LIVE

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 13 जून 2024: पी के मिश्रा बने रहेंगे प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, जम्मू-कश्मीर के सभी स्कूलों में राष्ट्रगान अनिवार्य किया गया

Shashank Shekhar MishraUpdated Jun 13, 2024, 23:40 IST

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 13 जून 2024: पी के मिश्रा बने रहेंगे प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, जम्मू-कश्मीर के सभी स्कूलों में राष्ट्रगान अनिवार्य किया गया
आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 13 जून 2024: पी के मिश्रा बने रहेंगे प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, जम्मू-कश्मीर के सभी स्कूलों में राष्ट्रगान अनिवार्य किया गया

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 13 जून 2024 और बड़ी खबरें: भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी पी के मिश्रा को पुन: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में यह जानकारी दी गयी है। आदेश में कहा गया है कि उनकी नियुक्ति 10 जून 2024 से प्रभावी होगी। इसमें कहा गया है, "नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति ने आईएएस (सेवानिवृत्त) अधिकारी पी के मिश्रा की प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है जो 10 जून से प्रभावी होगी। राजकोट अग्निकांड में गुजरात हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। जम्मू-कश्मीर के स्कूल शिक्षा विभाग ने केंद्र शासित प्रदेश के सभी स्कूलों में सुबह राष्ट्रगान अनिवार्य करने के निर्देश दिये हैं। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव ने एक परिपत्र जारी करते हुए सभी स्कूलों को निर्देश दिया कि वे पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सुबह की कक्षाओं को एक समान बनाएं और इसकी शुरूआत राष्ट्रगान से करें। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...

JUN 13, 2024 23:39 IST

मंत्री बनने के बाद पहली बार नागपुर पहुंचे नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद नितिन गडकरी नागपुर पहुंचे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। गडकरी को लगातार तीसरी बार केंद्रीय परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय का प्रभार दिया गया है।
JUN 13, 2024 23:39 IST

‘आप' सरकार पानी की बर्बादी रोकने में विफल: भाजपा

रतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर बृहस्पतिवार को निशाना साधा और उस पर पानी की बर्बादी रोकने में विफल रहने तथा इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। भाजपा की दिल्ली इकाई की सचिव एवं नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पानी की कमी के कारण लोगों को टैंकर माफिया द्वारा लूटा जा रहा है।
JUN 13, 2024 23:39 IST

ईडी ने केसीआर के खिलाफ मामला दर्ज किया है: भाजपा सासंद

तेलंगाना के मेदक से नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एम रघुनंदन राव ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित कर रहे रघुनंदन राव ने केसीआर के खिलाफ कथित मामले के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया। उन्होंने कहा, "ईडी ने कुछ समय पहले पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव जी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।"
JUN 13, 2024 21:47 IST

सिक्किम में भूस्खलन

उत्तरी सिक्किम के मंगन जिले में लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 1,500 से अधिक पर्यटक फंस गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगकालांग में एक नवनिर्मित पुल ढह गया, जिसके कारण मंगन का द्जोंगू व चुंगथांग से संपर्क टूट गया। अधिकारियों ने कहा कि भूस्खलन के कारण सड़कें अवरुद्ध हो गईं और कई मकान जलमग्न व क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि बिजली के खंभे बह गए।
JUN 13, 2024 20:18 IST

कानपुर मेडिकल कॉलेज की पांचवीं मंजिल से गिरकर डॉक्टर की मौत

उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार को एक डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में पांचवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।सहायक पुलिस आयुक्त (स्वरूप नगर) शिखर ने ‘पीटीआई—भाषा’ को बताया, ''बरेली की रहने वाली छात्रा दीक्षा तिवारी ने हाल ही में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। वह अपने दो सहपाठियों के साथ पांचवीं मंजिल पर गई थी, जहां से वह अचानक डक्ट (इमारत में हवा के आवागमन के लिये छोड़ा जाने वाला खाली स्थान) में गिर गई।"
JUN 13, 2024 20:12 IST

यूरोपीय आयोग के दोहरे मापदंड का चीन ने किया विरोध

यूरोपीय आयोग ने चीन के इलेक्ट्रिक वाहनों में यूरोपीय संघ की सब्सिडी विरोधी जांच का प्रारंभिक निर्णय परिणाम जारी किया। यूरोपीय आयोग चीन से आयातित इलेक्ट्रिक वाहनों पर 17.4 से 38.1 प्रतिशत तक अस्थायी सब्सिडी-रोधी कर लगाएगा। चीनी वाणिज्य जगत ने इसका कड़ा विरोध किया है।
JUN 13, 2024 19:24 IST

जरांगे-पाटिल ने खत्म की भूख हड़ताल

लंबित मराठा आरक्षण मुद्दे को लेकर शिवबा संगठन के नेता मनोज जरांगे-पाटिल ने गुरुवार को छठे दिन अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त कर दी। वहीं राज्य सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर इस मुद्दे को हल करने के लिए समय मांगा है। राज्य मंत्री शंभुराज देसाई, सांसद संदीपन भूमरे, विधायक राणाजगजीतसिंह पी. पाटिल और अन्य अधिकारी जरांगे-पाटिल से मिलने अंतरावली-सरती गांव पहुंचे, जहां उन्‍होंने 8 जून को आंदोलन शुरू किया था।
JUN 13, 2024 18:30 IST

रुपया सात पैसे की गिरावट के साथ 83.55 प्रति डॉलर पर

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई और एनएसई दोनों ही सूचकांकों के दिन में कारोबार के दौरान सर्वकालिक उच्चस्तर को छूने के बावजूद अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे की गिरावट के साथ 83.55 (अस्थायी) पर बंद हुआ।विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि सीपीआई आंकड़ों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत निर्णय के कारण डॉलर सूचकांक में अस्थिरता के बावजूद रुपये में डॉलर के मुकाबले जुझारूपन दिखा।
JUN 13, 2024 17:24 IST

पॉक्सो केस में बीएस येदियुरप्पा का जेल जाना तय!

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा का जेल जाना तय लग रहा है। एक लड़की के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ कोर्ट ने अरेस्ट वारंट जारी कर दिया है। पॉक्सो के इस मामले में कर्नाटक की सीआईडी जांच कर रही है और बीएस येदियुरप्पा को पूछताछ के लिए बुलाई थी।
JUN 13, 2024 17:02 IST

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस

Congress Review Meeting: लोकसभा चुनाव के नतीजे के बाद भले ही कांग्रेस अति उत्साहित दिख रही है लेकिन अंदरखाने पार्टी को पता है कि कुछ राज्यों में अगर पार्टी बेहतर प्रदर्शन करती तो NDA के लिए सरकार बनना मुश्किल होता। कांग्रेस लोकसभा से सबक़ लेते हुए आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी पुख़्ता रखना चाहती है इसलिए हफ़्ते से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सभी राज्यों की रिव्यू बैठक करेंगे।
JUN 13, 2024 16:13 IST

सुनेत्रा पवार ने भरा राज्यसभा चुनाव के लिए पर्चा

Sunetra Pawar: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के उम्मीदवार के रूप में बृहस्पतिवार को नामांकन दाखिल किया। हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में सुनेत्रा पवार को बारामती निर्वाचन क्षेत्र से हार का सामना करना पड़ा था। पवार को उनकी ननद सुप्रिया सुले ने पराजित किया था। पवार को पराजित कर सुले ने इस संसदीय क्षेत्र से लगातार चौथी जीत दर्ज की। एनसीपी के वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार में मंत्री छगन भुजबल ने कहा, एनसीपी ने राज्यसभा चुनाव के लिए सुनेत्रा पवार को मैदान में उतारने का फैसला किया है। यहां तक कि मैं भी चुनाव लड़ने को इच्छुक था, लेकिन बुधवार शाम एक बैठक के दौरान पार्टी नेताओं ने उनका नाम तय कर दिया। यह पूछे जाने पर कि क्या वह राज्यसभा चुनाव में नहीं उतारे जाने से निराश हैं, भुजबल ने कहा, हर किसी को पार्टी के फैसले को स्वीकार करना होगा। कुछ मजबूरियां हैं। मैं आजाद व्यक्ति नहीं हूं, बल्कि एक पार्टी का कार्यकर्ता और नेता हूं।
JUN 13, 2024 16:03 IST

किस दिन पेश होगा बजट

:नई सरकार के गठन के बाद अब सबकी नजर चालू वित्त वर्ष के लिए पेश होने वाले पूर्ण बजट पर है। अब, सब यही सवाल पूछ रहे हैं कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पूर्ण बजट कब पेश करेंगी। इसके आम चुनावों को देखते हुए फरवरी में सरकार ने अंतरिम बजट पेश किया था। संसद के सत्र के बारे में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बुधवार को कहा कि 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से शुरू होगा। और वह 3 जुलाई तक चलेगा। जिसमें नवनिर्वाचित संसद सदस्य शपथ ग्रहण करेंगे और निचले सदन के नए अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। और संसद के दोनों सदनों की अगली बैठक जुलाई के तीसरे सप्ताह में बुलाई जा सकती है जिसमें केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा।
JUN 13, 2024 16:02 IST

राजकोट अग्निकांड: गुजरात हाईकोर्ट की कड़ी टिप्पणी

Gujarat High Court on Rajkot fire update: गुजरात के राजकोट स्थित टीआरपी गेम जोन हादसे में कुल 27 लोगों की मौत हो गई थी। सरकार ने इसकी जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। इसके साथ ही राज्य की एसीबी भी जांच कर रही है। तो वहीं दूसरी ओर गुजरात हाईकोर्ट ने स्वत संज्ञान के साथ जनहित याचिका पर सुनवाई चल रही है। गुजरात हाईकोर्ट ने कहा कि कोर्ट जिम्मेदार अधिकारियों को भी नहीं बख्शेगा, कोर्ट ने कहा SIT की रिपोर्ट का इंतजार है,एसआईटी की रिपोर्ट के बाद HC आदेश देगा, गौर हो कि गुजरात हाईकोर्ट ने गुजरात की सरकार को फटकार लगाई है।
JUN 13, 2024 16:02 IST

रोजाना राष्ट्र गान से होगी जम्मू-कश्मीर के स्कूलों की शुरुआत

Jammu-Kashmir School National Anthem Rules: जम्मू-कश्मीर के शिक्षा विभाग की ओर से अहम गाइडलाइंस जारी की गई है। नई गाइडलाइंस के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के स्कूलों की शुरुआत अब हर दिन राष्ट्र गान से होगी। शिक्षा विभाग ने कहा है कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों के बीच एकता, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है, साथ ही उन चिंताओं को दूर करना है कि इस प्रथा को विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में समान रूप से लागू नहीं किया जा रहा है।
JUN 13, 2024 13:56 IST

उच्चतम न्यायालय ने फिल्म 'हमारे बारह' की रिलीज पर रोक लगाई

उच्चतम न्यायालय ने अन्नू कपूर की फिल्म 'हमारे बारह' की रिलीज पर बृहस्पतिवार को रोक लगा दी। फिल्म 14 जून को रिलीज होनी थी। शीर्ष अदालत ने फिल्म पर इस्लामी आस्था और विवाहित मुस्लिम महिलाओं का अपमान करने के आरोपों पर संज्ञान लेते हुए इसके रिलीज पर रोक लगा दी। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की अवकाशकालीन पीठ ने याचिकाकर्ता अजहर बाशा तंबोली की ओर से पेश हुईं वकील फौजिया शकील की दलीलों पर संज्ञान लेते हुए बम्बई उच्च न्यायालय से याचिका पर शीघ्र निर्णय लेने को कहा।
JUN 13, 2024 13:55 IST

कुवैत आग हादसा: मरने वाले केरलवासियों की संख्या 24 हुई, सात गंभीर रूप से घायल

कुवैत अग्निकांड में मरने वाले केरल के लोगों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है, जबकि दक्षिणी राज्य के सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का खाड़ी देश के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। केरल के अनिवासी लोगों से संबंधित ‘नोरका रूट्स’ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
JUN 13, 2024 13:55 IST

कांग्रेस का आरोप : मोदी है तो महंगाई है

कांग्रेस ने खाद्य वस्तुओं की कीमतों को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘‘मोदी है तो महंगाई है।’’ पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पास महंगाई से जुड़े संकट का कोई समाधान नहीं है। खाद्य उत्पादों की कीमतों में मामूली कमी आने से खुदरा मुद्रास्फीति मई के महीने में एक साल के निचले स्तर 4.75 प्रतिशत पर आ गई और यह भारतीय रिजर्व बैंक के संतोषजनक दायरे में बनी रही।
JUN 13, 2024 13:09 IST

अग्निकांड में मारे गए 14 केरलवासी, शव वापस लाने कुवैत जाएंगी मंत्री वीना जॉर्ज

कुवैत अग्निकांड में मारे गए केरल के लोगों के शवों को वापस लाने के लिए केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज आज अल-मंगफ के लिए रवाना होंगी। इस अग्निकांड में मरने वालों में 40 भारतीय हैं। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में यह निर्णय लिया गया। सीएम विजयन सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये का मुआवजा देने का भी फैसला किया है। कुवैत के दक्षिणी शहर अल-मंगफ में एक इमारत में लगी भीषण आग में मरने वाले 14 केरलवासियों में से 13 की पहचान कर ली गई है। इमारत में लगी आग में केरल की एक कंपनी के 49 कर्मचारियों की मौत हो गई।
JUN 13, 2024 13:09 IST

बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर कसा तंज

बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने गुरुवार को प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करते हुए नीतीश कुमार की सरकार पर तंज कसा है। विपक्ष के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कई आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने गुरुवार को सरकार पर कटाक्ष करते हुए अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "बिहार में डबल इंजन सरकार के चंद घंटों के 'मंगलराज' का अद्भुत आपराधिक नजारा देखिए। मुख्यमंत्री से लेकर दो-दो उपमुख्यमंत्री सहित समूचा अमला आपराधिक घटनाओं को लेकर आपराधिक चुप्पी ओढ़े हुए है।"
JUN 13, 2024 12:04 IST

जी7 शिखर सम्मेलन में यूक्रेन का मुद्दा रहेगा हावी

जी7 देश के नेता तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन के लिए इटली में मिल रहे हैं। माना जा रहा है इसमें रूस-यूक्रेन युद्ध का मुद्दा हावी रहेगा। साथ ही गाजा में चल रहे युद्ध के अलावा चीन के साथ बढ़ते व्यापार और सुरक्षा पर भी चर्चा होगी। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की को भी इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए न्योता दिया गया है। यह अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन का अंतिम जी7 शिखर सम्मेलन हो सकता है। इसी साल अमेरिका में चुनाव है। बाइडेन का मुकाबला डोनाल्ड ट्रंप से है। इसके अलावा यूरोपीय नेता भी अपने देश में विपक्ष के हमले का दबाव झेल रहे हैं।
Related News