LIVE

आज की ताजा खबर, 12 अक्टूबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: लोकतंत्र मार्च के बाद देर रात सड़कों पर उतरे कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता, विरोध प्रदर्शन के बाद चलाया सफाई अभियान

nitin aroraUpdated Oct 12, 2026, 23:44 IST

आज की ताजा खबर लाइव, 12 अक्टूबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ चलो दिल्ली मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त, कांग्रेस प्रदर्शन के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस के 'चलो दिल्ली' मार्च के चलते दिल्ली में राजीव चौक और मंडी हाउस सहित 6 मेट्रो स्टेशन बंद। CJI सूर्यकांत ने राहुल गांधी से मुलाकात से इंकार किया। दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट जारी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा एजेंसियों की समीक्षा के बाद बताया कि सोमवार शाम 4 बजे तक छह बड़े मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश (Entry) और निकास (Exit) की सुविधा बंद रहेगी। वहीं, चुनाव आयोग पर 'वोट चोरी' के आरोप लगाते हुए राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था। हालांकि, CJI सूर्यकांत ने राहुल गांधी और खरगे से मुलाकात से किया इंकार। पढ़ें- देश विदेश की अन्य खबरें

आज की ताजा खबर, 12 अक्टूबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव
आज की ताजा खबर, 12 अक्टूबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: लोकतंत्र मार्च के बाद देर रात सड़कों पर उतरे कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता, विरोध प्रदर्शन के बाद चलाया सफाई अभियान

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar),ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़, चलो दिल्ली मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त, कांग्रेस प्रदर्शन के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को राजनीतिक हलचल और मौसम का डबल असर देखने को मिल रहा है। एक तरफ मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के बड़े प्रदर्शन और उच्चतम न्यायालय (Supreme Court) तक प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के छह प्रमुख स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद कर दी गई है, वहीं दूसरी तरफ तड़के हुई भारी बारिश के बाद मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है।

वहीं, चुनाव आयोग पर 'वोट चोरी' के आरोप लगाते हुए राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था। हालांकि, CJI सूर्यकांत ने नेताओं से मिलने से यह कहते हुए इंकार कर दिया कि 'वोट चोरी' और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े ऐसे मुद्दे पहले से ही शीर्ष अदालत के समक्ष विचाराधीन हैं।

इसके बावजूद, विपक्षी नेताओं ने कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड चौराहे पर एकत्र होकर "चलो दिल्ली-लोकतंत्र के लिए मार्च" के तहत सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च करने का फैसला किया है। इसके अलावा, सुरक्षा पाबंदियों के बीच दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मौसम की मार का भी सामना करना पड़ रहा है। सोमवार तड़के से हो रही मूसलाधार बारिश और 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव हो गया है।

दिल्ली में धरना प्रदशन की जगह - 1 रामलीला मैदान, 2- बुराडी मैदान और 3- CBD ग्राउंड

पढ़ें- देश विदेश की अन्य खबरें

OCT 12, 2026 23:44 IST

कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के बाद सड़कों की सफाई की

सुप्रीम कोर्ट की ओर आज हुए 'लोकतंत्र मार्च' के बाद, कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता देर रात उन्हीं सड़कों पर लौटे और विरोध प्रदर्शन के बाद सड़कों की सफाई की। इस सफाई अभियान का नेतृत्व कांग्रेस सेवा दल के मुख्य आयोजक श्रीनिवास बी.वी. ने सेवा दल के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर किया।
OCT 12, 2026 21:35 IST

मुंबई के शिवाजी पार्क में भारी पुलिस बल तैनात

मध्य मुंबई के शिवाजी पार्क में सोमवार को बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया, जहां लोग मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के विरोध में पास की एक प्रतिमा के पास एकत्र होने लगे थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दादर इलाके के विशाल मैदान के पास स्थित शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे की पत्नी मीनाताई ठाकरे की प्रतिमा के पास प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए। रविवार को भी यहां विरोध प्रदर्शन हुआ था। अधिकारी ने बताया कि शिवाजी पार्क के सभी प्रवेश और निकास स्थलों और आस-पास के इलाकों में पुलिसकर्मियों (जिनमें अधिकारी और महिला कर्मचारी भी शामिल थे) को तैनात किया गया था, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रदर्शनकारी इस मैदान में न घुस पाएं। कुछ प्रदर्शनकारी अपने चेहरों पर काली पट्टियां बांधे हुए देखे गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अब तक प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। प्रदर्शनकारियों ने रविवार को शिवाजी पार्क इलाके में मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार और मतदाता सूची के एसआईआर के खिलाफ ’कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के आंदोलन के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया।
OCT 12, 2026 21:34 IST

रियाद हवाईअड्डे पर हमले में मारा गया हैदराबाद का व्यक्ति परिवार के साथ उमराह यात्रा पर गया था

सऊदी अरब के रियाद हवाईअड्डे पर हुए हमले में मारे गए हैदराबाद के रहने वाले मोहम्मद यूसुफ अली उमराह की यात्रा पर जा रहे थे, तभी उनके और उनके परिवार के साथ यह हादसा हुआ। इस हमले में अली की मौत हो गई और उनके परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। यह परिवार हैदराबाद के मेहदीपटनम का रहने वाला है। पड़ोसी अब्दुल आलम खान अमीन ने सोमवार को बताया कि अली के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। रियाद की एक कंपनी में काम करने वाले आईटी पेशेवर अली, हैदराबाद और सऊदी अरब के बीच आते-जाते रहते थे। उन्होंने बताया कि वह घर से भी काम करते थे। उन्होंने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, "उन्होंने (यूसुफ अली) बच्चों के लिए उमराह का प्लान बनाया था। वे यहां से रियाद के लिए रवाना हुए। वे वहां एक हफ़्ते तक रुके। वे मदीना के लिए निकलने ही वाले थे, लेकिन हवाईअड्डे पर इतनी बड़ी त्रासदी हो गई।"
OCT 12, 2026 21:32 IST

कूनो नेशनल पार्क में नामीबियाई चीता के शावक की मौत

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में सोमवार को नामीबियाई चीता ’आशा’ के करीब आठ महीने पहले जन्मे पांच शावकों में से एक की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सुबह निगरानी के दौरान ’आशा’ के साथ चार शावक ही दिखाई दिए। इसके बाद लापता शावक की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया गया और उसका शव बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि शावक की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी। अधिकारी ने बताया कि कूनो नेशनल पार्क में अब 53 चीते हैं, जिनमें भारत में जन्मे 40 चीते शामिल हैं। इनमें से 15 चीते फिलहाल खुले जंगल में विचरण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कूनो के 53 चीतों के अलावा गांधी सागर अभयारण्य में चार और सागर जिले के वीरांगना दुर्गावती बाघ अभयारण्य (वीडीटीआर) में दो चीते हैं। इस तरह देश में चीतों की कुल संख्या 59 हो गई है।
OCT 12, 2026 18:38 IST

राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट के अंदर पहुंचे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट के अंदर पहुंचे। राहुल गांधी याचिका दायर करने के लिए बनी फाइलिंग काउंटर तक पहुंचे। इससे पहले राहुल गांधी की लीगल टीम ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।
OCT 12, 2026 18:18 IST

मार्च कर रहे इंडिया गठबंधन के नेताओं को भगवान दास रोड पर रोका गया

वोट चोरी रोकने, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पर रोक लगाने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च कर रहे विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं को सोमवार को पुलिस ने भगवान दास रोड पर रोक दिया। पुलिस ने भगवान दास रोड पर दो जगह अवरोधक लगा रखे थे। पहले अवरोधक को कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं ने हटा दिया। इसके बाद उच्चतम न्यायालय के निकट लगाए गए दूसरे अवरोधक पर नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और ’इंडिया’ गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेता एक एक ट्रक पर सवार होकर बाराखंबा रोड से उच्चतम न्यायालय के लिए रवाना हुए थे। कई नेता और कार्यकर्ता पैदल ही उच्चतम न्यायालय की तरफ रवाना हुए। कई नेता बसों में सवार थे। इससे पहले विपक्षी दलों के नेता कॉन्स्टिट्यूशन क्लब से बसों में सवार होकर बाराखंबा रोड पहुंचे थे और वहां एकत्र होने के बाद उन्होंने उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च शुरू किया। ’इंडिया’ गठबंधन के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। कांग्रेस ने इस विरोध प्रदर्शन को ’’चलो दिल्ली-लोकतंत्र के लिए मार्च’’ नाम दिया है। इस मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, ज्ञानेश कुमार और भाजपा के खिलाफ पुरजोर नारेबाजी की। राहुल गांधी ने इससे पहले संवाददाताओं से कहा था कि वह और ’इंडिया’ गठबंधन के अन्य नेता उच्चतम न्यायालय जाएंगे तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दायर करेंगे। उन्होंने कहा था, ’’आज हम और इंडिया गठबंधन के नेता उच्चतम न्यायालय जाएंगे और याचिका दायर करेंगे। जो प्रतिरोध चल रहा है, वह एक दिन की बात नहीं है। हम लगातार यह कर रहे हैं।’’ गांधी ने केंद्र सरकार पर लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोकने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी को ’’पूरी तरह से किले में तब्दील’’ कर दिया गया है और बड़ी संख्या में पुलिस तथा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। विपक्ष की मांग है कि ’’वोट चोरी’’ पर रोक लगाई जाए, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और मतदाता सूची के एसआईआर की प्रक्रिया रोकी जाए। इससे पहले, खरगे और गांधी ने प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था, ताकि उनके समक्ष कथित ’’वोट चोरी’’ का मुद्दा उठाया जा सके और एक ज्ञापन सौंपा जा सके। प्रधान न्यायाधीश ने मुलाकात से इनकार करते हुए कहा था कि इससे जुड़े मुद्दे पहले से उच्चतम न्यायालय के समक्ष विचाराधीन हैं। इसके बाद विपक्षी दलों ने उच्चतम न्यायालय का रुख कर याचिका दायर करने और अपना प्रस्तावित मार्च जारी रखने का फैसला किया। विपक्षी दल पिछले मंगलवार से चुनावों में ’’धांधली’’ और ’’वोट चोरी’’ को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग कर रहे हैं।
OCT 12, 2026 18:13 IST

"कुछ रास्तों पर डायवर्जन किया है...यहां पर्याप्त बल तैनात है"- अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक डी.के. गुप्ता

OCT 12, 2026 15:16 IST

विरोध प्रदर्शनों की कवरेज कर रहे पत्रकारों को परेशान करना और हिरासत में लेना बंद किया जाए- CPI सांसद पी. संतोष कुमार

OCT 12, 2026 11:27 IST

सुप्रीम कोर्ट में वकीलों की हिरासत और इंटरनेट बंद किए जाने के खिलाफ SCBA की याचिका पर कल सुनवाई होगी

SCBA अध्यक्ष प्रदीप राय ने CJI सूर्यकांत की बेंच के सामने याचिका का जिक्र किया।

CJI सूर्यकांत ने कहा- सभी लोकतांत्रिक गतिविधियां होनी चाहिए, लेकिन कम से कम सुप्रीम कोर्ट का कामकाज प्रभावित नहीं होना चाहिए।

CJI ने कहा- मैंने प्रदर्शनकारियों से भी अपील की है, सुप्रीम कोर्ट को इसमें नहीं घसीटना चाहिए। वकीलों, वादियों और कोर्ट स्टाफ की आवाजाही में कोई बाधा नहीं होनी चाहिए।

प्रदीप राय ने कहा- किसी भी पक्ष को हमारे कामकाज में दखल नहीं देना चाहिए।
OCT 12, 2026 11:27 IST

तानाशाही के ख़िलाफ़ एकजुट भारत, लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ।

OCT 12, 2026 11:26 IST

जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति देने की मांग, याचिका पर कल होगी सुनवाई

जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए बंद किए जाने के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका का जिक्र

याचिकाकर्ता के वकील ने कहा- अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता केअधिकार में कटौती का मामला, कानून के मुताबिक प्रदर्शन के लिए कोई दूसरी जगह भी तय नहीं।

आज ही सुनवाई की मांग पर दिल्ली HC के एक्टिंग चीफ जस्टिस संभरे ने कहा- सुप्रीम कोर्ट भी इस मामले को देख रहा है और उसने केंद्र से हलफनामा दाखिल करने को कहा है

हाईकोर्ट ने कहा- जब सुप्रीम कोर्ट मामले पर विचार कर रहा है, तो हम किस हद तक सुनवाई कर सकते हैं? इंतजार करते हैं, मामले को कल सुनेंगे
OCT 12, 2026 09:29 IST

कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले दिल्ली मेट्रो के छह स्टेशन पर प्रवेश और निकास बंद

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर सोमवार को दिल्ली मेट्रो के छह स्टेशनों पर शाम चार बजे तक प्रवेश और निकास बंद रहेंगे।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया कि सुरक्षा कारणों से जनपथ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक और पटेल चौक मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास की सुविधा बंद रहेगी। हालांकि, इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों को मेट्रो बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

डीएमआरसी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ’’सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा करेंगी और उसके अनुसार जरूरी जनकारी साझा की जाएगी। हालांकि, संबंधित सभी मेट्रो स्टेशनों पर मेट्रो बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।’’

कांग्रेस ने ’वोट चोरी’ के अपने आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
OCT 12, 2026 09:28 IST

निर्वाचन आयोग मामले में उच्चतम न्यायालय तक मार्च करेंगे विपक्षी दल

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना आंदोलन तेज करते हुए विपक्षी दल सोमवार को उच्चतम न्यायालय तक मार्च करेंगे। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था ताकि उनके समक्ष कथित ’’वोट चोरी’’ का मुद्दा उठाया जा सके।

हालांकि, न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने ’वोट चोरी’ के आरोपों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से यह कहते हुए मुलाकात से इनकार कर दिया कि इस तरह के मुद्दे पहले ही उच्चतम न्यायालय के समक्ष विचाराधीन हैं।

कांग्रेस के दो शीर्ष नेताओं खरगे और गांधी ने प्रधान न्यायाधीश को पत्र लिखकर सोमवार शाम चार से पांच बजे के बीच मुलाकात का समय मांगा था। विपक्षी नेता उन्हें एक ज्ञापन सौंपना चाहते हैं। प्रधान न्यायाधीश के मुलाकात से इनकार के बाद भी विपक्षी नेता उच्चतम न्यायालय तक मार्च करेंगे।

कांग्रेस ने इस विरोध प्रदर्शन को ’’चलो दिल्ली-लोकतंत्र के लिए मार्च’’ नाम दिया है। पार्टी के अनुसार, प्रदर्शनकारी दोपहर डेढ़ बजे कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड चौराहे पर एकत्र होंगे। इस मार्च में खरगे, राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल नेता ममता बनर्जी और इंडिया गठबंधन के घटक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और युवाओं के भाग लेने की संभावना है।

राहुल गांधी ने रविवार को कहा था कि विपक्षी दलों, नागरिक संगठनों के प्रतिनिधि और युवा सोमवार को उच्चतम न्यायालय तक मार्च करेंगे और ’’वोट चोरी’’ पर रोक लगाने, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया रोकने की मांग करेंगे।

उन्होंने शनिवार के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरे युवाओं के साथ पुलिसकर्मियों और भाजपा के ’’गुंडों’’ ने मारपीट की।
शनिवार को प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं समेत 7,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया था। प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से रोकने के लिए मेट्रो और ट्रेन सेवाओं पर पाबंदियां लगाई गई थीं तथा दिल्ली के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं।

विपक्षी दल बीते मंगलवार से प्रधानमंत्री और भाजपा पर ’’वोट चोरी’’ के जरिये चुनावों में ’’धांधली’’ का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को तत्काल हटाया जाए।
OCT 12, 2026 09:27 IST

दिल्ली में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण ठंडा हुआ मौसम, आईएमडी ने ‘रेड' अलर्ट जारी किया

दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कुछ हिस्सों में सोमवार तड़के भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम बेहद ठंडा हो गया।

इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ’रेड’ अलर्ट जारी किया। बारिश से राजधानी में मौसम ठंडा हो गया लेकिन कई इलाकों में जलभराव हो गया।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े पांच बजे तक 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि दिल्ली हवाई अड्डे पर 30 मिलीमीटर बारिश हुई।

मौसम विभाग ने सुबह नौ बजे तक दिल्ली में गरज के साथ तूफान, बिजली कड़कने, 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक तेज हवाएं चलने और 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक भारी बारिश होने की चेतावनी देते हुए ’रेड’ अलर्ट जारी किया है।

आर के पुरम, कर्तव्य पथ और मध्य, दक्षिण-पूर्वी तथा पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई।