LIVE

आज की ताजा खबर: राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए 4 लोगों को किया मनोनीत, श्रद्धालुओं का 11वां जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना

Shashank Shekhar MishraUpdated Jul 13, 2025, 18:41 IST

13 जुलाई 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा के लिए 4 लोगों को मनोनीत किया है। इनमें सरकारी वकील उज्ज्वल देवराव निकम, केरल के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सी. सदानंदन मास्टर, भारत के पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला और प्रख्यात इतिहासकार एवं शिक्षाविद् मीनाक्षी जैन का नाम शामिल है। जम्मू और कश्मीर में श्रद्धालुओं का 11वां जत्था श्री अमरनाथ जी की पवित्र गुफा की तीर्थयात्रा के लिए पहलगाम के नुनवान आधार शिविर से रवाना हुआ। दिल्ली के द्वारका स्थित रेडिसन ब्लू होटल में शनिवार देर रात को आग लग गई। यह आग होटल की दूसरी मंजिल पर बने सॉना रूम में लगी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझा दिया है। इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है।

आज की ताजा खबर: राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए 4 लोगों को किया मनोनीत, श्रद्धालुओं का 11वां जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना
आज की ताजा खबर: राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए 4 लोगों को किया मनोनीत, श्रद्धालुओं का 11वां जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना

13 जुलाई 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा के लिए 4 लोगों को मनोनीत किया है। इनमें सरकारी वकील उज्ज्वल देवराव निकम, केरल के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सी. सदानंदन मास्टर, भारत के पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला और प्रख्यात इतिहासकार एवं शिक्षाविद् मीनाक्षी जैन का नाम शामिल है। जम्मू और कश्मीर में श्रद्धालुओं का 11वां जत्था श्री अमरनाथ जी की पवित्र गुफा की तीर्थयात्रा के लिए पहलगाम के नुनवान आधार शिविर से रवाना हुआ। दिल्ली के द्वारका स्थित रेडिसन ब्लू होटल में शनिवार देर रात को आग लग गई। यह आग होटल की दूसरी मंजिल पर बने सॉना रूम में लगी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझा दिया है। इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है।

  • श्रद्धालुओं का 11वां जत्था अमरनाथ यात्रा के लिए पहलगाम शिविर से रवाना

  • दिल्ली के रेडिसन ब्लू होटल के दूसरे फ्लोर पर लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

  • अमरनाथ गुफा मंदिर में शनिवार को 19,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए

  • यूनेस्को महानिदेशक ने 'मराठा मिलिट्री लैंडस्केप्स' के विश्व धरोहर सूची में शामिल होने पर खुशी जताई

  • बांग्लादेश की राजधानी में व्यापारी की पीट-पीटकर हत्या के बाद विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शन

JUL 13, 2025 18:41 IST

गाजा में 21 महीने से जारी युद्ध में 58,000 से अधिक फलस्तीनियों की मौत

गाजा में 21 महीने से जारी युद्ध में 58,000 से अधिक फलस्तीनियों की मौत हुई है। स्थानीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी गणना में नागरिकों और हमास लड़ाकों के बीच अंतर नहीं किया है, लेकिन कहा है कि मृतकों में आधे से अधिक महिलाएं और बच्चे हैं। यह मृतक संख्या ऐसे समय में सामने आई है, जब इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में वार्ता हो रही है।
JUL 13, 2025 17:16 IST

भाषा को लेकर विवाद ‘घातक' प्रवृत्ति: मायावती

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने कुछ राज्यों में भाषा को लेकर विवाद और हिंसा पर चिंता जाहिर करते हुए रविवार को इसे ‘घातक’ प्रवृत्ति बताया और कहा कि धर्म, क्षेत्र, जाति व भाषा आदि की संकीर्ण राजनीति लोगों की देशभक्ति पर हावी होने का प्रयास करती है। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हर भारतीय को भारतीयता पर गर्व करके कार्य करना चाहिए।
JUL 13, 2025 15:35 IST

कुलगाम में तीन बसों की टक्कर में 10 अमरनाथ यात्री घायल

जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में आधार शिविर लौटते समय रविवार को अमरनाथ यात्रियों के काफिले की तीन बसें आपस में टकरा गईं, जिससे कम से कम 10 तीर्थयात्री घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायल तीर्थयात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। ये सभी तीर्थयात्री मंदिर में दर्शन करने के बाद काफिले में लौट रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
JUL 13, 2025 14:44 IST

राज्यसभा के लिए नामित हर्षवर्धन श्रृंगला ने पीएम मोदी और जेपी नड्डा का आभार जताया

भारत के पूर्व विदेश सचिव और वरिष्ठ राजनयिक हर्षवर्धन श्रृंगला को राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए नामित किया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। हर्षवर्धन श्रृंगला ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी और जेपी नड्डा का आभार जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर्षवर्धन श्रृंगला की तारीफ करते हुए लिखा, "हर्षवर्धन श्रृंगला एक बेहतरीन राजनयिक, बुद्धिजीवी और रणनीतिक विचारक रहे हैं। सालों से उन्होंने भारत की विदेश नीति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और हमारी जी-20 अध्यक्षता को भी सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया। मुझे खुशी है कि उन्हें राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। उनके अनुभव और दृष्टिकोण से संसद की कार्यवाही और समृद्ध होगी।
JUL 13, 2025 14:43 IST

आईआईएम-कलकत्ता ‘बलात्कार' मामला: महिला के पिता का दावा ऐसी कोई घटना नहीं हुई

भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) कलकत्ता के छात्रावास में कथित तौर पर बलात्कार की शिकार हुई पीड़ित महिला के पिता ने कहा कि वहां ऐसी कोई घटना नहीं हुई। इस दावे के बाद मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर आरोपी छात्र को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि कथित बलात्कार की घटना आईआईएम-कलकत्ता के पुरुष छात्रावास में शुक्रवार को हुई। हालांकि, महिला के पिता ने बाद में शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि उनकी बेटी को एक दुर्घटना में यह सब चोटें आई हैं। उन्होंने कहा, “मुझे शुक्रवार को रात करीब 9.40 बजे अपनी बेटी का फोन आया। उसने बताया कि वह गाड़ी से गिर गई और बेहोश हो गई, साथ ही उसे चोट भी लगी है। बाद में मुझे पता चला कि वह एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती है। मेरी बेटी द्वारा मुझे बताए गए विवरण के अनुसार, पुलिस जो दावा कर रही है वैसा कुछ भी नहीं हुआ है।’’
JUL 13, 2025 14:43 IST

निर्वाचन आयोग हमेशा मोदी सरकार के हाथों की ‘कठपुतली' रहा है: कपिल सिब्बल

राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने आरोप लगाया है कि निर्वाचन आयोग हमेशा से मोदी सरकार के हाथों की ‘‘कठपुतली’’ रहा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक ‘‘असंवैधानिक’’ कदम है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बहुसंख्यकवादी सरकारें सत्ता में बनी रहें। पूर्व कानून मंत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में यह भी आरोप लगाया कि प्रत्येक निर्वाचन आयुक्त ‘‘इस सरकार के साथ मिलीभगत करने’’ में एक-दूसरे से आगे रहता है। बिहार में मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग (ईसी) के पास नागरिकता के मुद्दों पर फैसला करने का अधिकार नहीं है। निर्वाचन आयोग का कहना है कि 22 वर्षों के बाद हो रहे इस पुनरीक्षण से मतदाता सूची से अपात्र लोगों, ‘डुप्लिकेट’ प्रविष्टियों को हटाया जाएगा तथा कानून के अनुसार मतदान के पात्र लोगों को इसमें शामिल किया जाएगा।
JUL 13, 2025 14:42 IST

आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने बीएफआई चुनावों में देरी का पता लगाने के लिए समिति गठित की

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के चुनावों में हो रही देरी के कारणों का पता लगाने और निष्पक्ष तथा समय पर चुनाव सुनिश्चित करने के लिए एक खाके की सिफारिश करने हेतु तीन सदस्यीय ‘फेक्ट फाइंडिंग’ समिति का गठन किया है। शुक्रवार को गठित इस समिति की अध्यक्षता आईओए के कोषाध्यक्ष सहदेव यादव करेंगे जबकि आईओए कार्यकारी परिषद के सदस्य भूपेंद्र सिंह बाजवा और अधिवक्ता पायल काकरा इसके सदस्य हैं। आईओए के 11 जुलाई के कार्यालय आदेश में उषा ने कहा, ‘‘बीएफआई की वर्तमान कार्यकारी समिति का कार्यकाल दो फरवरी को समाप्त हो गया था और तब से नए चुनाव नहीं हुए हैं।’’
JUL 13, 2025 14:42 IST

जयंत पाटिल के इस्तीफे की खबरों के बीच राकांपा (एसपी) की 15 जुलाई को बैठक

राकांपा (एसपी) ने अपने अगले प्रदेश अध्यक्ष को लेकर जारी अटकलों के बीच मंगलवार को एक बैठक बुलाई है। दरअसल, मीडिया के एक तबके में ऐसी खबरें हैं कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष जयंत पाटिल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और पार्टी के विधान परिषद सदस्य शशिकांत शिंदे उनकी जगह ले सकते हैं। शिंदे ने कहा है कि अगर उन्हें मौका दिया गया तो यह उनके लिए एक निर्णायक मोड़ होगा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘15 जुलाई को सभी पार्टी नेता आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए बैठक करेंगे।’’ पाटिल 2018 से अविभाजित राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। जुलाई 2023 में अजित पवार और अन्य विधायकों के विद्रोह तथा पार्टी के विभाजन के बाद पाटिल शरद पवार नीत राकांपा (एसपी) गुट में उसी पद पर बने रहे।
JUL 13, 2025 14:00 IST

खुद को आग लगाने वाली कॉलेज छात्रा की हालत गंभीर : चिकित्सक

ओडिशा के बालासोर स्थित कॉलेज परिसर में कथित यौन उत्पीड़न के बाद खुद को आग लगाने वाली 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा की हालत ‘‘बेहद गंभीर’’ है और वह लगभग 95 प्रतिशत तक झुलस गई है। भुवनेश्वर स्थित एम्स के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि छात्रा को शनिवार को एम्स में भर्ती कराया गया था और अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं क्योंकि पीड़िता की हालत में कोई सुधार नहीं दिख रहा है। भुवनेश्वर स्थित एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. आशुतोष बिस्वास ने रविवार को संवाददाताओं से कहा, “पीड़िता के शरीर का लगभग 95 प्रतिशत हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है। उसके गुर्दे और फेफड़े भी प्रभावित हुए हैं। वह वर्तमान में आईसीयू में है।” बिस्वास ने बताया कि कई विभागों के चिकित्सक छात्रा के इलाज में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रा के चेहरे पर कुछ निशान हैं लेकिन उसका पूरा शरीर झुलस गया है। अधिकारी ने कहा, “इस समय हम कुछ नहीं कह सकते।”
JUL 13, 2025 13:59 IST

ओडिशा: चालक संघ ने ‘काम बंद' आंदोलन वापस लिया

बसों और ट्रकों सहित वाणिज्यिक वाहन चालकों के संघ ‘ओडिशा चालक महासंघ’ ने रविवार को राज्य में अपना पांच दिवसीय ‘काम बंद’ आंदोलन वापस ले लिया। दो लाख से ज्यादा सदस्यों वाले चालक संघ ने पेंशन और विश्राम गृह सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आठ जुलाई को ‘काम बंद’ आंदोलन शुरू किया था। संघ के राज्य सचिव मानस देबता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी दौरे के मद्देनजर शनिवार रात आंदोलन वापस लेने की घोषणा की। देबता ने संबलपुर जिले के रेधाखोल में मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘ हमारी राष्ट्रपति, जो यहां की जमीन से ताल्लुक रखती हैं वह 14 जुलाई को ओडिशा आने वाली हैं। हमने अपने विरोध प्रदर्शन को वापस लेने का फैसला किया है ताकि राष्ट्रीय स्तर पर हमारे राज्य की छवि को ठेस न पहुंचे।’’ ‘ओडिशा ड्राइवर्स महासंघ’ के बैनर तले, बसों, ट्रकों, वैन, टैक्सियों, ऑटो रिक्शा और अन्य व्यावसायिक वाहनों के हजारों चालक राज्य में उनके लिए कल्याणकारी उपाय लागू करने की मांग को लेकर आठ जुलाई से प्रदर्शन कर रहे हैं।
JUL 13, 2025 13:14 IST

उल्फा (आई) ने अपने शिविरों पर सेना के ड्रोन हमलों का दावा किया

प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन उल्फा (आई) ने रविवार को दावा किया कि भारतीय सेना ने म्यांमा सीमा पर उसके शिविरों पर ड्रोन हमले किए हैं, हालांकि सशस्त्र बलों की ओर से इस घटनाक्रम की कोई पुष्टि नहीं की गई है। उल्फा (आई) ने एक बयान में कहा कि कई शिविरों पर तड़के ड्रोन से हमले किए गए। बयान में दावा किया गया कि हमलों में प्रतिबंधित संगठन का एक वरिष्ठ नेता मारा गया और लगभग 19 अन्य घायल हो गए। संपर्क करने पर रक्षा प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ऐसी किसी घटना की कोई जानकारी नहीं है। लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने कहा, ‘‘भारतीय सेना के पास इस तरह के किसी ‘ऑपरेशन’ की कोई जानकारी नहीं है।’’
JUL 13, 2025 11:53 IST

बिहार की एनडीए सरकार में कोई सुनने वाला नहीं: तेजस्वी यादव

बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को फिर सवाल उठाए हैं। पटना के पिपरा थाना क्षेत्र में भाजपा के एक नेता की अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने पर भड़के तेजस्वी यादव ने कहा कि एनडीए सरकार में कोई सुनने वाला नहीं है। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोशल नेटवर्किंग मंच 'एक्स' पर लिखा, "अब पटना में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या। क्या कहें, किससे कहें? एनडीए सरकार में कोई सच्चाई सुनने वाला नहीं, गलती स्वीकारने वाला नहीं? सीएम के स्वास्थ्य का सबको पता है लेकिन भाजपा के दो-दो नकारे उपमुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं? भ्रष्ट भूंजा-डीके पार्टी का कोई बयान नहीं?" बता दें कि पटना के पिपरा थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव में शनिवार को पटना के पिपरा इलाके में एक सुरेंद्र कुमार (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, परिजन द्वारा लिखित शिकायत के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की छानबीन में जुट गई है।
JUL 13, 2025 11:13 IST

राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए 4 लोगों को किया मनोनीत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा के लिए 4 लोगों को मनोनीत किया है। इनमें सरकारी वकील उज्ज्वल देवराव निकम, केरल के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सी. सदानंदन मास्टर, भारत के पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला और प्रख्यात इतिहासकार एवं शिक्षाविद् मीनाक्षी जैन का नाम शामिल है। यहां पढ़ें पूरी खबर
JUL 13, 2025 10:19 IST

पटना में ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी की गोली मारकर हत्या

बिहार की राजधानी पटना के पिपरा इलाके में 50 वर्षीय एक ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार (50) के रूप में हुई है। अधिकारियों ने कहा कि घटना शनिवार रात शेखपुरा गांव में तब हुई जब कुमार खेत में काम कर रहे थे। मसौढ़ी के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ-2) कन्हैया सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने खेत से गोलियों की आवाज सुनी और जब वे वहां गए तो अधिकारी अचेत हालत में मिले जिन्हें गोली लगी हुई थी। सिंह ने कहा कि कुमार को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच जारी है।
JUL 13, 2025 10:18 IST

तमिलनाडु में डीजल ले जा रही मालगाड़ी में लगी आग

तमिलनाडु में तिरुवल्लूर के निकट डीजल ले जा रही एक मालगाड़ी में रविवार सुबह आग लग गई। रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आग पहले मालगाड़ी के एक डिब्बे में लगी और फिर तेज़ी से दूसरे डिब्बों में फैल गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारी ने कहा कि दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल पर भेज दिया गया है तथा रेल सेवाओं के लिए 'ओवरहेड' विद्युत आपूर्ति रोक दी गई है। दक्षिणी रेलवे ने एक बयान में कहा, "एहतियाती उपाय के तौर पर लोकल ट्रेन सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा आठ एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और पांच अन्य ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए हैं तथा आठ ट्रेनों को उनके गंतव्य स्थान से पहले ही रोक दिया गया है।’’
अधिकारी ने बताया कि आग लगने का कारण तत्काल पता नहीं चल पाया है।
JUL 13, 2025 10:17 IST

हिमाचल सरकार बारिश से प्रभावित क्षेत्रों को दो-दो करोड़ रुपये देगी

हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बारिश के कारण गंभीर रूप से प्रभावित विधानसभा क्षेत्रों के लिए दो-दो करोड़ रुपये और सभी विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों व अन्य बुनियादी ढांचों की मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की है। सिंह ने यह घोषणा एक वीडियो के माध्यम से की, जिसे शनिवार को उनके ‘फेसबुक’ पेज पर भी साझा किया गया। हिमाचल प्रदेश में कुल 68 विधानसभा क्षेत्र हैं जिनमें मंडी जिला सबसे अधिक प्रभावित रहा है। मंडी में बारिश के कारण आई आपदाओं ने बुनियादी ढांचे और मानव जीवन दोनों को भारी नुकसान पहुंचाया है।
JUL 13, 2025 09:55 IST

दिग्गज अभिनेता रहे कोटा श्रीनिवास राव का निधन

तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता एवं पूर्व विधायक कोटा श्रीनिवास राव का रविवार को निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार थे। फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने यह जानकारी दी। कोटा श्रीनिवास राव ने अपने शानदार करियर के दौरान विभिन्न भाषाओं में 750 से अधिक फिल्मों में काम किया। उन्होंने 1978 में ‘प्रणाम खरीदु’ से अपनी फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कोटा श्रीनिवास राव के निधन पर शोक व्यक्त किया।
JUL 13, 2025 08:53 IST

अमरनाथ यात्रा: जम्मू आधार शिविर से 7,000 से अधिक तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना

दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए रविवार को 7,049 तीर्थयात्रियों का 12वां जत्था जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि 1,423 महिलाओं, 31 बच्चों और 136 साधुओं व साध्वियों सहित तीर्थयात्री तड़के कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अलग-अलग काफिलों में अनंतनाग के नुनवान-पहलगाम और गांदरबल के बालटाल आधार शिविरों के लिए रवाना हुए। अधिकारियों ने बताया कि 4,158 तीर्थयात्री 148 वाहनों के काफिले में पहलगाम आधार शिविर जा रहे हैं, जबकि 138 वाहनों में सवार 2,891 तीर्थयात्री बालटाल मार्ग पर बढ़ रहे हैं।
JUL 13, 2025 06:55 IST

अमरनाथ गुफा मंदिर में शनिवार को 19,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए

दक्षिण कश्मीर हिमालय क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध अमरनाथ गुफा मंदिर में 19,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने शिवलिंग के दर्शन किए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी । उन्होंने बताया कि तीन जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 1,82,746 यात्री बाबा बर्फानी दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को कुल 19,020 तीर्थयात्रियों ने 3,800 मीटर ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने बताया कि यात्रियों में 13,980 पुरुष, 4,272 महिलाएं, 225 बच्चे, 103 साधु, 20 साध्वी और 420 सुरक्षा बल के जवान शामिल थे।
JUL 13, 2025 06:55 IST

यूनेस्को महानिदेशक ने 'मराठा मिलिट्री लैंडस्केप्स' के विश्व धरोहर सूची में शामिल होने पर खुशी जताई

संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक तथा सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) की महानिदेशक ऑद्रे अजोले ने शनिवार को कहा कि वह 'मराठा मिलिट्री लैंडस्केप्स' को विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत के लोगों के साथ गर्व और खुशी साझा करती हैं। मराठा शासकों की किलेबंदी व्यवस्था का प्रतिनिधित्व करने वाले 'मराठा मिलिट्री लैंडस्केप्स' को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है। यह निर्णय पेरिस में आयोजित विश्व धरोहर समिति (डब्ल्यूएचसी) के 47वें सत्र के दौरान लिया गया।
यह मान्यता प्राप्त करने वाली भारत की 44वीं संपत्ति है।