अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का कल होगा अंतिम संस्कार, पीएम मोदी ने काफिले से गाड़ियां कम की
गडकरी महाराष्ट्र के दौरे पर बस से करेंगे सफर
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि वह प्रधानमंत्री की ईंधन खपत कम करने की सलाह को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र में राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान बस से ही सफर करेंगे। गडकरी ने महाराष्ट्र पुलिस को लिखे पत्र में कहा है कि वह अधिकारियों, सुरक्षा कर्मचारियों और पत्रकारों के साथ बस से यात्रा करेंगे। उन्होंने राज्य सरकार से अपने दौरे के दौरान काफिले में वाहनों की संख्या सामान्य तैनाती की तुलना में 50 प्रतिशत तक घटाने का भी आग्रह किया है। केंद्रीय मंत्री 14 और 15 मई को संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज पालखी मार्ग परियोजनाओं का निरीक्षण करने वाले हैं।गडकरी ने यह कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हाल में की गई अपील के बाद उठाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच कहा था कि विदेशी मुद्रा की बचत के लिए पेट्रोलियम उत्पादों के कम उपयोग और वर्क फ्रॉम होम जैसे तरीकों को अपनाया जाए।
सपा के जिला उपाध्यक्ष के एक घर को बुलडोजर से किया गया ध्वस्त
हापुड़ में सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर बुधवार को प्रशासन ने समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला उपाध्यक्ष के एक घर को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया, जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और गांव में तनाव फैल गया। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सदर कोतवाली थानाक्षेत्र के मोदीनगर रोड पर हैदरपुर नंगोला गांव में की गई । अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के बाद गांव में भारी पुलिस तैनाती की गई, जबकि क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया।बंगाल सरकार ने सरकारी स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियों को 31 मई तक बढाया
पश्चिम बंगाल सरकार ने भीषण गर्मी की स्थिति को देखते हुए बुधवार को राज्य भर के सभी सरकारी स्कूलों में जारी गर्मियों की छुट्टियों को 31 मई तक बढ़ा दिया है। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह निर्णय स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लिया गया है और यह प्राथमिक, माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक संस्थानों पर लागू होगा। हालांकि यह पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित स्कूलों पर लागू नहीं होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 11 मई से शुरू हुई गर्मियों की छुट्टियां अब कुल 21 दिनों तक रहेंगी और स्कूल एक जून को फिर से खुलेंगे। अधिकारियों ने कहा कि इस कदम से पहले के शैक्षणिक कैलेंडर में बदलाव किया गया है, जिसमें गर्मियों की छुट्टियों को काफी छोटा करने का प्रस्ताव था, लेकिन कई जिलों में तापमान में अचानक वृद्धि के बाद इसमें बदलाव किया गया।अधिकारी ने कहा कि छुट्टियां आगे बढ़ाने का उद्देश्य खराब मौसम की स्थिति में छात्रों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करना है।
यह आदेश सभी सरकारी और सरकार द्वारा समर्थित संस्थानों पर बाध्यकारी है, निजी स्कूल अलग कार्यक्रम का पालन कर सकते हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शिखर सम्मेलन के लिए चीन पहुंचे
खरगे आवास में कांग्रेस की बड़ी बैठक, केरल सीएम पर फैसला संभव
कांग्रेस की बड़ी बैठक को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास राहुल गांघी राहुल पहुंच चुके हैं। माना जा रहा है केरल सीएम को लेकर चल रही बहस को विराम लगेगा और नए सीएम के नाम पर मुहर लगेगी।प्रतीक यादव की Pulmonary Embolism से हुई मौत
मुलायम सिंह यादव के बेटे और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 13 मई की सुबह अकस्मिक निधन हो गया है। वे केवल 38 साल के थे। हालांकि प्रतीक काफी फिटनेस फ्रीक थे, इसके बावजूद इतनी कम उम्र में उनका निधन काफी चौंकाने वाला है। सूत्रों की मानें तो प्रतीक यादव पल्मोनरी फाइब्रोसिस नामक लंग्स की बीमारी से जूझ रहे थे। प्रतीक को लंबे समय से लंग्स में क्लॉटिंग की दिक्कत थी। उनका गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में इलाज भी चल रहा था। इस बीमारी में शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई प्रभावित हो जाती है और इसका असर शरीर के अंगों पर देखने को मिलता है।लिस्बन में भारतीय दूतावास ने इकबाल सिंह के भारत प्रत्यर्पण में पुर्तगाल का जताया आभार
The Embassy of India in Lisbon thanks the Portuguese authorities for their support and cooperation in extradition of Iqbal Singh to India. #indiaportugal #extradition @MEAIndia @PIB_India @DDNewslive @airnewsalerts @IndianDiplomacy @MIB_India @nestrangeiro_pt @prkundal pic.twitter.com/7ldbexNmrR
— India in Portugal (@IndiainPortugal) May 13, 2026
बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट अपने पास रखी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को घोषणा की कि वह भवानीपुर विधानसभा सीट अपने पास रख रहे हैं और नंदीग्राम सीट छोड़ देंगे।हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में उन्होंने भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों से जीत हासिल की थी और बुधवार को उन्होंने भवानीपुर से विधायक के रूप में राज्य विधानसभा में शपथ ली।
अधिकारी ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से कहा, ’’नंदीग्राम से कोई और विधायक (उपचुनाव में) चुना जाएगा। लेकिन मैं वहां के लोगों को अपनी कमी महसूस नहीं होने दूंगा।’’
उन्होंने कहा, ’’मैं राज्य के बाकी हिस्सों के साथ ही नंदीग्राम के लोगों से किए गए सभी विकास संबंधी वादों को पूरा करूंगा।’’
अधिकारी ने 2009 से 2016 तक नंदीग्राम से तृणमूल कांग्रेस विधायक रहीं फिरोजा बीबी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय वह ममता बनर्जी की पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल थे।
CBSE 12वीं का रिजल्ट आया
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे जारी कर दिए हैं। जिन छात्रों ने इस परीक्षा में भाग लिया था, वे CBSE 12th Result 2026 Online Check करने के लिए results.cbse.nic.in / cbseresults.nic.in पर जा सकते हैं। सीबीएसई बोर्ड की वेबसाइट cbse.gov.in है।बिहार मंत्रिमंडल ने 72,901 करोड़ रुपये ऋण लेने को दी मंजूरी, महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत वृद्धि
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान राज्य सरकार को 72,901 करोड़ रुपये तक ऋण लेने की अनुमति प्रदान की गई, जिसमें 64,141 करोड़ रुपये का बाजार ऋण शामिल हैं। इस राशि से राज्य में विभिन्न तरह की विकास योजनाओं पर खर्च की जाएगी।
मंत्रिमंडल ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में वृद्धि को भी स्वीकृति दी। सप्तम केंद्रीय पुनरीक्षित वेतन संरचना के तहत कार्यरत कर्मचारियों का डीए 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं, छठे वेतनमान के कर्मियों का डीए 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत तथा पांचवें वेतनमान के कर्मियों का डीए 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत किया गया है। यह वृद्धि एक जनवरी 2026 से प्रभावी होगी।
सरकार ने कहा कि महंगाई भत्ते में वृद्धि का उद्देश्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की क्रय शक्ति को बनाए रखना है।
मंत्रिमंडल ने राज्य के पांच संवेदनशील जिलों-पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, मधुबनी, वैशाली और सिवान-में ’पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण)’ के पांच नए पद सृजित करने को भी मंजूरी दी। सूत्रों के अनुसार, इन जिलों में ग्रामीण क्षेत्रों की निगरानी मजबूत करने और कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार लाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने ओडिशा से लाया गया 80 किलो गांजा जब्त किया, दो गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से 80.670 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।पुलिस ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी निवासी लोकेश भारद्वाज (28) और राजस्थान के भिवाड़ी निवासी अख्तर खान (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि राजस्थान के भिवाड़ी से दिल्ली-एनसीआर में गांजे की एक बड़ी खेप पहुंचाई जानी है जिसके बाद पुलिस टीम ने दो मई को आजादपुर सब्जी मंडी के सर्विस लेन के पास जाल बिछाकर संदिग्ध कार को रोका और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
उन्होंने बताया कि कार की तलाशी लेने पर 80.670 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
कुमार के अनुसार पूछताछ में पता चला कि यह गांजा ओडिशा के सिमिलीगुड़ा से लाया गया था और इसे भिवाड़ी ले जाया जा रहा था जहां से इसे दिल्ली-एनसीआर में भेजा जाना था। आरोपियों ने माना कि वे मौके पर अपने एक साथी को यह नशीला पदार्थ पहुंचाने आए थे।
डीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को मामले में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया तथा उनकी पुलिस रिमांड हासिल की गई।
सोने पर शुल्क बढ़ाने से आयात नहीं घटेगा बल्कि कीमतें बढ़ेंगी: जीजेईपीसी
रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (जीजेईपीसी) ने बुधवार को कहा कि सोने पर आयात शुल्क बढ़ाने से आयात पर अंकुश नहीं लगता बल्कि कीमतें बढ़ती हैं।परिषद ने स्थायी समाधान के लिए सरकार से उद्योग के हितधारकों के साथ बातचीत करने की अपील की है।
जीजेईपीसी ने बयान में कहा, ’’ आयात शुल्क बढ़ाने से शायद ही कभी सोने का आयात घटता है। यह केवल कीमतें बढ़ाता है। हाल के समय में सोने की कीमतें दोगुनी होने के बावजूद आयात उसी अनुपात में नहीं घटा है।’’
परिषद के अनुसार, उच्च शुल्क तस्करी को बढ़ावा देते हैं और निर्यात लागत बढ़ाते हैं। वहीं निर्यातकों को अब नामित एजेंसियों से शुल्क-मुक्त सोना लेने पर प्रति किलोग्राम 28-30 लाख रुपये की बैंक गारंटी देनी पड़ रही है जिससे कार्यशील पूंजी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
बयान में कहा गया कि इसका सबसे गंभीर असर सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) विनिर्माताओं पर पड़ेगा। परिषद में ऐसे 80 प्रतिशत सदस्य हैं जो ’’गंभीर नकदी संकट’’ का सामना कर रहे हैं।
सरकार ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क छह प्रतिशत से बढ़ाकर बुधवार को 15 प्रतिशत कर दिया। प्लैटिनम पर कर 6.4 प्रतिशत से बढ़ाकर 15.4 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप सोने/चांदी के डोरे, सिक्के, अन्य वस्तुएं आदि पर भी कर में बदलाव किए गए हैं।
सरकार के फैसले पर परिषद ने कहा कि उसने प्रमुख खुदरा विक्रेताओं और विनिर्माताओं के साथ बैठक की है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर सोने के आयात को नियंत्रित करने के उपाय सुझाए हैं।
इन उपायों में 18 कैरेट और 14 कैरेट जैसे कम शुद्धता वाले आभूषणों को बढ़ावा देकर आयात में 20-30 प्रतिशत की कमी लाना, पुराने सोने के विनिमय कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करना, भारत के अनुमानित 25,000 टन घरेलू सोना भंडार को उपयोग में लाने के लिए स्वर्ण मौद्रीकरण योजना को पुनर्जीवित करना तथा छड़ों, ’बिलेट’ एवं सिक्कों में निवेश मांग को हतोत्साहित करना और आभूषण निर्यातकों के लिए विशेष प्रोत्साहन देना शामिल हैं।
परिषद ने कहा कि वह स्वर्ण मौद्रीकरण योजना को बहाल करने पर एक विस्तृत दस्तावेज अलग से सरकार को सौंप रही है।
बयान के अनुसार, ’’ जीजेईपीसी, सरकार से अपील करता है कि वह राजकोषीय लक्ष्यों को निर्यात वृद्धि के साथ संतुलित करने वाले स्थायी समाधानों पर बातचीत करे।’’
हरियाणा निगम चुनाव परिणाम: महापौर पद की दौड़ में भाजपा उम्मीदवार आगे
हरियाणा के अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों के लिए बुधवार को मतगणना जारी है। हाल ही में हुए चुनाव में महापौर पद के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अपने प्रतिद्वंद्वियों से अच्छी बढ़त बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई।अंबाला, पंचकूला व सोनीपत में महापौर व पार्षदों के लिए, रेवाड़ी नगर परिषद में अध्यक्ष व पार्षदों के लिए और सांपला, धारूहेड़ा व उकलाना नगर समितियों में अध्यक्ष व पार्षदों के चुनाव के लिए रविवार को मतदान हुआ था।
बुधवार को जारी परिणामों के अनुसार, धारूहेड़ा में भाजपा के सत्यनारायण उर्फ अजय जांगरा ने निर्दलीय उम्मीदवार बाबू लाल को 6,236 मतों से हराया, जबकि कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही।
सांपला में भाजपा के प्रवीण ने निर्दलीय उम्मीदवार अंकित को 687 मतों से हराया।
वहीं, उकलाना में भाजपा उम्मीदवार निकिता गोयल निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी से 2,806 मतों से हार गईं।
तोहाना, झज्जर, राजौंद, ताराओरी, कनीना व सधौरा की नगर परिषदों और नगर समितियों में भी एक-एक वार्ड के लिए उपचुनाव हुए।
आधिकारिक रुझानों के अनुसार, अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों में भाजपा उम्मीदवार अपने प्रतिद्वंद्वियों से अच्छी बढ़त बनाए हुए हैं।
अंबाला में महापौर पद के लिए भाजपा की अक्षिता सैनी कांग्रेस उम्मीदवार कुलविंदर कौर से आगे चल रही हैं जबकि निर्दलीय उम्मीदवार सोनिया रानी तीसरे स्थान पर हैं।
पंचकूला में महापौर पद के लिए भाजपा के श्यामलाल बंसल कांग्रेस की सुधा भारद्वाज से आगे चल रहे हैं जबकि आम आदमी पार्टी के राजेश कुमार तीसरे स्थान पर हैं।
सोनीपत में महापौर पद के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव जैन अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के कमल दीवान से आगे हैं जबकि भारतीय जनवादी परिषद (आईएनएलडी) के आनंद कुमार तीसरे स्थान पर हैं।
अंबाला व पंचकूला में 20-20 वार्डों और सोनीपत में 22 वार्डों के लिए मतदान हुआ था।
वर्तमान में पंचकूला, अंबाला और सोनीपत के तीनों नगर निगमों में मौजूदा महापौर भाजपा से हैं।
सोनिया गांधी की अस्पताल से वापसी
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मेदांता अस्पताल में नियमित मेडिकल चेकअप करवाया और अब वे घर लौट आई हैं: कांग्रेस सांसद जयराम रमेशप्रधानमंत्री मोदी ने मितव्ययिता के तौर पर अपने काफिले के वाहनों की संख्या में कटौती की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ईंधन से चलने वाले वाहनों के उपयोग में कमी लाने और मितव्ययिता अपनाने की अपील करने के कुछ दिन बाद अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या काफी कम कर दी है।आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री की हालिया घरेलू यात्राओं के दौरान उनके काफिले में शामिल वाहनों की संख्या कम की गई है।
हालांकि, विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के प्रोटोकॉल के अनुसार आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों को बरकरार रखा गया है।
सूत्रों के अनुसार, हैदराबाद में रविवार को मितव्ययिता उपायों के संबंध में दिए गए प्रधानमंत्री के भाषण के तुरंत बाद गुजरात और असम में उनके काफिले में कारों की संख्या को कम कर दिया गया।
सूत्रों ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ने जहां संभव हो, बिना नए वाहन खरीदे अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल करने के निर्देश दिए हैं।
पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई द्वारा आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए मितव्ययिता अपनाने पर जोर दिया था।
प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने, इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक इस्तेमाल, पार्सल ढुलाई के लिए रेलवे सेवाओं का उपयोग करने और ’वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम करने) को बढ़ावा देने का सुझाव दिया था।
सोनिया गांधी नियमित जांच के लिए मेदांता अस्पताल पहुंचीं
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी बुधवार को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचीं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष फिलहाल अस्पताल में हैं और जल्द ही वहां से रवाना हो जाएंगी। अस्पताल की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।सिर्फ चार गाड़ियों के काफिले से PMO पहुंचे मोदी
केंद्रीय कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है और सिर्फ चार गाड़ियों के काफिले से सेवा तीर्थ पहुंचे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ इलाके में आतंकी के मददगार शिक्षक को किया गिरफ्तार
जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ इलाके में पुलिस ने एक आतंकी के मददगार शिक्षक को किया गिरफ्तार।इस शिक्षक का नाम मशकूर अहमद उर्फ मशकूर मास्टर है ।
किश्तवाड़ पुलिस ने इसे UAPA के तहत गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक हालही में किश्तवाड़ इलाके के छात्रु में हुई मुठभेड़ में जो आतंकी मारे गए थे ये शिक्षक उनके संपर्क में था और लगातार उनकी मदद कर रहा था। इसके अलावा भी मशकूर मास्टर पर आतंकियों की मदद करने के सबूत सुरक्षा बलों को मिले हैं।
ऐसे में पुलिस अब इससे पूछताछ कर रही है।
बता दें कि किश्तवाड़ में सैफुल्लाह समेत पांच आतंकियों को सुरक्षा बलों ने जनवरी और फरवरी के महीनों में ढेर किया था जो पिछले 3 साल से इस इलाके में एक्टिव थे।
साउथ कोलकाता में सुवेंदु अधिकारी का विजय मार्च
पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी आज शाम 4:30 बजे साउथ कोलकाता में विजय मार्च निकालेंगेघरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती बढ़त के बाद गिरावट
कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच घरेलू शेयर बाजार बुधवार को शुरुआती कारोबार में मामूली बढ़त के बाद गिरावट में आ गए।विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 75.64 अंक चढ़कर 74,614.51 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 17.10 अंक की बढ़त के साथ 23,391.10 अंक पर पहुंच गया। हालांकि, दोनों सूचकांक इस तेजी को बरकरार नहीं रख पाए। सेंसेक्स 182.60 अंक टूटकर 74,362.19 अंक पर और निफ्टी 41.05 अंक फिसलकर 23,352.25 अंक पर कारोबार करने लगा।
प्रतीक की मृत्यु अत्यंत दुखद: अखिलेश
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार सुबह अपने सौतेले भाई प्रतीक यादव के निधन को ’अत्यंत दुखद’ बताया और कहा कि मामले की जांच को लेकर परिवार जैसा कहेगा, उसी हिसाब से निर्णय लिया जाएगा।यादव सुबह लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल पहुंचे और फिर वहां से किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) गये, जहां प्रतीक के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। वह करीब 45 मिनट तक केजीएमयू में रहे और इसके बाद उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत की।
सपा प्रमुख ने कहा कि प्रतीक अपनी मेहनत से कुछ करना चाहते थे और यह बहुत दुखद है कि वह अब उनके बीच नहीं हैं।
जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या प्रतीक की मौत के मामले में जांच होनी चाहिये, तो उन्होंने कहा, ’’स्वाभाविक है जो कानून कहता है और जो परिवार के लोग कहेंगे, उस हिसाब से हम लोग बात मानेंगे।’’
सूत्रों के अनुसार 38 साल के प्रतीक को अचानक तबीयत खराब होने पर सुबह सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजस्थान: मुख्यमंत्री शर्मा ने काफिले में वाहनों की संख्या घटाई
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनके काफिले में वाहनों की संख्या कम से कम रखने के निर्देश दिया है, जिसके बाद बुधवार को उनके काफिले में सिर्फ पांच वाहन दिखाई दिए।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने यह कदम उठाया है।
आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार शर्मा ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या न्यूनतम रखने का निर्देश दिया है और अधिकारियों को अनावश्यक वाहनों का उपयोग न करने को कहा गया है।
सरकार ने गैर-जरूरी आयात पर अंकुश लगाने के लिए सोना, चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया
सरकार ने बुधवार को सोने और चांदी पर आयात शुल्क छह प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया। पश्चिम एशिया संकट के कारण बढ़ते आयात बिल के बीच कीमती धातुओं के आयात पर अंकुश लगाने के उपायों के तहत यह कदम उठाया गया है।वित्त मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी कर 13 मई से सामाजिक कल्याण अधिभार (एसडब्ल्यूएस) और कृषि अवसंरचना एवं विकास उपकर (एआईडीसी) में वृद्धि की है। पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर विदेशी मुद्रा बचाने के लिए ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग, सोने की खरीद और विदेश यात्रा को स्थगित करने जैसे उपायों के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के बाद यह अधिसूचना जारी हुई है।
शुल्क वृद्धि से सोने पर कुल सीमा शुल्क बढ़कर 15 प्रतिशत हो जाएगा।
भारत का सोने का आयात 2025-26 में 24 प्रतिशत से अधिक बढ़कर अपने उच्चतम स्तर 71.98 अरब डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि, मात्रा के हिसाब से, 2025-26 में आयात 4.76 प्रतिशत घटकर 721.03 टन रहा।
सोने की कीमत वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 99,825.38 डॉलर प्रति किलोग्राम हो गई जो 2024-25 में 76,617.48 डॉलर प्रति किलोग्राम थी।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने की कीमत मंगलवार को 1,500 रुपये यानी लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 1,56,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वहीं चांदी की कीमत 12,000 रुपये यानी 4.53 प्रतिशत बढ़कर 2,77,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोने की कीमत 42.33 डॉलर यानी एक प्रतिशत घटकर 4,692.64 डॉलर प्रति औंस पर रही, जबकि चांदी की कीमत में 3.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.49 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
सरकार ने 2024-25 के बजट में घरेलू रत्न और आभूषण उद्योग को बढ़ावा देने, अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने और स्थानीय कीमतों को कम करने के लिए सोने पर सीमा शुल्क घटाकर छह प्रतिशत कर दिया था।
इससे पहले, भारत ने फरवरी 2022 में शुरू हुए रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण रुपये में आई गिरावट को देखते हुए चालू खाते के घाटे (सीएडी) को काबू में रखने के लिए 2022 में सोने पर आयात शुल्क बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया था।
उषा से पहली मुलाकात में ही मोहित हो गए थे जेडी वेंस, संस्मरण में किया खुलासा
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपनी नयी पुस्तक में बताया है कि कॉलेज के दौरान उनकी मुलाकात उनकी पत्नी उषा से कैसे हुई और वह उनसे इतने ’’मोहित’’ हो गए थे कि उन्होंने अपने दोस्तों से कह दिया था कि या तो वह ’’इस लड़की से शादी करेंगे’’ या फिर ’’जीवनभर अविवाहित रहेंगे।’’अपने नए संस्मरण ’कम्यूनियन : फाइंडिंग माय वे बैक टू फेद’ में वेंस ने लिखा है कि वह उषा की सुंदरता, बुद्धिमत्ता और अलग अंदाज से कैसे आकर्षित हुए थे, जो बाद में उनकी पत्नी बनीं। इस संस्मरण के कुछ अंश ’यूएसए टुडे’ ने प्रकाशित किए हैं।
येल लॉ स्कूल में उषा बाला चिलुकुरी से मिलने वाले वेंस ने कहा कि वह पहली ऐसी व्यक्ति थीं, जिनके लिए उन्होंने सच्चा प्रेम महसूस किया।
वेंस ने लिखा है, ’’मैंने अपने दोस्तों से कहा था कि मैं इस लड़की से शादी करूंगा, अन्यथा मैं जीवनभर कुंवारा रहूंगा।’’ यह पुस्तक अगले महीने प्रकाशित होगी।
वेंस ने लिखा, ’’जब मैं पहली बार उषा से मिला, तो उनकी कई बातें मुझे असामान्य लगीं। उनमें से एक यह थी कि वह बेहद प्रतिस्पर्धी थीं, लेकिन मुझे यह आकर्षक से ज्यादा अजीब लगा।’’
उन्होंने लिखा, ’’उनमें ईर्ष्या नाम की चीज नहीं थी, जिसे मैं उनके अद्भुत आत्मविश्वास का परिणाम मानता था। लेकिन जब मैंने उनसे पूछा कि वह जीवन में क्या करना चाहती हैं तो मैं यह देखकर हैरान रह गया कि उन्हें पारंपरिक सफलता के प्रतीकों में बिल्कुल रुचि नहीं थी।’’
वेंस ने 2014 में उषा से शादी की थी और यह दंपति जुलाई में अपने चौथे बच्चे के माता-पिता बनने वाले हैं।
सीमांचल को मिली नई रेल सौगात, अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी तक दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस
बिहार के सीमांचल और मिथिला इलाके के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेलवे ने अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच नई Amrit Bharat Express चलाने को मंजूरी दे दी है। इस ट्रेन के शुरू होने से अररिया, फारबिसगंज और आसपास के इलाकों के लोगों को पंजाब और उत्तर-पूर्व भारत के लिए सीधी और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।नई अमृत भारत एक्सप्रेस आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी और इसका फायदा व्यापार, रोजगार और पर्यटन से जुड़े लोगों को भी मिलेगा। बताया जा रहा है कि ट्रेन सीमांचल के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे लंबे समय से बेहतर रेल सेवा की मांग कर रहे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
NEET पेपर लीक केस में बड़ा एक्शन, CBI संदिग्ध शुभम खैरनार को मुंबई लेकर रवाना
NEET पेपर लीक मामले में CBI ने जांच तेज कर दी है। एजेंसी के अधिकारी संदिग्ध आरोपी शुभम खैरनार को लेकर सुबह करीब 5 बजे नासिक से मुंबई के लिए रवाना हुए। आरोपी को सुबह 11 बजे ट्रांजिट रिमांड के लिए मुंबई की CBI कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद CBI उसे आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ले जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। मामले में नासिक से और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, कई कोचिंग क्लास संचालक और संस्थानों के मालिक भी अब CBI के रडार पर आ गए हैं।यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती थार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
ग्रेटर नोएडा के थाना जेवर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात आगरा की ओर जा रही एक थार SUV में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में गाड़ी आग का गोला बन गई। चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।समारोह में दूषित खाना खाने से 40 से ज्यादा लोग बीमार
बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद क्षेत्र में ’गोद भराई’ की रस्म के लिए आयोजित समारोह में कथित तौर पर दूषित खाना खाने से 40 से ज्यादा लोग बीमार हो गए।अनूपशहर की उप जिलाधिकारी प्रियंका गोयल ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात को सलगवां गांव में ’गोद भराई’ की रस्म के लिए आयोजित समारोह में दूषित मटर पनीर और मिठाई खाने के बाद लोगों की तबीयत खराब होने लगी।
उन्होंने बताया कि इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बीमार हुए 40 से ज्यादा लोगों को पहले जहांगीराबाद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर और उसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गोयल ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी लोगों की स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि समारोह में परोसे गए खाने के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं
कुवैत ने ईरान पर लगाया एक अहम द्वीप पर हमले का आरोप, ट्रंप का होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण का दावा
कुवैत ने ईरान पर इस महीने की शुरुआत में उस द्वीप पर हमला करने का आरोप लगाया है, जहां चीन एक बंदरगाह निर्माण परियोजना में सहयोग कर रहा है। हालांकि यह हमला विफल कर दिया गया।यह आरोप ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन रवाना होने वाले हैं, जहां उनकी चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से युद्ध और अन्य मुद्दों पर महत्वपूर्ण वार्ता होनी है।
ट्रंप ने कहा कि वह शी चिनफिंग के साथ ईरान पर ’’लंबी बातचीत’’ करेंगे, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापार उनका बड़ा मुद्दा रहेगा। चीन रवाना होने से पहले ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को चेतावनी दी कि यदि उसके नेता परमाणु कार्यक्रम पर समझौता नहीं करते, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
ट्रंप ने कहा, ’’ईरान पूरी तरह हमारे नियंत्रण में है। या तो समझौता होगा या फिर वे पूरी तरह तबाह कर दिए जाएंगे। किसी भी स्थिति में जीत हमारी होगी।’’
ईरान ने कुवैत के आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। कुवैत पहले भी युद्ध और संघर्षविराम के दौरान ईरानी हमलों का सामना कर चुका है। लेकिन यह नया आरोप और क्षेत्र में जारी हमले फिर से युद्ध का खतरा बढ़ा रहे हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य अब भी ईरान के मजबूत नियंत्रण में है। अमेरिका ने ईरान के खिलाफ नाकेबंदी बनाए रखी है और दोनों देशों के बीच वार्ता ठप पड़ती दिख रही है।
ईरानी राजनयिक काजिम गरीबाबादी ने मंगलवार को ’एक्स’ पर लिखा, ’’अपमान, धमकियों और जोर-जबरदस्ती वाली भाषा से वास्तविक शांति स्थापित नहीं की जा सकती।’’
संघर्ष दोबारा भड़कने की आशंका के बीच इजराइल ने संयुक्त अरब अमीरात में आयरन डोम हवाई रक्षा प्रणाली और उसे संचालित करने वाले कर्मियों को भेजा है। इजराइल में अमेरिका के एक राजदूत ने यह जानकारी दी।
यह पहली बार है जब सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया गया कि इजराइली सेना संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में तैनात की गई है। इससे इजराइल और यूएई के बीच बढ़ते संबंध भी उजागर हुए हैं।
सोना-चांदी खरीदना हुआ महंगा, सरकार ने बढ़ाया आयात शुल्क
भारत सरकार ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाने का फैसला लिया है। सरकार का मानना है कि इससे आयात कम होगा और रुपये को मजबूती मिलेगी। रिपोर्ट के अनुसार, बढ़ती वैश्विक कीमतों और लगातार बढ़ रहे आयात को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। सरकार को उम्मीद है कि नए शुल्क से विदेशी मुद्रा पर दबाव कम होगा और घरेलू बाजार में संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।पीएम मोदी की अपील के बाद राज्यों ने शुरू की बचत, विदेशी दौरे और काफिले कम
प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचाने की अपील के बाद कई राज्य सरकारों ने सरकारी खर्च कम करने की दिशा में कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ राज्यों ने विदेशी दौरों में कटौती, बड़े सरकारी काफिलों को सीमित करने और गैर-जरूरी यात्राएं रोकने जैसे फैसले लिए हैं। सरकार का उद्देश्य ईंधन की बचत के साथ-साथ अनावश्यक खर्चों को नियंत्रित करना है।NEET-UG 2026 पेपर लीक में बड़ा खुलासा, नासिक से गुरुग्राम तक फैला नेटवर्क
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों को बड़ा नेटवर्क मिलने के संकेत मिले हैं। जांच में महाराष्ट्र के नासिक से लेकर हरियाणा के गुरुग्राम तक कोचिंग सेंटर, कूरियर चैन और निजी माफिया के कनेक्शन सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पेपर लीक गिरोह छात्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचाने के लिए कई राज्यों में फैले नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहा था। एजेंसियां अब इस मामले में जुड़े लोगों की भूमिका और आर्थिक लेनदेन की जांच कर रही हैं।यादव परिवार में शोक, प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन
समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav के सौतेले भाई और भाजपा नेता Aparna Yadav के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। वह पूर्व मुख्यमंत्री Mulayam Singh Yadav के छोटे बेटे थे। प्रतीक राजनीति से दूर रहकर रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस संभालते थे। उन्होंने लखनऊ में ‘Iron Core Fit’ नाम से प्रीमियम जिम चेन शुरू की थी। इसके अलावा वह ‘जीव आश्रय’ संस्था के जरिए स्ट्रीट डॉग्स के इलाज और रेस्क्यू का काम भी करते थे।'CEC के पास 10 अक्टूबर तक का वक्त, नहीं दिया इस्तीफा तो फिर होगा जंतर-मंतर 2.0’, अभिजीत दीपके का दिल्ली कूच का एलान
नंदीग्राम में शुभेंदु का बड़ा हमला-'ममता की 2021 की पैर की चोट थी फर्जी, SSKM की मेडिकल रिपोर्ट मेरे पास, सबूत दूंगा'
महाराष्ट्र एफडीए ने पुणे में सिप्ला के वेयरहाउस का ड्रग लाइसेंस किया रद्द, कंपनी ने फैसले को बताया निराशाजनक
CJP प्रदर्शन में दर्दनाक हादसा, ठाणे के 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, सीने में दर्द के बाद आया हार्ट अटैक
SIR पर पूर्व जजों का बड़ा एक्शन, मदन बी लोकुर की अगुवाई में बना स्वतंत्र आयोग; वोटर लिस्ट की गड़बड़ी की होगी जांच
© 2026 Times Horizon Private Limited
