आज की ताजा खबर, 12 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव: तपस रॉय ने ली कोलकाता के लोक भवन में प्रोटेम स्पीकर के तौर पर शपथ, मध्य प्रदेश के राजगढ़ में पेट्रोल पंप पर लगी आग, 12 झुलसे
वहीं केरल में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कांग्रेस के अंदर मंथन जारी है। लगातार बैठकों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बावजूद अब तक पार्टी किसी एक नाम पर अंतिम फैसला नहीं ले पाई है। इससे राज्य की राजनीति में सस्पेंस और बढ़ गया है।
इधर देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों की नजर CBSE 12वीं के रिजल्ट पर टिकी हुई है। बोर्ड की तरफ से रिजल्ट को लेकर हलचल तेज हो गई है और छात्र आधिकारिक वेबसाइटों पर लगातार अपडेट चेक कर रहे हैं।
केरल में कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर अब भी तस्वीर साफ नहीं हुई है। पार्टी आलाकमान लगातार नेताओं के साथ बातचीत कर रहा है, लेकिन सस्पेंस बना हुआ है।
उधर CBSE 12वीं के नतीजों का इंतजार कर रहे छात्रों की धड़कनें तेज हैं। रिजल्ट जारी होने को लेकर सोशल मीडिया और वेबसाइट्स पर हलचल लगातार बढ़ रही है।
-बंगाल चुनाव आयोग से जुड़े रहे मनोज कुमार अग्रवाल को नई सरकार में बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारी
-केरल में कांग्रेस अभी तक CM चेहरे पर सहमति नहीं बना पाई, बैठकों का दौर जारी
-CBSE 12वीं रिजल्ट को लेकर छात्रों में बढ़ी बेचैनी, कभी भी आ सकता है अपडेट
-राजनीति, शिक्षा और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी खबर पर लगातार नजर
गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश: गाजियाबाद में चोपला मंदिर के पास एक दुकान में आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
#WATCH | गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश: गाज़ियाबाद में चोपला मंदिर के पास एक दुकान में आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। pic.twitter.com/NxMMKDineX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 12, 2026
पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी नगर पालिका के वार्ड नंबर 27 में राधाबल्लभ रोड पर स्थित एक सुनसान रेलवे क्वार्टर से पुलिस को एक कच्चा बम और उसे बनाने का सामान मिला है। नैहाटी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं और घटना की जांच कर रहे हैं। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
बीजेपी MLA तपस रॉय ने कोलकाता के लोक भवन में प्रोटेम स्पीकर के तौर पर शपथ ली
दिल्ली में पूर्वोत्तर की महिला पर हमला, मेघालय के मुख्यमंत्री ने कड़ी कार्रवाई की मांग की
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने दिल्ली में पूर्वोत्तर की एक महिला पर कथित हमले को लेकर मंगलवार को चिंता जताई और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने असम की महिला के कथित शारीरिक और नस्ली उत्पीड़न की निंदा की। संगमा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "बार-बार हिंसा और भेदभाव के मामलों को अलग-थलग घटनाओं के रूप में नहीं देखा जा सकता। ऐसी घटनाओं के सिलसिले में कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।"दिल्ली पुलिस के अनुसार यहां नेहरू प्लेस में 10 मई को सुबह करीब साढ़े छह बजे एक होटल के बाहर चाय स्टॉल के समीप दो महिलाओं के साथ कथित रूप से कुछ लोगों ने छेड़छाड़ की एवं उन पर हमला किया। उनमें एक महिला असम की है और दूसरी बिहार की। दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल सभी चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। संगमा ने अधिकारियों से यह भी अपील की कि इस घटना में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए और देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा, "पूर्वोत्तर के लोगों के खिलाफ नस्ली भेदभाव और हिंसा का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है और उससे दृढ़ता से निपटा जाना चाहिए।"
कोलकाता में इमारत में आग लगी, पांच लोग घायल
कोलकाता के तिलजाला इलाके में मंगलवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से कम से कम पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तिलजाला थानांतर्गत जी. जे. खान रोड स्थित इमारत में अपराह्न करीब 1:45 बजे आग लग गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग के चार वाहनों की मदद से दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा, "पांचों घायलों का पास के अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।"मध्य प्रदेश के राजगढ़ में पेट्रोल पंप पर लगी आग, 12 लोग झुलसे, कई वाहन जले
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक पेट्रोल पंप पर भीषण आग लगने से 12 लोग झुलस गए तथा कई मोटरसाइकिल जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार रात करीब नौ बजे पचोर कस्बे में हुई और इस दौरान डीजल से भरे एक टैंकर में भी आग लग गई। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। सारंगपुर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अरविंद सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप पर एक मोटरसाइकिल में ईंधन भरा जा रहा था, तभी अचानक चिंगारी उठी और भीषण आग लग गई। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान कई विस्फोट हुए, डीजल से भरे एक टैंकर में आग लग गई और करीब एक दर्जन मोटरसाइकिल भी जल गईं। पुलिस के अनुसार, इस घटना में 12 लोग झुलस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और मुख्य नगर पालिका अधिकारी दीपक राणवे दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे। राणवे ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया वहीं गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए इंदौर भेजा गया है, जबकि पांच अन्य को शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।सनातन धर्म विभाजनकारी है, इसे ‘समाप्त' किया जाना चाहिए: उदयनिधि
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता उदयनिधि स्टालिन ने मंगलवार को दावा किया कि सनातन धर्म लोगों को विभाजित करता है और उन्होंने इसे ’समाप्त’ करने का आह्वान किया।उदयनिधि इससे पहले सितंबर 2023 में भी इस तरह का बयान दे चुके हैं।
तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में अपने पहले भाषण में द्रमुक नेता ने यह भी कहा कि विपक्ष, तमिल प्रार्थना गीत ’’तमिल थाई वझुथु’’ को दरकिनार करने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगा।
उन्होंने सदन में अपने भाषण में कहा, ’’सनातन धर्म लोगों को विभाजित करता है और उसे निश्चित रूप से समाप्त किया जाना चाहिए।’’
इससे पहले उदयनिधि ने 2023 में भी इसी तरह की टिप्पणी की थी जिससे एक बड़ा विवाद पैदा हो गया था। उन्हें हिंदू समर्थक संगठनों की आलोचना का शिकार होना पड़ा और उनके खिलाफ कई मामले भी दर्ज कराए गए थे।
एलपीजी उत्पादन बढ़ाकर 54,000 टन प्रतिदिन किया गया : तेल मंत्री पुरी
तेल मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को आश्वस्त किया कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच सरकार ने एलपीजी उत्पादन को 35,000-36,000 टन प्रतिदिन से बढ़ाकर 54,000 टन प्रतिदिन कर दिया है।भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के वार्षिक व्यापार सम्मेलन में पुरी ने कहा कि एलपीजी की आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है। देश के पास 69 दिन का कच्चे तेल एवं एलएनजी तथा 45 दिन का एलपीजी भंडार मौजूद है।
उन्होंने कहा, ’’ पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच एलपीजी उत्पादन को 35,000-36,000 टन प्रतिदिन से बढ़ाकर 54,000 टन प्रतिदिन किया गया है।’’
तेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मितव्ययिता उपाय अपनाने की अपील को सतर्कता बरतने के संकेत के रूप में लिया जाना चाहिए और पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न राजकोषीय दबाव को कम करने के उपायों पर विचार शुरू करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मितव्ययिता की अपील पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न राजकोषीय दबाव को कम करने के उपायों पर विचार शुरू करने का संकेत है।’’
मोदी ने रविवार को कहा था कि सरकार लोगों को पश्चिम एशिया संकट के प्रतिकूल प्रभाव से बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा था कि ईंधन का विवेकपूर्ण इस्तेमाल, सोने की खरीद टालने तथा विदेश यात्राओं को स्थगित करने जैसे कदम उठाने की जरूरत है ताकि अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके।
हैदराबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, शहरों में मेट्रो का इस्तेमाल बढ़ाने, कारपूलिंग अपनाने, इलेक्ट्रिक वाहनों का ज्यादा इस्तेमाल करने, पार्सल परिवहन के लिए रेलवे सेवाओं का उपयोग करने और ’वर्क फ्रॉम होम’ अपनाने की सलाह दी थी ताकि विदेशी मुद्रा को बचाया जा सके।
संकट के बीच विदेशी मुद्रा संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने एक वर्ष के लिए सोने की खरीद और विदेशी यात्राओं को टालने का भी आह्वान किया था।
सीबीआई निदेशक के चयन बैठक आज
सीबीआई निदेशक के चयन के लिए हाई पावर्ड सेलेक्शन कमेटी की बैठक आज शाम 7 बजे 7 लोक कल्याण मार्ग(PM आवास) पर होगी। इसमें पीएम , चीफ जस्टिस और नेता विपक्ष शामिल होंगे।ब्रिटेन ने शत्रुतापूर्ण गतिविधियों को लेकर ईरानी संगठनों और व्यक्तियों पर लगाए नये प्रतिबंध
ब्रिटेन की धरती पर अपराधियों के माध्यम से ईरान की शत्रुतापूर्ण गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोपी संगठनों और व्यक्तियों को ब्रिटेन के नए प्रतिबंध के दायरे में लाया गया है।ब्रिटेन के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (एफसीडीओ) ने कहा कि सोमवार को घोषित ये नए उपाय वैश्विक सुरक्षा के खिलाफ ईरानी कार्रवाई और विदेशों में धमकियां देने के लिए आपराधिक गिरोहों के इस्तेमाल के जवाब में उठाए गए हैं।
इन प्रतिबंधों का उद्देश्य उन अवैध वित्तीय प्रवाहों को लक्षित करना है, जिसकी वजह से ईरानी शासन पश्चिम एशिया में अस्थिरता फैलाने वाली कार्रवाइयों को अंजाम देता है। ईरान की इन गतिविधियों में होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी भी शामिल है, जो वैश्विक अर्थव्यवस्था को बाधित कर रही है। इसके अलावा ब्रिटेन के खाड़ी सहयोगियों के खिलाफ सैन्य हमले भी इसमें शामिल हैं।
ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर ने कहा, "यह प्रतिबंध सीधे उन संगठनों और व्यक्तियों के लिए है जो ब्रिटेन की सड़कों पर सुरक्षा और पश्चिम एशिया में स्थिरता के लिए खतरा पैदा करते हैं।"
भाजपा-ईसी के 'चोर बाजार' में जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल को राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त किए जाने को लेकर मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग के "चोर बाज़ार" में जो जितनी बड़ी चोरी करेगा, उसे उतना बड़ा इनाम मिलेगा।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने ’एक्स’ पर पोस्ट किया, "भाजपा-निर्वाचन आयोग के "चोर बाज़ार" में - जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम।"
अग्रवाल को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।
इससे पहले, पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग के विशेष पर्यवेक्षक रहे सुब्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री अधिकारी का सलाहकार नियुक्त किया गया।
हिमंत ने असम के मुख्यमंत्री के रूप में लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली
हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।उनके साथ चार विधायकों ने भी मंत्री के रूप में शपथ ली जिनमें भाजपा के अजंता नियोग और रामेश्वर तेली, सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोरो शामिल हैं।
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुवाहाटी के खानापारा क्षेत्र में वेटरनरी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में शर्मा और चारों विधायकों को पद की शपथ दिलाई।
केरलम के सीएम पद को लेकर 10 जनपथ में बड़ी बैठक
केरलम में कांग्रेस अभी तक अपना सीएम नहीं चुन पाई है। ऐसे में केरलम के सीएम पद को लेकर 10 जनपथ में बड़ी बैठक चल रही है। कांग्रेस के पूर्व PCC अध्यक्ष पीसी विश्वनाथ, एमएम हसन, तिरुवंजूर राधाकृष्णन और एपी अनिल कुमार 10 जनपथ पहुंचे। राहुल गांधी भी 10 जनपथ पहुचे हैं।दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने और आंधी चलने की संभावना है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने नयी दिल्ली, मध्य दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली जिलों के लिए ’येलो अलर्ट’ जारी किया है।
विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।
’येलो अलर्ट’ का मतलब है मौसम में बदलाव को लेकर सतर्क रहना और बदलती परिस्थितियों के प्रति जागरूक रहना।
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के सामान्य तापमान से 2.2 डिग्री अधिक है।
लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था, जबकि आयानगर में यह 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था।
वहीं, रिज में न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था, जबकि पालम में 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था।
राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पंजाब किंग्स के खिलाफ अपनी टीम की जीत के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।अक्षर और डेविड मिलर के अर्धशतकों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में पंजाब किंग्स को तीन विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी धुंधली उम्मीदों को बरकरार रखा।
आईपीएल की एक विज्ञप्ति के अनुसार, ’’दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ स्टेडियम, धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है।’’
इसमें आगे कहा गया है, ’’धीमी ओवर गति से संबंधित आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह उनकी टीम का इस सत्र का पहला अपराध था इसलिए अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।’’
केरल: मुख्यमंत्री के चयन को लेकर अनिश्चितता, वरिष्ठ नेता दिल्ली तलब
केरल के मुख्यमंत्री के चयन को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच कांग्रेस आलाकमान इस मामले पर अंतिम निर्णय लेने से पहले मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के पूर्व अध्यक्षों और कार्यकारी अध्यक्षों की राय लेगा।केंद्रीय नेतृत्व द्वारा दिल्ली बुलाए गए नेताओं में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वी. एम. सुधीरन, मुल्लापल्ली रामचंद्रन, के. मुरलीधरन, के. सुधाकरन और एम. एम. हसन शामिल हैं।
पार्टी ने वरिष्ठ विधायक तिरुवंचूर राधाकृष्णन और कार्यकारी अध्यक्षों पी. सी. विष्णुनाथ, शफी परम्बिल तथा ए. पी. अनिल कुमार को भी दिल्ली पहुंचने को कहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन नेताओं के साथ मंगलवार को चर्चा होगी और जल्द ही किसी निर्णय पर पहुंचने की संभावना है।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, राज्य विधानसभा में निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल मुख्य रूप से शामिल हैं।
असम: हिमंत और चार विधायक लेंगे शपथ
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद हिमंत विश्व शर्मा मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।हिमंत का राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में यह लगातार दूसरा कार्यकाल होगा और यह बड़ी जीत राज्य में भाजपा के बढ़ते प्रभुत्व को अधिक मजबूत करती है।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के चार विधायक भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में आयोजित समारोह में शपथ लेंगे।
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य खानापारा क्षेत्र के वेटरनरी मैदान में पूर्वाह्न 11 बजकर 40 मिनट पर शर्मा और चार अन्य विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
शर्मा (57) असम में लगातार दूसरी बार शपथ लेने वाले पहले गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री बन गए हैं।
कैलिफोर्निया के अर्काडिया शहर की मेयर ने चीन की एजेंट होने का अपराध स्वीकार किया, पद से इस्तीफा दिया
कैलिफोर्निया के अर्काडिया शहर की मेयर ने चीन के अवैध एजेंट के रूप में काम करने का जुर्म स्वीकार कर लिया है। अमेरिकी न्याय विभाग ने यह जानकारी दी।एलीन वांग ने अर्काडिया के मेयर पद से इस्तीफा दे दिया और उम्मीद है कि वह लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में भी अपना अपराध स्वीकार कर लेंगी।
संघीय अभियोजकों ने सोमवार को बताया कि वांग (58) और उस समय उनके मंगेतर रहे याओनिंग ’माइक’ सन पर चीन के सरकारी अधिकारियों के इशारे पर अमेरिका में चीन का प्रचार करने का आरोप है।
सन (65) पिछले साल अक्टूबर में एक संघीय अदालत में अपना अपराध स्वीकार करने के बाद चार साल की जेल की सजा काट रहा है।
एक संबंधित याचिका में वांग ने उन पर लगे आरोप अदालत में स्वीकार करने पर सहमति जताई है और इस अपराध के लिए उन्हें अधिकतम 10 साल की जेल की सजा हो सकती है।
वांग नवंबर 2022 में अर्काडिया सिटी काउंसिल के लिए चुनी गई थीं, जो पांच सदस्यीय शासी निकाय है और इसमें महापौर का चयन बारी-बारी से होता है।
कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के फर्स्ट असिस्टेंट यूएस अटॉर्नी बिल एस्सेली ने कहा, ’’हमारे देश में वे लोग जो गुपचुप तरीके से विदेशी सरकारों के इशारों पर काम करते हैं, वे हमारे लोकतंत्र को कमजोर करते हैं।’’
एफबीआई के काउंटरइंटेलिजेंस और जासूसी प्रभाग के सहायक निदेशक रोमन रोज़ावस्की ने कहा, "खुद एलीन वांग ने स्वीकार किया है कि वह गुप्त रूप से चीन सरकार के हितों के लिए काम कर रही थीं।"
रोज़ावस्की ने कहा, "इसे एक स्पष्ट चेतावनी के रूप में लिया जाए कि जो लोग विदेशी सरकारों की ओर से हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करेंगे, उनकी पहचान की जाएगी, उनकी जांच होगी और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।"
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन ए. आइजनबर्ग ने कहा, " अमेरिका में सार्वजनिक पदों पर निर्वाचित व्यक्तियों को केवल उन अमेरिकी लोगों के हित में कार्य करना चाहिए, जिनका वे प्रतिनिधित्व करते हैं।"
याचिका के अनुसार, 2020 के अंत से लेकर 2022 तक, वांग और सन ने चीन सरकार के अधिकारियों के निर्देश और नियंत्रण में काम किया, ताकि बीजिंग के हितों को आगे बढ़ाया जा सके, जिसमें अन्य बातों के साथ-साथ अमेरिका में चीन के समर्थन में प्रचार करना शामिल था।
अनंतनाग में एक मदरसे में आग लगने से किशोर की मौत, तीन झुलसे
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में मंगलवार को एक मदरसे में आग लगने से 12 वर्षीय लड़के की मौत हो गई और तीन अन्य झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया, "अनंतनाग के कोर्ट रोड स्थित फैजान बाबा हैदर ऋषि दारुल उलूम में आग लग गई जिसमें चार लड़के झुलस गए।"
उन्होंने बताया कि घायलों में से एक, बिलाल अहमद की अस्पताल में मौत हो गई।
दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है, आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सीबीआई ने मोहाली में सतर्कता कार्यालय पर छापा मारा, कई 'बिचौलिये' गिरफ्तार
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पंजाब के मोहाली स्थित सतर्कता कार्यालय में देर रात छापेमारी कर कई ऐसे बिचौलियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के नाम पर रिश्वत ले रहे थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई के एक दल ने करीब 20 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप की जांच के सिलसिले में यह छापेमारी की।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए इन "बिचौलियों" को पंजाब सरकार द्वारा पुलिस सुरक्षा भी प्रदान की गई थी।
सतर्कता विभाग का संबंधित अधिकारी फिलहाल फरार बताया जा रहा है और वह फोन कॉल का जवाब भी नहीं दे रहा है। सीबीआई का दल सोमवार देर रात सतर्कता ब्यूरो के कार्यालय पहुंचा था।
इस बीच, शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कथित रिश्वतखोरी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को लेकर ’एक्स’ पर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा।
पाकिस्तान ने ईरानी विमानों को अमेरिकी हवाई हमलों से बचाने के लिए अपने हवाई अड्डों में जगह दी
अमेरिका-ईरान युद्ध को समाप्त कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान ने ईरानी सैन्य विमानों को अमेरिकी हवाई हमलों से बचाने के लिए अपने हवाई अड्डों में जगह दी थी। ’सीबीएस न्यूज’ ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से एक खबर में यह जानकारी दी।खबर में यह भी दावा किया गया है कि ईरान ने अमेरिकी हवाई हमलों से बचने के लिए अपने नागरिक विमानों को अफगानिस्तान में खड़ा किया था।
इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए रिपब्लिकन पार्टी के सांसद लिंडसे ग्राहम ने अमेरिका-ईरान युद्ध को समाप्त कराने के लिए मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान की भूमिका पर फिर से विचार करने की जरूरत पर जोर दिया। यह युद्ध 28 फरवरी को शुरू हुआ था।
साउथ कैरोलिना से सांसद ग्राहम ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’अगर यह खबरें सही है तो ईरान, अमेरिका और अन्य पक्षों के बीच मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान द्वारा निभाई जा रही भूमिका पर एक बार फिर पूरी तरह से विचार करने की आवश्यक होगी।’’
मैसाचुसेट्स के कैम्ब्रिज में गोलीबारी
सोमवार दोपहर मैसाचुसेट्स के कैम्ब्रिज में मेमोरियल ड्राइव पर कारों पर गोली चलाने वाले एक बंदूकधारी को, मौके पर पहुंचे एक स्टेट पुलिस अधिकारी और एक आम नागरिक ने गोली मार दी। इसने अलग-अलग कारों में सवार दो लोगों को गोली मारी, जहां वह घायल हो गए। संदिग्ध, 46 वर्षीय टायलर ब्राउन, हिरासत में है और अस्पताल में गोली लगने से उसका इलाज चल रहा है।CBSE 12वीं रिजल्ट को लेकर बढ़ी हलचल
CBSE 12वीं बोर्ड के नतीजों को लेकर छात्रों और अभिभावकों के बीच उत्सुकता चरम पर पहुंच गई है। बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और DigiLocker पर लगातार ट्रैफिक बढ़ रहा है। रिजल्ट जारी होने को लेकर सोशल मीडिया पर भी कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। लाखों छात्र अब अपने रिजल्ट और आगे की पढ़ाई से जुड़े फैसलों का इंतजार कर रहे। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से आज कक्षा 12 की परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने की उम्मीद है।केरल में कांग्रेस का CM सस्पेंस अभी बरकरार
केरल में कांग्रेस की जीत के बाद भी मुख्यमंत्री चेहरे पर तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। पार्टी आलाकमान लगातार पूर्व मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रहा है। कई नामों की चर्चा चल रही है, लेकिन अंतिम फैसला अब तक टलता नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व जल्द ऐसा चेहरा सामने लाना चाहता है जो संगठन और सरकार दोनों को संतुलित तरीके से संभाल सके।बंगाल में नई सरकार का बड़ा प्रशासनिक फैसला
पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद बड़े प्रशासनिक बदलाव शुरू हो गए हैं। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी रहे मनोज कुमार अग्रवाल को सरकार का शीर्ष नौकरशाह नियुक्त किया गया है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान उनकी भूमिका काफी चर्चा में रही थी और अब नई जिम्मेदारी मिलने को सत्ता के बड़े भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी तेज हैं।पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल, जिन्हें काफी हद तक हिंसा-मुक्त विधानसभा चुनाव कराने के लिए तारीफ मिली, लेकिन जिनकी देखरेख में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के मताधिकार से वंचित होने पर आलोचना भी हुई, अब उनको पूर्वी राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया।
'पश्चिम बंगाल में पंजीकृत मदरसों में ‘वंदे मातरम’गाना हुआ अनिवार्य', मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी बोले- हर घुसपैठिए को खदेड़ा जाएगा
48 घंटे में छह हत्याओं से दहला मणिपुर; आज दो लोगों को सोते समय उग्रवादियों ने मार दी गोली, इस महीने में 13 मारे गए
'ज्ञानेश कुमार ने BJP से चुनाव लड़ने का दिया था ऑफर', केरल के पूर्व मुख्य सचिव का बड़ा दावा! राहुल गांधी ने VIDEO शेयर कर घेरा
डीजल को टक्कर देने आ रही देश की पहली LNG ट्रेन, 27 सितंबर को अमित शाह करेंगे लॉन्च, जानें खासियतें
'अम्मा की करुणा समाज को जोड़ने का करती है काम', केरल में बोले अमित शाह; यूथ कांग्रेस ने दिखाए काले झंडे
© 2026 Times Horizon Private Limited
