LIVE1 अगस्त 2024 हिंदी न्यूज़: स्वप्निल कुसाले ने दिलाया भारत को तीसरा मेडल; 50 मीटर एयर राइफल थ्री पोजिशन में जीता कांस्य, वायनाड में अब कैसे हैं हालात? राहुल-प्रियंका ने लिया जायजा

1 अगस्त 2024 हिंदी न्यूज़: स्वप्निल कुसाले ने दिलाया भारत को तीसरा मेडल; 50 मीटर एयर राइफल थ्री पोजिशन में जीता कांस्य, वायनाड में अब कैसे हैं हालात? राहुल-प्रियंका ने लिया जायजा
1 अगस्त 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: भारतीय शूटर्स का पेरिस ओलंपिक 2024 में शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। महाराष्ट्र के युवा खिलाड़ी सवप्निल कुसाले ने 50 मीटर एयर राइफल थ्री पोजिशन में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। ये भारतीय दल का शूटिंग में लगातार तीसरा मेडला है। हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की कई घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई और करीब 50 लोग लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि बारिश के कारण कई मकान, पुल और सड़कें बह गयीं। राज्य आपात अभियान केंद्र ने बताया कि कुल्लू में निरमंड, सैंज और मलाना इलाकों, मंडी में पधर और शिमला जिले के रामपुर में बादल फटे। वहीं वायनाड में हुए लैंडस्लाइड में मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक करीब 250 शव बरामद किए जा चुके हैं वहीं सैकड़ों लोग इस प्राकृतिक आपदा में घायल हैं और करीब 200 से ज्यादा लापता बताए जा रहे हैं, वायनाड में युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जवान जुटे हैं, बताया जा रहा है कि सोमवार को हुए भूस्खलन के बाद यहां के चार गांव पूरी तरह साफ हो गए हैं।
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने हमास के नेता इस्माइल हानिया की हत्या के विरोध में ईरान को सीधे इजरायल पर हमला करने का आदेश जारी किया है। अधिकारियों ने कहा कि खामेनेई ने बुधवार को ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की एक आपातकालीन बैठक में यह आदेश दिया है।
सुप्रीम कोर्ट की 7 जजों की संविधान पीठ ने बहुमत से फैसला दिया है कि राज्य सरकार अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों में सब कैटेगरी बना सकती हैं। सात जजों की बेंच ने 2004 में ईवी चिन्नैया मामले में दिए गए 5 जजों के फैसले को पलट दिया है।
- मंडी से लेकर शिमला तक मचा हाहाकार, बादल फटने से 3 की मौत; 50 लापता
- वायनाड लैंडस्लाइड में 250 से ज्यादा मौतें, मलबे में दबे हो सकते हैं कई लोग
- रैनसमवेयर अटैक का शिकार हुए देश के 300 बैंक, UPI पेमेंट और कामकाज ठप
- गुरुग्राम में 3 लोगों की करंट लगने से मौत, पेड़ गिरने से बिजली की तारों की चपेट में आए
- सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि राज्य सरकारे एससी-एसटी कोटे में सब कैटेगरी बना सकती हैं
छत्तीसगढ़ में जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत डूमरडांड गांव में जंगली हाथी के हमले में जगन्नाथ राम (55) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बुधवार देर रात जंगली हाथी ने डूमरडांड गांव में हमला कर दिया और कई मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी के हमले के बाद जब जगन्नाथ अपने परिवार को बचाने के लिए अन्य मकान में उन्हें भेज रहा था तभी जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया। इस हमले में जगन्नाथ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि हाथी ने बीती रात लगभग चार गांवों में एक दर्जन मकानों को भी नुकसान पहुंचाया है।
अपने 'स्वैग' से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तुर्की का निशानेबाज
एक हाथ जेब में डाले, बिना किसी सुरक्षा गियर के , बिना कोई विशेष लेंस पहने , अपने रोजमर्रा के चश्मे के साथ एकदम सहजता से पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले तुर्की के पिस्टल निशानेबाज युसूफ डिकेच के ‘स्वैग’ के चर्चे सोशल मीडिया पर खूब हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर काफी वायरल हो गई है जिसमें वह सफेद रंग की टी शर्ट पहने एक हाथ जेब में डाले निशाना साध रहे हैं। उन्होंने दस मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता जो ओलंपिक निशानेबाजी में तुर्की का पहला पदक है। यह वही स्पर्धा है जिसमें भारत की मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने कांस्य पदक जीता था। 51 वर्ष के युसूफ ने कहा, 'मैं अब 2028 में स्वर्ण लेने की कोशिश करूंगा।' निशानेबाजों केा आजादी होती है कि वे जैसी चाहें ड्रेस पहन सकते हैं । पेरिस से करीब 300 मीटर दूर शेटराउ में ओलंपिक रेंज पर निशानेबाज रोशनी कम करने के लिये वाइजर या बेहतर फोकस के लिये एक आंख पर ब्लाइंडर पहने नजर आ रहे हैं। युसूफ ने कान में पीले इयरप्लग पहने हुए थे जो कैमरे के एंगल से नजर नहीं आये।
ओल्ड राजेंद्र नगर में फिर जलभराव, एमसीडी ने पम्प के जरिेये पानी निकाला
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसकी टीम ने बारिश के कारण यहां ओल्ड राजेंद्र नगर में एक बार फिर हुए जलभराव के बाद पम्प से पानी को बाहर निकालने के लिए देर रात तक काम किया। ओल्ड राजेंद्र नगर में बुधवार रात को जलभराव से कुछ दिन पहले ही इलाके में एक कोचिंग सेंटर की इमारत के 'बेसमेंट' में पानी भर जाने के कारण सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे तीन विद्यार्थियों की मौत हो गयी थी। एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ‘बैरल ड्रेन’ में पानी के वेग ने पानी के साथ-साथ जल निकासी प्रणाली में बची हुई गाद को भी बाहर निकालने में मदद की। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार शाम को भारी बारिश के बाद ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में एक बार फिर जलभराव हो गया। कई वीडियो सामने आए जिनमें इस इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति दिखायी दी है। इस इलाके में कई कोचिंग सेंटर हैं। करोल बाग जोन के उपायुक्त अभिषेक कुमार मिश्रा ने बताया कि एमसीडी अधिकारियों के एक दल के साथ सफाई कर्मियों ने इलाके से पानी निकालने के लिए बुधवार देर रात तक काम किया। उन्होंने काफी मात्रा में पानी निकाला। उन्होंने कहा, 'हम कल रात तभी निकले जब यह (जलजमाव) काफी हद तक खत्म हो गया और केवल कुछ हिस्सों में पानी भरा हुआ दिखा।' एक अन्य अधिकारी ने बताया कि एमसीडी बाकी के जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकालने पर काम कर रही है। उन्होंने बताया, 'पानी निकाल दिया गया है। बैरल ड्रेन उचित तरीके से काम कर रहा है और बैरल ड्रेन में पानी के वेग के कारण गाद भी बह गयी है।' अधिकारी ने यह भी बताया कि नालों पर अतिक्रमण हटाने का काम अब भी जारी है।
वायनाड भूस्खलन: राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने किया दौरा, लिया जायजा
वायनाड में अब कैसी स्थिति है? लोकसभा में विपक्ष के नेता, वायनाड से पूर्व सांसद राहुल गांधी और उनकी बहन, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बृहस्पतिवार को केरल में वायनाड जिले के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र चूरलमाला का दौरा किया। दोनों ही कांग्रेस नेताओं ने हालात का जायजा लिया।
पढ़ें पूरी खबरमौसम विभाग ने ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा में एक और दो अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने अंगुल, ढेंकनाल, कटक, बौध, सोनपुर और संबलपुर जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा (7-20 सेमी) का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। विभाग ने बृहसपतिवार को भद्रक, बालासोर, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, झारसुगुड़ा, बारगढ़, बलांगीर, नुआपाड़ा, नयागढ़, खुर्दा, जगतसिंहपुर, सुंदरगढ़, देवगढ़, क्योंझर, मयूरभंज और कालाहांडी जिले के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा (7- 11 सेमी) की चेतावनी जारी की है। स्थानीय मौसम विभाग ने कटक शहर के कुछ इलाकों में एक या दो बार तेज बारिश होने की चेतावनी दी है। विभाग ने कहा, 'इससे निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है, दृश्यता कम हो सकती है और यातायात बाधित हो सकता है।'
नोएडा में गैंगरेप पीड़िता को गवाही देने पर जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज
उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक सामूहिक बलात्कार की पीड़िता को गवाही देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने यह जानकारी बृहस्पतिवार को दी। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। दलित समुदाय की पीड़ित युवती ने थाना सूरजपुर में शिकायत दर्ज कराई है कि जब वह अपने मुकदमे की पैरवी करने के लिए सूरजपुर स्थित अदालत में पहुंची तो वहां पर दो नकाबपोश लोगों ने उसे धमकी दी। शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि नकाबपोश दोनों व्यक्तियों ने उसे मुकदमे में गवाही नहीं देने के लिए कहा और ऐसा नहीं करने पर उसकी हत्या करने की धमकी दी। थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 93 में रहने वाली पीड़ित युवती ने बुधवार की रात को थाने में मामला दर्ज कराया था कि उससे कुछ लोगों ने वर्ष 2023 में सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़िता के हवाले से उन्होंने बताया कि इस मामले की सुनवाई जनपद गौतमबुद्ध नगर के न्यायालय में चल रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वह अपने मुकदमे की पैरवी के लिए बुधवार को सूरजपुर स्थित जनपद न्यायालय में गई थी। युवती के अनुसार, मुकदमे की पैरवी करने के पश्चात जब वह गेट नंबर दो से बाहर निकली तो दो नकाबपोश लोग उसे धमकी देने लगे और उससे कहा कि तुम अपनी गवाही वापस ले लो, वरना अच्छा नहीं होगा। पीड़िता ने कहा कि आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
PM मोदी ने वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह के साथ बातचीत की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को अपने वियतनामी समकक्ष फाम मिन्ह चिन्ह के साथ व्यापक वार्ता की जो दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और विस्तारित करने पर केंद्रित थी। चिन्ह मंगलवार रात तीन दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचे, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक संबंधों को और आगे बढ़ाना है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह का गर्मजोशी से स्वागत किया।" उन्होंने वार्ता से पहले कहा, "भारत-वियतनाम व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक बढ़़ाने के लिए ठोस चर्चा एजेंडे में है।" पिछले कुछ वर्षों में भारत और वियतनाम के बीच सामरिक संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। पिछले साल जुलाई में भारत ने दक्षिण चीन सागर में चीन के बढ़ते आक्रामक व्यवहार पर साझा चिंताओं के बीच बढ़ती द्विपक्षीय सामरिक और रक्षा साझेदारी को दर्शाते हुए अपना सेवारत मिसाइल जंगी पोत आईएनएस कृपाण वियतनाम को उपहार में दिया था। यह पहली बार था जब भारत ने किसी मित्र विदेशी देश को पूरी तरह से चालू जंगी पोत सौंपा। आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन) का एक महत्वपूर्ण देश वियतनाम का दक्षिण चीन सागर क्षेत्र में चीन के साथ क्षेत्रीय विवाद है। भारत के पास दक्षिण चीन सागर में वियतनामी जलक्षेत्र में तेल अन्वेषण परियोजनाएं हैं। भारत और वियतनाम पिछले कुछ वर्षों में साझा हितों की रक्षा के लिए अपने समुद्री सुरक्षा सहयोग को बढ़ा रहे हैं।
जापान के संसदीय शिष्टमंडल ने लोकसभा की कार्यवाही देखी
जापान के ‘हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स’ के अध्यक्ष नुकागा फुकुशिरो के नेतृत्व में आए एक संसदीय शिष्टमंडल ने बृहस्पतिवार को लोकसभा की कार्यवाही देखी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद सदन को सूचित किया कि फुकुशिरो के नेतृत्व में जापान का संसदीय शिष्टमंडल भारत की आधिकारिक यात्रा पर है। उस समय जापानी शिष्टमंडल लोकसभा की विशेष दीर्घा में उपस्थित था। जापान का शिष्टमंडल 31 जुलाई को बेंगलुरू से यहां पहुंचा था और वह दो अगस्त को अपने देश के लिए प्रस्थान करेगा। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने विश्वास जताते हुए कहा, 'उनकी यात्रा से दोनों देशों के संसदीय संबंध मजबूत होंगे।' उन्होंने शिष्टमंडल के प्रतिनिधियों के माध्यम से जापान के संसद सदस्यों, सरकार और जनता को बधाई और शुभकामना प्रेषित कीं।
चीन की यू से हारकर पेरिस ओलंपिक में निकहत जरीन का अभियान खत्म
दो बार की विश्व चैम्पियन निकहत जरीन (50 किलो) का ओलंपिक पदक जीतने का सपना बृहस्पतिवार को एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता चीन की वू यू से अप्रत्याशित हार के साथ खत्म हो गया। गैर वरीय निकहत का यह पहला ओलंपिक था। उन्हें 0 . 5 से पराजय झेलनी पड़ी। मौजूदा फ्लायवेट (52 किलो) विश्व चैम्पियन यू को पहले दौर में बाय मिला था।
नवजात बच्चे का शव एक व्यक्ति के घर के बाहर रखा मिला, जांच में जुटी पुलिस
जनपद के सेक्टर-39 थानाक्षेत्र के सेक्टर-45 में रहने वाले एक व्यक्ति के घर पर बृहस्पतिवार सुबह एक नवजात बच्चा मृत अवस्था में मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आज सुबह थाना सेक्टर-39 पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-45 के सदरपुर कॉलोनी में रहने वाले मुकेश शर्मा के घर की सीढ़ियों पर एक नवजात शिशु मृत अवस्था में पड़ा है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से इस घटना में शामिल लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस सभी पहलुओं के ध्यान में रहकर मामले की जांच कर रही है।
गुरुग्राम: भारी बारिश के बाद करंट लगने से तीन की मौत
गुरुग्राम में इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन के समीप एक पेड़ के नीचे बिजली के तारों के संपर्क में आने के कारण करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, घटना इलाके में भारी बारिश के बाद हुए जलजमाव के कारण बुधवार देर रात हुई। उन्होंने बताया कि पीड़ित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और घटना के समय वे कार्यालय से अपने अपने घर जा रहे थे।
लोकसभा में पेश हुआ आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक 2024
आपदा प्रबंधन विधेयक- 2005 में अहम बदलाव लाने वाले आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक 2024 को केंद्र सरकार ने गुरुवार को लोकसभा में पेश कर दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तरफ से केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने गुरुवार को लोकसभा में आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक 2024 को पेश किया। बिल को सदन में पेश करने के दौरान केंद्र सरकार के अधिकार और इस विधेयक की संवैधानिकता को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस भी हुई। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने इस बिल को पेश करने का विरोध करते हुए कहा कि यह संविधान के मुताबिक सही नहीं है और राज्य सरकार के अधिकार में हस्तक्षेप करता है।
Mathura: श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद में हिंदू पक्ष की बड़ी जीत
इलाहाबाद हाईकोर्ट से हिंदू पक्ष को बड़ी जीत मिली है। अदालत ने मुस्लिम पक्ष की याचिका को खारिज कर दी। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर बने मंदिर को तीन बार तोड़ा गया और चार बार बनवाया जा चुका है। गुजरात के सोमनाथ मंदिर की तरह आक्रमणकारी महमूद गजनवी ने इसे भी लूटकर तुड़वा दिया था। दो पक्षों के बीच इस स्थान के मालिकाना हक को लेकर सालों पुराना विवाद अदालत में चल रहा है। इस बीच शाही ईदगाह मस्जिद और कृष्ण जन्मभूमि के विवाद को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है।
इजराइल ने तोड़ी हमास की कमर, सैन्य शाखा के सरगना मोहम्मद दीफ को गाजा में किया ढेर
इजरायली सेना ने गाजा में जुलाई में हुए हमले में हमास के सैन्य नेता मोहम्मद दीफ की मौत की पुष्टि की है। इजरायली सेना ने गुरुवार को कहा कि उसने पुष्टि की है कि हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख मोहम्मद दीफ जुलाई में गाजा में हवाई हमले में मारा गया था। इजराइल ने 13 जुलाई को दक्षिणी गाजा शहर खान यूनिस के बाहरी इलाके में एक परिसर पर हमला करके दीफ को निशाना बनाया, लेकिन तब दीफ के मारे जाने की तत्काल कोई पुष्टि नहीं हुई थी। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने उस समय कहा था कि हमले में आसपास के टेंटों में रहने वाले विस्थापित नागरिकों सहित 90 से अधिक लोग मारे गए थे।
बिहार में वज्रपात से 5 लोगों की मौत
बिहार में कई इलाकों में मौसम के बदलाव के बाद कुदरत का कहर बरपा है। वज्रपात की घटनाएं भी शुरू हो गई हैं। इस दौरान पिछले 24 घंटे में वज्रपात से प्रदेश में पांच लोगों की मौत हो गई।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वज्रपात से हुई मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा गुरुवार को जारी एक बयान में कहा गया कि पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में वज्रपात से पांच लोगों की मौत हो गई। वज्रपात से रोहतास में दो एवं जहानाबाद में तीन व्यक्तियों की मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं।
पाकिस्तान में सुरक्षा की चिंता, बांग्लादेश टीम ने सरकार से लगाई गुहार
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने औपचारिक रूप से बांग्लादेशी सरकार से अपने आगामी दौरे के लिए सुरक्षा सलाहकार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। जानकारी के अनुसार, बांग्लादेश 17 अगस्त को दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा करेगा, जो आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है। इस सीरीज के मैच 21-25 अगस्त तक रावलपिंडी और 30 अगस्त से 3 सितंबर तक कराची में खेले जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय टीमों ने कई बार अस्थिर राजनीतिक माहौल के कारण पाकिस्तान का दौरा करने के बारे में चिंता व्यक्त की है। हालांकि, बीसीबी ने इस दौरे पर जाने का फैसला पाकिस्तानी अधिकारियों से राज्य स्तरीय सुरक्षा का आश्वासन मिलने के बाद लिया है। बीसीबी क्रिकेट संचालन के अध्यक्ष जलाल यूनुस ने कहा कि यह आश्वासन दौरे को सुरक्षित बनाने में एक महत्वपूर्ण कारक रहा है। क्रिकबज के हवाले से जलाल यूनुस ने कहा, "सुरक्षा मुहैया कराना पाकिस्तान पर निर्भर है। हम वहां इसलिए जा रहे हैं क्योंकि उन्होंने हमें राज्य स्तरीय सुरक्षा का आश्वासन दिया है। उनके आश्वासन के बाद ही दौरे की पुष्टि हुई।"
झारखंड विधानसभा से भाजपा के 18 विधायकों के निलंबन पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा, स्पीकर ने लोकतंत्र की हत्या की
झारखंड विधानसभा से 18 भाजपा विधायकों को सस्पेंड किए जाने पर सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। विधायकों को निलंबित करने के स्पीकर के आदेश के बाद नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने मीडिया से कहा, स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने दिनदहाड़े लोकतंत्र की हत्या की है। बाउरी ने कहा, स्पीकर ने राज्य सरकार के इशारे पर विधायकों को सस्पेंड किया है। उन्होंने संविधान की मर्यादा तार-तार कर दी है। एक साथ पूरे विपक्ष को सस्पेंड करने का यह देश में शायद सबसे पहला शर्मनाक उदाहरण है। स्पीकर ने आज सदन में जिस तरह का व्यवहार किया, वह बताता है कि यह सरकार निरंकुश हो चुकी है। बाउरी ने कहा कि हमने विधानसभा में उन पांच लाख युवाओं की नौकरी और अनुबंध कर्मियों के स्थायीकरण को लेकर जवाब मांगा था, जिसका वादा कर ये लोग सरकार में आए थे। क्या युवाओं और जनता की बात सदन में उठाना गुनाह है? लेकिन, स्पीकर ने आज लोकतंत्र में काला अध्याय लिख दिया है। उन्होंने किस तरह अघोषित इमरजेंसी लागू कर रखी है, इसका पता इसी बात से चलता है कि आज पत्रकारों को भी सदन की पत्रकार दीर्घा में आने से रोका गया।
बिहार में रजिस्टर्ड मेडिकल प्रैक्टिशनर की पीट पीटकर हत्या, पुलिस कर रही जांच
बिहार के नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र में एक रजिस्टर्ड मेडिकल प्रैक्टिशनर (आरएमपी डॉक्टर) की कथित रूप से पीट पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि मृतक एक गांव से मरीज का इलाज कर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने इनकी हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि मृतक सुमन गिरि (25 साल) गांव में ही मेडिकल प्रैक्टिशनर के रूप में इलाज और दवा, इंजेक्शन देने का काम करता था। बुधवार की देर शाम वह एक मरीज को देखने के लिए नगर थाना क्षेत्र के महानंदपुर गांव गया था। करीब एक-दो घंटे बाद वह वापस लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर अनदेखी का आरोप लगाया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जब वह रात के 11 बजे तक घर नहीं पहुंचे तो 12 बजे रात में गुमशुदगी की सूचना देने थाना पहुंचे, लेकिन थाना से पुलिस पदाधिकारी ने डांट फटकार कर भगा दिया।
लोकसभा में पेश हुआ आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक 2024
आपदा प्रबंधन विधेयक- 2005 में अहम बदलाव लाने वाले आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक 2024 को केंद्र सरकार ने गुरुवार को लोकसभा में पेश कर दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तरफ से केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने विधेयक को पेश किया।
यहां पढ़ें पूरी खबर तांत्रिक ने दिल्ली से आईं 2 बहनों का किया रेप
उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक यहां एक तांत्रिक ने दिल्ली से आईं दो बहनों के साथ दुष्कर्म कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है।
यहां पढ़ें पूरी खबर