आज की ताजा खबर, 14 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के लिए मतगणना जारी...लंदन में टेम्स नदी के तट पर पहली बार हुई गंगा आरती, हिंदी दिवस आज
आज की ताजा खबर लाइव, 14 सितंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [राजस्थान निकाय चुनाव मतगणना], [गंगा आरती], [हिंदी दिवस] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: लंदन में टेम्स नदी के तट पर रविवार को पहली बार गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। वहीं, प्रशांत द्वीपीय देश वानुआतु के तट से दूर समुद्र में एक नौका के डूब जाने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई और 30 से अधिक लापता हैं। इसके अलावा, राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के लिए मतगणना जारी है। इधर, राष्ट्रपति मुर्मू ने महिला टी20 एशिया कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी। उधर, जी20 देशों के ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए ह्यूस्टन आए केंद्रीय विद्युत तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने अमेरिका के सामाजिक एवं आर्थिक ताने-बाने में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ ही भारत से अपने मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव को बनाए रखने के लिए प्रवासी भारतीय समुदाय की सराहना की। पढ़ें- देश और दुनिया की अन्य खबरें
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [राजस्थान निकाय चुनाव मतगणना], [गंगा आरती], [हिंदी दिवस] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद सोमवार को मतगणना जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई और इसके लिए व्यापक सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके अलावा, होर्मुज जलडमरूमध्य में केश्म द्वीप के पास रविवार तड़के एक ईरानी मालवाहक पोत पर हमले के बाद तेहरान ने जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही के प्रबंधन के अपने प्रयासों के बारे में पड़ोसी देशों को जानकारी देने की योजना स्थगित कर दी। वहीं, लंदन में टेम्स नदी के तट पर रविवार को पहली बार गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। ’टेम्स तट पर गंगा आरती : प्रकाश उत्सव’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन ’चिन्मय मिशन यूके’ ने ’टोटली टेम्स’ के वार्षिक उत्सव के सहयोग से किया। यह आयोजन ’चिन्मय मिशन’ की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दुनियाभर में हो रहे कार्यक्रमों का हिस्सा था। उधर, प्रशांत द्वीपीय देश वानुआतु के तट से दूर समुद्र में एक नौका के डूब जाने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई और 30 से अधिक लापता हैं। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, ’एमवी मातुई’ नाम की नौका शुक्रवार को अम्बाए और सैंटो द्वीपों के बीच यात्रा के दौरान डूब गई। उस समय नौका पर 47 लोग सवार थे। पढ़ें- देश और दुनिया की अन्य खबरें
मनोहर लाल ने भारत से सांस्कृतिक जुड़ाव बनाए रखने के लिए अमेरिका में प्रवासी भारतीयों की सराहना की
जी20 की यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब ईरान और यूक्रेन में युद्धों के कारण दुनिया भर में कच्चे तेल की आपूर्ति बुरी तरह बाधित है।
ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूत डी. सी. मंजूनाथ ने हवाई अड्डे पर मंत्री की अगवानी की।
अमेरिका की जी20 अध्यक्षता में ’ऊर्जा प्रचुरता’ विषय पर जी20 देशों की मंत्रिस्तरीय बैठक सोमवार से बुधवार तक होगी। इसमें अमेरिका के गृह मंत्री डग बर्गम, ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट और ’व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के अधिकारी जारोड एजेन समेत दुनिया के कई प्रमुख नेता हिस्सा लेंगे।
मंत्रिस्तरीय बैठक की पूर्व संध्या पर प्रवासी भारतीय समुदाय ने रविवार शाम ’इंडिया हाउस’ में मंत्री के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया और इस दौरान मनोहर लाल ने पेशेवरों, उद्यमियों, विद्यार्थियों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में ’हरियाणवी एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ (हारिट), ’इंडिया कल्चर सेंटर’ (आईसीसी), ’इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स ऑफ ग्रेटर ह्यूस्टन’ (आईएसीसीजीएच) और ’सेवा इंटरनेशनल’ समेत विभिन्न क्षेत्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
मंत्री ने अमेरिका के सामाजिक एवं आर्थिक ताने-बाने में महत्वपूर्ण योगदान देने और भारत से अपने मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव को बनाए रखने के लिए समुदाय की सराहना की।
होर्मुज जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही पर ईरान और पड़ोसी देशों की वार्ता स्थगित
लाल सागर में पोतों की आवाजाही पर खतरा पिछले सप्ताह बढ़ने के बाद इस हमले ने होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर एक बार फिर ध्यान खींचा है। यमन में सरकारी बलों से लड़ रहे ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में एक द्वीप पर कब्जा कर लिया है जो होर्मुज जलडमरूमध्य के विकल्प के रूप में समुद्री परिवहन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ’इरना’ ने केश्म के गवर्नर के हवाले से रविवार के हमले के लिए एक ’’आतंकवादी दुश्मन’’ को जिम्मेदार ठहराया। एजेंसी की खबर के अनुसार, हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए।
इस संबंध में अमेरिकी सेना की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई। अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी के दौरान ईरान के झंडे वाले पोतों को निशाना बनाया है और अब उसे अपने युद्धपोतों पर दागी जा रही ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों के नए खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
बंदर अब्बास बंदरगाह शहर से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित केश्म द्वीप, होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण स्थापित करने की ईरान की कोशिशों के लिए महत्वपूर्ण है।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ’’हमारे लोगों को धमका कर झुकाया नहीं जा सकता। ईरान आत्मसमर्पण नहीं करेगा।’’
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे असहमति जताते हुए रविवार को कहा कि ईरान ’’समझौता करने के लिए इतना बेताब है’’ कि ’’वे लगातार फोन कर रहे हैं।’’
बाद में एक पत्रकार ने जब ट्रंप से पूछा कि क्या रविवार तड़के होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी मालवाहक पोत पर अमेरिका ने हमला किया था, तो उन्होंने कहा, ’’मैं इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहता।’’
ईरान ने कहा था कि क्षेत्र के देशों के विदेश मंत्री सोमवार को ओमान में बैठक करेंगे तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही के प्रबंधन के लिए ईरान और जलडमरूमध्य के दूसरी ओर स्थित ओमान के प्रयासों पर चर्चा करेंगे।
हालांकि, ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने रविवार देर रात सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर कहा कि ’’आम सहमति के हित में’’ बैठक स्थगित कर दी गई है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के अधिकारी मोहम्मद अली बाक ने कहा कि ईरान और ओमान ने ’’कुछ क्षेत्रीय देशों के अनुरोध पर’’ वार्ता स्थगित करने पर सहमति जताई। ’इरना’ ने ’एक्स’ पर उनके हवाले से यह जानकारी दी।
राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के लिए मतगणना जारी
राजस्थान के सभी 309 नगरीय निकायों के चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में नौ और 11 सितंबर को हुए थे। इन चुनावों में कुल 77 उम्मीदवार निर्विरोध पार्षद चुने गए, जिनमें 37 महिलाएं हैं। शेष सीट के लिए मतदान कराया गया था, जिनके मतों की गिनती सोमवार को की जा रही है।
राज्य में जिन 309 नगरीय निकायों के चुनाव की घोषणा की गई है, उनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 200 से अधिक नगरपालिकाएं शामिल हैं। इन सभी निकायों में कुल 10,245 वार्ड हैं।
लंदन में टेम्स नदी के तट पर पहली बार हुई गंगा आरती
’टेम्स तट पर गंगा आरती : प्रकाश उत्सव’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन ’चिन्मय मिशन यूके’ ने ’टोटली टेम्स’ के वार्षिक उत्सव के सहयोग से किया। यह आयोजन ’चिन्मय मिशन’ की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दुनियाभर में हो रहे कार्यक्रमों का हिस्सा था।
भारत में गंगा के तट पर होने वाली प्रसिद्ध आरती की परंपरा से प्रेरित इस आयोजन की परिकल्पना प्रकृति, ज्ञान और चेतना के जीवनदायी प्रवाह के प्रतीक के रूप में की गई थी।
’चिन्मय मिशन यूके’ की शिक्षिका ब्रह्मचारिणी श्रीप्रिया चैतन्य ने कहा, "पीढ़ियों से श्रद्धालु गंगा के तट पर दीप प्रज्वलित कर मां गंगा की आराधना करते और प्रकृति एवं जीवन को संवारने वाली दिव्य शक्तियों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता दर्शाते आए हैं।’’ उन्होंने कहा, "टेम्स नदी के तट पर गंगा आरती भी इसी भावना को आगे बढ़ाती है और कृतज्ञता, आशा तथा एकता के साझा भाव में लोगों को एक साथ लाती है।"
चैतन्य ने बताया कि चिन्मय मिशन के लिए गंगा ज्ञान के प्रवाह का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा, "हमारे संस्थापक स्वामी चिन्मयानंद ने अपना जीवन वेदांत के शाश्वत ज्ञान और आध्यात्मिक संदेश को हिमालय की पवित्र भूमि से जन-जन तक पहुंचाने और उसे उनके दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए समर्पित कर दिया। हिंदू धर्म की महान दार्शनिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं में से एक वेदांत की इस दिव्य विरासत को आगे बढ़ाते हुए चिन्मय मिशन के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह समारोह ज्ञान, सेवा और कृतज्ञता की उस पवित्र धारा का उत्सव भी है, जो भौगोलिक सीमाओं से परे निरंतर प्रवाहित हो रही है।’’
गंगा आरती हिंदू धर्म का एक प्राचीन धार्मिक अनुष्ठान है। इसमें बड़ी संख्या में दीयों को प्रज्वलित कर प्रार्थना, भजन-संगीत और मंत्रोच्चार के माध्यम से मां गंगा के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की जाती है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने महिला टी20 एशिया कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी
मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’वे हमारे युवाओं, खासकर हमारी बेटियों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत हैं। मुझे विश्वास है कि वे सफलता और उत्कृष्टता के ऐसे कई और प्रेरणादायक अध्याय लिखेंगी।’’
हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम ने दुबई में श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप का खिताब जीता।
राष्ट्रपति ने कहा, ’’महिला टी20 एशिया कप चैंपियनशिप 2026 जीतने पर टीम इंडिया की सभी सदस्यों को मेरी हार्दिक बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और अपने सभी मैच जीते। उन्होंने देश को गौरवान्वित किया है।’’
वानुआतु के निकट नौका के डूबने के बाद एक व्यक्ति की मौत, 30 से अधिक लोग लापता
स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, ’एमवी मातुई’ नाम की नौका शुक्रवार को अम्बाए और सैंटो द्वीपों के बीच यात्रा के दौरान डूब गई। उस समय नौका पर 47 लोग सवार थे।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से रविवार को जारी बयान के अनुसार, तलाश अभियान के दौरान बचाव नौकाओं की मदद से 15 लोगों को समुद्र से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बयान में कहा गया कि एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है और 30 से अधिक लोग अब भी लापता हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, "माना जा रहा है कि यह हादसा तेज हवाओं और समुद्री चेतावनी की अनदेखी के कारण हुआ। नौका में क्षमता से अधिक यात्रियों को ले जाने समेत अन्य लापरवाहियां भी इसकी वजह हो सकती हैं।"
