LIVE
आज की ताजा खबर, 2 सितंबर 2023: अधीर रंजन ने ठुकराया केंद्र का ऑफर; संसद के विशेष सत्र में नहीं होगा प्रश्नकाल और शून्यकाल
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 2 सितंबर 2023 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: अधीर रंजन चौधरी ने उस कमेटी का सदस्य बनने से इनकार कर दिया है, जिसका केंद्र की मोदी सरकार ने एक देश-एक चुनाव की दिशा में गठन किया है। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली कमेटी का ऐलान किया गया। जिसमें अमित शाह और अधीर रंजन समेत 8 लोग शामिल किए गए। वहीं संसद का विशेष सत्र 18 सितंबर से शुरू होगा और सरकार के कामकाज को देखते हुए यह 22 सितंबर तक चलेगा। खास बात ये है कि इस 5 दिन की विशेष सत्र में प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होगा और ना ही कोई प्राइवेट बिल पेश किया जाएगा। संसद के विशेष सत्र में पांच बैठकें होंगी। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...
SEPT 02, 2023 22:52 IST
अधीर रंजन चौधरी ने ठुकराया ऑफर
अधीर रंजन चौधरी ने उस कमेटी का सदस्य बनने से इनकार कर दिया है, जिसका केंद्र की मोदी सरकार ने एक देश-एक चुनाव की दिशा में गठन किया है। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली कमेटी का ऐलान किया गया। जिसमें अमित शाह और अधीर रंजन समेत 8 लोग शामिल किए गए। पढ़ें पूरी खबर
SEPT 02, 2023 21:27 IST
संसद का विशेष सत्र: नहीं होगा शून्यकाल और प्रश्नकाल
संसद का विशेष सत्र 18 सितंबर से शुरू होगा और सरकार के कामकाज को देखते हुए यह 22 सितंबर तक चलेगा। खास बात ये है कि इस 5 दिन की विशेष सत्र में प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होगा और ना ही कोई प्राइवेट बिल पेश किया जाएगा। संसद के विशेष सत्र में पांच बैठकें होंगी। पढ़ें पूरी खबर
SEPT 02, 2023 20:09 IST
नोएडा के अस्पताल में अचानक लगी आग
नोएडा के सेक्टर 24 में स्थित ईएसआई अस्पताल में स्थित ओपीडी ब्लॉक में अचानक से आग लग गई। देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आग फैलती चली गई। अस्पताल में आग लगते ही चारों तरफ चीख पुकार मच गई और सभी लोग अस्पताल छोड़कर बाहर की तरफ दौड़ लगे। सूचना मिलने पर मौके पहुंची फायर विभाग की टीम न कड़ी मसक्त के बाद आग पर पूरी तरीके से काबू पा लिया। इस दौरान किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, लेकिन अस्पताल में मौजूद सामान जलकर खाक हो गया बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से अस्पताल में आग लगी।
SEPT 02, 2023 18:54 IST
रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली कमेटी का ऐलान
एक देश-एक चुनाव की दिशा में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली कमेटी का ऐलान हो गया है। इस कमेटी में अमित शाह-अधीर रंजन समेत 8 लोग शामिल किए गए हैं। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में लॉ मिनिस्ट्री ने एक कमेटी का गठन किया है। पढ़ें पूरी खबर
SEPT 02, 2023 18:22 IST
SEPT 02, 2023 18:21 IST
महिला को नग्न कर घुमाने की घटना का किया जिक्र
प्रतापगढ़ के धरियावाद में 21 साल की महिला को नग्न कर घुमाने की घटना का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा, 'आज राजस्थान में महिलाओं पर जो अत्याचार हो रहा है, उससे मानवता शर्मसार हो रही है। महिलाओं का खुलेआम अपमान हो रहा है, लेकिन सरकार चुप है और मूकदर्शक बनी हुई है।' भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा गांवों, गरीबों, वंचितों, पीड़ितों, शोषितों, दलितों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण की बात करती है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें सशक्त बनाने का काम भी किया है।
SEPT 02, 2023 18:21 IST
सरकार में हुआ था 12 लाख करोड़ रुपये का घोटाला
जेपी नड्डा ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में 12 लाख करोड़ रुपये का घोटाला हुआ था, उसने 2जी घोटाला, कोयला घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, इस तरह अनगिनत घोटाले किये। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को देश से कोई लेना-देना नहीं है, वे केवल अपने भ्रष्टाचार को छिपाने और अपने परिवारों को बचाने के लिए साथ आ रहे हैं। नड्डा ने यहां परिवर्तन संकल्प यात्रा की शुरुआत पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा “यह गहलोत सरकार नहीं है, यह ‘गृह-लूट’ सरकार है, जो घरों को लूटती है। कांग्रेस का मतलब लूट, भ्रष्टाचार और कुशासन है।”
SEPT 02, 2023 18:21 IST
राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर जेपी नड्डा ने बोला हमला
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को महिलाओं के खिलाफ अपराध, भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों को लेकर राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए लोगों से आह्वान किया कि अगर वे राज्य में परिदृश्य बदलना चाहते हैं तो सरकार बदलें। उन्होंने अशोक गहलोत सरकार को घरों को लूटने वाली 'गृह-लूट' सरकार बताते हुए कहा कि सरकार ने विधायकों को भ्रष्टाचार की खुली छूट दे दी है और पैसा दिल्ली में पार्टी के 'आकाओं' की जेब भरने के लिए भेजा जाता है। विपक्षी दलों के गठबंधन पर नड्डा ने कहा कि उन्हें जनता की परवाह नहीं है और उन्हें अपना परिवार बचाने की चिंता है इसलिए वे प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ हाथ मिला लिया है। उन्होंने कहा कि 'महागठबंधन के लोग मोदी जी को हटाना चाहते हैं क्योंकि उन्हें देश की नहीं, बल्कि केवल अपने परिवार की चिंता है। लालू को तेजस्वी की चिंता है, सोनिया को राहुल की चिंता है, अखिलेश को डिंपल की चिंता है, उद्धव को आदित्य की चिंता है और ममता दीदी अपने भतीजे को लेकर चिंतित हैं।'
SEPT 02, 2023 18:19 IST
बैंक धोखाधड़ी मामले में ईडी की हिरासत में भेजा गया
महानगर स्थित एक विशेष धनशोधन रोधी अदालत ने केनरा बैंक की शिकायत पर दर्ज 538 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल को शनिवार को 11 सितंबर तक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया। गोयल (74) को केंद्रीय एजेंसी ने शुक्रवार रात यहां अपने कार्यालय में लंबी पूछताछ के बाद धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें शनिवार को अदालत में पेश किया गया। धनशोधन का मामला जेट एयरवेज, गोयल, उनकी पत्नी अनीता और उनकी निष्क्रिय हो चुकी एयरलाइन के कुछ पूर्व अधिकारियों के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी से संबंधित है। बैंक की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसने जेट एयरवेज (इंडिया) लिमिटेड को 848.86 करोड़ रुपये की ऋण सीमा और कर्ज मंजूर किया, जिसमें से 538.62 करोड़ रुपये बकाया हैं। इसमें आरोप लगाया गया कि जेट एयरवेज (इंडिया) लिमिटेड ने अपनी सहायक कंपनियों को धन हस्तांतरित किया।
SEPT 02, 2023 18:11 IST
केजरीवाल की मंत्री आतिशी ने जी20 सम्मेलन पर क्या बोलीं?
जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों पर आप मंत्री आतिशी का कहना है, 'यह भारत और दिल्ली के लिए गर्व की बात है कि जी20 शिखर सम्मेलन यहां हो रहा है। और हमें दिल्ली की सुंदरता और विरासत को पूरी दुनिया के सामने दिखाने का मौका मिल रहा है। अब दिल्ली दुनिया भर से आए लोगों का स्वागत करने के लिए तैयार है। यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात होगी जब पूरी दुनिया से आने वाले प्रतिनिधि दिल्ली की सराहना करेंगे।'
SEPT 02, 2023 18:09 IST
जालना पहुंचे शरद पवार ने हिंसा की घटना पर जताया अफसोस
महाराष्ट्र के जालना में राकांपा प्रमुख शरद पवार ने कहा कि 'हमारे प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल और विधायक राजेश टोपे ने मुझे घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। राजेश टोपे ने मुझसे जल्द से जल्द यहां आने का अनुरोध किया, यह घटना बहुत गंभीर है और अगर प्रभावित लोगों को सांत्वना नहीं दी गई या उनकी देखभाल नहीं की गई तो वहां संभावना है कि यह घटना पूरे महाराष्ट्र में फैल सकती है। इसलिए जयंत पाटिल और मैंने तुरंत यहां आने और लोगों से मिलने का फैसला किया।'
SEPT 02, 2023 18:06 IST
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नरेश गोयल को 11 सितंबर तक ईडी की हिरासत
जेट एयरवेज के संस्थापक और चेयरमैन नरेश गोयल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पीएमएलए कोर्ट ने 11 सितंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। ईडी ने 14 दिन की हिरासत मांगी थी।
SEPT 02, 2023 18:04 IST
सीबीआई ने तीन रेलवे अधिकारियों के खिलाफ दायर की चार्जशीट
सूत्रों ने दावा किया है कि बालासोर ट्रेन हादसे में गिरफ्तार तीन रेलवे अधिकारियों के खिलाफ सीबीआई ने आरोपपत्र दाखिल किया. गिरफ्तार अधिकारियों पर आईपीसी की धारा 304 (2), धारा 34 सहपठित धारा 201 और रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 153 के तहत आरोप लगाए गए हैं।
SEPT 02, 2023 16:33 IST
चंद्रयान-3 और आदित्य एल-1 के बाद अब क्या है ISRO का प्लान?
भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी (ISRO) ने चंद्रयान-3 की सफलता के बाद अपने पहले सूर्य मिशन आदित्य एल-1 का सफल प्रक्षेपण कर दिया है। यह 125 दिनों की यात्रा पूरी करके अपनी निर्धारित जगह यानी L1 प्वाइंट पर पहुंचेगा, जहां से यह सूर्य पर नजर रखेगा। इसरो का कहना है कि आदित्य एल-1 को लैग्रेजियन प्वाइंट पर सौर हवा का वास्तविक अवलोकन करने के लिए डिजाइन किया गया है। पढ़ें पूरी खबर
SEPT 02, 2023 16:30 IST
G20 समिट, शिवलिंग और फव्वारे की सियासत
दिल्ली में शिवलिंग के आकार के फव्वारे लगाए गए तो सियासत में उबाल आ गया। केजरीवाल सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि फव्वारे के रूप में 'शिवलिंग' स्थापित करके पाप किया गया, उपराज्यपाल को देश से माफी मांगनी चाहिए। पढ़ें पूरी खबर
SEPT 02, 2023 14:53 IST
प्रधानमंत्री ने सूर्य मिशन के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो को बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के पहले सूर्य मिशन के सफल प्रक्षेपण के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनंसुधान संगठन (इसरो) और इसके वैज्ञानिकों को शनिवार को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए अतंरिक्ष की बेहतर समझ विकसित करने के वास्ते हमारे अथक वैज्ञानिक प्रयास जारी रहेंगे।’’
SEPT 02, 2023 14:20 IST
ओडिशा में एक करोड़ रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद, दो गिरफ्तार
ओडिशा के पुरी जिले में पुलिस ने एक करोड़ रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि एक खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल ने शुक्रवार शाम पिपली इलाके में छापेमारी कर 80 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की।
SEPT 02, 2023 13:31 IST
ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका से टी20 श्रृंखला जीती
कप्तान मिशेल मार्श ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी जबकि मैथ्यू शार्ट ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली जिससे आस्ट्रेलिया ने दूसरे टी20 क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल की। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया जिसने आठ विकेट पर 164 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट पर 165 रन बनाकर 31 गेंद शेष रहते हुए जीत दर्ज की।
SEPT 02, 2023 13:30 IST
कांग्रेस ने ‘आदित्य एल1' के प्रक्षेपण को शानदार उपलब्धि बताया
कांग्रेस ने शनिवार को ‘आदित्य एल1’ मिशन को देश के लिए शानदार उपलब्धि करार दिया और इसकी ऐतिहासिक परिष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि परियोजना को साल 2009 में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की मंजूरी मिली थी। सूर्य मिशन से संबंधित उपग्रह ‘आदित्य एल1’ को शनिवार पूर्वाह्न 11.50 बजे श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से प्रक्षेपित किया किया गया। इस उपग्रह को सूर्य परिमंडल के दूरस्थ अवलोकन और पृथ्वी से लगभग 15 लाख किलोमीटर दूर ‘एल1’ (सूर्य-पृथ्वी लैग्रेंजियन बिंदु) पर सौर हवा का वास्तविक अवलोकन करने के लिए डिजाइन किया गया है।
SEPT 02, 2023 13:30 IST
जोकोविच संघर्षपूर्ण जीत से अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में
नोवाक जोकोविच ने कभी हार नहीं मानने के अपने जज्बे का शानदार नमूना पेश करते हुए पहले दो सेट गंवाने के बावजूद जीत दर्ज करके अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के चौथे दौर में प्रवेश किया।जोकोविच ने तीसरे दौर में लास्लो जेरे को साढ़े तीन घंटे तक चले मैच में 4-6, 4-6, 6-1, 6-1, 6-3 से पराजित किया। यह मैच शुक्रवार को शुरू हुआ और शनिवार को एक बजकर 30 मिनट पर समाप्त हुआ।
