LIVE

ताजा खबर, 10 अप्रैल 2024: शराब घोटाले में जमानत के लिए मनीष सिसोदिया का बढ़ा इंतजार, दिल्ली में AAP के मंत्री राजकुमार आनंद ने आम आदमी पार्टी से दिया इस्तीफा

रवि वैश्यUpdated Apr 10, 2024, 23:25 IST

ताजा खबर, 10 अप्रैल 2024: शराब घोटाले में जमानत के लिए मनीष सिसोदिया का बढ़ा इंतजार, दिल्ली में AAP के मंत्री राजकुमार आनंद ने आम आदमी पार्टी से दिया इस्तीफा
ताजा खबर, 10 अप्रैल 2024: शराब घोटाले में जमानत के लिए मनीष सिसोदिया का बढ़ा इंतजार, दिल्ली में AAP के मंत्री राजकुमार आनंद ने आम आदमी पार्टी से दिया इस्तीफा

ताजा खबर (Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 10 अप्रैल 2024 और बड़ी खबरें : भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपने उम्मीदवारों की 10वीं सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ के प्रत्याशियों का 5 नाम शामिल हैं। यूपी की 4 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी गई है। इसके अलावा इस लिस्ट में चंडीगढ़ लोकसभा सीट के उम्मीदवार का नाम भी शामिल है। चंडीगढ़ से सांसद किरण खेर का टिकट कट गया है, साथ ही इलाहाबाद से मौजूदा सांसद रीता बहुगुणा जोशी का टिकट भी कट गया है वहीं लोकसभा चुनाव 2024 के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। इस घोषणापत्र में सपा ने जातिगत जनगणना कराने और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने सहित कई वादे किए हैं उधर कथित आबकारी नीति घोटाले में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आज अदालत से लगातार दूसरा झटका लगा। दिल्ली की एक अदालत ने केजरीवाल की वह याचिका बुधवार को खारिज कर दी, जिसमें उन्होंने अपने वकीलों के साथ मुलाकात के लिए और समय दिए जाने का अनुरोध किया था वहीं सुप्रीम कोर्ट से योग गुरु बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण को बड़ झटका लगा है। शीर्ष अदालत ने बुधवार को दवा उत्पादों पर भ्रामक विज्ञापन मामले में दोनों का माफीनामा खारिज कर दिया। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 10 अप्रैल 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए बड़ी खबरों पर हर अपडेट

Karnataka 2nd PUC Result 2024 Out Soon Today

APR 10, 2024 23:31 IST

दिल से दें ईद की मुबारकबाद, ये उर्दू संदेश घोल देंगे मिठास

चांद दिखने के साथ ही लोग अपनों को चांद मुबारक और ईद की बधाई देने लगेंगे। ऐसे में अगर आप भी अपनों को ईद की उर्दू में बधाई देना चाहते हैं तो ये संदेश भेज सकते हैं, पढ़ें पूरी खबर
APR 10, 2024 23:02 IST

शराब घोटाले में जमानत के लिए मनीष सिसोदिया का बढ़ा इंतजार

दिल्ली की एक अदालत आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता मनीष सिसोदिया की जमानत अर्जी पर 15 अप्रैल को सुनवाई करेगी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) मामलों की विशेष न्यायधीश कावेरी बावेजा ने अर्जी पर संक्षिप्त सुनवाई के बाद मामले को 15 अप्रैल तक टाल दिया, पढ़ें पूरी खबर
APR 10, 2024 23:01 IST

कांग्रेस ने महाराष्ट्र की दो और सीटों पर उतारे अपने प्रत्याशी

कांग्रेस ने महाराष्ट्र की मिली 17 सीट में से 15 सीट पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने उत्तरी महाराष्ट्र की धुले लोकसभा सीट से शोभा बच्छाव और मध्य मराठवाड़ा क्षेत्र की जालना सीट से कल्याण काले को मैदान में उतारने की घोषणा की, पढ़ें पूरी खबर
APR 10, 2024 22:16 IST

दहशत के बीच, लापता एक भारतीय-अमेरिकी छात्रा टेक्सास में मिली सकुशल

17 वर्षीय भारतीय-अमेरिकी छात्रा इशिका ठाकोर (Ishika Thakore) जो अपने घर से लापता (Missing Indian American Student) हो गई थी, सुरक्षित पाई गई। अमेरिका में 11 भारतीय और भारतीय मूल के छात्रों की मौत के बाद भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच इशिका का लापता होना सामने आया है, पढ़ें पूरी खबर
APR 10, 2024 21:22 IST

तेजस्वी की रैली में गजब हंगामा, टी शर्ट लूटने की होड़ में टूटीं कुर्सियां

बिहार के औरंगाबाद के रफीगंज में आयोजित नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की चुनावी सभा (Tejashwi Yadav Rally) में अफरातफरी का नजारा देखने को मिला और टी शर्ट की लूट (T-Shirts Looted Video) हो गई, बताते हैं कि तेजस्वी जब मंच पर पहुंचे तो मंच के नजदीक जाने की होड़ में सैकड़ों कुर्सियां टूट गईं, पढ़ें पूरी खबर
APR 10, 2024 20:01 IST

'65 से 66 किलो हो गया केजरीवाल का वजन, तिहाड़ जेल ने AAP के दावे का किया खंडन

आम आदमी पार्टी (AAP) ने पहले दावा किया था कि जेल में अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwals Health) की तबीयत बिगड़ गई है और उनका वजन 4.5 किलो कम हो गया है, वहीं तिहाड़ जेल ने बुधवार को बताया कि जेल में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का वजन 1 किलो बढ़ गया, जो 65 से 66 किलो हो गया है, पढ़ें पूरी खबर
APR 10, 2024 17:44 IST

दिल्ली में AAP के मंत्री राजकुमार आनंद ने आम आदमी पार्टी से दिया इस्तीफा

दिल्ली के मंत्री राजकुमार आनंद ने आम आदमी पार्टी (AAP Minister Resign) से इस्तीफा दे दिया है, ये आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, राजकुमार आनंद ने इस्तीफा देने के बाद कहा, 'पार्टी भ्रष्टाचार में डूब गई है, अब मैं इस पार्टी में नहीं रह सकता', पढ़ें पूरी खबर
APR 10, 2024 16:25 IST

BJP ने अब तक किया 427 उम्मीदवार का एलान

लोकसभा चुनाव- 2024 के लिए बीजेपी ने अब तक 427 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। BJP ने बुधवार को उम्मीदवारों की 10वीं लिस्ट जारी की। इस सूची में उत्तर प्रदेश से 7, पश्चिम बंगाल से एक और चंडीगढ़ लोकसभा सीट के प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 10, 2024 14:22 IST

सपा का घोषणा पत्र जारी

समाजवादी पार्टी (सपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। इस दस्तावेज में जातिवार जनगणना कराने, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने समेत अनेक वादे किए गए हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने यहां पार्टी राज्य मुख्यालय पर दल का चुनाव घोषणा पत्र 'जनता का मांग पत्र, हमारा अधिकार' जारी किया।
APR 10, 2024 13:59 IST

चंडीगढ़ से भाजपा सांसद किरण खेर का टिकट कटा

किरण खेर एक भारतीय अभिनेत्री व राजनेत्री हैं। वो वर्तमान में यह चंडीगढ़ लोकसभा सीट से सांसद है। पिछले दो लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 में उन्होंने भाजपा के टिकट से जीत हासिल की। वो मशहूर अभिनेता और कश्मीरी पंडित अनुपम खेर की पत्नी हैं। साल 2014 में किरण खेर ने सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। इस बार भाजपा ने किरण खेर की जगह संजय टंडन तो अपना उम्मीदवार बनाया है।
APR 10, 2024 13:59 IST

भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए जारी की 5 उम्मीदवारों की 10वीं सूची

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपने उम्मीदवारों की 10वीं सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ के प्रत्याशियों का 5 नाम शामिल हैं। यूपी की 4 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी गई है। इसके अलावा इस लिस्ट में चंडीगढ़ लोकसभा सीट के उम्मीदवार का नाम भी शामिल है। पढ़ें पूरी खबर
APR 10, 2024 13:58 IST

इलाहाबाद से सांसद रीता बहुगुणा जोशी का टिकट कटा

भाजपा की इस 10वीं लिस्ट में उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (प्रयागराज) से रीता बहुगुणा जोशी का टिकट कट गया है। उनकी जगह इस सीट से नीरज त्रिपाठी बीजेपी के उम्मीदवार होंगे। बता दें, नीरज पेशे से एडवोकेट हैं, जो केसरी नाथ त्रिपाठी के बेटे हैं।
APR 10, 2024 13:04 IST

भ्रष्टाचार पर पहला कॉपीराइट द्रमुक का, पूरा परिवार तमिलनाडु को लूट रहा: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि भ्रष्टाचार पर पहला कॉपीराइट द्रमुक का है और मुख्यमंत्री एम के स्टालिन का पूरा परिवार तमिलनाडु को लूट रहा है। मोदी ने तमिलनाडु के वेल्लोर में एक रैली के दौरान आरोप लगाया कि द्रमुक एक पारिवारिक कंपनी है, जो अपनी पुरानी मानसिकता से राज्य के युवाओं के विकास में बाधा डाल रही है। उन्होंने कहा कि द्रमुक लोगों को भाषा, क्षेत्र, आस्था के आधार पर बांटती है और उसे पता है कि जिस दिन लोग इस बात को समझ जाएंगे, उसे एक भी वोट नहीं मिलेगा। मोदी ने कहा, 'मैंने द्रमुक की दशकों पुरानी खतरनाक राजनीति को उजागर करने का फैसला किया है।' उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर पहला कॉपीराइट द्रमुक का है और पूरा परिवार तमिलनाडु को लूट रहा है। उन्होंने कच्चातीवु मामले का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस और द्रमुक ने प्रभावित मछुआरों के प्रति ‘‘फर्जी करुणा’’ दिखाई और इस मुद्दे पर तमिलनाडु को अंधेरे में रखा।
APR 10, 2024 13:02 IST

धनबाद से भाजपा के खिलााफ चुनाव लड़ेंगी किन्नर समाज से आने वाली सुनैना सिंह

किन्नर समाज से आने वाली 35 वर्षीय सुनैना सिंह झारखंड में विकास के मुद्दे पर धनबाद सीट से चुनाव लड़ेंगी, जहां उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दुलू महतो से होगा। धनबाद के पी के रॉय मेमोरियल कॉलेज से जीव विज्ञान में स्नातक सुनैना सिंह ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश स्थित नकी भारतीय एकता पार्टी (एनबीईपी) से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की। धनबाद में 78 किन्नर मतदाताओं सहित 22.54 लाख मतदाता हैं और यहां 25 मई को मतदान होगा। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ ('इंडिया') ने अभी तक इस सीट से अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। सुनैना सिंह ने 'प्रमुख कोयला आपूर्तिकर्ता धनबाद में कोई विकास कार्य नहीं किया गया है। यहां हत्या और रंगदारी के मामले भी कई गुना बढ़ गए हैं। मेरा एजेंडा स्पष्ट है। मैं शिक्षा में सुधार और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए काम करना चाहूंगी। धनबाद में बेरोजगारी दर अधिक है और पढ़े-लिखे युवाओं को भी नौकरी नहीं मिल रही है।' उन्होंने कहा, 'मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ भी लड़ना चाहती हूं, जो राज्य की प्रगति के रास्ते की प्रमुख बाधाओं में से एक है।'
APR 10, 2024 13:01 IST

हांगकांग की इमारत में आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत, 27 घायल

हांगकांग की एक बड़ी इमारत में आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य लोग घायल हो गए। हांगकांग के जॉर्डन में ‘न्यू लकी हाउस’ नामक इमारत में लगी आग को सुबह बुझा दिया गया लेकिन पुलिस ने कहा कि इमारत के भीतर मौजूद लोग अब भी मदद के लिए गुहार लगा रहे हैं। इस इमारत में अधिकतर आवासीय इकाइयां हैं। प्राधिकारियों ने बताया कि सुबह सात बजकर 53 मिनट पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि तीन पुरुषों और दो महिलाओं की मौत हो गई है। ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ सहित स्थानीय मीडिया ने बताया कि इमारत की पहली मंजिल पर स्थित एक जिम में आग लगी। ‘न्यू लकी हाउस’ में 200 इकाइयां हैं और इसका निर्माण 1964 में किया गया था। प्रशासन के मुख्य सचिव एरिक चैन ने कहा कि वह आग लगने की इस घटना से स्तब्ध एवं दुखी हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।
APR 10, 2024 13:00 IST

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में प्रेशर बम में विस्फोट से दो जवान घायल

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में प्रेशर बम में विस्फोट होने से सुरक्षाबल के दो जवान घायल हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत इतावर गांव के जंगल में प्रेशर बम में विस्फोट होने से एसटीएफ के दो जवान शिवलाल मंडावी और मिथलेश मरकाम घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि गंगालूर थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को गश्त के लिए रवाना किया गया था। दल जब आज सुबह पांच से छह बजे के मध्य इतावर गांव के करीब था तब जवानों का पैर नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम के संपर्क में आ गया। इससे बम में विस्फोट हो गया और दोनों जवान घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
APR 10, 2024 12:59 IST

मेक्सिको ने जारी किया अपने दूतावास में इक्वाडोर के अधिकारियों के घबरन घुसने का वीडियो

मेक्सिको ने मंगलवार को अपने दूतावास में इक्वाडोर के अधिकारियों के जबरन घुसने की घटना का वीडियो जारी किया। वीडियो में मेक्सिको के एक राजनयिक को इक्वाडोर की पुलिस ने धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और वहां छिपे हुए इक्वाडोर के पूर्व उपराष्ट्रपति को बाहर निकाला। दोनों देशों के बीच, एक सजायाफ्ता अपराधी और भगोड़े पूर्व उपराष्ट्रपति जॉर्ज ग्लास के दिसंबर में मैक्सिको के दूतावास में शरण लेने के बाद से तनाव था, जो शुक्रवार रात की कार्रवाई से बहुत बढ़ गया है। इक्वाडोर की पुलिस शुक्रवार को दूतावास की दीवारें फांद कर अंदर घुसी। मेक्सिको के दूतावास संबंधी मामलों के प्रमुख और इक्वाडोर द्वारा सप्ताह की शुरुआत में राजदूत को निष्कासित करने के बाद से वर्तमान में सर्वोच्च पदस्थ राजनयिक रॉबर्टो कैंसेको ने उन्हें दूतावास में घुसने से रोकने की कोशिश की, लेकिन इक्वाडोर की पुलिस ने उसे रोका और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। मेक्सिको के साथ-साथ विशेषज्ञों का भी कहना है कि यह अंतरराष्ट्रीय समझौतों का खुला उल्लंघन प्रतीत होता है। प्रतिक्रिया में मेक्सिको ने देश के साथ राजनयिक संबंध तोड़ दिए है।
APR 10, 2024 12:00 IST

मछली खाने के वीडियो पर भाजपा ने कसा तंज, तो तेजस्वी ने दिया करारा जवाब

मछली खाने वाले वीडियो पर तेजस्वी ने भाजपा को जवाब देते हुए कहा है कि 'बीजेपी वालों का आईक्यू टेस्ट कर रहे थे, वो इस टेस्ट में फेल हो गए। मैंने जो वीडियो डाला है उसमे डेट भी लिखा है उसको इन लोगों ने नहीं देखा।' नवरात्र के दिन सोशल मीडिया पर अपलोड करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यही तो टेस्ट था जिसमें बीजेपी वाले फेल हो गए। पढ़ें पूरी खबर
APR 10, 2024 11:03 IST

घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म के आरोप में युवक के खिलाफ मामला दर्ज

अमेठी जिले के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर एक युवती से दुष्कर्म के आरोप में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के हवाले से बुधवार को बताया कि जिले के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में देर रात सलमान नामक युवक ने आठ/नौ अप्रैल की दरमयानी रात करीब एक बजे एक घर में घुसकर 20 वर्षीय युवती से बलात्कार किया। मुसाफिरखाना थाने के पुलिस उपाधीक्षक अतुल सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर मंगलवार को शुकुल बाजार थाने में आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
APR 10, 2024 11:02 IST

मोदी ने साइमन हैरिस को आयरलैंड का सबसे युवा प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयरलैंड का सबसे युवा प्रधानमंत्री बनने पर साइमन हैरिस को बुधवार को बधाई दी और कहा कि वह दोनों देशों के बीच साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उनके साथ काम करने को लेकर आशान्वित हैं। सांसद हैरिस मंगलवार को संसद में एक वोट से आयरलैंड के प्रधानमंत्री चुने गए। वह 37 वर्ष की उम्र में देश का प्रधानमंत्री बनने वाले सबसे युवा नेता हैं। मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "आयरलैंड का अब तक का सबसे युवा प्रधानमंत्री बनने पर साइमन हैरिस को बधाई। हम अपने ऐतिहासिक संबंधों को अत्यधिक महत्व देते हैं जो लोकतांत्रिक मूल्यों में साझा विश्वास पर आधारित हैं।" मोदी ने कहा कि भारत-आयरलैंड द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने के लिए साथ मिलकर काम करने को लेकर वह आशान्वित हैं।