम खुल गया है लेकिन आज सोमवार होने के कारण ट्रैफिक लोड बहुत अधिक होने के कारण अभी भी जाम लगा हुआ है।
पंजाब के मोगा में नशा तस्कर गिरफ्तार
पंजाब के मोगा में पुलिस ने ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के तहत रविवार को नशीली दवाइयों की अब तक की सबसे बड़ी खेप बरामद की, जिसकी कीमत चार करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।
इस मामले में भीमनगर, मोगा निवासी विक्की उर्फ विजय अरोड़ा को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी अजय गांधी के नेतृत्व में पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी विक्की कार से नशीली दवाइयों की सप्लाई करने जा रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाकाबंदी की और एक संदिग्ध कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से कुछ मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद हुईं।
खंडवा में आवारा कुत्तों के काटने से 10 बच्चे अस्पताल में भर्ती
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में रविवार को अलग-अलग घटनाओं में आवारा कुत्तों के काटने से 10 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। खंडवा जिला अस्पताल के स्थानीय चिकित्सा अधिकारी एम.एल. कलामे ने बताया कि सभी बच्चे खान वली शाह इलाके के हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों को सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है और कुत्ते के काटने से आई चोटों का इलाज किया जा रहा है।
पलवल के पूर्व थाना प्रभारी गिरफ्तार
पलवल पुलिस थाने के एक पूर्व प्रभारी को एक आरोपी को हिरासत में यातना देने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी पुलिस अधिकारी राधेश्याम शर्मा को शहर की एक अदालत में पेश किया गया और शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह कार्रवाई राजस्थान के कोटा जिले के सांगोद गांव निवासी आबिद द्वारा दर्ज कराई गई एक शिकायत के आधार पर की गई है।