LIVE

आज की ताजा खबर, 2 फरवरी 2026 हिंदी न्यूज Live: किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं? पोल में भाग लेकर दें अपनी राय

अमित कुमार मंडलUpdated Feb 2, 2026, 16:16 IST

आज की ताजा खबर लाइव, 02 फरवरी 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [संसद का बजट सत्र], [मौसम का अपडेट], [डोनाल्ड ट्रंप] [पीएम मोदी] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: एसआईआर पर मचे घमासान के बीच पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी आज दिल्ली आएंगी। इस दौरान उनका कार्यक्रम एसआईआर के मुद्दे पर चुनाव आयोग से मुलाकात करना होगा। उधर, वहीं, आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा होगी। बीजेपी की ओर से चर्चा की शुरुआत सांसद सदानंद करेंगे। पिछले दिनों राष्ट्रपति मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया था। वहीं, दुनिया की खबरों की बात करें तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान वाशिंगटन के साथ समझौता कर लेगा। यह बयान ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की उस चेतावनी के कुछ घंटों बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका द्वारा शुरू किया गया कोई भी संघर्ष क्षेत्रीय युद्ध में बदल जाएगा। जानिए देश दुनिया की अहम खबरें-

आज की ताजा खबर, 2 फरवरी 2026 हिंदी न्यूज Live: किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं? पोल में भाग लेकर दें अपनी राय
आज की ताजा खबर, 2 फरवरी 2026 हिंदी न्यूज Live: किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं? पोल में भाग लेकर दें अपनी राय

  • पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी आज दिल्ली आएंगी
  • आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा होगी
  • ट्रंप बोले - उम्मीद है कि ईरान वाशिंगटन के साथ समझौता कर लेगा
  • दिल्ली एनसीआर में ठंड और कोहरे का दौर जारी
  • कश्मीर में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया

FEB 02, 2026 16:15 IST

किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं?

FEB 02, 2026 15:29 IST

बिहार सबसे तेजी से वृद्धि करने वाले राज्यों में, प्रति व्यक्ति आय 76 हजार रु. हुई: वित्त मंत्री

बिहार के वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सोमवार को कहा कि बिहार देश में सबसे तेज गति से विकास करने वाले राज्यों में शामिल हो गया है और राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 76 हजार रुपये हो गई है।

विधानमंडल में बिहार आर्थिक समीक्षा प्रस्तुत करने के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यादव ने कहा कि वृद्धि दर के मामले में बिहार दूसरे स्थान पर है, जबकि तमिलनाडु पहले स्थान पर है।

उन्होंने कहा, ’’बिहार की आर्थिक वृद्धि दर 13.1 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय दर 7.3 प्रतिशत से काफी अधिक है।’’

यादव ने कहा, ’’राज्य की प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो 69 हजार रुपये से बढ़कर 76 हजार रुपये हो गई है।
सरकार का ध्यान औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन पर केंद्रित है।’’
उन्होंने बताया कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने के उद्देश्य से पूर्व मुख्य सचिव नवीन कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसे छह माह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

वित्त मंत्री ने कहा, ’’आर्थिक नीति के तहत सरकार ने शुरुआती 10 वर्षों में बिजली और सड़क अवसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया। अब सरकार का जोर औद्योगिकीकरण और रोजगार सृजन पर है, ताकि राज्य के लोगों की आय में तेजी से वृद्धि हो सके।’’

वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में वित्त मंत्री ने कहा, ’’2024–25 के लिए नवीनतम त्वरित अनुमान के अनुसार बिहार का राज्य सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) स्थिर मूल्य (2011–12) पर 8.6 प्रतिशत और वर्तमान मूल्य पर 13.1 प्रतिशत की दर से बढ़ा है। इस दौरान जीएसडीपी का आकार स्थिर मूल्य पर 5.31 लाख करोड़ रुपये और वर्तमान मूल्य पर 9.92 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है। यह वृद्धि दर राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर से अधिक रहने का अनुमान है।
FEB 02, 2026 15:28 IST

महाराष्ट्र मंत्री की चेतावनी: जिला परिषद चुनाव में शिवसेना (उबाठा) जीती तो निधि में कटौती संभव

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नीतेश राणे ने विपक्षी शिवसेना (उबाठा) पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर आगामी जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव में विपक्षी पार्टी के उम्मीदवार जीतते हैं, तो उनके क्षेत्रों के विकास कार्यों के लिए मिलने वाला फंड रोका जाएगा।

राज्य में सात फरवरी को 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए चुनाव होंगे और मतों की गिनती नौ फरवरी को होगी।

राणे ने सिंधुदुर्ग जिले के कंकावली के फोंडा निर्वाचन क्षेत्र में रविवार को एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ’’मैं चुनाव चिह्न देखकर ही धनराशि जारी करता हूं। अगर मुझे कमल या धनुष-बाण (भाजपा और शिवसेना के चुनाव चिह्न) दिखाई देते हैं, तो धनराशि तुरंत स्वीकृत कर दी जाती है, लेकिन अगर गलती से भी जलती हुई मशाल का चुनाव चिह्न दिखाई देता है, तो मैं पहले से स्वीकृत धनराशि में भी कटौती कर सकता हूं।’’

जलती हुई मशाल शिवसेना (उबाठा) का चुनाव चिह्न है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता राणे, गठबंधन सहयोगी शिवसेना के उम्मीदवार के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि यह रुख ग्राम पंचायत चुनावों के दौरान भी अपनाया गया था।

राणे ने कहा, ’’हमने सभी सरपंचों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी थी कि वे अपनी ग्राम पंचायतें हमें सौंप दें, अन्यथा उन्हें एक रुपया भी नहीं मिलेगा। परिणामस्वरूप, सभी सरपंच तुरंत हमारे पक्ष में आ गए।’’
FEB 02, 2026 15:28 IST

हरमनप्रीत, मंधाना और दिव्या ‘2025 बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन अवार्ड्स' के लिए नामांकित

भारत की महिला विश्व कप 2025 की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाने वाली कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप-कप्तान स्मृति मंधाना तथा शतरंज की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिव्या देशमुख ’2025 बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर’ पुरस्कारों के लिए नामांकित हैं।

पिस्टल निशानेबाजी में सनसनी मचाने वाली सुरुचि सिंह और ट्रैक एवं फील्ड एथलीट ज्योति याराजी इस प्रतिष्ठित वार्षिक पुरस्कार के लिए नामांकित अन्य दो खिलाड़ी हैं।

बीबीसी न्यूज की अंतरिम वैश्विक निदेशक फियोना क्रैक ने एक विज्ञप्ति में कहा, ’’ ’इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर’ पुरस्कार पूरे भारत में महिलाओं की खेल प्रतिभाओं के एक वर्ष का प्रतीक है और बीबीसी विश्व सेवा अन्य किसी भी मीडिया प्रदाता की तुलना में इन प्रयासों को प्रदर्शित करने और उनका जश्न मनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।’’

उन्होंने कहा, ’’हम इन महिलाओं को भारत और दुनिया भर के दर्शकों के सामने अपनी मेहनत से हासिल की गई उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करके रोमांचित हैं।’’

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत ने नवंबर 2025 में देश को आईसीसी महिला विश्व कप का पहला खिताब दिलाया था।

उन्होंने घरेलू सरजमीं पर खेले गये विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 339 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए 88 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली।

हरमनप्रीत की 2017 में इसी प्रतिद्वंदी के खिलाफ एक अन्य विश्व कप सेमीफाइनल में 171 रनों की नाबाद पारी को आज भी महिला क्रिकेट की महानतम पारियों में से एक माना जाता है।
FEB 02, 2026 15:27 IST

उत्पादकता बढ़ाने के लिए आधुनिक बीज नीति तैयार करें: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रति हेक्टेयर उत्पादकता बढ़ाने के लिए आधुनिक बीज नीति तैयार करें। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के मुताबिक एक बैठक में बीज नीति पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि उत्पादन की वास्तविक शक्ति उच्च गुणवत्ता वाले, भरोसेमंद और प्रमाणित बीजों में निहित है।

उन्होंने कहा है कि प्रदेश के लिए नई और आधुनिक ’बीज नीति’ समय की मांग है। भूमि जोत लगातार घट रही है, ऐसे में ध्यान केवल रकबे पर नहीं, बल्कि प्रति हेक्टेयर उत्पादकता बढ़ाने पर होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि उच्च उपज, रोग-प्रतिरोधी और जलवायु-सहिष्णु किस्मों के विकास को प्राथमिकता देते हुए ऐसी बीज नीति तैयार की जाए जो आने वाले वर्षों की कृषि चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करे।

मुख्यमंत्री ने अगले पांच वर्षों के लिए प्रदेश की बीज उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और उपलब्धता को नए स्तर तक ले जाने के लिए ठोस रोडमैप तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बीज उत्पादन, प्रसंस्करण और भंडारण की पूरी प्रक्रिया में आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग आवश्यक है, ताकि प्रमाणित बीज की कमी न हो और किसान सशक्त बन सकें।
FEB 02, 2026 13:24 IST

किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं ?

FEB 02, 2026 12:07 IST

कीमती धातुओं में गिरावट का दौर जारी, चांदी में 23,900 रुपए की गिरावट तो सोना 5,700 रुपए हुआ सस्ता

सर्राफा बाजार में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। बजट में सोना और चांदी को लेकर कोई बड़ी या सीधी घोषणा नहीं की गई, इसके बावजूद कमोडिटी मार्केट में कीमती धातुओं पर दबाव साफ दिखा।


हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, सोमवार को एमसीएक्स (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) पर सोना और चांदी दोनों में तेज गिरावट देखी गई। चांदी अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से करीब 1.79 लाख तक टूट चुकी है, जबकि सोना भी फिसलकर करीब 1.37 लाख रुपए के स्तर पर आ गया है। बीते तीन दिनों से सोने-चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।

फिलहाल खबर लिखे जाने तक (सुबह 11.22 बजे) एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना 5,719 रुपए यानी 4.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,36,498 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। तो वहीं मार्च डिलीवरी वाली चांदी 23,908 रुपए सस्ती होकर 2,41,744 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई, जिसमें करीब 9 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों की मुनाफावसूली और कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते सर्राफा बाजार में दबाव बना हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो सोमवार की शुरुआती ट्रेडिंग में स्पॉट गोल्ड करीब 4 प्रतिशत तक टूट गया, जबकि चांदी में भी लगभग इतनी ही गिरावट देखने को मिली। हालांकि, पहले 12 प्रतिशत तक गिरने के बाद चांदी 80 डॉलर प्रति औंस के स्तर से ऊपर टिकने में सफल रही। इससे पहले सत्र में चांदी ने पिछले 10 वर्षों की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट दर्ज की थी, जिससे बाजार में हलचल तेज हो गई।
FEB 02, 2026 12:06 IST

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट को सराहा, कहा- विकास को मिलेगी नई गति

केंद्र सरकार द्वारा रविवार को पेश किए गए आम बजट पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। आम बजट को उन्होंने देश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने वाला बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने बजट पेश किया, जिसे पूरे देश ने देखा और सुना। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री और गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया।



मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि यह बजट रोजगार सृजन को बढ़ावा देने वाला है और युवाओं व महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए व्यापक अवसर प्रदान करता है। आज दिल्ली सरकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर सभी योजनाओं पर मिलकर काम कर सकती है, जिससे विकास की गति और तेज होगी। बजट में दिल्ली के लिए किए गए आवंटन पर भी उन्होंने धन्यवाद व्यक्त किया।
FEB 02, 2026 09:04 IST

दलाई लामा को मिला ग्रैमी अवॉर्ड

लॉस एंजिल्स में 68वें वार्षिक ग्रैमी पुरस्कार समारोह आयोजित हो रहा है और इस दौरान कुछ ऐतिहासिक पलों के बाद शुरुआत से ही उत्साह चरम पर है। इस मौके पर खास लोगों ने पुरस्कार जीता है जिनमें दलाई लामा भी शामिल हैं। दलाई लामा ने ऑडियो बुक, नैरेटर और स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग के लिए अपना पहला ग्रैमी पुरस्कार जीता, जिसमें उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस केतनजी ब्राउन जैक्सन को हराया।
FEB 02, 2026 08:23 IST

कोलकाता में हिंसा का ताजा मंजर

कोलकाता में कल शाम हिंसा का ताजा मंजर देखने को मिला जब बदमाशों ने गोलपार्क के पास जमकर उत्पात मचाया और कंकुलिया रोड पर कथित तौर पर गोलियां चलाईं और देसी बम फेंके। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हमला कुख्यात अपराधी सोना पप्पू के नेतृत्व वाले गिरोह ने किया। इस मामले में कोलकाता पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
FEB 02, 2026 08:25 IST

बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान परिसर में अजित पवार का स्मारक बनेगा

महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार का स्मारक पवार परिवार द्वारा स्थापित बारामती स्थित शिक्षण संस्थान विद्या प्रतिष्ठान के परिसर में बनाया जाएगा। यह जानकारी उनके एक करीबी सहयोगी ने दी है। अजित पवार (66) और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। अजित पवार के करीबी सहयोगी और पवार परिवार के विश्वासपात्र किरण गुजर ने रविवार को बताया कि स्मारक विद्या प्रतिष्ठान परिसर में बनाने की योजना है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया था। गुजर ने कहा, आज शरद पवार साहब मुंबई रवाना होने से पहले प्रतिभा पवार के साथ अंतिम संस्कार स्थल पर गए और मुझे और विद्या प्रतिष्ठान के न्यासियों को अजीत दादा के स्मारक के लिए एक योजना तैयार करने का निर्देश दिया।
FEB 02, 2026 07:08 IST

बलूचिस्तान में हिंसा का दौर

Violence In Balochistan: बलूचिस्तान में बलूच विद्रोहियों के हमलों से पाकिस्तान की सेना बौखला गई है और उसने बलूचिस्तान में कत्लेआम शुरू कर दिया है। आसिम मुनीर की सेना की जवाबी कार्रवाई में करीब 150 की मौत हुई है। पाकिस्तान सुरक्षा बलों ने रविवार को बलूचिस्तान में सिलसिलेवार हमलों के पीछे के विद्रोहियों के साथ ही आम जनता पर भी कहर बरपाना शुरू कर दिया है। रॉयटर्स ने आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि हिंसा में कम से कम 31 नागरिक, 17 सुरक्षाकर्मी और 145 विद्रोही मारे गए हैं। इस अशांत प्रांत में हाल के वर्षों में हुए इन हमलों में सबसे घातक हमले हुए हैं, जिसके बाद इस्लामाबाद ने जवाबी कार्रवाई की कसम खाई है।
FEB 02, 2026 06:45 IST

कश्मीर में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार तड़के जम्मू और कश्मीर के बारामूला जिले में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। उन्होंने बताया कि भूकंप का केंद्र पट्टन क्षेत्र था और यह सुबह 5:35 बजे आया। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक भूकंप से किसी प्रकार के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
FEB 02, 2026 06:21 IST

दिल्ली में घना कोहरा

FEB 02, 2026 06:18 IST

दिल्ली में आज ठंड के साथ घना कोहरा

दिल्ली में आज का मौसम (02 Feb 2026): दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद एक बार फिर से घने कोहरे की वापसी हो गई है। राजधानी क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। जिसके बाद ठंड का एहसास भी बढ़ गया है। आज सुबह दिल्ली में घना कोहरा भी छाया रहा। जिसके कारण विजिबिलिटी बहुत कम हो गई। जिससे सड़कों पर वाहनों चालकों को काफी परेशानी हुई। घने कोहरे के कारण पैदल चलने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने सुबह के समय दिल्ली के कई इलाकों में घने कोहरे का रेड अलर्ट भी जारी किया।
FEB 02, 2026 06:00 IST

ममता बनर्जी आज आएंगी दिल्ली

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी आज दिल्ली आएंगी। इस दौरान उनका कार्यक्रम एसआईआर के मुद्दे पर चुनाव आयोग से मुलाकात करना होगा। बंगाल में एसआईआर के मुद्दे पर सियासी घमासान मचा हुआ है। ममता सरकार लगातार इसका विरोध कर रही है, और चुनाव आयोग उसके निशाने पर है। कुछ बीएलओ की मौत के बाद सियासत और गहरा गई है।
FEB 02, 2026 08:13 IST

आज संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा


वहीं, आज संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा होगी। बीजेपी की ओर से चर्चा की शुरुआत सर्बानंद सोनोवाला करेंगे। पिछले दिनों राष्ट्रपति मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया था।
FEB 02, 2026 05:59 IST

ट्रंप बोले- कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता

फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने क्षेत्र में अहम सैन्य साजो-सामान तैनात किया है, लेकिन दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच वह कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देता है। ट्रंप ने कहा, हमारे पास दुनिया के सबसे बड़े और सबसे शक्तिशाली जहाज वहां बहुत करीब तैनात हैं, और उम्मीद है कि कुछ दिनों में हम समझौता कर लेंगे। अगर समझौता नहीं होता है, तो हमें पता चल जाएगा कि वह सही थे या नहीं। इससे पहले शनिवार को ट्रंप ने एयर फोर्स वन में सवार होकर कहा कि अमेरिका ने ईरान के निकट क्षेत्र में बहुत शक्तिशाली नौसैनिक संपत्तियों को तैनात किया है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि बातचीत से एक स्वीकार्य परिणाम निकलेगा।
FEB 02, 2026 05:59 IST

डोनाल्ड ट्रंप ने जताई ईरान से समझौते की उम्मीद

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान वाशिंगटन के साथ समझौता कर लेगा। यह बयान ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की उस चेतावनी के कुछ घंटों बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका द्वारा शुरू किया गया कोई भी संघर्ष क्षेत्रीय युद्ध में बदल जाएगा। ट्रंप ने आगे कहा कि अगर समझौता नहीं होता है, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि खामेनेई की चेतावनी सही थी या नहीं।