LIVE

ताजा खबर, हिंदी समाचार, 18 फरवरी 2024: कमलनाथ के समर्थक कांग्रेस विधायक भी पहुंचे दिल्ली; बिहार के बाद अब झारखंड में जाति आधारित गणना

LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 18 फरवरी 2024

ताजा खबर, हिंदी समाचार, 18 फरवरी 2024: कमलनाथ के समर्थक कांग्रेस विधायक भी पहुंचे दिल्ली; बिहार के बाद अब झारखंड में जाति आधारित गणना

ताजा खबर, हिंदी न्यूज़ 18 फरवरी 2024 और बड़ी खबरें: भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच कमलनाथ के समर्थक कांग्रेस विधायक दिल्ली पहुंचे हैं। एक ओर राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा चल रही है, वहीं दूसरी ओर उनकी अपनी पार्टी लगातार टूट रही है। कहीं न कहीं आलाकमान के लिए ये बड़ी टेंशन की बात है। वहीं बिहार के बाद अब झारखंड में भी जाति आधारित गणना होने जा रही है। सूबे के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बिहार की तर्ज पर जाति आधारित सर्वेक्षण को हरी झंडी दे दी है। इसकी जानकारी अधिकारी ने साझा करते हुए ये बताया कि सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो झारखंड जाति सर्वेक्षण लोकसभा चुनाव के बाद शुरू होगा। सीएम चंपई ने अधिकारियों से जाति आधारित सर्वेक्षण का मसौदा तैयार करने और इसे मंजूरी के लिए मंत्रिमंडल के समक्ष रखने को कहा है।
19 फरवरी की ताजा खबर
IND vs ENG 3rd Test Day 4,LIVE Score

FEB 18, 2024 20:26 IST

दिल्ली का लाल किला पर्यटकों के लिए फिर से खोला गया

किसानों के मार्च के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से करीब एक सप्ताह पहले पर्यटकों के लिए बंद किए गए ऐतिहासिक लाल किला परिसर को फिर से खोल दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। पुरानी दिल्ली में स्थित मुगल काल के इस विश्व धरोहर स्थल को 'सुरक्षा कारणों' से सोमवार देर रात को 'अचानक सील' कर दिया गया था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'इसे दो दिन पहले फिर से खोला गया।' लाल किला सोमवार को पर्यटकों के लिए नियमित रूप से बंद रहता है, इसलिए उन्हें 19 फरवरी को परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा। किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैन्य बलों की तैनाती के बीच लाल किले को सुरक्षा कारणों से पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। सूत्रों ने कहा कि इस पर्यटन स्थल को फिर से खोलने के लिए आधिकारिक तौर पर कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। इसे पुलिस के निर्देशों के अनुसार बंद किया गया था और तदनुसार फिर से खोल दिया गया है।
FEB 18, 2024 19:04 IST

राहुल गांधी ने किया दावा, 'देश का एक्स-रे है जाति जनगणना'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को यहां भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जाति जनगणना देश का एक्सरे है, इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। स्वराज भवन से निकलकर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पास लक्ष्मी टाकीज चौराहे पर उन्होंने कहा, 'जाति जनगणना आपका (युवाओं) का हथियार है और आपको पता लगाना है कि आपकी आबादी कितनी है और दूसरे नंबर पर पता लगाना है कि देश के धन पर आपकी कितनी हिस्सेदारी है।' उन्होंने कहा, 'इस देश में 73 प्रतिशत जातियों के पास कितना धन है? जाति जनगणना देश का एक्सरे है। इससे सब पता लग जाएगा तथा दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।' भीड़ से एक छात्र को अपनी जीप पर बुलाकर राहुल गांधी ने उससे पूछा, 'आप कौन-से वर्ग से हैं।' छात्र ने जवाब दिया कि वह ओबीसी वर्ग से है। इस पर राहुल गांधी ने कहा, 'देश में ओबीसी वर्ग 50 प्रतिशत है, दलित वर्ग 15 प्रतिशत है और आदिवासी वर्ग आठ प्रतिशत है।' उन्होंने कहा, 'इस देश में आप जैसे युवाओं का कोई भविष्य नहीं है। आपकी (ओबीसी, दलित, आदिवासी) आबादी 73 प्रतिशत है, लेकिन हिंदुस्तान में शीर्ष 200 कंपनियों में से एक कंपनी का भी मालिक ओबीसी, दलित नहीं है। देश के सबसे बड़े 90 आईएएस अधिकारियों की सूची में महज तीन लोग आपके वर्ग से हैं। मीडिया में आपका एक भी आदमी नहीं है।'
FEB 18, 2024 18:42 IST

अमेठी में एक ही दिन मौजूद होंगे राहुल और स्मृति ईरानी

भारत जोड़ो यात्रा पर निकले अमेठी से पूर्व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 19 फरवरी को एक बार फिर अमेठी में एक साथ मौजूद होंगे। ईरानी 19 फरवरी से अमेठी के चार दिवसीय दौरे पर आ रही हैं और संयोग से उसी दिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी अपनी यात्रा पर अमेठी पहुंच रहे हैं। ईरानी अपने भाषणों में अमेठी से पूर्व सांसद राहुल गांधी और नेहरू गांधी परिवार की खुलकर आलोचना करती रही हैं। ईरानी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल को पराजित किया था। उसके बाद से अमेठी में वे दोनों सम्भवतः पहली बार एक साथ मौजूद होंगे। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि सांसद स्मृति ईरानी चार दिन अमेठी में रहेंगी। उनके मुताबिक इस दौरान गांवों में वह जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनेंगी तथा 22 फरवरी को अपने गृह प्रवेश कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी एवं पूजा-अर्चना करेंगी। कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा भी कल ही अमेठी पहुंच रही है। राहुल गांधी अमेठी में रोड शो और जनसभा करेंगे। हालांकि दोनों का आमना-सामना होने की संभावना बहुत कम है क्योंकि राहुल गांधी जहां अमेठी में रोड शो और जनसभा करेंगे, वहीं स्मृति ईरानी गांवों में जन संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
FEB 18, 2024 17:13 IST

कमलनाथ ने कांग्रेस की टेंशन में किया और इजाफा, जानें माजरा

भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच कमलनाथ के समर्थक कांग्रेस विधायक दिल्ली पहुंचे हैं। एक ओर राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा चल रही है, वहीं दूसरी ओर उनकी अपनी पार्टी लगातार टूट रही है। कहीं न कहीं आलाकमान के लिए ये बड़ी टेंशन की बात है। देखना होगा कि कमलनाथ क्या करते हैं। पढ़ें पूरी खबर
FEB 18, 2024 16:39 IST

पंजाब के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध 24 फरवरी तक बढ़ा

केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर पटियाला, संगरूर और फतेहगढ़ साहिब समेत पंजाब के कुछ जिलों के चुनिंदा इलाकों में इंटरनेट सेवाओं पर लागू प्रतिबंध 24 फरवरी तक बढ़ा दिया गया है। इससे पहले किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च के मद्देनजर 12 फरवरी से 16 फरवरी तक पंजाब के इन जिलों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से 16 फरवरी को जारी आदेश के मुताबिक पटियाला के शंभू, जुल्कान, पासियां, पातरन, शत्राना, समाना, घनौर, देवीगढ़ और बलभेरा पुलिस थानों के अंतर्गत आने वाले इलाकों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी। इसके अलावा मोहाली में लालरू पुलिस थाना क्षेत्र, बठिंडा में संगत पुलिस थाना क्षेत्र, मुक्तसर में किल्लियांवाली पुलिस थाना क्षेत्र, मानसा में सरदुलगढ़ और बोहा पुलिस थाना क्षेत्र तथा संगरूर में खनौरी, मूनक, लेहरा, सुनाम और छाजली पुलिस थाना क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लागू किया गया है। केंद्र सरकार ने पंजाब के इन क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लगाने के लिए 1885 के टेलीग्राफ अधिनियम के तहत अपनी विशेष शक्तियों का इस्तेमाल किया।
FEB 18, 2024 16:35 IST

लक्षद्वीप समेत विभिन्न द्वीपों के विकास पर ध्यान देगी सरकार

केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय लक्षद्वीप को विकसित करने के लिए एक स्थायी पर्यटन विकास मॉडल अपनाएगा, हालांकि इस दौरान इसकी पारिस्थितिकी और पर्यावरण का खास ध्यान रखा जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पर्यटन मंत्रालय, बेंगलुरु कार्यालय के निदेशक, मोहम्मद फारूक ने कहा कि घरेलू द्वीपों को बढ़ावा देने के अलावा, पर्यटन को विकसित करने के लिए भारत में कम लोकप्रिय स्थानों की पहचान की जा रही है और छोटे प्रचार कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रालय कम से कम कुछ समय के लिए इन कम ज्ञात गंतव्यों में बड़े पैमाने पर पर्यटन को प्रोत्साहित नहीं करना चाहता है, ताकि स्थानों की सुंदरता और पारिस्थितिक संवेदनशीलता बनी रहे।
FEB 18, 2024 16:35 IST

इजराइल के हमले में गाजा में 18 लोगों की मौत

इजराइल ने शनिवार रात को गाजा में हमले किए, जिससे कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। चिकित्सा कर्मियों और चश्मदीदों ने रविवार को यह जानकारी दी। इस बीच, अमेरिका ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र में संघर्ष विराम प्रस्ताव पेश होने पर फिर से वह वीटो शक्ति का इस्तेमाल करेगा। अमेरिका, इजराइल का करीबी सहयोगी है। वह बंधकों को छुड़ाने के लिए इजराइल और हमास के बीच वार्ता का पक्षधर है। रफह में रातभर हुए हवाई हमले में एक महिला और तीन बच्चों सहित छह लोग मारे गए जबकि अन्य हमले में दक्षिणी शहर खान यूनिस में पांच लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा, इजराइली हमले की चपेट में आने से गाजा शहर के एक घर में रहने वाले सात लोगों की जान चली गई। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख ने कहा कि दक्षिणी गाजा में सेवा देने वाला मुख्य चिकित्सा केंद्र ‘नासिर अस्पताल’ पिछले सप्ताह के अंत में इजराइल द्वारा की गई छापेमारी के बाद से संचालित नहीं हो पा रहा है।
FEB 18, 2024 15:41 IST

अमेठी में राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होंगी प्रियंका गांधी वाड्रा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे अमेठी में प्रवेश करेगी। इस यात्रा में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी शामिल होंगी। पार्टी की जिला इकाई के एक पदाधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। कांग्रेस की अमेठी जिला इकाई के मीडिया संयोजक अनिल सिंह ने कहा, 'राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राहुल गांधी का पहला स्वागत ककवा में होगा।' उन्होंने बताया, 'यात्रा प्रतापगढ़ जिले के रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र से अमेठी की सीमा में प्रवेश करेगी। राहुल गांधीनगर टोल प्लाजा के पास एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और फुरसतगंज के पास अकेलवा मैदान में रात्रि विश्राम करेंगे और वहां से 20 फरवरी को सुबह 10:00 बजे रायबरेली के लिए प्रस्थान करेंगे।'
FEB 18, 2024 15:31 IST

मायावती को कांग्रेस ने विपक्षी गठबंधन में शामिल होने का दिया न्योता

विपक्षी पार्टियों के गठबंधन 'INDIA' में शामिल होने के लिए कांग्रेस ने बहुजन समाज पार्टी को न्योता दिया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि बसपा के लिए विपक्षी गठबंधन के दरवाजे 'खुले' हैं। हालांकि मायावती पहले ही लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं। पढ़ें पूरी खबर
FEB 18, 2024 14:20 IST

राहुल का तंज, 'डबल इंजन सरकार मतलब बेरोजगारों पर डबल मार!'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर रविवार को निशाना साधा और कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार का मतलब बेरोजगारों पर “दोहरी मार” है। राहुल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया कि आज बेरोजगारी की बीमारी से उत्तर प्रदेश का हर तीसरा युवा ग्रसित है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, 'जहां डेढ़ लाख से अधिक सरकारी पद खाली हैं, वहां न्यूनतम योग्यता वाले पदों के लिए भी ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और पीएचडी धारक लाइन लगा कर खड़े हैं।' उन्होंने कहा, 'डबल इंजन सरकार का मतलब बेरोजगारों पर 'डबल मार' है।' राहुल ने कहा, 'पहले तो भर्ती निकलना एक सपना है, भर्ती निकले तो पेपर लीक, पेपर हुआ तो नतीजे का पता नहीं और लंबे इंतजार के बाद रिजल्ट आने पर भी अक्सर भर्ती के लिये अदालत का चक्कर।'
FEB 18, 2024 14:19 IST

झारखंड में भी जाति आधारित सर्वेक्षण कराने का फैसला

बिहार के बाद अब झारखंड में भी जाति आधारित गणना होने जा रही है। सूबे के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बिहार की तर्ज पर जाति आधारित सर्वेक्षण को हरी झंडी दे दी है। इसकी जानकारी अधिकारी ने साझा करते हुए ये बताया कि सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो झारखंड जाति सर्वेक्षण लोकसभा चुनाव के बाद शुरू होगा। सीएम चंपई ने अधिकारियों से जाति आधारित सर्वेक्षण का मसौदा तैयार करने और इसे मंजूरी के लिए मंत्रिमंडल के समक्ष रखने को कहा है। पढ़ें पूरी खबर
FEB 18, 2024 12:29 IST

भाजपा ने राष्ट्रीय अधिवेशन में UPA सरकार के खिलाफ श्वेत पत्र जारी

भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था पर एक श्वेत पत्र जारी किया गया, इसमें यूपीए सरकार के पिछले 10 वर्षों के दौरान वित्तीय अनियमितताओं का विवरण दर्ज किया गया।
FEB 18, 2024 12:06 IST

तमिलनाडु में कॉटन कैंडी पर प्रतिबंध

तमिलनाडु सरकार ने शनिवार को बड़ा फैसला लेते हुए राज्य में कॉटन कैंडी की बिक्री और उत्पादन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। राज्य सरकार ने कहा है कि फूड एनालिसिस में कॉटन कैंडी में कैंसर पैदा करने वाले केमिकल पाए जाने की पुष्टि हुई है।
FEB 18, 2024 11:36 IST

तीसरे टेस्ट के लिए टीम से जुड़ेंगे रविचंद्रन अश्विन

भारत के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के अंतिम दो दिन के लिए टीम से जुड़ेंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार को इसकी पुष्टि की।
FEB 18, 2024 11:15 IST

कांग्रेस नेता मनीष तिवारी भी भाजपा के संपर्क में

सियासी गलियारों में चर्चा है कि कमलनाथ के साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी भी बीजेपी के संपर्क में हैं। वह जल्द ही कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
FEB 18, 2024 09:59 IST

जम्मू-कश्मीर: गुरेज और तुलैल घाटी में बर्फबारी

FEB 18, 2024 09:46 IST

रूस ने यूक्रेन के शहर अवदिवका पर किया कब्जा

रूसी बलों ने यूक्रेन के अवदिवका शहर को अपने कब्जे में ले लिया है। रूस के रक्षा मंत्री ने यह जानकारी दी।रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने बताया कि रूसी बल अवदिवका कोक एवं रसायन संयंत्र पर पूर्ण नियंत्रण के काफी करीब हैं।सोशल मीडिया पर शनिवार को प्रसारित वीडियो में सैनिक संयंत्र की एक इमारत पर रूसी झंडा फहराते हुए दिखाई दिये।
FEB 18, 2024 09:00 IST

वायनाड में जंगली हाथी द्वारा मारे गए वन विभाग कर्मचारी के घर पहुंचे राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी वायनाड में जंगली हाथी द्वारा मारे गए वन विभाग के चौकीदार वीपी पॉल के आवास पर पहुंचे।
FEB 18, 2024 08:15 IST

चीनी विदेश मंत्री से मिले डॉ. जयशंकर

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी से म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के दौरान मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच संक्षिप्त बातचीत भी हुई।
FEB 18, 2024 07:11 IST

पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नष्ट- कैलाश विजयवर्गीय

मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संदेशखाली घटना पर कहा, पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नष्ट हो गई है। वहां महिलाओं का कोई सम्मान नहीं है। यहां तक कि जब महिलाओं पर अत्याचार होता है तो पुलिस भी रिपोर्ट दर्ज नहीं करती है।