LIVE

हिंदी समाचार, 19 मार्च 2024: कांग्रेस की CEC ने करीब 30 उम्मीदवारों के नाम पर लगाई मुहर, हरियाणा मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार

हिंदी समाचार, 19 मार्च 2024: कांग्रेस की CEC ने करीब 30 उम्मीदवारों के नाम पर लगाई मुहर, हरियाणा मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार
हिंदी समाचार, 19 मार्च 2024: कांग्रेस की CEC ने करीब 30 उम्मीदवारों के नाम पर लगाई मुहर, हरियाणा मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार

हिंदी न्यूज़ लाइव 19 मार्च 2024 और बड़ी खबरें: कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने मंगलवार को विभिन्न राज्यों के करीब 30 संसदीय क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई। पार्टी उम्मीदवारों की तीसरी सूची जल्द जारी हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और चंडीगढ़ में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई तथा करीब 30 नामों को मंजूरी दी गई। सूत्रों ने बताया कि सीईसी ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी और मध्य हिस्से में आने वाली सीटों पर चर्चा की और विशेष रूप से वाम दलों के साथ गठबंधन की संभावना के मद्देनजर चर्चा की गई। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया, भाजपा विधायक कमल गुप्ता ने मंत्री पद की शपथ ली। हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार के तहत फरीदाबाद के बड़खल से विधायक सीमा त्रिखा, पानीपत ग्रामीण से विधायक महिपाल ढांडा ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली। इसके अलावा भाजपा विधायक असीम गोयल, अभय सिंह यादव और सुभाष सुधा ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली। वहीं भाजपा विधायक बिशम्बर सिंह वाल्मीकी और संजय सिंह ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 19 मार्च 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार, आज की बड़ी खबरों पर जानिए अपडेट।

MAR 19, 2024 22:09 IST

स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को किया चैलेंज, जानें क्या कहा

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की नेता स्मृति ईरानी ने कहा कि अगर कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद को धर्मनिरपेक्ष मानते हैं तो उन्हें धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर (चुनाव) लड़ना चाहिए । एक मीडिया समूह के कार्यक्रम में ईरानी ने कहा कि किसी देश की मंजिल का फैसला उस व्यक्ति द्वारा तय नहीं किया जा सकता, जो अमेठी में हार से डरता है। उत्तर प्रदेश में अमेठी को लंबे समय तक गांधी परिवार का गढ़ माना जाता रहा है। हालांकि, राहुल गांधी 2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए। मंत्री ने कहा, ‘यह पहला मौका नहीं है, जब उन्होंने मेरे हिंदू धर्म के खिलाफ कोई बयान दिया है। लेकिन, मेरा मानना है कि अगर वह धर्मनिरपेक्ष हैं, तो उन्हें धर्म के आधार पर नहीं लड़ना चाहिये, बल्कि उन्हें मुद्दों पर लड़ना चाहिये ।’ ईरानी ने कहा कि चुनावी राजनीति में जीत और हार अंतर्निहित है, लेकिन सच्चा नेतृत्व किसी के विश्वास और सिद्धांतों पर दृढ़ रहने से प्रदर्शित होता है।
MAR 19, 2024 22:08 IST

कांग्रेस की सीईसी ने करीब 30 उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने मंगलवार को विभिन्न राज्यों के करीब 30 संसदीय क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई। पार्टी उम्मीदवारों की तीसरी सूची जल्द जारी हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और चंडीगढ़ में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई तथा करीब 30 नामों को मंजूरी दी गई। सूत्रों ने बताया कि सीईसी ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी और मध्य हिस्से में आने वाली सीटों पर चर्चा की और विशेष रूप से वाम दलों के साथ गठबंधन की संभावना के मद्देनजर चर्चा की गई। पार्टी के एक नेता ने कहा, 'पश्चिम बंगाल में हम इस पर विचार कर रहे हैं कि कौन सीट कांग्रेस के लिए बेहतर है और किन सीट पर वाम दल मजबूत हैं।' कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता वाली सीईसी की बैठक में पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और सीईसी के कई अन्य सदस्य शामिल हुए। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बैठक में मौजूद नहीं थे।
MAR 19, 2024 21:53 IST

गाजियाबाद में छठी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद जिले के मुरादनगर थाना इलाके में छठी कक्षा की छात्रा से कथित तौर पर लगातार दुष्कर्म किये जाने से उसके गर्भवती होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुरादनगर पुलिस ने आदिल नामक 20 वर्षीय युवक को 13 वर्षीय पड़ोसी लड़की से बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रविवार रात जब पीड़िता के पेट में तेज दर्द हुआ और वह बेहोश गई तब पिता को मामले की जानकारी मिली, इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद चिकित्सकों ने उसके पिता को बताया कि उनकी बेटी गर्भवती है, इसके बाद जब पिता ने अपनी बेटी से उसके गर्भवती होने के बारे में सख्ती से पूछा तो उसने बताया कि पिछले तीन महीने से उनकी अनुपस्थिति में आदिल उसके घर आता था। पुलिस के अनुसार लड़की ने पिता को बताया कि एक दिन आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर उससे बलात्कार किया, उसी दिन से वह उसका यौन शोषण कर रहा था।
MAR 19, 2024 19:08 IST

MCD ने हटाए 60 हजार से अधिक पोस्टर, बैनर, होर्डिंग

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) लागू होने के मद्देनजर अपने सभी 12 क्षेत्रों से कुल 60,587 'पोस्टर', 'बैनर', 'होर्डिंग' और छोटे बोर्ड हटा दिए हैं। नगर निकाय ने अपने शहादरा उत्तरी क्षेत्र से सबसे अधिक 12,143 पोस्टर हटाए हैं। इसके बाद शहादरा दक्षिण क्षेत्र से 11,680 और दक्षिण क्षेत्र से 4,359 पोस्टर हटाए गए। चुनाव आयोग ने शनिवार को 2024 लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी, जिसके तुरंत बाद आदर्श आचार संहिता लागू हो गई जो चुनाव परिणाम घोषित होने तक लागू रहेगी। क्षेत्रवार समेकित रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने रविवार तक अपने 12 क्षेत्रों से कुल 44,550 पोस्टर, 7,117 होर्डिंग, 4,939 बैनर और 3,981 छोटे बोर्ड हटा दिए। चुनाव कार्यालय के नियमों के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर किसी भी प्रकार के पोस्टर, 'होर्डिंग' या 'बैनर', जो किसी राजनीतिक दल या नेता का प्रचार करते हों, को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के 24 घंटे के भीतर हटाना होगा। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा 16 मार्च को की गई थी।
MAR 19, 2024 18:04 IST

हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार: इन नेताओं ने ली शपथ

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया, भाजपा विधायक कमल गुप्ता ने मंत्री पद की शपथ ली। हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार के तहत फरीदाबाद के बड़खल से विधायक सीमा त्रिखा, पानीपत ग्रामीण से विधायक महिपाल ढांडा ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली। इसके अलावा भाजपा विधायक असीम गोयल, अभय सिंह यादव और सुभाष सुधा ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली। वहीं भाजपा विधायक बिशम्बर सिंह वाल्मीकी और संजय सिंह ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली।
MAR 19, 2024 16:09 IST

पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू भाजपा में शामिल हुए

अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। ऐसी संभावना है कि भाजपा उन्हें पंजाब के अमृतसर से लोकसभा चुनाव में उतार सकती है। वह पार्टी महासचिव विनोद तावड़े और तरुण चुघ की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। भाजपा में शामिल होते हुए संधू ने भारत-अमेरिका संबंधों की प्रगति के बारे में बात की और कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग जैसे कई क्षेत्रों में विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा को उनकी राजनीतिक पारी के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह विकास उनके गृहनगर अमृतसर तक भी पहुंचना चाहिए।
MAR 19, 2024 16:09 IST

दिवंगत भाजपा कार्यकर्ता को याद कर भावुक हुए PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को यहां उस वक्त भावुक हो गए जब उन्होंने 10 साल पहले जिले में मारे गए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता को याद किया। इस कुछ समय के लिए उन्होंने अपना भाषण रोक दिया। भाजपा द्वारा आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने दिवंगत भाजपा नेता के एन लक्ष्मणन सहित जिले से जुड़ी तीन हस्तियों को याद किया। हालांकि, वह ‘ऑडिटर’ रमेश के बारे में बात करते हुए भावुक हो गए, जिनकी हत्या कर दी गई थी। इस दौरान, प्रधानमंत्री ने कुछ समय के लिए अपना भाषण रोक दिया। जब फिर से बोलना शुरू किया तो उन्होंने पार्टी के लिए रमेश के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा, ‘मैं ऑडिटर रमेश को नहीं भूल सकता। दुर्भाग्य से आज रमेश हमारे बीच नहीं हैं। रमेश ने पार्टी के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत की और वह एक अच्छे वक्ता थे। लेकिन उनकी हत्या कर दी गई। आज मैं उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’ पेशे से ऑडिटर वी रमेश का ताल्लुक सलेम से था और पार्टी की राज्य इकाई के महासचिव थे। जुलाई 2013 में उनकी उनके घर में हत्या कर दी गई थी। मोदी ने दिवंगत लक्ष्मणन को भी श्रद्धांजलि अर्पित की और तमिलनाडु में पार्टी को बढ़ाने में उनके योगदान को याद किया।
MAR 19, 2024 14:58 IST

सुप्रीम कोर्ट ने CAA के पालन पर फिलहाल नहीं लगाई रोक

सुप्रीम कोर्ट ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए), 2019 और नागरिक संशोधन नियम, 2024 पर रोक लगाने की मांग वाली याचिकाओं पर केंद्र को नोटिस जारी किया। हालांकि कोर्ट ने केंद्र सरकार को बड़ी राहत दी है। अदालत ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के पालन पर फिलहाल रोक लगाने से इनकार कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर
MAR 19, 2024 14:25 IST

कार्ति चिदंबरम को अदालत में पेश होने का आदेश

दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने चीनी वीजा मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम और अन्य के खिलाफ दायर प्रवर्तन निदेशालय की अभियोजन शिकायत (चार्जशीट) पर संज्ञान लिया। कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम समेत आरोपपत्र में नामित सभी आरोपियों को समन जारी किया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को 5 अप्रैल 2024 को कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया।
MAR 19, 2024 13:50 IST

दो भारतीय अपराधियों को नेपाल में गिरफ्तार किया गया

दक्षिणी नेपाल में कथित तौर पर डकैती करने के प्रयास में अधिकारियों ने दो भारतीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। दोनों अपराधियों को दक्षिणी नेपाल के सरलाही जिले से गिरफ्तार किया गया। जिला पुलिस कार्यालय सरलाही के अनुसार, संदिग्धों की पहचान मोतिहारी के रहने वाले जितेंद्र राउत और उनके साथी शनि सिंह के रूप में हुई है। सोमवार को पुलिस ने उन्हें कथित तौर पर डकैती करने के प्रयास में गिरफ्तार किया था। अपराधी पुलिस को देखकर भागने की फिराक में थे लेकिन पुलिस को उन्हें पकड़ने के लिए गोली चलानी पड़ी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस की गोली से राउत के घुटने में चोट लग गई। फिलहाल मलंगवा के प्रांतीय अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
MAR 19, 2024 13:49 IST

राज ठाकरे ने अमित शाह से मुलाकात की

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता राज ठाकरे ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। यह मुलाकात इस बात का संकेत है कि भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में अपने गठबंधन को मजबूत करने के लिए राज ठाकरे के साथ गठबंधन की इच्छुक है। ठाकरे सोमवार को यहां पहुंचे और जब वह शाह से मिले तब भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे भी मौजूद थे। अगर गठबंधन हो जाता है तो मनसे को मुंबई में एक सीट दी जा सकती है जहां उनके चचेरे भाई उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाले शिवसेना के गुट का कुछ प्रभाव है। जब शिवसेना एकजुट थी तब राज ठाकरे ने इससे नाता तोड़ लिया था। बाद में शिवसेना की अगुवाई उद्धव ठाकरे ने की। राज ठाकरे के अच्छा वक्ता होने के बावजूद उनकी मनसे खासा प्रभाव नहीं डाल सकी।
MAR 19, 2024 13:48 IST

तमिलनाडु में भाजपा के लिए जनसमर्थन बढ़ रहा है : प्रधानमंत्री मोदी

तमिलनाडु में भाजपा के लिए जनसमर्थन की चर्चा पूरे भारत में की जा रही है, यह समर्थन और आशीर्वाद द्रमुक की नींद उड़ा रहा है : प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु में कहा।
MAR 19, 2024 12:38 IST

कर्नाटक: आयकर विभाग ने खानपान की श्रृंखला पर छापेमारी की

आयकर विभाग ने खानपान का कारोबार करने वाली एक प्रसिद्ध श्रृंखला पर मंगलवार को छापा मारा है। इस श्रृंखला के बेंगलुरू के पॉश इलाकों में रेस्तरां हैं। इस खानपान की श्रृंखला का स्वामित्व हैदराबाद स्थित कारोबारी समूह के पास है और इसके कोरमंगला और इंदिरा नगर समेत बेंगलुरु में नौ रेस्तरां हैं। यह पता नहीं चल सका है कि छापे कर चोरी से संबंधित हैं या इनका कारण कुछ और है, क्योंकि आयकर अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। रेस्तरां के मालिक टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं थे।
MAR 19, 2024 12:37 IST

प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु पर बहुत कम ध्यान दिया : कांग्रेस

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी के तमिलनाडु दौरे से पहले मंगलवार को दावा किया कि उन्होंने दक्षिण भारत के इस राज्य की ओर बहुत कम ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री मंगलवार को तमिलनाडु के सलेम जिले एवं केरल के पालक्कड़ के दौरे पर होंगे। रमेश ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, "प्रधानमंत्री आज तमिलनाडु के सलेम और केरल के पालक्कड़ का दौरा कर रहे हैं। कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न हैं जिनका उन्हें अवश्य समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पिछले कुछ हफ्तों में तमिलनाडु का लगातार दौरा कर रहे हैं, हालांकि उन्होंने इस राज्य पर बहुत कम ध्यान दिया है। उदाहरण के लिए, दिसंबर 2023 में चक्रवात संकट के दौरान उन्होंने राज्य में कदम नहीं रखा। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने चक्रवात के बाद पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए मोदी सरकार से 37,907 करोड़ रुपये जारी करने का आग्रह कई बार किया है।
MAR 19, 2024 12:36 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने केरल के पालक्कड़ में रोड शो किया

प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में 26 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव में अपने उम्मीदवारों के लिए समर्थन बढ़ाने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रयासों के तहत मंगलवार को यहां एक रोड शो किया। फूलों से सजे, खुली छत वाले वाहन में खड़े मोदी ने कोट्टामैदान अंचुविलाक्कु से सुबह करीब 10 बजकर 45 मिनट पर रोड शो शुरू किया और उनका काफिला शहर में हेड पोस्ट ऑफिस की ओर बढ़ा। प्रधामनंत्री तमिलनाडु के कोयंबटूर से एक हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचे थे। भाजपा समर्थकों समेत हजारों लोग फूल, माला, पार्टी के झंडे, मोदी के पोस्टर और पार्टी की टोपियां पहने एक किलोमीटर के रोड शो मार्ग के दोनों ओर कतारबद्ध खड़े रहे।
MAR 19, 2024 11:21 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में रोड शो किया

प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में पालक्काड लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में रोड शो किया।
MAR 19, 2024 11:16 IST

दिल्ली में वायु गुणवत्ता हुई खराब

दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता का स्तर 69 प्रतिशत दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 219 दर्ज किया गया जो खराब श्रेणी में है।
MAR 19, 2024 10:19 IST

लोकसभा चुनाव SC की निगरानी में हों, बोले डेरेक ओब्रायन

तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट के दखल की मांग की है। टीएमसी के वरिष्ठ नेता डेरेक ओब्रायन ने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि लोकसभा चुनाव सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हों क्योंकि भारतीय जनता पार्टी की चालें निर्वाचन आयोग जैसी संस्थाओं को नष्ट कर रही हैं। राज्यसभा में टीएमसी के नेता ने कहा कि क्या भाजपा लोगों का सामना करने से इतनी घबरा गई है कि वह निर्वाचन आयोग को अपनी पार्टी के कार्यालय में बदल रही है?
MAR 19, 2024 09:33 IST

अमेरिकी सीनेटर ने सीएए नियमों की अधिसूचना पर चिंता व्यक्त की

अमेरिका के एक सीनेटर ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) लागू करने के वास्ते भारत सरकार द्वारा नियमों को अधिसूचित किये जाने पर चिंता जताते हुए कहा है कि जैसे-जैसे अमेरिका-भारत संबंध गहराते जा रहे हैं, यह अहम है कि सहयोग धर्म से परे सभी के मानवाधिकारों की रक्षा के साझा मूल्यों पर आधारित हो। भारत सरकार ने पिछले हफ्ते नागरिकता (संशोधन) अधिनियम 2019 का लागू कर दिया था जिससे पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के ऐसे गैर-मुस्लिम प्रवासियों को भारतीय नागरिकता मिलने का रास्ता साफ हो गया है जिनके पास दस्तावेज़ नहीं हैं और वे 31 दिसंबर 2014 से पहले भारत आ गए थे। सीनेट की शक्तिशाली विदेश संबंध समिति के अध्यक्ष सीनेटर बेन कार्डिन ने कहा, मैं विवादास्पद नागरिकता संशोधन अधिनियम को अधिसूचित करने के भारत सरकार के फैसले से, खासकर भारत के मुस्लिम समुदाय पर इस कानून के संभावित प्रभाव से बहुत चिंतित हूं। मामले को बदतर बनाने वाली बात यह है कि इसे रमज़ान के पवित्र महीने के दौरान लागू किया जा रहा है।
MAR 19, 2024 08:49 IST

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 4 नक्सली मारे गए

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस मुठभेड़ में 4 नक्सली मारे गए हैं। महाराष्ट्र पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि एक बड़ा नक्सल ग्रुप लोक सभा चुनावों में बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए गढ़चिरौली के जंगलों में छिपा है। जानकारी के बाद महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल C-60 कमांडो और CRPF के कमांडो ने ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक नक्सली और सुरक्षाबलों के बीच एनकाउंटर चली। बाद में पुलिस ने मौके से 4 नक्सलियों के शव बरामद किए। पुलिस ने AK-47 राइफल समेत कई हथियार जब्त भी किए हैं।