LIVE

हिंदी समाचार, 14 जून 2024: पीएम मोदी ने G7 समिट के आउटरीच सेशन को किया संबोधित, NEET को लेकर कांग्रेस ने फिर उठाए सवाल

हिंदी समाचार, 14 जून 2024: पीएम मोदी ने G7 समिट के आउटरीच सेशन को किया संबोधित, NEET को लेकर कांग्रेस ने फिर उठाए सवाल
हिंदी न्यूज़ 14 जून 2024 और बड़ी खबरें: G7 समिट के आउटरीच सेशन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भारत में हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव से लेकर वैश्विक लेवल पर टेक्नोलॉजी के उपयोग और उसके खतरों, पर्यावरण समेत कई मुद्दों पर बात ही। पीएम मोदी ने इस दौरान इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी का निमंत्रण के लिए धन्यवाद भी किया। वहीं NEET परीक्षा 2024 को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सवाल उठाते हुए पूछा है कि नाम है NEET लेकिन आपको कही से लगता है कि ये प्रक्रिया नीट है? कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए पूछा है कि 720 में से 720 67 छात्रों को मिला, 24 लाख बच्चों के भविष्य का क्या होगा ? पूछा कि आठ साल में सात छात्र पूरे नंबर लेकर आये लेकिन एक साल में 67 छात्र को पूरा नंबर मिला, शिक्षा मंत्री के पास इसका जवाब है? आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...
Jun 14, 2024 | 10:38 PM IST

जी7 समिट में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्या कहा?

G7 समिट के आउटरीच सेशन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भारत में हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव से लेकर वैश्विक लेवल पर टेक्नोलॉजी के उपयोग और उसके खतरों, पर्यावरण समेत कई मुद्दों पर बात ही। पीएम मोदी ने इस दौरान इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी का निमंत्रण के लिए धन्यवाद भी किया। पढ़ें पूरी खबर
Jun 14, 2024 | 09:40 PM IST

आगरा में योग दिवस पर ताजमहल समेत सभी स्मारकों में नि:शुल्क प्रवेश

योग के महत्व को रेखांकित करने एवं जागरूकता उत्पन्न करने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने विश्व योग दिवस पर 21 जून को आगरा में ताजमहल सहित अन्य स्मारकों में प्रवेश नि:शुल्क करने की घोषणा की है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण इस संबंध में एक आदेश जारी किया है। इस संबंध में अधीक्षण पुरातत्व विद् डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि प्राचीन स्मारक और पुरातात्विक स्थल और अवशेष नियम, 1959 के नियम छह के तहत 21 जून को योग दिवस पर सभी केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि केवल ताजमहल में मुख्य गुम्बद पर जाने के लिए 200 रुपये का अतिरिक्त शुल्क देना होगा जबकि परिसर में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 17 जून को बकरीद पर भी दो घण्टे के लिए ताजमहल में नमाजी नि:शुल्क प्रवेश कर सकेंगे।
Jun 14, 2024 | 09:08 PM IST

दिल्ली के पूर्व मंत्री राजकुमार आनंद की विधानभा सदस्यता रद्द

दिल्ली के पूर्व समाज कल्याण मंत्री राजकुमार आनंद को दिल्ली विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। आनंद अप्रैल में आम आदमी पार्टी (आप) और दिल्ली सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा देकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हो गए थे। गोयल ने कहा, 'उन्हें नोटिस का जवाब देने के लिए 10 जून की तारीख दी गई थी, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसी नोटिस में उन्हें 11 जून को उपस्थित होने को कहा गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। उन्हें 14 जून को उपस्थित होने का एक और मौका दिया गया था, लेकिन वे नहीं आए। दिल्ली विधानसभा से उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई है।' आनंद को विधानसभा द्वारा 31 मई को दलबदल विरोधी कानून के तहत नोटिस दिया गया था और 10 जून को शाम पांच बजे तक अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया था। आनंद को की गई कॉल और संदेश का कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने पहले कहा था कि वह इस मामले में कानूनी परामर्श लेंगे। वह 2020 के चुनाव में पटेल नगर (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से चुने गए थे। आनंद ने पार्टी में संगठनात्मक नियुक्तियों में भ्रष्टाचार और दलित नेताओं और स्वयंसेवियों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी छोड़ दी थी।
Jun 14, 2024 | 08:26 PM IST

अदालत ने राउत, ठाकरे की याचिका को सुनवाई के लिए दी मंजूरी

मुंबई की एक विशेष अदालत ने शिवसेना के पूर्व सांसद राहुल शेवाले द्वारा दायर मानहानि के एक मामले में मजिस्ट्रेट के आदेश के खिलाफ पुनरीक्षण आवेदन दायर करने में देरी के लिए माफी देने संबंधी शिवसेना (यूबीटी) नेताओं उद्धव ठाकरे और संजय राउत की याचिकाओं को स्वीकार कर लिया। सांसदों/विधायकों के खिलाफ मामलों के विशेष न्यायाधीश आर.एन. रोकड़े ने बृहस्पतिवार को 2,000 रुपये के जुर्माने पर याचिकाएं स्वीकार कर लीं। विशेष न्यायाधीश ने कहा कि यह सर्वविदित है कि देरी से आवेदन दायर करने को लेकर माफी पर निर्णय करते समय "अदालत का दृष्टिकोण उदार होना चाहिए।" आदेश का विवरण शुक्रवार को उपलब्ध कराया गया। इसमें कहा गया है कि यह ध्यान देने योग्य बात है कि यदि पुनरीक्षण याचिका दाखिल करने में हुई देरी को माफ नहीं किया जाता है, तो पुनरीक्षण याचिका दाखिल करने का उद्देश्य ही विफल हो जाएगा। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से जुड़े शेवाले ने 'सामना' के मराठी और हिंदी संस्करणों में उनके खिलाफ 'अपमानजनक लेख' प्रकाशित करने के लिए भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि के लिए दंड) के तहत दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राउत और ठाकरे ने खुद को निर्दोष बताते हुए मजिस्ट्रेट अदालत में आरोपमुक्त करने की अर्जी दायर की थी, जिसे पिछले साल अक्टूबर में खारिज कर दिया गया था।
Jun 14, 2024 | 08:23 PM IST

अल्पसंख्यक आयोग ने ओवैसी के दावे को किया खारिज

राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने शुक्रवार को कहा कि पिछले तीन वर्षों में एक समुदाय द्वारा दूसरे समुदाय के खिलाफ कोई कदम उठाने से जुड़ी कोई शिकायत नहीं मिली है, हालांकि व्यक्तियों से संबंधित अपराध के कुछ मामले जरूर सामने आए हैं, जिनमें अल्पसंख्यक पीड़ित थे। उन्होंने कहा कि आयोग समुदायों के बीच सौहार्द कायम करने के लिए 20 जून को यहां अधिक ‘सर्व धर्म संवाद’ सभा का आयोजन करेगा। ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने पिछले दिनों कहा था कि लोकसभा चुनाव के बाद देश के कई हिस्सों में मुसलमानों पर हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं। लालपुरा ने कहा कि बयान देने के बजाय उन्हें ऐसे मामलों को आयोग के संज्ञान में लाना चाहिए और अगर वह ऐसा करते हैं, तो आयोग शिकायत के अनुसार कार्रवाई करेगा। उन्होंने संवाददाताआओं से कहा, 'हमें बहुत सारी शिकायतें मिलती हैं, कुछ शिकायतें वैवाहिक विवाद हैं, कुछ संपत्ति को लेकर विवाद हैं। लेकिन पिछले तीन वर्षों में हमें कोई ऐसा मामला हमारे संज्ञान में नहीं आया जिसमें एक समुदाय बनाम दूसरे समुदाय की बात हो।' लालपुरा ने पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर कामरान अकमल द्वारा भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह पर की गई ‘नस्लीय टिप्पणी’ की भी निंदा की। उन्होंने कहा, 'सिख पाकिस्तान में सुरक्षित नहीं हैं, क्योंकि कामरान अकमल जैसे लोगों के मन में सिखों के प्रति पूर्वाग्रह है।' हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में अकमल को अर्शदीप का हवाला देते हुए सिख धर्म का मज़ाक बनाते देखा गया था। इस पर पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी।
Jun 14, 2024 | 08:22 PM IST

झारखंड सरकार दो लाख रुपये तक का कृषि ऋण माफ करेगी

झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार ने 1.91 लाख से अधिक किसानों को राहत पहुंचाने की कोशिश के तहत दो लाख रुपये तक का कृषि ऋण माफ करने का निर्णय लिया है। यहां राज्य स्तरीय बैंकर समिति (एसएलबीसी) के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मंत्री ने बैंकों को इस संबंध में प्रस्ताव पेश करने को कहा। उन्होंने कहा, 'किसानों द्वारा 31 मार्च, 2020 तक लिये गये 50,000 से दो लाख रुपये तक के ऋण को एकमुश्त समाधान के तौर पर माफ कर दिया जाएगा।' उन्होंने कहा कि 2021-22 के दौरान राज्य सरकार ने 50,000 रुपये तक के फसल ऋण को माफ करने की घोषणा की थी। पत्रलेख ने कहा, 'अपने वादे के मुताबिक राज्य सरकार ने 4.73 लाख से अधिक किसानों के 50000 रुपये तक के ऋण को माफ किया है। झारखंड सरकार ने बैंकों को 1900 करोड़ रुपये दिये हैं।' उन्होंने बैंक अधिकारियों को गैर निष्पादित परिसंपत्तियां बन चुके खातों को बंद करने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने को भी कहा है ताकि किसानों को ऋणमुक्त किया जा सके।
Jun 14, 2024 | 07:29 PM IST

रवीना टंडन ने 'फर्जी' वीडियो को लेकर एक व्यक्ति को मानहानि का नोटिस भेजा

अभिनेत्री रवीना टंडन ने सड़क पर क्रोध करने की एक कथित घटना के सिलसिले में सोशल मीडिया पर डाले गये एक वीडियो को नहीं हटाने पर एक व्यक्ति को मानहानि का एक नोटिस भेजा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो गया है। उसमें यह व्यक्ति यह दावा करता हुआ दिख रहा है कि टंडन की कार ने उसकी मां को टक्कर मारी और टोकने पर अभिनेत्री ने उन पर (उसकी मां के) हमला किया। इस व्यक्ति ने यह भी दावा किया कि यह घटना तब घटी, जब यहां उसकी मां, बहन और भतीजी अभिनेत्री के घर के समीप थीं। मुंबई पुलिस की जांच में सामने आया कि अभिनेत्री की कार से किसी को टक्कर नहीं लगी। मानहानि के नोटिस में कहा गया है कि अभिनेत्री ने संबंधित व्यक्ति को ‘सच्चाई और सही तथ्यों’ के बारे में बता दिया है जो पुलिस जांच में सामने आया है। यह नोटिस वकील सना खान के मार्फत भेजा गया है। मानहानि के नोटिस के मुताबिक संबंधित व्यक्ति ने अभिनेत्री से कहा था कि वह उसे अपने ‘एक्स’ एकाउंट से इस वीडियो हटाने का एक अनुरोध पत्र भेजें । यह अनुरोध पत्र ई-मेल के मार्फत पांच जून को भेजा गया था। नोटिस में कहा गया है, ‘लेकिन, आपने अपने हैंडल से इस पोस्ट को हटाने से मना कर दिया और हमारी मुवक्किल को धमकी भी दी कि यदि उक्त अनुरोध पत्र 24 घंटे के अंदर नहीं हटाया गया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’
Jun 14, 2024 | 07:28 PM IST

कुवैत आग त्रासदीः एक और भारतीय की मौत, शार्ट सर्किट से लगी आग

कुवैत में भीषण आग में एक और कामगार की मौत के बाद मरने वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि इमारत के भूतल पर गार्ड के कमरे में बिजली के ‘शॉर्ट सर्किट’ के कारण आग लगी। इस अग्निकांड में कुल 50 लोगों की मौत हो गई। कुवैत के दक्षिणी अहमदी प्रांत में बुधवार तड़के छह मंजिला इमारत में जब आग लगी तब लोग सो रहे थे इसलिए ज्यादातर लोगों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई। इमारत में 196 प्रवासी मजदूर रहते थे, जिनमें से ज्यादातर भारतीय थे। कुवैत के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अल-याह्या ने पत्रकारों को बताया कि “एक घायल की रात में मौत हो गई”, जिसके साथ ही मरने वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है। कुवैत के टाइम्स समाचार पत्र ने शुक्रवार को दी खबर में कहा कि तीन अन्य मृतक फिलीपींस के निवासी है और एक मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। अग्निशमन विभाग की जांच टीम ने बृहस्पतिवार को बताया था कि आग इमारत के गार्ड के कमरे में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और अन्य जगहों पर भी फैल गई। गार्ड का कमरा भूतल पर है। सुरक्षा सूत्रों का हवाला देते हुए समाचार पत्र ने कहा कि जब इमारत में आग लगी तब 179 कामगार वहां थे जबकि 17 बाहर थे। इमारत में रह रहे 196 लोगों में से 175 भारतीय, 11 फिलीपींस और अन्य थाइलैंड, पाकिस्तान और मिस्र के निवासी हैं। एक अधिकारी के अनुसार जान बचाकर भागने के दौरान ज्यादातर पीडि़तों की दम घुटने से मौत हुई, क्योंकि सीढियों पर धुआं भरा हुआ था। साथ ही उन्होंने कहा कि पीड़ित छत पर नहीं जा सके क्योंकि दरवाजा बंद था।
Jun 14, 2024 | 05:34 PM IST

उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण को कौन सा मंत्रालय मिला

आंध्र प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को जनसेना के प्रमुख पवन कल्याण को उपमुख्यमंत्री नामित किया। अभिनय की दुनिया से राजनीति में आए पवन कल्याण को पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास, पर्यावरण, वन और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग आवंटित किए गए हैं। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश को मानव संसाधन विकास, सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग दिए गए हैं। नायडू के साथ बुधवार को 24 मंत्रियों ने शपथ ली थी। अनिता वंगलपुडी गृह मंत्री होंगी। पी. नारायण को एक प्रमुख विभाग नगर प्रशासन आवंटित किया गया है, जो अमरावती राजधानी क्षेत्र के विकास के लिए जिम्मेदार होगा।
Jun 14, 2024 | 04:27 PM IST

पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मेदी ने शुक्रवार को इटली के अपुलिया क्षेत्र में जी7 शिखर सम्मेलन से इतर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बातचीत की। ऐसा समझा जाता है कि जेलेंस्की ने मोदी को रूस-यूक्रेन संघर्ष के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी। मोदी ने पिछले साल मई में भी हिरोशिमा में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन से इतर जेलेंस्की से मुलाकात की थी। भारत यह कहता रहा है कि यूक्रेन में जारी संघर्ष को बातचीत और कूटनीति के जरिये सुलझाया जाना चाहिए।
Jun 14, 2024 | 04:25 PM IST

मालगाड़ी की चपेट में आने से दो बच्चों समेत तीन की मौत

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को एक रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक पुरुष और दो वर्षीय एक बच्चा एवं तीन वर्षीय एक बच्ची सुबह-सुबह जमशेदपुर शहर के बाहरी इलाके में गोविंदपुर हॉल्ट स्टेशन के पास रेल लाइन पार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि पीड़ित एक ही परिवार के सदस्य थे। गोविंदपुर थाने के प्रभारी प्रकाश कुमार ने बताया कि तीनों संभवत: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड के निवासी थे और उनकी पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं। गोविंदपुर हॉल्ट रेलवे स्टेशन दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर डिवीजन के अंतर्गत आता है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है।
Jun 14, 2024 | 04:14 PM IST

पंजाब में ट्रक और बस की टक्कर में 17 लोग घायल

पंजाब के लुधियाना के पास एक ट्रक और बस की टक्कर में 17 लोग घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की रात बस बिहार के प्रवासी मजदूरों और उनके परिवार के सदस्यों को लेकर पंजाब आ रही थी, तब ही दुर्घटना हुई। जांच अधिकारी उप निरीक्षक गुरिंदर सिंह ने बताया कि महिलाओं और बच्चों समेत घायलों को स्थानीय सिविल अस्पताल ले जाया गया। इनमें से दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि प्रवासी मजदूर पंजाब के विभिन्न हिस्सों में काम कर रहे थे।
Jun 14, 2024 | 04:13 PM IST

रेड्डी ने कोयला, खान मंत्रालयों की पहली समीक्षा बैठक की

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने अपने प्रभार वाले दोनों मंत्रालयों- कोयला और खान मंत्रालय का दायित्व संभालने के बाद पहली समीक्षा बैठक की है। रेड्डी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'नयी दिल्ली में खान मंत्रालय की एक विस्तृत समीक्षा बैठक की।' उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, 'कोयला मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद पहली समीक्षा बैठक की।' इसके पहले रेड्डी ने बृहस्पतिवार को कोयला और खान मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्होंने कहा कि भारत को कोयले का घरेलू उत्पादन बढ़ाना चाहिए और इसके आयात में कमी लानी चाहिए। कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे और खान मंत्रालय के अन्य अधिकारी भी बैठक के दौरान मौजूद थे। रेड्डी ने कहा कि दोनों ही मंत्रालय एक साथ मिलकर एक टीम के तौर पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत को मजबूत करने में कोयला मंत्रालय और खान मंत्रालय आगे खड़े रहेंगे। रेड्डी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाले मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। वह सिकंदराबाद लोकसभा सीट से लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने हैं।
Jun 14, 2024 | 04:12 PM IST

PM मोदी ने जी7 शिखर सम्मेलन से इतर फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की और माना जा रहा है कि उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर तथा वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। दोनों नेताओं की मुलाकात इटली के दक्षिणी शहर बारी में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर हुई। इस महीने तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद यह मोदी की पहली विदेश यात्रा है। दोनों नेताओं की पिछली मुलाकात जनवरी में हुई थी, जब फ्रांस के राष्ट्रपति भारत के 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए थे। दोनों नेताओं ने अपनी पिछली बैठक के दौरान द्विपक्षीय सहयोग और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के लिए अपने साझा दृष्टिकोण की पुष्टि की थी, जिसे ‘होराइजन 2047’ और जुलाई 2023 शिखर सम्मेलन के अन्य दस्तावेजों में रेखांकित किया गया है। ‘होराइजन 2047’ रोडमैप भारत की स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष 2047 के लिए द्विपक्षीय संबंधों के संदर्भ में महत्वाकांक्षी और व्यापक कार्यक्रम निर्धारित करता है।
Jun 14, 2024 | 02:32 PM IST

मणिपुर सरकार बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को देगी 10 हजार रुपये

मणिपुर सरकार ने बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को 10 हजार रुपये की ‘‘त्वरित राहत’’ राशि देने का निर्णय लिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में प्रदेश के विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया और जातीय हिंसा से प्रभावित, आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों (आईडीपी) के पुनर्वास के लिए एक कैबिनेट उप-समिति गठित करने पर भी गौर किया गया। मई के अंतिम सप्ताह में आई बाढ़ के कारण राज्य में 1.88 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ की वजह से 24 हजार से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें से अधिकतर इंफाल घाटी में हैं। चक्रवात रेमल के कारण हुई भारी बारिश के बाद नदी के तटबंध टूट गए थे और बाढ़ आ गई थी।
Jun 14, 2024 | 02:31 PM IST

अरुणाचल प्रदेश के नवनिर्वाचित विधायकों ने ली शपथ

अरुणाचल प्रदेश में नवनिर्वाचित विधायकों ने शुक्रवार को शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के टी परनाइक द्वारा आहूत, विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन प्रोटेम स्पीकर निनॉन्ग एरिंग ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित विधायकों में से 11 ने हिंदी में शपथ ली। कुल 60 विधायकों में से 59 ने शपथ ली वहीं एरिंग को एक दिन पहले राज्यपाल ने शपथ दिलाई थी। निवर्तमान विधानसभा के 35 सदस्य फिर से निर्वाचित हुए हैं जबकि पांच पूर्व सदस्य भी इस बार निर्वाचित हुए हैं। मौजूदा विधानसभा में 20 नए चेहरे हैं। राज्य में 19 अप्रैल को विधानसभा चुनाव हुए थे जिसमें चार महिला उम्मीदवार विजयी रहीं। एरिंग ने निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी और उन्हें सदन की परंपरा और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी लगन से पालन करने की सलाह दी। सदन में दिवंगत पूर्व सदस्यों के सम्मान में कुछ पलों का मौन भी रखा गया। विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव शनिवार को होगा। अरुणाचल प्रदेश की 60 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा को 46 सीटें मिलीं, जबकि नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) को पांच सीटें और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अजित पवार गुट को तीन सीटें मिलीं। पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए) को दो सीटें और कांग्रेस को एक सीट मिली। इसके अलावा तीन निर्दलीय विधायक भी चुनाव जीते हैं।
Jun 14, 2024 | 01:56 PM IST

NEET को लेकर कांग्रेस ने फिर उठाए सवाल

NEET परीक्षा 2024 को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सवाल उठाते हुए पूछा है कि नाम है NEET लेकिन आपको कही से लगता है कि ये प्रक्रिया नीट है? कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए पूछा है कि 720 में से 720 67 छात्रों को मिला, 24 लाख बच्चों के भविष्य का क्या होगा ? पूछा कि आठ साल में सात छात्र पूरे नंबर लेकर आये लेकिन एक साल में 67 छात्र को पूरा नंबर मिला, शिक्षा मंत्री के पास इसका जवाब है? यहां पढ़ें पूरी खबर
Jun 14, 2024 | 01:53 PM IST

CBI जांच की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने NTA को जारी किया नोटिस

सुप्रीम कोर्ट ने नीट-यूजी 2024 के प्रश्नपत्र लीक होने और अन्य अनियमितताओं के आरोपों की सीबीआई जांच के अनुरोध वाली याचिका पर केंद्र और एनटीए को नोटिस जारी किया। अदालत ने विवादित नीट-यूजी परीक्षा की सीबीआई से जांच के अनुरोध वाली याचिका पर केंद्र, एनटीए और अन्य को दो सप्ताह में जवाब देने को कहा। नीट-यूजी 2024 में गड़बड़ी के आरोपों की सीबीआई से जांच के अनुरोध वाली याचिका पर आठ जुलाई को सुनवाई होगी। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jun 14, 2024 | 01:51 PM IST

बिहार में मुखिया की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष सत्ता पक्ष पर निशाना साध रहा है। स्थिति यह है कि अब जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं। इस बीच अपराधियों ने नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र में एक पंचायत के मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर अब जांच कर रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि सुबह बुधौली गांव मे एक व्यक्ति के शव पड़े होने की जानकारी मिली। पुलिस ने शव को बरामद कर पहचान की तो शव की पहचान मुखिया पप्पू मांझी के रूप में की गयी।
Jun 14, 2024 | 01:50 PM IST

पश्चिम बंगाल में 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए TMC ने उतारे अपने उम्मीदवार

खिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) ने पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में, तृणमूल कांग्रेस ने चार सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम जारी किए है। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jun 14, 2024 | 12:24 PM IST

वेस्ट बैंक में इजरायली रेड में 3 फिलिस्तीनियों की मौत

उत्तरी वेस्ट बैंक के जेनिन में कबातिया शहर में इजरायली सेना ने रेड की जिसमें तीन फिलिस्तीनी मारे गए। इजरायल ने फिलिस्तीनी सुरक्षा समन्वय कार्यालय को बताया कि गुरुवार को एक घर के अंदर रेड डाली गई जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई। ये जानकारी फिर जेनिन के गवर्नर कमाल अबू अल-रब ने सिन्हुआ न्यूज एजेंसी को दी।
Jun 14, 2024 | 11:39 AM IST

राजकोट अग्निकांड : 'गेम जोन' का सह-मालिक गिरफ्तार

गुजरात पुलिस ने राजकोट 'गेम जोन' के सह-मालिक को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर 10 हो गई। शुक्रवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।पिछले महीने 'गेम जोन' में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई थी।
Jun 14, 2024 | 11:22 AM IST

मृतकों के शव लेकर कोच्चि एयरपोर्ट पर उतरा भारतीय वायुसेना का विमान

भारतीयों के पार्थिव शरीर को लेकर भारतीय वायुसेना का एक विशेष विमान शुक्रवार को कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। केरल के मंत्री पी राजीव ने कहा कि प्रत्येक मृतक के लिए विशेष एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है और एक पुलिस पायलट भी उपलब्ध कराया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jun 14, 2024 | 09:30 AM IST

आंध्र प्रदेश में सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत, पांच घायल

आंध्र प्रदेश के क्रिथिवेन्नु मंडल के सीतानपल्ली में शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए । क्रिथिवेन्नु की ओर जा रही मछुआरों को ले जा रही एक वैन विपरीत दिशा से आ रही एक कंटेनर लॉरी से टकरा गई। मछलीपट्टनम के डीएसपी सुभानी ने कहा कि लकड़ी के लट्ठे ले जा रहे एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय मिनी ट्रक कंटेनर लॉरी से टकरा गया। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
Jun 14, 2024 | 09:20 AM IST

मुश्किल में Aamir Khan के बेटे Junaid Khan की पहली फिल्म महाराज

गुजरात HC ने महाराज फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी है। हिंदू संघठन की याचिका के बाद गुजरात HC की जज संगीता विशेन ने रिलीज के ठीक एक दिन पहले रोक लगाई है। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jun 14, 2024 | 09:18 AM IST

नेपाल में हुआ भूस्खलन, 4 लोगों की हुई मौत

नेपाल पूर्वी नेपाल के तापलेजुंग जिले में लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, हिमालयी राष्ट्र नेपाल में 2018 और पिछले वर्ष के बीच 2419 भूस्खलन दर्ज किए गए, जिनमें 805 लोगों की जान चली गई।
Jun 14, 2024 | 09:18 AM IST

जी7 सम्मेलन में अमेरिका, यूक्रेन ने सुरक्षा समझौते पर किए हस्ताक्षर

अमेरिका और यूक्रेन के राष्ट्रपति ने दक्षिण इटली में जी7 सम्मेलन के दौरान एक सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए जो लंबे समय तक दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को रेखांकित करता है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए। इससे पहले ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी सहित 15 देश यूक्रेन के साथ इसी तरह का दीर्घकालिक सुरक्षा समझौता कर चुके हैं।
Jun 14, 2024 | 07:52 AM IST

भाजपा ने पूर्व सीएम येदियुरप्पा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की निंदा की

पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने के बाद भाजपा ने कहा कि कांग्रेस नेता लोकसभा चुनावों में अपनी अपमानजनक हार के बाद साजिश रच रहे हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jun 14, 2024 | 07:03 AM IST

45 भारतीयों के पार्थिव शरीर को लेकर भारतीय वायुसेना का विमान कोच्चि के लिए रवाना

Jun 14, 2024 | 07:00 AM IST

रूस में डूबे तीन भारतीय छात्रों के पार्थिव शरीर मुंबई हवाई अड्डे पर पहुंचे

रूस में डूबे तीन भारतीय छात्रों के पार्थिव शरीर गुरुवार देर रात मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे। गौरतलब है कि रूस के वेलिकी नोवगोरोड में स्थित यारोस्लाव-द-वाइज नोवगोरोड स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले चार भारतीय छात्र 7 जून को वोल्खोव नदी में डूब गए थे। जिन तीन छात्रों के पार्थिव शरीर भारत वापस लाए गए, वे थे जिशान अश्पक पिंजारी, जिया फिरोज पिंजारी और हर्षल अनंतराव देसाले।
Jun 14, 2024 | 06:10 AM IST

बिहार में अपराध का बोलबाला है: तेजस्वी

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि बिहार में अपराध का बोलबाला है। तेजस्वी ने पत्रकारों से बातचीत में बिहार में कथित बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर प्रदेश की राजग सरकार पर प्रहार करते हुए लगाया, "राज्य में पूरी तरह से अपराधीकरण हो चुका है और अपराध का बोलबाला है।" तेजस्वी ने आरोप लगाया, " छपरा में लगातार ऐसी घटनाएं घट रही हैं। लगातार यादव समाज के लोगों को वहां गोलियां मारी जा रही हैं। ’’
Jun 14, 2024 | 06:04 AM IST

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में रिक्टर पैमाने पर 3.0 तीव्रता का भूकंप

Jun 14, 2024 | 06:05 AM IST

G-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इटली पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इटली पहुंचे। विश्व नेताओं के साथ सार्थक चर्चा में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं। साथ मिलकर, हमारा लक्ष्य वैश्विक चुनौतियों का समाधान करना और उज्जवल भविष्य के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है।
Jun 14, 2024 | 06:02 AM IST

राकांपा और भाजपा में आर्गेनाइजर के आलेख को लेकर वाकयुद्ध

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की करीबी समझे जाने वाली पत्रिका ‘आर्गेनाइजर’ में छपे एक आलेख को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के बीच बृहस्पतिवार को वाकयुद्ध छिड़ गया। इस आलेख में राकांपा के साथ गठबंधन को लेकर भाजपा की आलोचना की गयी है।
Jun 14, 2024 | 06:05 AM IST

तेलंगाना में दीवार गिरने से तीन श्रमिकों की मौत

तेलंगाना के मंचेरियल जिले में बृहस्पतिवार को एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मिट्टी ढीली होने के कारण परिसर की दीवार अचानक ढह गई और चार श्रमिक मलबे में फंस गए। पुलिस ने कहा कि एक श्रमिक को मलबे में से निकाल लिया गया जबकि तीन अन्य श्रमिकों की मौत हो गई। इस घटना को लेकर मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
Jun 14, 2024 | 06:01 AM IST

कुवैत अग्निकांड में आंध्र प्रदेश के तीन प्रवासी श्रमिकों की मौत: एपीएनआरटीएस

आंध्र प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि कुवैत में एक इमारत में आग लगने की घटना में राज्य के तीन प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई। अनिवासी भारतीय और प्रवासी मामलों के लिए नोडल एजेंसी ‘आंध्र प्रदेश अनिवासी तेलुगु सोसायटी’ (एपीएनआरटीएस) ने कहा कि प्रदेश के संबंधित तीन मृतकों की पहचान श्रीकाकुलम जिले के टी लोकानंदम, पश्चिम गोदावरी जिले के एम सत्यनारायण और एम ईश्वरुडु के तौर पर हुई है।