LIVEआज की ताजा खबर: दिल्ली में फिलहाल ऑड-ईवन नहीं, प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

आज की ताजा खबर: दिल्ली में फिलहाल ऑड-ईवन नहीं, प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 10 नवंबर 2023 और बड़ी खबरें: दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को कहा कि नगर में 13 नवंबर से 20 नवंबर तक प्रस्तावित वाहनों की सम-विषम योजना लागू नहीं होगी क्योंकि बारिश के कारण यहां की वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। राय ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार दिवाली के बाद वायु गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा करेगी और वायु गुणवत्ता में अचानक गिरावट होने की स्थिति में सम-विषम योजना पर फैसला किया जा सकता है। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को लेकर देश की सर्वोच्च अदालत में शुक्रवार को सुनवाई हुई। इस मौके पर अदालत ने ये स्पष्ट किया कि लोगों को प्रदूषण की वजह से मरने के लिए नहीं छोड़ सकते। सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब में घटते भूजल पर चिंता जताई और कहा कि राज्य में धान की खेती चरणबद्ध तरीके से बंद करने की जरूरत है। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 10 नवंबर (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।
रश्मिका मंदाना डीपफेक वीडियो मामले में हुई बड़ी कार्रवाई
Rashmika Mandana Deepfake Video: रश्मिका मंदाना डीपफेक वायरल वीडियो मामले पर अब बड़ी कार्रवाई हुई है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले अब एफआईआर दर्ज कर ली है। रश्मिका के वीडियो वायरल होने पर काफी हंगामा मचा था। आईटी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखकर इस मामले पर पहले ही कार्रवाई की बात कह चुके थे।
पढ़ें पूरी खबरदिवाली से पहले धनतेरस पर सोने की बिक्री में तेजी
दुनिया के सबसे बड़े सोने के उपभोक्ता देश भारत में दिवाली से पहले धनतेरस पर सोने तथा चांदी की खरीदारी शुक्रवार को उपभोक्ता मांग में सुधार के चलते सकारात्मक रही। व्यापारियों और खुदरा विक्रेताओं को उम्मीद है कि हालिया उच्च स्तर से कीमतों में नरमी के कारण बिक्री की मात्रा पिछले वर्ष से 20 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी।
दिल्ली में रातभर बारिश से हवा हुई साफ
वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर और धुंध से पिछले 10 दिन से परेशान दिल्लीवासियों को बृहस्पतिवार को रातभर हुई बारिश के कारण राहत मिली और राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता में शुक्रवार को 150 अंकों का सुधार देखा गया।
झारखंड में तीन माओवादी गिरफ्तार
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गोईलकेरा थाना क्षेत्र के रेंगरा गांव में छापेमारी कर ये बरामदगी और गिरफ्तारियां कीं।
भारत-चीन नियंत्रण रेखा पर आईटीबीपी चौकियों की संख्या बढ़कर 195 हुई
बेहतर सीमा प्रबंधन की योजना के तहत भारत-चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की चौकियों की संख्या 180 से बढ़ाकर 195 कर दी गयी है। एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक लाख कार्मिकों की क्षमता वाला यह बल 3,488 किलोमीटर लंबी भारत-चीन नियंत्रण रेखा पर तैनात है और 14,000 फीट से लेकर 18,000 फीट की ऊंचाई के बीच विभिन्न स्थानों पर इसकी चौकियां स्थापित हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मिलेगा नया मतदाता पहचान पत्र: दिल्ली सीईओ कार्यालय
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को नया मतदाता पहचान पत्र मिलने वाला है और इस क्रम में उनका पता बदलकर अब राष्ट्रपति भवन हो जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति के वर्तमान मतदाता पहचान पत्र में उनका पता ओडिशा स्थित मयूरभंज का है।
भारत को मिलेगा अमेरिकी युद्धक ड्रोन 'एमक्यू-9बी'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ कई अहम मुद्दों पर बातचीत की है। शुक्रवार को नई दिल्ली में भारत और अमेरिका के बीच टू प्लस टू डायलॉग आयोजित किया गया था। उम्मीद लगाई जा रही है कि भारत को अब जल्द ही अमेरिकी युद्धक ड्रोन 'एमक्यू-9बी' मिलेगा।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड पर ICC की बड़ी कार्रवाई
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) बोर्ड ने श्रीलंका क्रिकेट की आईसीसी सदस्यता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आईसीसी बोर्ड की आज हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड पर आईसीसी सदस्य के रूप में अपने दायित्वों का उल्लंघन करने का आरोप लगा है।
पढ़ें पूरी खबरसरकार ने कुछ छोटी बचत योजनाओं के लिए नियमों में राहत दी
सरकार ने सार्वजनिक भविष्य निधि (पीपीएफ) और वरिष्ठ नागरिक बचत योजना सहित विभिन्न छोटी बचत योजनाओं के लिए नियमों में राहत दी है। नए मानदंडों के तहत वरिष्ठ नागरिक बचत योजना के तहत खाता खोलने को तीन महीने का समय मिलेगा, जबकि वर्तमान में यह अवधि एक महीने की है। राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार कोई व्यक्ति सेवानिवृत्ति लाभ प्राप्त होने की तारीख से तीन महीने के भीतर वरिष्ठ नागरिक बचत योजना के तहत खाता खोल सकता है। यह अधिसूचना नौ नवंबर को जारी हुई।
कर्नाटक में फिर येदियुरप्पा के सहारे भाजपा?
Karnataka BJP: कर्नाटक में भाजपा एक बार फिर से पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के सहारे अपने आप को मजबूत करने की कोशिश करती दिख रही है। शायद यही कारण है कि बीजेपी अब कर्नाटक की जिम्मेदारी बीएस येदियुरप्पा के बेटे विजयेंद्र को दे दी है। बीजेपी ने राज्य के सीनियर लीडर बीएस येदियुरप्पा के बेटे और पार्टी विधायक बीवाई विजयेंद्र को कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया है।
पढ़ें पूरी खबरमोदी से ऐसी भाषा की उम्मीद नहीं, जनता कांग्रेस के साथ: गहलोत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री से इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा नेता ऐसी बातों को मुद्दा बना रहे हैं जो मुद्दा ही नहीं है। गहलोत ने कहा कि इन विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता कांग्रेस के साथ है और वह फिर सरकार बनाएगी।
इस बार जेल में मनेगी संजय सिंह की दिवाली
Sanjay Singh : दिल्ली के शराब घोटाले मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह कोर्ट से राहत नहीं मिली है। उनकी दिवाली इस बार जेल में बीतेगी। दरअसल, शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उनकी हिरासत 24 नवंबर तक बढ़ा दी। राउज एवेन्यू कोर्ट से निकलते समय संजय सिंह ने दावा किया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बड़ी साजिश रची गई है। उन्हें केवल गिरफ्तार नहीं किया जाएगा बल्कि बड़ी घटना को अंजाम दिया जाएगा।
पढ़ें पूरी खबरपंजाब सरकार vs गवर्नर मामले में SC से राज्यपाल को बड़ा झटका
उच्चतम न्यायालय ने विधानसभा द्वारा पारित विधेयकों को मंजूरी देने को लेकर पंजाब सरकार और राज्यपाल के बीच जारी गतिरोध को शुक्रवार को ''गंभीर चिंता'' का विषय बताया और कहा कि राज्य में जो हो रहा है उससे वह खुश नहीं है। भारत के प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने पंजाब सरकार और राज्यपाल दोनों से कहा, ‘‘हमारा देश स्थापित परंपराओं और परिपाटियों से चल रहा है और उनका पालन करने की जरूरत है।’’
पढ़ें पूरी खबरस्कूल के शौचालय में छठी कक्षा की छात्रा से बलात्कार
ओडिशा के नवरंगपुर जिले के एक सरकारी स्कूल के शौचालय में दो शिक्षकों ने 11 वर्षीय आदिवासी छात्रा से कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस के मुताबिक, प्रधानाध्यापक के साथ एक अन्य शिक्षक ने कथित रूप से शौचालय में जबरन प्रवेश किया और छठी कक्षा की छात्रा से बलात्कार किया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
अभी लागू नहीं होगा ऑड-ईवन रूल
दिल्ली के प्रदूषण में सुधार के बाद आज दिल्ली सरकार ने ऑड-ईवन लगाने का फैसला टाल दिया है। दिल्ली में बढ़े प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार 13 नवंबर से ऑड-ईवन का नियम लगाने जा रही थी। लेकिन बीती रात को हुई बारिश से दिल्ली की हवा में काफी सुधार हुआ है जिसको देखते हुए फिलहाल ऑड-ईवन का नियम लागू नहीं किया जाएगा।
पढ़ें पूरी खबरईडी ने हीरो मोटोकॉर्प के पवन कांत मुंजाल की संपत्ति की कुर्क
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि हीरो मोटोकॉर्प के कार्यकारी अध्यक्ष पवन कांत मुंजाल ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नियमों का 'उल्लंघन' करते हुए विदेश में अपने निजी खर्च के लिए दूसरों के नाम पर जारी विदेशी मुद्रा का इस्तेमाल किया। जांच एजेंसी ने एक बयान में बताया कि उसने मुंजाल के खिलाफ धन शोधन मामले की जांच के तहत उनकी 24.95 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली है। बयान के मुताबिक, मुंजाल की दिल्ली स्थित तीन अचल संपत्तियों को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत अस्थायी रूप से कुर्क किया गया है। मुंजाल (69) हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड के सीएमडी (चेयरपर्सन एवं प्रबंध निदेशक) और चेयरमैन हैं तथा उनकी कुल संपत्ति 24.95 करोड़ रुपये के करीब है। ईडी ने कहा कि उसकी जांच से पता चला है कि 'पवन कांत मुंजाल ने अन्य व्यक्तियों के नाम पर विदेशी मुद्रा जारी करवाई और उसका इस्तेमाल विदेश में निजी खर्च के लिए किया।'
भारत और अमेरिका ने 'टू प्लस टू' मंत्रिस्तरीय वार्ता की
भारत और अमेरिका ने रक्षा उद्योगों के क्षेत्र में संबंध और मजबूत कर अपनी वैश्विक रणनीतिक साझेदारी का विस्तार करने, हिंद-प्रशांत में भागीदारी बढ़ाने और महत्वपूर्ण खनिजों एवं उच्च-प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को व्यापक विचार-विमर्श किया। ‘टू प्लस टू’ मंत्रिस्तरीय वार्ता में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने किया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। जयशंकर ने टेलीविजन पर प्रसारित अपनी टिप्पणी में कहा 'आज की हमारी बातचीत एक भविष्योन्मुखी साझेदारी और एक साझा वैश्विक एजेंडा बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का अवसर होगी।' उन्होंने कहा, 'हम अहम प्रौद्योगिकियों, असैन्य बाह्य अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाश रहे हैं।' ब्लिंकन ने अपने बयान में कहा कि दोनों पक्ष ‘क्वाड’ (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) के माध्यम से भारत और अमेरिका की साझेदारी को मजबूत करके समृद्ध, सुरक्षित और लचीले हिंद-प्रशांत को बढ़ावा दे रहे हैं।
महुआ मोइत्रा के लिए अब आगे क्या? जानें बड़ी बातें
'पैसे लेकर सवाल पूछने' के मामले में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा पर निष्कासन का खतरा मंडरा रहा है। संसद की एथिक्स कमेटी ने 6-4 के अपने फैसले में उनके निष्कासन की सिफारिश की है। यह सिफारिश अब लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला के पास जाएगी। इस पूरे प्रकरण में महुआ अलग-थलग पड़ गई हैं। सबसे बड़ी हैरानी इस बात की है कि उनकी पार्टी टीएमसी पूरी मुस्तैदी के साथ उनके साथ खड़ी नहीं हुई है। अब सवाल है कि निष्कासन की सिफारिश के बाद अब महुआ के साथ क्या होगा। क्या उनकी संसद सदस्यता जाएगी?
पढ़ें पूरी खबर'इस्तीफा दें नीतीश कुमार', धरने पर बैठे जीतन राम मांझी
बिहार विधानसभा शीतकालीन सत्र का आज आखिरी दिन है। गुरुवार को हुए हंगामे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जीतन राम मांझी को लेकर दिए बयान की वजह से आज भी हंगामा होने के आसार हैं। इस बीच विधानसभा सत्र के शुरूआत से पहले ही विधानसभा अध्यक्ष के चेंबर के बाहर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा भी मौजूद हैं, जिन्होंने सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
प्रदूषण के मुद्दे पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि FIR रजिस्टर करना समस्या का समाधान नहीं है। अदालत ने ये स्पष्ट किया कि लोगों को प्रदूषण की वजह से मरने के लिए नहीं छोड़ सकते। पराली जलाने से जुड़ी समस्या पर भी अदालत ने कई अहम सुझाव दिए।
पढ़ें पूरी खबर