LIVE

12 मार्च 2025 हिंदी न्यूज़: संभल की शाही जामा मस्जिद की रंगाई पुताई की मिली इजाजत, पाकिस्तान में हाईजैक ट्रेन से सुरक्षा बलों ने छुड़ाएं 104 बंधक

Shashank Shekhar MishraUpdated Mar 12, 2025, 18:41 IST

12 मार्च 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: संभल की शाही जामा मस्जिद में रंगाई पुताई का मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने मस्जिद की रंगाई पुताई कराने की इजाजत दे दी है। उच्च न्यायालय ने मस्जिद कमेटी की अर्जी आंशिक रूप से स्वीकार कर ली है। पाकिस्तानी सेना ने अशांत बलूचिस्तान प्रांत में संदिग्ध बलूच आतंकवादियों द्वारा ट्रेन में बंधक बनाए गए 104 यात्रियों को छुड़ा लिया और 16 आतंकवादियों को मार गिराया। जानकारी के अनुसार, छुड़ाएं गए लोगों में 58 पुरुष, 31 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल है। दिल्ली में आज राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण को लेकर बड़ी बैठक होनी है। यह बैठक एलजी ने बुलाई है। NDMA की यह पहली बैठक शाम 4 बजे राज निवास में होगी। इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत NDMA के तमाम आला अधिकारी शामिल होंगे।

12 मार्च 2025 हिंदी न्यूज़: संभल की शाही जामा मस्जिद की रंगाई पुताई की मिली इजाजत, पाकिस्तान में हाईजैक ट्रेन से सुरक्षा बलों ने छुड़ाएं 104 बंधक
12 मार्च 2025 हिंदी न्यूज़: संभल की शाही जामा मस्जिद की रंगाई पुताई की मिली इजाजत, पाकिस्तान में हाईजैक ट्रेन से सुरक्षा बलों ने छुड़ाएं 104 बंधक

12 मार्च 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: संभल की शाही जामा मस्जिद में रंगाई पुताई का मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने मस्जिद की रंगाई पुताई कराने की इजाजत दे दी है। उच्च न्यायालय ने मस्जिद कमेटी की अर्जी आंशिक रूप से स्वीकार कर ली है। पाकिस्तानी सेना ने अशांत बलूचिस्तान प्रांत में संदिग्ध बलूच आतंकवादियों द्वारा ट्रेन में बंधक बनाए गए 104 यात्रियों को छुड़ा लिया और 16 आतंकवादियों को मार गिराया। जानकारी के अनुसार, छुड़ाएं गए लोगों में 58 पुरुष, 31 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल है। दिल्ली में आज राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण को लेकर बड़ी बैठक होनी है। यह बैठक एलजी ने बुलाई है। NDMA की यह पहली बैठक शाम 4 बजे राज निवास में होगी। इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत NDMA के तमाम आला अधिकारी शामिल होंगे।

  • पाकिस्तान में हाईजैक हुई ट्रेन से सुरक्षा बलों ने छुड़ाएं 104 बंधक, 16 आतंकी ढेर

  • दिल्ली में आज NDMA की बैठक, CM रेखा गुप्ता भी होंगी शामिल

  • यूक्रेन को सैन्य सहायता और खुफिया जानकारी साझा करना फिर से शुरू करेगा ट्रंप प्रशासन

  • डिवाइडर से टकराकर पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार की मौत

MAR 12, 2025 18:41 IST

‘आप' ने भाजपा के खिलाफ आईटीओ पर किया प्रदर्शन

आम आदमी पार्टी (आप) नेता ऋतुराज झा ने दिल्ली में आईटीओ पर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिलाओं को 2,500 रुपये देने और होली तक मुफ्त गैस सिलेंडर वितरित करने के अपने चुनावी वादों को पूरा करने में नाकाम साबित हुई है। दिल्ली में भाजपा सरकार ने आठ मार्च को पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये की मासिक सहायता प्रदान करने के लिए ‘महिला समृद्धि योजना’ को मंजूरी दी थी और योजना के कार्यान्वयन के लिए 5,100 करोड़ रुपये आवंटित किए थे। ‘आप’ ने आरोप लगाया कि भाजपा कल्याणकारी योजनाओं को अपनी समयसीमा में लागू करने में नाकाम रही है।
MAR 12, 2025 17:20 IST

Ranya Rao Bail: रान्या राव को मिलेगी जमानत या नहीं? 14 मार्च को आएगा फैसला

MAR 12, 2025 16:31 IST

राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

MAR 12, 2025 16:15 IST

अमित शाह 15 मार्च को मिजोरम का दौरा करेंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 15 मार्च को मिजोरम का दौरा करेंगे, जहां वह असम राइफल्स के प्रतिष्ठानों को आइजोल से करीब 15 किलोमीटर दूर जोखावसांग में स्थानांतरित किए जाने के लिए आयोजित एक समारोह में हिस्सा लेंगे। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि शाह 14 से 16 मार्च तक असम के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे और 15 मार्च को उक्त समारोह में शामिल होने के लिए मिजोरम जाएंगे। समारोह में शिरकत करने के बाद वह उसी दिन गुवाहाटी लौट आएंगे।
MAR 12, 2025 15:09 IST

नोएडा: पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो लुटेरे गिरफ्तार किए

नोएडा (उप्र), 12 मार्च (भाषा) थाना सेक्टर 58 पुलिस ने मंगलवार देर रात एक मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी है। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि थाना सेक्टर 58 पुलिस बीती रात को बिशनपुर गांव के पास बेरिकेड लगाकर जांच कर रही थी, तभी बाइक पर सवार दो लोग आते हुए दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि संदिग्ध होने पर पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश रूकने के बजाए वहां से भाग निकले। शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने पीछा करके उन्हें घेर लिया और अपने आप को पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर गोली चला दी।
MAR 12, 2025 14:48 IST

शाहजहांपुर में 'लाट साहब' होली के लिए मस्जिदों को तिरपाल से ढका गया, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

शाहजहांपुर जिले में पारंपरिक 'लाट साहब' होली जुलूस के मार्ग पर स्थित मस्जिदों को तिरपाल से ढक दिया गया है और रंगों के त्योहार से पहले कड़े सुरक्षा उपाय किए गए हैं। इसके अलावा इस बार होली वाले दिन जुमे (शुक्रवार) की नमाज के चलते प्रशासन कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता है। 18वीं शताब्दी की परंपरा के अनुसार, शाहजहांपुर में होली की शुरुआत एक बैलगाड़ी पर बैठे 'लाट साहब' (एक ब्रिटिश लॉर्ड) का वेश धारण किए हुए एक व्यक्ति पर जूते फेंकने से होती है।
MAR 12, 2025 14:47 IST

महाराष्ट्र: हत्या के प्रयास और अन्य आपराधिक मामलों में फरार भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कार्यकर्ता एवं बीड विधायक सुरेश धस के करीबी सहयोगी सतीश भोसले को हत्या के प्रयास तथा अन्य आपराधिक मामलों में उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। भोसले को क्षेत्र में ‘खोक्या’ नाम से भी जाना जाता है और उसने पिछले कुछ दिनों में कई समाचार चैनल से विस्तार से बात की थी, जबकि वह फरार था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उसे प्रयागराज से पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि भोसले के खिलाफ बीड जिले में हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं, जबकि स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है।
MAR 12, 2025 14:22 IST

औरंगजेब टिप्पणी विवाद में सपा विधायक अबू आजमी जांच अधिकारी के समक्ष हुए पेश

सपा विधायक अबू आसिम आज़मी बुधवार को जांच अधिकारी के सामने पेश हुए। पुलिस के सामने पेश होने से पहले आज़मी ने कहा कि मैं मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि लोग मुझे आतंकवादी कह रहे हैं, लेकिन मैंने कौन सा आतंक पढ़ा है? यहां पढ़ें पूरी खबर
MAR 12, 2025 14:04 IST

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को एम्स से छुट्टी मिली

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य में संतोषजनक सुधार के बाद उन्हें बुधवार को यहां स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल ने यह जानकारी दी। अस्पताल ने एक बयान में बताया कि उन्हें हृदय संबंधी बीमारियों के कारण नौ मार्च को एम्स में भर्ती कराया गया था। एम्स-दिल्ली ने कहा, ‘‘एम्स में चिकित्सा टीम से आवश्यक देखभाल मिलने के बाद, उनकी हालत में संतोषजनक सुधार हुआ और 12 मार्च को उन्हें छुट्टी दे दी गई।’’
MAR 12, 2025 14:02 IST

आंध्र प्रदेश में फिर सत्ता में लौटेगी वाईएसआरसीपी: जगन मोहन रेड्डी

युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) प्रमुख वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी आंध्र प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव में सत्ता में वापसी करेगी। रेड्डी ने राज्य में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। ताड़ेपल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में वाईएसआरसीपी की 15वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी हमेशा से ‘बेजुबानों की आवाज’ रही है और वह सरकार को जवाबदेह बनाए रखेगी।
MAR 12, 2025 13:38 IST

जम्मू-कश्मीर में एलओसी के निकट गोलीबारी में सैन्यकर्मी घायल

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट गोलीबारी में बुधवार को एक सैन्यकर्मी घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सैनिक नौशेरा सेक्टर के कलसियां ​​इलाके में अग्रिम चौकी पर तैनात था, तभी सीमा पार से हुई गोलीबारी में वह घायल हो गया। उन्होंने बताया कि घायल सैनिक को प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर विशेष उपचार के लिए उसे उधमपुर के सैन्य अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि सुबह लगभग छह बजे इलाके में सीमा रेखा (जीरो लाइन) पर विस्फोट की भी खबर मिली, जिसके बाद तीन राउंड गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई खबर नहीं है, हालांकि विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
MAR 12, 2025 13:37 IST

संविदाकर्मियों को नियमित किया जाए और आरक्षण भी लागू हो: धर्मेंद्र यादव

समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने बुधवार को केंद्र सरकार से आग्रह किया कि देश भर में संविदाकर्मियों को नियमित किया जाए और उनके लिए आरक्षण की व्यवस्था भी लागू हो। उन्होंने सदन में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि ‘आउटसोर्सिंग’ के माध्यम से आरक्षण को खत्म किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से लोकसभा सदस्य यादव ने कहा कि संविदाकर्मियों को कुछ हजार रुपये का मानदेय मिलता है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘हम लगातार पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की बात करते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में 18 लाख कर्मचारी और पूरे देश में लगभग एक करोड़ कर्मचारी संविदा के चलते दुर्दशा के शिकार हैं।’’
MAR 12, 2025 13:36 IST

मोदी ने मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ और विपक्ष के नेता जॉर्जेस पियरे लेसजॉन्गार्ड से बुधवार को मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। मोदी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर मॉरीशस आए हैं। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बैठक की तस्वीरों साझा करते हुए लिखा, ‘‘मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ के साथ अच्छी बैठक हुई।’’ उन्होंने इसके तुरंत बाद मॉरीशस में विपक्ष के नेता एवं सांसद लेसजॉन्गार्ड से मुलाकात की। मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हमने भारत-मॉरीशस मित्रता को बढ़ावा देने संबंधी विभिन्न पहलुओं पर विचारों का रचनात्मक ढंग से आदान-प्रदान किया।’’
इन बैठकों से पहले मोदी ने मॉरीशस के लोगों को उनके राष्ट्रीय दिवस की शुभकामनाएं दी थीं।
MAR 12, 2025 12:32 IST

मध्यप्रदेश का बजट करीब 4.21 लाख करोड़ रुपये का होगा: मुख्यमंत्री यादव

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए राज्य का बजट करीब 4.21 लाख करोड़ रुपये का होगा। उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा आज विधानसभा में बजट पेश करेंगे। यादव ने बजट पेश होने से पहले सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो बयान में कहा, “जब सरकार बन रही थी, तो हमने पांच साल में परिव्यय को दोगुना करने का वादा किया था। पिछले वित्त वर्ष (2024-25) में हमने करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। इस साल का बजट 4.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक का होने जा रहा है।”
MAR 12, 2025 12:31 IST

अमेठी में सड़क दुर्घटना में पीएसी जवान की मौत

अमेठी जिले के मुसाफिरखाना में एक सड़क दुर्घटना में 27 वर्षीय पीएसी (प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी) जवान की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि 32 बटालियन पीएसी में तैनात सीतापुर निवासी विकास कुमार बर्मा को मुसाफिरखाना पुलिस बैरिक आवास के पास सरकारी गाड़ी पर चढ़ते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी जिससे उनकी मौके पर मौत हो गयी। उसने बताया कि पुलिस ने कार और चालक को हिरासत में ले लिया है।
MAR 12, 2025 12:01 IST

उस्मानिया विवि के छात्रावास में परोसे गए भोजन में मिला 'रेजर ब्लेड', छात्रों ने किया प्रदर्शन

उस्मानिया विश्वविद्यालय (ओयू) के छात्रावास के भोजनालय में परोसे गए भोजन में कथित तौर पर ‘रेजर ब्लेड’ मिलने पर छात्रों के एक समूह ने विरोध प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय के प्राधिकारियों ने इस मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की। न्यू गोदावरी छात्रावास के छात्र मंगलवार रात को भोजन का बर्तन लेकर परिसर में एकत्र हुए और उन्होंने न्याय की मांग की। उन्होंने मांग की कि ओयू के कुलपति इस मुद्दे पर उनकी चिंताओं का समाधान करें।
MAR 12, 2025 11:15 IST

संभल की शाही जामा मस्जिद की रंगाई पुताई कराने की मिली इजाजत

संभल की शाही जामा मस्जिद में रंगाई पुताई का मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने मस्जिद की रंगाई पुताई कराने की इजाजत दे दी है। उच्च न्यायालय ने मस्जिद कमेटी की अर्जी आंशिक रूप से स्वीकार कर ली है। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAR 12, 2025 09:54 IST

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने पाकिस्तान में ट्रेन पर हमले की घटना की निंदा की

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक ट्रेन पर आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की है और बंधक बनाए गए लोगों को तत्काल रिहा किए जाने का आह्वान किया। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने जोर देकर कहा कि आम नागरिकों पर हमले अस्वीकार्य हैं। महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘महासचिव पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में ट्रेन का अपहरण किए जाने की कड़ी निंदा करते हैं।’’
MAR 12, 2025 09:54 IST

हूती ने इजराइली जहाजों पर हमले की धमकी दी

यमन के हूती विद्रोहियों ने बुधवार सुबह चेतावनी दी कि गाजा पट्टी में भेजी जाने वाली सहायता सामग्री को रोकने की वजह से पश्चिम एशिया के जलक्षेत्र से गुजरने वाले इजराइली जहाजों को निशाना बनाया जाएगा।
विद्रोहियों ने गाजा पट्टी को सहायता सामग्री भेजने पर लगाई गई रोक को हटाने के लिए इजराइल को चार दिन का वक्त दिया था। इसके बाद हूती के मानवीय संचालन समन्वय केंद्र ने यह बयान जारी कर इजराइली पोतों को निशाना बनाने की धमकी दी है।
MAR 12, 2025 08:49 IST

'हलाल खाना इस्लाम का हिस्सा, हिंदू धर्म का नहीं...' मल्हार प्रमाणन मुद्दे पर आया नितेश राणे का बयान

नितेश राणे ने हिंदुओं के लिए हलाल मटन के विकल्प के रूप में मल्हार प्रमाणीकरण का समर्थन करते हुए कहा कि हलाल खाना इस्लाम का हिस्सा है, हिंदू धर्म का नहीं। यहां पढ़ें पूरी खबर