LIVE

ताजा खबर: मुंबई एयरपोर्ट, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और इंडिगो पर लगा भारी जुर्माना; राम मंदिर परिसर में हुआ रामलला की मूर्ति का प्रवेश

अमित कुमार मंडलUpdated Feb 21, 2024, 13:30 IST

ताजा खबर: मुंबई एयरपोर्ट, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और इंडिगो पर लगा भारी जुर्माना; राम मंदिर परिसर में हुआ रामलला की मूर्ति का प्रवेश
ताजा खबर: मुंबई एयरपोर्ट, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और इंडिगो पर लगा भारी जुर्माना; राम मंदिर परिसर में हुआ रामलला की मूर्ति का प्रवेश

ताजा खबर (Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 17 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: हवाईअड्डे पर यात्रियों के टरमैक पर खाना खाने की घटना पर विमानन नियामक डीजीसीए ने मुंबई हवाईअड्डा संचालक एमआईएएल पर 60 और 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही सरकार ने एयर इंडिया, स्पाइसजेट और इंडिगो पर भारी जुर्माना लगाया। इंडिगो पर 1.20 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले भगवान राम की मूर्ति को अयोध्या राम मंदिर परिसर में लाया गया। रामलला की प्रतिमा बृहस्पतिवार को मंदिर के गर्भगृह में स्थापित की जाएगी। रामलला की मूर्ति को परिसर का भ्रमण कराया गया। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 17 जनवरी की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।

JAN 17, 2024 21:38 IST

सरकार ने एयरलाइन और मुंबई एयरपोर्ट के खिलाफ की सख्त कार्रवाई

Mumbai News Today: हवाईअड्डे पर यात्रियों के टरमैक पर खाना खाने की घटना पर विमानन नियामक डीजीसीए ने मुंबई हवाईअड्डा संचालक एमआईएएल पर 60 और 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही सरकार ने एयर इंडिया, स्पाइसजेट और इंडिगो पर भारी जुर्माना लगाया। इंडिगो पर 1.20 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। पढ़ें पूरी खबर
JAN 17, 2024 19:38 IST

बोइंग के अत्याधुनिक वैश्विक तकनीकी परिसर का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जनवरी को अमेरिकी विमान विनिर्माता बोइंग के नए अत्याधुनिक वैश्विक इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी नवाचार परिसर का उद्घाटन करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि यह परिसर केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास बेंगलुरु के बाहरी इलाके देवनहल्ली में स्थित है। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री भारतीय विमानन क्षेत्र में महिलाओं की अधिक भागीदारी के लिए एक रूपांतरकारी बोइंग कार्यक्रम भी शुरू करेंगे।
JAN 17, 2024 19:33 IST

धामी ने केंद्रीय मंत्री से कोयला ब्लॉक आवंटित करने का किया अनुरोध

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री प्रह्लाद जोशी से प्रदेश में 1000 मेगावाट की पिट-हेड तापीय बिजली परियोजना स्थापित करने के लिए 12.5 करोड़ टन भंडारण क्षमता का एक कोयला ब्लॉक आवंटित करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने जोशी से यह अनुरोध नई दिल्ली में उनसे मुलाकात के दौरान किया। यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुकूल औद्योगिक नीति के कारण राज्य में द्रुत गति से औद्योगिक विकास हुआ है जिसके कारण विद्युत की मांग में वृद्वि हुई है। उन्होंने कहा कि सर्दियों के मौसम में बिजली की कमी गंभीर हो जाती है क्योंकि ठंड में नदियों में पानी का बहाव कम हो जाता है। धामी ने कहा कि राज्य में बिजली की मांग प्रतिवर्ष लगभग चार-पांच प्रतिशत की दर से बढ़ रही है और औद्योगीकरण बढ़ने के कारण आने वाले वर्षों में विद्युत की मांग और बढ़ने की सम्भावना है। उन्होंने कहा कि राज्य में विद्युत परियोजनाओं का तेज गति से विकास करने के लिए राज्य सरकार के उपक्रम यूजेवीएन लिमिटेड और टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के बीच एक संयुक्त उपक्रम ‘टीएचडीसीआईएल-यूजेवीएनएल एनर्जी कम्पनी लिमिटेड’ का गठन किया गया है।
JAN 17, 2024 19:26 IST

जम्मू-कश्मीर के सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास ड्रोन मिला

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास एक ड्रोन बरामद किया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ड्रोन चमलियाल इलाके में एक खेत में मिला। बीएसएफ के जवान इस मामले की जांच कर रहे हैं।
JAN 17, 2024 19:15 IST

राम मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद अयोध्या जाएंगे शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि वह मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद भगवान राम की पूजा करने के लिए अयोध्या जाएंगे। पवार ने ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ न्यास के महासचिव चंपत राय को लिखे एक पत्र में कहा कि वह 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए मिले निमंत्रण को लेकर आभारी हैं, लेकिन वह उस दिन इसमें शामिल नहीं हो सकेंगे। उन्होंने कहा, 'मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम, आस्था और भक्ति के प्रतीक हैं। बड़ी संख्या में रामभक्त समारोह में शामिल होंगे और उनके जरिये आनंद मुझ तक भी पहुंचेगा। 22 जनवरी के बाद रामलला के दर्शन सुगम हो जाएंगे। मैं अयोध्या जाने की योजना बना रहा हूं और रामलला की पूजा भी करूंगा। उस समय तक मंदिर निर्माण भी पूरा हो जाएगा।' अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समोराह से दूर बनाने को लेकर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य घटक दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निशाने पर आ गये हैं। पवार का राकांपा गुट इस गठबंधन का सदस्य है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि अयोध्या में 22 जनवरी के 'प्राण प्रतिष्ठा' कार्यक्रम को ''राजनीतिक और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं आरएसएस का कार्यक्रम'' बना दिया गया है।
JAN 17, 2024 18:59 IST

22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर बोले अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि वह 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद सपरिवार अयोध्या जायेंगे और वहां राममंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। दिल्ली सरकार की तीर्थाटन योजना के तहत यहां द्वारकाधीश के लिए रवाना हो रहे वृद्धों से मिलने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में केजरीवाल ने कहा, 'मुझे एक पत्र मिला जिसमें कहा गया है कि सुरक्षा कारणों से (प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए) केवल एक व्यक्ति को ही अनुमति है। उन्होंने कहा था कि एक टीम निमंत्रण देने के लिए आयेगी लेकिन कोई नहीं आया।' उन्होंने कहा, 'मैं अपनी पत्नी एवं बच्चों के साथ रामलला के दर्शन के लिए जाना चाहता हूं। मेरे माता-पिता की भी रामलला के दर्शन करने की इच्छा है। 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद मैं अपनी पत्नी, बच्चों एवं माता-पिता के साथ जाऊंगा।' उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 22 जनवरी को नये राममंदिर में रामलला की प्रतिमा की ‘प्राण प्रतिष्ठा’ होगी तथा इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिस्सा लेंगे।
JAN 17, 2024 18:58 IST

श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मामले में टली सुनवाई

मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने बुधवार को सुनवाई टाल दी और इस मामले की पोषणीयता को लेकर मुस्लिम पक्ष की ओर से दाखिल आवेदन पर जवाब देने के लिए हिंदू पक्ष को समय दिया है। पढ़ें पूरी खबर
JAN 17, 2024 15:50 IST

श्रीलंका ने 18 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार

श्रीलंका की नौसेना ने उसकी समुद्री सीमा में कथित रूप से मछली पकड़ने पर 18 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नौकाएं जब्त कर ली। यहां बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। भारतीय मछुआरों को कथित तौर पर श्रीलंका की जलसीमा में मछली पकड़ने की वजह से गिरफ्तार करने की यह तीसरी घटना है। श्रीलंका की नौसेना ने यहां एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उत्तरपूर्व में मन्नार तट से सटे समुद्री क्षेत्र में मंगलवार को इन मछुआरों को गिरफ्तार किया गया और उनकी नौकाएं जब्त कर ली गई हैं। उसने बताया कि पकड़े गये इन 18 मछुआरों को मन्नार के तालपाडू पायर ले जाया गया और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए तलाईमन्नार के मात्स्यिकी निरीक्षक के हवाले कर दिया गया। रविवार को, श्रीलंका की समुद्री सीमा में कथित रूप से मछली पकड़ने को लेकर 10 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था और उनकी नौकाएं जब्त कर ली गयी थीं। उससे पहले ऐसी ही घटना में 12 भारतीय मछुआरे पकड़े गये थे। मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के रिश्तों में गतिरोध का कारण है।श्रीलंका के नौसैनिक देश की कथित समुद्री सीमा में मछली पकड़ने पर भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी भी करते हैं और उनकी नौकाएं जब्त कर लेते हैं। तमिलनाडु को श्रीलंका से अलग करने वाला पाक जलडमरूमध्य दोनों देशों के मछुआरों के लिए मात्स्यिकी के लिहाज से प्रमुख क्षेत्र है।
JAN 17, 2024 14:57 IST

महंत दिनेंद्र दास और पुजारी सुनील दास ने गर्भ गृह में की पूजा

JAN 17, 2024 14:54 IST

असम ने 42 लाख नये लाभार्थियों के लिए शुरू किया राशन कार्ड वितरण

असम में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत 42 लाख से अधिक नये लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरण शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने अपने निर्वाचन क्षेत्र जालुकबाड़ी में इसकी शुरुआत की। शर्मा ने मंगलवार को बोरीपाड़ा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए इसे वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एक मील का पत्थर बताया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि राज्य भर में राशन कार्ड के औपचारिक वितरण के साथ एनएफएसए के तहत राज्य में कुल 42,85,745 नये लाभार्थियों को कवर किया जाएगा। शर्मा ने कहा, 'अपने सभी निवासियों के लिए खाद्य सुरक्षा हासिल करने के मौजूदा सरकार के प्रभावी प्रयासों में यह एक और मील का पत्थर है।' उन्होंने बताया कि राशन कार्डधारक परिवार का प्रत्येक सदस्य हर माह पांच किलोग्राम चावल मुफ्त पाने का हकदार है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा हर माह 'अन्न सेवा सप्ताह' के दौरान उपलब्ध रहेगी और इस माह के लिए यह 31 जनवरी तक उपलब्ध है। शर्मा ने अंत्योदय अन्न योजना जैसी सामाजिक क्षेत्र की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले प्रशासन द्वारा समाज के वंचित वर्गों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
JAN 17, 2024 14:37 IST

भारत में कोविड के 269 नए मामले सामने आए, तीन लोगों की मौत

भारत में कोविड-19 के 269 नए मामले सामने आए हैं जबकि संक्रमण के उपचाराधीन मामलों की संख्या घटकर 2,556 रह गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के सुबह आठ बजे के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे की अवधि में संक्रमण से तीन लोगों की मौत हो गई जिसमें दो मरीज महाराष्ट्र और एक केरल का है। दैनिक मामलों की संख्या पिछले साल पांच दिसंबर तक घटकर दहाई अंक तक आ गई थी, लेकिन ठंड और वायरस के नए उपस्वरूप के कारण मामलों में तेजी आई है।
JAN 17, 2024 14:26 IST

मणिपुर में हथियार लूट मामले में सीबीआई ने आरोप पत्र दाखिल किया

सीबीआई ने मई 2023 में मणिपुर पुलिस कर्मियों से हथियार और गोला-बारूद लूटे जाने के मामले में बुधवार को पांच लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरोप पत्र असम के गुवाहाटी में कामरूप (मेट्रोपॉलिटन) के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के समक्ष दायर किया गया। संघीय एजेंसी ने पिछले साल जून में मणिपुर पुलिस (इंफाल ईस्ट में हिंगांग पुलिस थाने) से मामला अपने हाथ में ले लिया था।
JAN 17, 2024 14:25 IST

केरल में प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा बैठक में कहा

केरल के लोगों ने मुझे जो प्यार और स्नेह दिया है उससे मैं अभिभूत हूं, भाजपा भारत में एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके पास त्वरित विकास का प्रमाणित ट्रैक रिकॉर्ड और भविष्य के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण है।
JAN 17, 2024 13:45 IST

सुप्रीम कोर्ट का निर्देश, यवतमाल-रायपुर में न हो नफरती भाषण

सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के डीएम, एसपी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि बृहस्पतिवार को हिंदू जनजागृति समिति की रैली के दौरान नफरत फैलाने वाला कोई भाषण न दिया जाए। साथ ही अदालत ने छत्तीसगढ़ के रायपुर के डीएम, एसपी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि 19 जनवरी से 25 जनवरी तक भाजपा विधायक टी राजा सिंह की रैलियों के दौरान नफरत फैलाने वाला कोई भाषण न दिया जाए।
JAN 17, 2024 13:34 IST

केजरीवाल 18 जनवरी से गोवा के तीन दिवसीय दौरे पर

दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 18 जनवरी से गोवा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। आप की प्रदेश इकाई के प्रमुख अमित पालेकर ने यह जानकारी दी। पालेकर ने बताया कि केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और सांसद राघव चड्ढा तथा संदीप पाठक के साथ 18 से 20 जनवरी तक यहां रहेंगे। पालेकर ने कहा कि आप के वरिष्ठ नेता लोकसभा चुनाव से पहले अपनी दौरे में पार्टी विधायकों और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। गोवा विधानसभा में आप के दो विधायक- वेन्जी वेगास (बेनाउलिम) और क्रूज सिल्वा (वेलिम) हैं। पालेकर ने बताया कि कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
JAN 17, 2024 12:38 IST

मणिपुर के मोरेह में उग्रवादियों के हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद

मणिपुर के तेंगनोउपल जिले के सीमावर्ती शहर मोरेह में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने सुरक्षा बलों के एक वाहन पर बुधवार को हमला कर दिया जिसमें राज्य पुलिस का एक कर्मी शहीद हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान मोरेह में राज्य पुलिस कमांडो के रूप में तैनात भारतीय रिजर्व बटालियन के जवान वांगखेम सोमोरजीत के रूप में की गई है। सोमोरजीत इम्फाल वेस्ट जिले के मालोम के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों की बुधवार सुबह मोरेह शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के साथ मुठभेड़ हुई।
JAN 17, 2024 12:28 IST

राजस्थान के कई इलाकों में कोहरा छाया रहा

राजस्थान में ठंड और कोहरे का दौर जारी है। बीते चौबीस घंटे में अलवर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र (जयपुर) के अनुसार इस दौरान श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री, पिलानी में 5.6 डिग्री, संगरिया में 5.8 डिग्री, सिरोही में 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी जयपुर में यह 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्र के अनुसार बीते चौबीस घंटे में राजस्थान में मौसम शुष्क रहा। राज्य में कहीं कहीं घना कोहरा छाया रहा। श्रीगंगानगर में शीत दिवस दर्ज किया गया। पूर्वी हवाओं के प्रभावी से राज्य के पूर्वी, उत्तरी व पश्चिमी भागों में आने वाले एक या दो दिन घने से अति घना कोहरा छाया रह सकता है। शेखावाटी और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले दो-तीन दिन न्यूनतम तापमान कई स्थानों पर चार डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है।
JAN 17, 2024 13:33 IST

भूपिंदर सिंह हुडा से ईडी की पूछताछ

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंदर सिंह हुड्डा से बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 2004-07 के दौरान मानेसर में भूमि अधिग्रहण में कथित अनियमितताओं को लेकर धन शोधन मामले की जांच के संबंध में पूछताछ की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत हुड्डा (76) का बयान दर्ज किया। ईडी की यह जांच वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और नौकरशाहों की कथित तौर पर मिलीभगत से 2004 और 2007 के बीच हरियाणा के मानेसर में भूमि के अवैध रूप से अधिग्रहण से संबंधित है।
JAN 17, 2024 11:54 IST

अयोध्या को कोलकाता से जोड़ने वाली उड़ान को हरी झंडी दिखाई

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अयोध्या को कोलकाता से जोड़ने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश एक ऐसा राज्य है जो देश की प्रगति सुनिश्चित करता है। हमने पिछले साल नवंबर में दिवाली मनाई थी। इस बीच, मेरे राज्य (मध्य प्रदेश) के लोगों ने भी विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद तीन दिसंबर को दिवाली मनाई थी। अब, हम एक और दिवाली मनाएंगे। 22 जनवरी को। अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को होने वाला है।
JAN 17, 2024 11:52 IST

ज्यादातर पेशेवर इस साल नौकरी बदलने पर कर रहे हैं विचार : रिपोर्ट

प्रतिस्पर्धा में बढ़ोतरी के बीच लगभग 88 प्रतिशत पेशेवर इस साल अपनी नौकरी बदलने पर विचार कर रहे हैं। बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में यह निष्कर्ष निकाला गया है। लिंक्डइन की रिपोर्ट के अनुसार, चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल में बेहतर कार्य-जीवन संतुलन की इच्छा (42 प्रतिशत) और अधिक वेतन (37 प्रतिशत) की आकांक्षा की वजह से ज्यादातर पेशेवर नौकरी बदलना चाहते हैं। लिंक्डइन की यह रिपोर्ट 24 नवंबर से 12 दिसंबर, 2023 के बीच देशभर में 1097 पूर्णकालिक या अस्थायी रोजगार में लगे पेशेवरों पर सेंससवाइड के एक शोध पर आधारित है।