LIVE
आज की ताजा खबर, 19 अगस्त 2023: उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, लद्दाख में 9 जवान शहीद
लद्दाख दौरे पर गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आज एक अलग ही रूप देखने को मिला। 53 साल के राहुल गांधी ने यहां वो कारनामा किया जिसका सपना लगभग हर युवा देखता है। लद्दाख की सड़कों पर बाईक राइडिंग का। राहुल गांधी ने भी कुछ समय पहले अपना सपना बयां किया था कि वो बाइक से लद्दाख की यात्रा करना चाहते हैं, जिसे अब उन्होंने पूरा कर लिया है। ऑरेंज-ग्रे थीम रंग में एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हो चुकी है। इसे चेन्नई में इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) में पटरियों पर उतारा गया है। नई ट्रेन आईसीएफ द्वारा शुरू की जाने वाली 31वीं वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। हालांकि यह यात्रियों के लिए कब शुरू होगी इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है।
AUG 19, 2023 21:52 IST
Ladakh में आर्मी के जवानों को ले जा रहा वाहन खाई में गिरा: JCO समेत नौ की गई जान
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह में शनिवार (19 अगस्त, 2023) को एक सड़क हादसे में भारतीय सेना नौ फौजियों की जान चली गई। जवानों को ले जा रहा वाहन शाम को दक्षिणी लद्दाख के न्योमा के केरे में सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा था। खबर अपडेट किए जाने तक राहत और बचाव अभियान चल रहा था। पूरी खबर पढ़ें
AUG 19, 2023 20:32 IST
सरकार ने स्थानीय आपूर्ति बढ़ाने के लिए प्याज पर 40% निर्यात शुल्क लगाया
सरकार ने मूल्य वृद्धि पर अंकुश लगाने और घरेलू बाजार में आपूर्ति में सुधार के लिए शनिवार को प्याज के निर्यात पर 40 प्रतिशत शुल्क लगाया। वित्त मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा कि 31 दिसंबर, 2023 तक प्याज पर 40 प्रतिशत निर्यात शुल्क लगाया है। निर्यात शुल्क इन खबरों के बीच लगाया गया है कि सितंबर में प्याज की कीमतें बढ़ने की आशंका है।
AUG 19, 2023 17:20 IST
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने एक बार फिर से उत्तराखंड में आफत की भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए रविवार से प्रदेशभर में भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह का कहना है कि रविवार को प्रदेश के तीन जिलों देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद 21,22,23,24 और 25 अगस्त को प्रदेशभर के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। जबकि 26 अगस्त से भारी बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।
AUG 19, 2023 15:27 IST
कर्नाटक में 23 अगस्त को सरकार के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन
बीजेपी नेता और कर्नाटक के पूर्व सीएम बसवराज बोम्मई का कहना है कि 'भ्रष्टाचार, तानाशाही और गैर-विकास सभी का विरोध करने की जरूरत है, इसलिए 23 अगस्त (अगस्त) को येदियुरप्पा के नेतृत्व में हमने बेंगलुरु में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है।'
AUG 19, 2023 14:24 IST
लद्दाख में राहुल गांधी ने फर्राटे से दौड़ाई बाइक
लद्दाख दौरे पर गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आज एक अलग ही रूप देखने को मिला। 53 साल के राहुल गांधी ने यहां वो कारनामा किया जिसका सपना लगभग हर युवा देखता है। लद्दाख की सड़कों पर बाईक राइडिंग का। राहुल गांधी ने भी कुछ समय पहले अपना सपना बयां किया था कि वो बाइक से लद्दाख की यात्रा करना चाहते हैं, जिसे अब उन्होंने पूरा कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर
AUG 19, 2023 13:53 IST
जेपी नड्डा 20 अगस्त को जाएंगे हिमाचल
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा राज्य में भारी बारिश और बाढ़ से हुई तबाही का जायजा लेने के लिए 20 अगस्त को हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे।
AUG 19, 2023 13:51 IST
रतन टाटा को उद्योग रत्न पुरस्कार
उद्योगपति रतन टाटा को उनके आवास पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार और देवेंद्र फड़नवीस ने उद्योग रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया। इस मौके पर सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि रतन टाटा और टाटा ग्रुप का देश के लिए योगदान बहुत बड़ा है। महाराष्ट्र सरकार द्वारा दिए गए इस पुरस्कार को स्वीकार करने के लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं।
AUG 19, 2023 13:48 IST
नई वंदे भारत एक्सप्रेस ऑरेंज कलर में ट्रैक पर उतरी
ऑरेंज-ग्रे थीम रंग में एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हो चुकी है। इसे चेन्नई में इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) में पटरियों पर उतारा गया है। नई ट्रेन आईसीएफ द्वारा शुरू की जाने वाली 31वीं वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। हालांकि यह यात्रियों के लिए कब शुरू होगी इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है। कुछ हफ्ते पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कोच फैक्ट्री का दौरा किया था और निर्माणाधीन नई ऑरेंज थीम वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का निरीक्षण करते हुए उनकी तस्वीरें शेयर की थीं। पढ़ें पूरी खबर
AUG 19, 2023 12:04 IST
दिल्ली के वेलकम इलाके में एक रात में तीन लूट की वारदातें
राजधानी दिल्ली के वेलकम इलाके में दिल दहला देने वाली वारदातों के अंजाम दिया गया। एक ही रात में एक के बाद एक लूट की तीन वारदातों को अंजाम दिया गया। लूट के दौरान चाकू से हमला किया गया, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पढें पूरी खबर
AUG 19, 2023 11:19 IST
Byju's ने 400 तो स्पार्टन पोकर ने 125 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला
बायजूज (Byju's) ने एक बार फिर छंटनी की है। इस बार छंटनी की वजह परफॉर्मेंस रिव्यू बताई गई है। मेंटॉरिंग एंड प्रोडक्ट एक्सपर्ट डिविजन से 400 से ज्यादा एंप्लॉयीज को नौकरी से हटाया गया है। जुलाई में इनके परफॉर्मेंस का रिव्यू किया गया था। इन्हें 17 अगस्त को इस्तीफे सौंपने के लिए कहा गया। वहीं दूसरी तरफ ऑनलाइन पोकर प्लेटफॉर्म, स्पार्टन पोकर (Spartan Poker) ने अपने करीब 125 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। पढ़ें पूरी खबर
AUG 19, 2023 10:45 IST
AI को लेकर क्या है भारत का प्लान?
प्रधानमंत्री ने बताया कि हम एआई-संचालित भाषा अनुवाद मंच 'भाषिणी' का निर्माण कर रहे हैं। यह भारत की सभी विविध भाषाओं में डिजिटल समावेशन का समर्थन करेगा! भारत का डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा वैश्विक चुनौतियों के लिए स्केलेबल, सुरक्षित और समावेशी समाधान प्रदान करता है। पढ़ें पूरी खबर
AUG 19, 2023 10:12 IST
जी20 की बैठक में पीएम मोदी का संबोधन
बेंगलुरु में जी20 डिजिटल अर्थव्यवस्था मंत्रियों की बैठक में नरेंद्र मोदी ने भारत की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि हर महीने, हमारी त्वरित भुगतान प्रणाली, यूपीआई पर लगभग 10 अरब लेनदेन होते हैं। उन्होंने कहा कि समाधान के लिए भारत एक आदर्श परीक्षण प्रयोगशाला है। जो समाधान भारत में सफल होता है उसे दुनिया में कहीं भी आसानी से लागू किया जा सकता है।
AUG 19, 2023 08:50 IST
ग्वालियर में आसमान से गिरा रहस्यमयी गोला
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में उस समय हलचल मच गई, जब सूचना मिली की एक रहस्यमयी गोला आसमान से गिरा है। जिस खेत में यह गोला गिरा है, वहां एक गड्ढा भी हो गया है। गोला गिरने की खबर के बाद आसपास के लोग खौफ में हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और फिर उसने वैज्ञानिकों तक सूचना पहुंचाई, जिसके बाद वैज्ञानिक इस रहस्मयी गोले की जांच में जुटे हैं। पढ़ें पूरी खबर
AUG 19, 2023 08:47 IST
ब्रिटेन के खिलाफ रूस का एक्शन
व्लादिमीर पुतिन के गिरफ्तारी की मांग करने वाले आईसीसी अभियोजक पर रूस ने प्रतिबंध लगा दिया था। साथ ही यूक्रेन हमले का विरोध करने को लेकर रूस ने ब्रिटेन के मंत्रियों पर प्रतिबंधों की घोषणा की है। ब्रिटेन के 54 नागरिकों को मास्को में प्रवेश करने पर रोक लगा दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर
AUG 19, 2023 06:59 IST
AUG 19, 2023 06:58 IST
अमरनाथ यात्रा के दौरान एक की मौत
जम्मू-कश्मीर: बिहार के रोहतास जिले के तुंबा गांव के निवासी एक तीर्थयात्री विजय कुमार शाह (50) पवित्र अमरनाथ गुफा से लौटते समय कालीमाता के पास फिसल गए और 300 फीट नीचे गिर गए। तीर्थयात्री को माउंटेन रेस्क्यू टीम और सेना ने संयुक्त रूप से बचाया, लेकिन बाद में उनकी मृत्यु हो गई। ये जानकारी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने साझा की है।
AUG 19, 2023 06:47 IST
कोटा में छात्रों की आत्महत्या पर गहलोत की बैठक
कोटा में कोचिंग छात्रों की आत्महत्या को लेकर चिंता कम होने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में कोचिंग सेंटर संचालकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि आप नौवीं और दसवीं कक्षा के छात्रों को कोचिंग संस्थानों में दाखिला दिलाकर अपराध कर रहे हैं। यह माता-पिता की भी गलती है। पढ़ें पूरी खबर
AUG 19, 2023 06:35 IST
नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से बच्चे के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से पांच वर्षीय लड़के का अपहरण करने के आरोप में 34 साल के एक व्यक्ति को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को दिल्ली आई ओडिशा निवासी एक महिला ने अपने बेटे के नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से लापता होने की सूचना दी थी। वह सुबह इंदौर से कटक के लिए ट्रेन पकड़ने आई थी।
AUG 19, 2023 06:34 IST
सपा के सोशल मीडिया समन्वयक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
समाजवादी पार्टी (सपा) के सोशल मीडिया समन्वयक मनीष जगन अग्रवाल के खिलाफ एक महिला नेता की शिकायत पर अशोभनीय भाषा का उपयोग करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल के संचालक मनीष जगन अग्रवाल ने 17 अगस्त, 2023 को इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह के एक पोस्ट के जवाब में अत्यंत अशोभनीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
AUG 19, 2023 06:34 IST
झारखंड में नौ महीने की बच्ची में बर्ड फ्लू की पुष्टि
राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाज करा रही नौ महीने की बच्ची के ‘बर्ड फ्लू’ से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। संस्थान के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। झारखंड के रामगढ़ जिले की रहने वाली बच्ची को बुखार,कफ और सांस लेने में दिक्कत जैसे लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शिशु रोग विभाग के चिकित्सक राजीव मिश्रा ने बताया कि बच्ची के नाक का ‘स्वाब’ जांच के लिए भेजा गया था जिसमें ‘बर्ड फ्लू’ की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया, ‘‘अस्पताल में इस साल बर्ड फ्लू का यह पहला मामला है। बच्ची का मेरे विभाग में इलाज चल रहा है।’’ मिश्रा ने बताया कि इस मामले में भी कोविड-19 जैसे एहतियात बरते जा रहे हैं और बच्ची को अन्य लोगों से अलग रखा गया है।
