LIVEआज की ताजा खबर, 17 जून 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: इंदौर-भोपाल हाईवे पर एसयूवी पलटी,भाजपा नेता समेत दो की मौत; ओडिशा के कंधमाल में माओवादियों का हथियारों का जखीरा बरामद
आज की ताजा खबर लाइव, 17 जून 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ पीएम मोदी G7 अपडेट, NEET IAF Re test, Shiv Sena UBT के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप के समक्ष समुद्री जहाजों पर हमलों और नाविकों की सुरक्षा का गंभीर मुद्दा उठाया है, जबकि भारत में NEET-UG री-टेस्ट के प्रश्न पत्रों को सुरक्षित रखने के लिए वायुसेना ने सैन्य-स्तर की सुरक्षा के बीच 200 से अधिक उड़ानें भरीं। दूसरी ओर, क्रिकेट जगत में श्रीलंका ने वैभव सूर्यवंशी से भिड़ने वाले अपने खिलाड़ी को दंडित किया है, जबकि महाराष्ट्र की सियासत में शिवसेना (UBT) के बागी सांसद दिल्ली में लोकसभा का एक अलग गुट बनाने की फिराक में हैं।

आज की ताजा खबर, 17 जून 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: इंदौर-भोपाल हाईवे पर एसयूवी पलटी,भाजपा नेता समेत दो की मौत; ओडिशा के कंधमाल में माओवादियों का हथियारों का जखीरा बरामद
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़) मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: वैश्विक स्तर पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास बैठकर समुद्री जहाजों पर बढ़ते हमलों का मुद्दा उठाया और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसी बीच राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बड़े घटनाक्रम में, सरकार ने NEET-UG री-टेस्ट के प्रश्न पत्रों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना की मदद ली, जिसने सैन्य-स्तर की सुरक्षा के बीच 200 से अधिक उड़ानें (Sorties) भरीं। खेल जगत की बात करें तो, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने भारतीय युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के साथ मैदान पर बदसलूकी करने वाले अपने खिलाड़ी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
वहीं, महाराष्ट्र की राजनीति में फिर से हलचल तेज हो गई है, जहां शिवसेना (UBT) के कुछ बागी सांसद दिल्ली पहुंचे हैं और लोकसभा में एक अलग गुट बनाने की तैयारी में हैं।
ओडिशा के कंधमाल में माओवादियों का हथियारों का जखीरा बरामद
ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के एक गुप्त ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। यह जब्ती मंगलवार को शुरू किए गए दो ’विशेष अभियान समूहों’ (एसओजी) और ’जिला स्वयंसेवी बल’ (डीवीएफ) की टीम के एक संयुक्त अभियान के दौरान की गई। ओडिशा पुलिस ने एक बयान में कहा कि हथियारों के इस जखीरे का पता चलने के बाद बम निरोधक दस्ते ने इलाके की सघन तलाशी ली, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वहां कोई आईईडी मौजूद नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि मौके से विभिन्न प्रकार की बंदूकें, अलग-अलग क्षमता (कैलिबर) के कारतूस, कोडेक्स वायर (धमाका करने वाला तार) और पांच इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए गए हैं।
G7 समिट के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के एवियन में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ बाइलेटरल मीटिंग की।
वृंदावन में इस्कॉन मंदिर के कूलर से करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत
वृंदावन स्थित इस्कॉन मंदिर के एक कूलर में करंट उतरने और कथित तौर पर उसकी चपेट में आने से मध्य प्रदेश के रहने वाले एक 21 वर्षीय व्यक्ति की मृत्यु हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान अभिज्ञान गुप्ता निवासी छतरपुर, मध्य प्रदेश के रूप में की गई है। मृतक के पिता अमित गुप्ता के मुताबिक, उनका परिवार बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने के बाद आज सुबह ही इस मंदिर में आया था। उन्होंने बताया कि चप्पल जमा करने के बाद वे मंदिर में प्रवेश द्वारा की तरफ बढ़ रहे थे, तभी अभिज्ञान परिसर के बाहर लगे एक कूलर के संपर्क में आ गया और उसे करंट का झटका लगा। जब उन्होंने बेटे को बचाने का प्रयास किया तो उन्हें भी करंट का झटका लगा जिससे दोनों जमीन पर गिर पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि वह कूलर नगर निगम द्वारा लगाया गया था। घायल युवक को तत्काल वृंदावन के जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर बेकाबू एसयूवी पलटी,भाजपा नेता समेत दो लोगों की मौत
मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोनकच्छ कस्बे के पास बुधवार को एक ’स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल’ (एसयूवी) के बेकाबू होकर पलट जाने से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सोनकच्छ पुलिस थाने के उप निरीक्षक मान सिंह गामोड़ ने बताया कि इंदौर और सेंधवा में रहने वाले एक ही परिवार के लोग एसयूवी से भोपाल जा रहे थे। उन्होंने बताया कि एसयूवी इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर सोनकच्छ कस्बे के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। गामोड़ ने बताया कि हादसे में इंदौर के भाजपा नेता मयूरेश गर्ग (38) और उनकी रिश्तेदार संगीता अग्रवाल (51) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों का उपचार कराया गया है और दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। इंदौर में भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मयूरेश गर्ग शहर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-तीन में सक्रिय थे और पार्टी के युवा मोर्चे में मंडल महामंत्री भी रह चुके थे।
पीलीभीत में नौ वर्षीय बच्ची को बंधक बनाकर बुजुर्ग ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में नौ वर्षीय बच्ची को पिछले दो दिनों से बंधक बनाकर उससे दुष्कर्म करने के आरोप में 66 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गांव के ही रहने वाले मौलाना के घर से लड़की के संदिग्ध अवस्था में बरामद होने की सूचना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी दो दिन से बच्ची को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। सूचना पर पहुंचे हिंदू संगठन हनुमान दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि 16 जून को लगभग 10 बजे थाना सुनगढ़ी को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के एक गांव की एक नाबालिग बच्ची को उमर (66 वर्ष) नाम का व्यक्ति बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया था। उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बच्ची से दुष्कर्म का एक आपत्तिजनक वीडियो मिला है। आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है।
बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य को ‘सर्वश्रेष्ठ वन्यजीव पर्यटन स्थल' का पुरस्कार मिला
मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य (बीटीआर) को ’इंडिया टुडे टूरिज्म सर्वे एंड अवॉर्ड्स 2026’ के तहत ’सर्वश्रेष्ठ वन्यजीव पर्यटन स्थल’ का पुरस्कार प्रदान किया गया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, बीटीआर को वन्यजीव संरक्षण,उत्कृष्ट पर्यटन प्रबंधन, पर्यटकों को उच्च गुणवत्ता का अनुभव उपलब्ध कराने तथा जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए ’एडिटर्स चॉइस अवॉर्ड - बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन’ श्रेणी में सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार 15 जून को गोवा में आयोजित समारोह में बीटीआर के क्षेत्र निदेशक अनुपम सहाय और वन्यजीव विभाग के अतिरिक्त मुख्य वन संरक्षक एल. कृष्णमूर्ति ने प्राप्त किया। समारोह में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी मौजूद थे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य अपनी समृद्ध जैव विविधता, बाघों की अच्छी संख्या, प्राकृतिक सौंदर्य और प्रभावी संरक्षण प्रबंधन के लिए पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है। इसमें कहा गया कि यह सम्मान न केवल बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है तथा इससे देश के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों में राज्य की पहचान और मजबूत होगी।
कश्मीर में दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, 11 घायल
कश्मीर में बुधवार को दो सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार पर्यटकों समेत 11 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में एक वाहन अरु-पहलगाम सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अब्दुल्ला ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। सीएमओ ने लिखा, "मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का सर्वोत्तम इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का भी निर्देश दिया।" इससे पहले, उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के तंगमार्ग में एक वाहन के पलट जाने से चार पर्यटक और एक स्थानीय चालक घायल हो गए थे। तंगमार्ग गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट का मुख्य बाजार और प्रवेश द्वार है। अधिकारियों ने कहा कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत स्थिर है।
देहरादून के पलटन बाजार में कपड़ों के गोदाम में आग लगी
देहरादून के मुख्य बाजार में स्थित कपड़ों की एक दुकान के गोदाम में बुधवार को आग लग गयी जिससे उसमें रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया । पुलिस ने यह जानकारी दी । पुलिस के मुताबिक, पलटन बाजार में स्थित ननकानी गारमेंटस के तृतीय तल पर आग लगने के समय वहां लिफ्ट लगाने के लिए वेल्डिंग का काम चल रहा था ।
हालांकि, पुलिस ने बताया कि घटना में जनहानि की कोई सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तथा दमकल वाहन तत्काल मौके पर पहुंचे तथा राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार, दमकल के चार वाहनों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद कपडों की दुकान के तृतीय तल पर बने गोदाम में लगी आग पर काबू पाया गया। दुकान के तृतीय तल पर लिफ्ट लगाने का कार्य चल रहा था तथा उसके लिए वहां वेल्डिंग की जा रही थी। इसी दौरान उसी तल पर स्थित गोदाम में अचानक आग लग गई । पुलिस ने बताया कि गोदाम में रखा सारा सामान जल गया और आग से हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है । पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
पंजाब के होशियारपुर में बस और दो ‘पिकअप' वाहनों की टक्कर में छह लोग घायल
पंजाब के होशियारपुर जिले में मच्छियां गांव के पास बुधवार को एक निजी बस और दो पिकअप वाहनों की टक्कर में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि होशियारपुर की ओर जा रही बस सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन से टकरा गई, और इसके बाद दूसरा पिकअप वाहन बस के पिछले हिस्से से टकरा गया।अधिकारियों ने कहा कि इस हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिनमें से दो को भुंगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि चार अन्य को होशियारपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
यूपी के बदायूं जिले में सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत, तीन घायल
यूपी के बदायूं जिले में एक सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
रायपुर हवाई अड्डे पर एयर इंडिया के विमान से टकराया पक्षी
Raipur Airport: रायपुर एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से बच गया। दरअसल, एयर इंडिया का विमान जब एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर रहा था तो उससे एक चिड़िया टकरा गई। यह विमान दिल्ली से रायपुर आ रहा था। रायपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि जरूरी मानक संचालन प्रक्रिया पूरी करने के बाद विमान अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गया।
एसएसएन मार्ग पर एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी
दिल्ली सरकार ने दक्षिण दिल्ली में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए SSN मार्ग पर 4 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी दी है। यह कॉरिडोर छतरपुर, मेहरौली, लाडो सराय, साकेत और सैनिक फार्म जैसे इलाकों के यातायात दबाव को कम करेगा। इससे छतरपुर और फतेहपुर बेरी की ओर जाने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
आवास खाली करने के फैसले पर पहली बार बोले लालू यादव
Lalu Yadav: अपनी सुरक्षा में कटौती किए जाने और राबड़ी देवी का आवास कराने के बिहार सरकार के फैसले पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। लालू यादव ने कहा है कि यह सब जद-यू नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इशारे पर हो रहा है।
टेलीग्राम पहुंचा दिल्ली हाई कोर्ट
NEET UG री-टेस्ट से पहले टेलीग्राम पर बैन लगाने के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ टेलीग्राम ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। यह मामला जस्टिस तेजस करिया की बेंच के सामने रखा गया, जिन्होंने आज ही इस पर सुनवाई करने पर सहमति जताई।
हाल ही में, सरकार ने 21 जून को होने वाली NEET UG परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर कुछ समय के लिए बैन लगाने का फैसला किया था।
मदुरै एयरपोर्ट के पास खराब हुई NEET प्रश्न पत्रों को ले जा रही सुरक्षा गाड़ी; पुलिस और CISF ने घेरा बनाकर संभाली सुरक्षा
मदुरै (तमिलनाडु): नीट (NEET) री-एग्जामिनेशन के प्रश्न पत्रों की सुरक्षा में तैनात एक पुलिस एस्कॉर्ट वाहन मदुरै एयरपोर्ट के पास अचानक तकनीकी खराबी के कारण खराब हो गया, जिसके चलते पूरा सुरक्षा काफिला सड़क पर ही रुक गया। ये गोपनीय प्रश्न पत्र डाक विभाग के एक विशेष वाहन के जरिए थूथुकुडी ले जाए जा रहे थे। वाहन के रुकते ही संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस और सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में लेकर गाड़ी के चारों तरफ एक अभेद्य सुरक्षा घेरा (Security Cordon) बना दिया। गाड़ी की मरम्मत होने तक जवान कड़ी चौकसी के साथ मौके पर डटे रहे और सुरक्षा सुनिश्चित की।
NEET-UG परीक्षा के लिए भारतीय वायुसेना का 'ऑपरेशन सुरक्षा'
पेपर लीक विवादों के बाद NEET-UG री-टेस्ट को पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए सरकार ने अभूतपूर्व 'मिलिट्री-ग्रेड' सुरक्षा तैनात की है। प्रश्न पत्रों को देश के कोने-कोने में सुरक्षित और गोपनीय तरीके से पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना (IAF) ने 200 से अधिक सॉर्टीज (उड़ानें) भरकर इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया।
वैभव सूर्यवंशी से बदसलूकी करने वाले श्रीलंकाई खिलाड़ी पर गिरी गाज
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी के साथ मैदान पर दुर्व्यवहार करने वाले श्रीलंकाई खिलाड़ी के खिलाफ श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाया है। खेल भावना को ठेस पहुंचाने और अनुशासनहीनता के आरोप में बोर्ड ने उस खिलाड़ी को कड़ा दंड देते हुए भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है।
शिवसेना (UBT) में फिर बगावत की आहट
उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना (UBT) को महाराष्ट्र में एक और बड़ा झटका लग सकता है। पार्टी के कुछ असंतुष्ट और बागी सांसद अचानक दिल्ली रवाना हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, ये सांसद लोकसभा में अपना एक अलग और स्वतंत्र गुट बनाने के लिए कानूनी व रणनीतिक विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने ट्रंप के बगल में बैठकर उठाया समुद्री हमलों का मुद्दा
अंतर्राष्ट्रीय मंच पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बगल में बैठे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समुद्री व्यापार मार्गों पर जहाजों पर हो रहे हमलों का मुद्दा बेहद आक्रामकता से उठाया। पीएम मोदी ने वैश्विक नेताओं का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को सुचारू रखने के लिए समुद्री नाविकों की जान-माल की रक्षा करना हर हाल में आवश्यक है।