LIVE

आज की ताजा खबर, 19 जनवरी: उत्तर भारत में ठंड का सितम जारी, सोलापुर की रैली में भावुक हुए पीएम मोदी

आलोक कुमार रावUpdated Jan 19, 2024, 23:59 IST

aaj ki taza khabar 19 january 2024
आज की ताजा खबर, 19 जनवरी: उत्तर भारत में ठंड का सितम जारी, सोलापुर की रैली में भावुक हुए पीएम मोदी

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 19 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: अयोध्या में राम लला की मूर्ति की पहली तस्वीर सामने आ गई है। प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 22 जनवरी को होगा। दिल्ली में गणतंत्र दिवस की तैयारी चल रही है। सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। आज से दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है। उत्तर भारत में सर्दी एवं कोहरे का सितम जारी है। रिश्ते में तनाव के बीच भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर की कंपाला में अपने मालदीव के समकक्ष के साथ मुलाकात हुई है। मालदीव से भारतीय सैनिकों की वापसी पर दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। दोनों नेताओं की यह मुलाकात NAM बैठक से इतर हुई। बैठक में दोनों नेताओं ने मालदीव में जारी विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने की मंशा दिखाई। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा है कि देश में भाजपा की लहर कमजोर पड़ रही है और केंद्र में अगली सरकार 'इंडी' गठबंधन की बनेगी। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 18 जनवरी की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।

JAN 19, 2024 23:59 IST

भोपाल से अयोध्या के लिए रवाना हुए उज्जैन के लड्डुओं के प्रसाद रथ

अयोध्या में राम मंदिर में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। इस मौके पर मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में बने पांच लाख लड्डुओं का वितरण किया जाएगा। यह प्रसाद रथ शुक्रवार को भोपाल से अयोध्या के लिए रवाना हुए।
JAN 19, 2024 23:28 IST

दिल्ली : ‘पिटबुल' ने हमला कर बच्ची को घायल किया

उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में कथित तौर पर एक कुत्ते ने डेढ़ साल की एक बच्ची पर हमला कर दिया, जिसमें उसे तीन फ्रैक्चर आए और शरीर पर कई टांके लगाये गये। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना दो जनवरी को उस समय हुई, जब बुराड़ी के सी ब्लॉक में रहने वाली बच्ची और उसके दादा जागेश्वर मेहता टहलने के लिए अपने घर से निकले थे। पुलिस ने बताया कि इसी दौरान ‘पिटबुल’ कुत्ते ने बच्ची पर कथित रूप से हमला कर दिया।
JAN 19, 2024 22:25 IST

कांग्रेस ने असम में अपनी यात्रा के दौरान भ्रष्टाचार को प्रमुख मुद्दा बनाया

कांग्रेस असम में अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय’ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के मु्द्दे को लेकर लगातार हमले कर रही है। यात्रा का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शर्मा पर देश में ‘‘सबसे भ्रष्ट’’ मुख्यमंत्री होने का आरोप लगाया। असम में यात्रा का आज दूसरा दिन था। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने दावा किया कि पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लगातार ध्यान केंद्रित कर रही है क्योंकि यह राज्य के लोगों के लिए सबसे प्रासंगिक मुद्दा है।
JAN 19, 2024 21:46 IST

ओडिशा: सिमलीपाल बाघ अभयारण्य से 23 अवैध हथियार जब्त

ओडिशा पुलिस ने पिछले कुछ महीनों में सिमलीपाल बाघ अभयारण्य (एसटीआर) के आसपास विभिन्न स्थानों से 23 अवैध हथियार जब्त किए और इस सिलसिले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (मयूरभंज) एस. सुश्री ने बताया, ''कुल 23 अवैध हथियार जब्त किए गए और इस संबंध में नौ थानों में 14 मुकदमे दर्ज किए गए।''
JAN 19, 2024 21:27 IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चेन्नई में ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स' की शुरुआत की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ की शुरुआत की और कहा कि केंद्र सरकार भारत में 2029 यूथ ओलंपिक और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए प्रयास कर रही है।प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वे एक साथ मिलकर ‘‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’’ की सच्ची भावना का प्रदर्शन कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि भारतीय खेलों के मद्देनजर 2024 की शुरुआत के लिए ‘यूथ गेम्स’ सर्वश्रेष्ठ तरीका है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ की शुरुआत की और कहा कि केंद्र सरकार भारत में 2029 यूथ ओलंपिक और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए प्रयास कर रही है। प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वे एक साथ मिलकर ‘‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’’ की सच्ची भावना का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय खेलों के मद्देनजर 2024 की शुरुआत के लिए ‘यूथ गेम्स’ सर्वश्रेष्ठ तरीका है।
JAN 19, 2024 21:05 IST

दिल्ली के उत्तम नगर में दीवार पर खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे मिले

गणतंत्र दिवस से कुछ दिन पहले, पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक सरकारी स्कूल की दीवार पर खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे मिले। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीवार पर ‘‘खालिस्तान एसएफजे जिंदाबाद’’ के नारे लिखे थे और बृहस्पतिवार रात को इसका पता चला।
JAN 19, 2024 20:18 IST

गणतंत्र दिवस पर देश के विभिन्न राज्यों से आई साड़ियों से सजेगा कर्तव्य पथ

संस्कृति मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि लोगों को देश के परिधानों की विविधता से रूबरू कराने के लिए गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान कर्तव्य पथ के किनारे विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की साड़ियों का प्रदर्शन किया जाएगा। देश 26 जनवरी को अपना 75वां गणतंत्र दिवस मनाएगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। संस्कृति मंत्रालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''गणतंत्र दिवस पर इस वर्ष की परेड का एक आकर्षण होगा 'अनंत सूत्र' के रूप में भारत के विभिन्न प्रदेशों और केंद्र शासित प्रदेशों की साड़ियों का शानदार प्रदर्शन।''
JAN 19, 2024 18:19 IST

दक्षिणी फिलीपीन में भूस्खलन में घर दबने से 10 लोगों की मौत

दक्षिणी फिलीपीन में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक घर दब गया जिससे पांच बच्चों समेत कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। घटना के समय ईसाई समुदाय के लोग घर में प्रार्थना कर रहे थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सरकार के नागरिक सुरक्षा कार्यालय के क्षेत्रीय प्रमुख एडनार दयानघिरंग ने बताया कि यह घटना दवाओ डी ओरो प्रांत के मोनकायो कस्बे में दूरस्थ पहाड़ी पर स्थित एक गांव में हुई। इस घटना में दो लोग घायल भी हुए हैं और कम से कम एक ग्रामीण लापता है।
JAN 19, 2024 17:32 IST

लालू ने नीतीश से की मुलाकात, तेजस्वी का दावा - सब ठीक है

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री एवं जदयू प्रमुख नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मौके पर लालू प्रसाद के बेटे एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी उनके साथ थे। बैठक के बाद अपने आवास लौटे तेजस्वी यादव ने संवाददाताओं से कहा कि दरार की अफवाहें ‘‘जमीनी हकीकत’’ से अलग हैं।
JAN 19, 2024 15:42 IST

IGI पर 26 जनवरी तक रोजाना दो घंटे उड़ान परिचालन निलंबित रहेगा

गणतंत्र दिवस की तैयारियों और समारोहों के मद्देनजर 26 जनवरी तक हर दिन पूर्वाह्न 10.20 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक दिल्ली हवाई अड्डे पर किसी भी उड़ान का आगमन या प्रस्थान नहीं होगा। विमानन क्षेत्र से जुड़े एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा जारी नोटम (वायुकर्मियों को नोटिस) में प्रतिबंध को संशोधित किया गया है। इससे पहले, कुछ अपवादों को छोड़कर केवल गैर-निर्धारित उड़ानों के लिए प्रतिबंध लागू थे।
JAN 19, 2024 14:34 IST

उत्तर कोरिया ने किया पानी के भीतर परमाणु हमला करने वाले ड्रोन का परीक्षण

उत्तर कोरिया ने शुक्रवार को कहा कि उसने इस सप्ताह दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान के संयुक्त नौसैन्य अभ्यास के जवाब में पानी में परमाणु हमले करने वाले ड्रोन का परीक्षण किया है। उत्तर कोरिया ने अपने दुश्मन देशों पर क्षेत्र में तनाव बढ़ाने का आरोप भी लगाया है। यह कथित ड्रोन परीक्षण ऐसे वक्त में किया गया है जब कुछ ही दिन पहले देश के नेता किम जोंग उन ने कहा था कि उनका देश अब दक्षिण कोरिया के साथ सुलह का प्रयास नहीं करेगा। साथ ही उन्होंने युद्ध में विभाजित देशों के बीच साझा राष्ट्र के विचार को खत्म करने के लिए उत्तर कोरिया के संविधान को फिर से लिखने का आह्वान किया।
JAN 19, 2024 14:26 IST

Aaj Ki Taza Khabar: प्राण प्रतिष्ठा के लिए आधे दिन की छुट्टी पर फारूक का तंज

राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम देखने के लिए आधे दिन की छुट्टी पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। फारूक ने शुक्रवार को कहा कि 'आधे दिन की छुट्टी क्यों? आप मालिक हैं..पूरे दिन और पूरे महीने की छुट्टी करिए।' उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए उन्हें न्योता नहीं मिला है।
JAN 19, 2024 12:27 IST

Aaj Ki Taza Khabar: सोलापुर रैली में भावुक हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के सोलापुर में शुक्रवार को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बनाए गए 15,024 मकान लाभार्थियों को सौंपे। इस मौके पर लाभार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्ष में, उनकी सरकार ने गरीबी उन्मूलन के उद्देश्य से योजनाएं क्रियान्वित की हैं। आवास योजना के बारे में अपनी बात रखते हुए प्रधानमंत्री भावुक भी हो गए। रूंधे गले से उन्होंने कहा कि 'ये चीजें होते हुए देखता हूं तो मन को संतोष होता है। हजारों परिवारों के सपने जब साकार होते हैं तो इनके आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। काश बचपन में मुझे भी ऐसे घर में रहने का मौका मिला होता।'
JAN 19, 2024 11:09 IST

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन कैसा रहेगा मौसम

प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए केवल चार दिन शेष रहने पर, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को अयोध्या और उसके आसपास के क्षेत्रों के लिए एक अलग से वेबपेज लॉन्च किया। इस पेज पर अयोध्या और उसके आस पास के इलाके की मौसम अपडेट लोगों को मिलेगी। इस वेब पेज पर अयोध्या और उसके आस-पास के इलाके के लिए 23 जनवरी तक मौसम का अपडेट दिया गया है।
JAN 19, 2024 09:51 IST

Aaj Ki Taza Khabar: 3 देशों के अंतरिक्ष यात्री स्पेश स्टेशन के लिए रवाना

तुर्किये, स्वीडन और इटली के अंतरिक्ष यात्री बृहस्पतिवार को एक चार्टर्ड स्पेसएक्स उड़ान से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना हुए। फाल्कन रॉकेट ने तीनों व्यक्तियों को लेकर दोपहर को नासा के केनेडी अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरी। इन तीनों के पास सेना में पायलट का अनुभव है और वे अपने-अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनके कैप्सूल के शनिवार को अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने की उम्मीद है। वे वहां दो सप्ताह का वक्त बिताएंगे और इस दौरान कई प्रयोग करेंगे, स्कूली बच्चों से बातचीत करेंगे और वापस लौटने से पहले पृथ्वी के दृश्य देखेंगे।
JAN 19, 2024 08:24 IST

'देश की आस्था का अपमान करती है कांग्रेस'

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ ने अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह को ‘‘राजनीतिक समारोह’’ बताने के लिए राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं की बृहस्पतिवार को आलोचना की और कहा कि यह उनके ‘‘राम विरोधी’’ रुख को दर्शाता है। चुघ ने कहा कि कांग्रेस भारतीय सांस्कृतिक लोकाचार के खिलाफ ‘हमेशा विभाजनकारी राजनीति’ करती है। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘प्राण प्रतिष्ठा समारोह राष्ट्रीय आस्था का विषय है जिसमें सभी जातियों और समुदायों के लोग भाग लेंगे। भगवान श्री राम राष्ट्रीय गौरव हैं लेकिन दुर्भाग्य से, कांग्रेस इससे दूर रहने का निर्णय लेकर इस समारोह का राजनीतिकरण कर रही है।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हमेशा ‘देश की आस्था के प्रतीकों का अपमान’ करते रहे हैं।
JAN 19, 2024 07:48 IST

Aaj Ki Taza Khabar: दिल्ली में विमान सेवा पर मौसम की मार

JAN 19, 2024 07:47 IST

दावोस में स्मृति बोलीं-सरकार की योजनाओं के केंद्र में महिलाएं

स्विटजरलैंड की राजधानी दावोस में विश्व आर्थिक मंच की 54वीं बैठक चल रही है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि पीएम मोदी ने अपने 10 वर्षों के कार्यकाल में विकास योजनाओं के केंद्र में महिलाओं को रखा है।
JAN 19, 2024 06:59 IST

Aaj ki Taza Khabar: राजस्थान में 22 को आधे दिन के अवकाश की घोषणा

राजस्थान विधानसभा सत्र से पूर्व बृहस्पतिवार रात को भाजपा विधायक दल की बैठक को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधित किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देजनर 22 जनवरी को राजस्थान में आधे दिन की छुट्‌टी की घोषणा की। विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और अन्य उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा समेत मंत्रिमंडल के सदस्य और विधायक मौजूद रहे।
JAN 19, 2024 06:59 IST

Aaj ki Taza Khabar:दिल्ली में आग लगने से 6 लोगों की झुलसकर मौत

उत्तर पश्चिमी दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में बृहस्पतिवार की शाम एक घर में आग लगने से कम से कम छह लोगों की झुलसकर मौत हो गई। दमकल अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि इमारत की पहली मंजिल पर यह आग लगी।