LIVE

हिंदी समाचार, 08 मई 2024 : केजरीवाल की जमानत पर 10 मई को फैसला, सैम पित्रोदा ने ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस' के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

हिंदी समाचार, 08 मई 2024 : केजरीवाल की जमानत पर 10 मई को फैसला, सैम पित्रोदा ने ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस' के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा
हिंदी समाचार, 08 मई 2024 : केजरीवाल की जमानत पर 10 मई को फैसला, सैम पित्रोदा ने ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस' के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

हिंदी न्यूज़ 08 मई 2024 और बड़ी खबरें: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आगामी 10 मई को बड़ी राहत मिल सकती है। सीएम केजरीवाल की अंतरिम जमानत को लेकर सुप्रीम कोर्ट इस दिन आदेश पारित करेगा। बता दें, दिल्ली की एक अदालत ने बीते मंगलवार को धनशोधन मामले में केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 मई तक बढ़ा दी है। वहीं कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने बुधवार को ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। पित्रोदा की उस टिप्पणी को लेकर बुधवार को विवाद खड़ा हो गया जिसमें उन्होंने कहा है कि ‘पूर्व के लोग चीनी और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी नागरिकों जैसे दिखते हैं’। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पित्रोदा की ‘‘नस्ली’’ टिप्पणियों को लेकर उन पर निशाना साधते हुए दावा किया कि इससे विपक्षी दल की ‘‘विभाजनकारी’’ राजनीति बेनकाब हो गई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने पित्रोदा के निर्णय को स्वीकार कर लिया है। रमेश ने कहा कि सैम पित्रोदा ने अपनी मर्जी से ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका निर्णय स्वीकार कर लिया है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...

MAY 08, 2024 21:40 IST

बाइक चालक के बैग से मिले 17 लाख 65 हजार रुपये कैश

उत्तर प्रदेश के बहराइच में बाइक चालक के बैग से बड़े पैमाने पर नगदी बरामद हुआ। जांच के दौरान बैग से 17 लाख 65 हजार रुपये मिला। बरामद पैसों से संबंधित कोई दस्तावेज युवक नहीं दिखा पाया। जांच में लगी FST टीम ने बरामद पैसे को सीज किया। बरामद पैसा चुनाव में वितरिण करने की आशंका जताई जा रही। नानपारा पुलिस बरामद पैसों की जांच में जुटी। ये मामला नानपारा थाना क्षेत्र के कालिकुंडा रोड का है।
MAY 08, 2024 20:14 IST

भीषण गर्मी की चपेट में राजस्थान के अधिकांश हिस्से, 46 डिग्री पार पहुंचा पारा

राजस्थान के अधिकतर इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है जहां बुधवार को सीमावर्ती बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिन राज्य के अनेक इलाकों में लू (हीटवेव) चलने की चेतावनी दी है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार बुधवार को दिन में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बाड़मेर में 46 डिग्री सेल्सियस, जालोर में 45.5 डिग्री, फलोदी में 45.4 डिग्री, जैसलमेर व गंगानगर में 45.2 डिग्री, जोधपुर में 45.0 डिग्री, कोटा व बीकानेर में 44.6 डिग्री, वनस्थली में 44.1 डिग्री, संगरिया में 44.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र ने बताया कि इस दौरान माउंट आबू का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे कम है। राजधानी जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
MAY 08, 2024 20:04 IST

सैम पित्रोदा ने ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस' के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने बुधवार को ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। पित्रोदा की उस टिप्पणी को लेकर बुधवार को विवाद खड़ा हो गया जिसमें उन्होंने कहा है कि ‘पूर्व के लोग चीनी और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी नागरिकों जैसे दिखते हैं’। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पित्रोदा की ‘‘नस्ली’’ टिप्पणियों को लेकर उन पर निशाना साधते हुए दावा किया कि इससे विपक्षी दल की ‘‘विभाजनकारी’’ राजनीति बेनकाब हो गई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने पित्रोदा के निर्णय को स्वीकार कर लिया है। रमेश ने कहा कि सैम पित्रोदा ने अपनी मर्जी से ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका निर्णय स्वीकार कर लिया है।
MAY 08, 2024 20:02 IST

त्रिपुरा के CM ने रेल मंत्री से मालगाड़ी सेवाओं की शीघ्र बहाली की अपील की

त्रिपुरा में ईंधन की भारी किल्लत के मद्देनजर मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से असम के दिमा हसाओ जिले में जतिंगा के रास्ते मालगाड़ी सेवाएं शीघ्र बहाल की अपील की है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। जतिंगा में 26 अप्रैल को एक मालगाड़ी के पटरी से उतरने के बाद त्रिपुरा के लिए मालगाड़ी सेवाएं बंद कर दी गई थीं, जिसके कारण राज्य को ईंधन की भारी दिक्कत हो गयी। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘राज्य में ईंधन की कमी को देखते हुए मुख्यमंत्री माणिक साहा ने मंगलवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मालगाड़ी सेवाओं को शीघ्र फिर शुरू करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और उम्मीद है कि अगले दो-तीन दिनों में सेवाएं बहाल हो जाएंगी।’ राज्य परिवहन सचिव यू के चकमा ने कहा कि पूर्वोत्तर सीमान्त रेलवे (एनएफआर) ने जतिंगा के रास्ते मालगाड़ी सेवाओं को फिर शुरू करने के लिए 10 मई तक का समय मांगा है।
MAY 08, 2024 19:47 IST

गहलोत ने कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बांसवाड़ा में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर बुधवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे अपराधियों में कानून का भय ही समाप्त हो गया है। गहलोत ने इस घटना की एक खबर साझा करते हुये 'एक्स' पर लिखा, "नहीं सहेगा राजस्थान" के नारे से जनता को गुमराह करने वाली भाजपा के राज में राजस्थान में ये क्या हो रहा है । ऐसी घटनाएं प्रदेश को कलंकित करने वाली हैं। ऐसा लग रहा है जैसे अपराधियों में कानून का भय ही समाप्त हो गया है।' उन्होंने लिखा, 'भाजपा सरकार को अब छुट्टी मनाने के मोड से बाहर आकर कानून व्यवस्था पर ध्यान लगाना चाहिए। इस मामले को सरकार केस ऑफिसर स्कीम के तहत ले और अपराधी को जल्द से जल्द सजा दिलवाना सुनिश्चित करे।' प्रदेश के बांसवाड़ा ज‍िले में दो युवकों ने 19 साल की युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और बाद में एक ने उस पर तलवार से जानलेवा हमला किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी कालूराम भील को गिरफ्तार कर लिया है।
MAY 08, 2024 19:45 IST

भाजपा पर भड़कीं मायावती, EVM पर भी उठा दिया सवाल

मायावती ने पहले अपने भतीजे आकाश आनंद के खिलाफ एक्शन लिया और इसके तुरंत बाद भाजपा को खरी-खोटी सुना दी। बसपा सुप्रीमो ने दावा किया कि ईमानदारी से चुनाव हुए तो भाजपा का सत्ता में आना मुश्किल है, उन्होंने ईवीएम पर भी सवाल उठाए। पढ़ें पूरी खबर
MAY 08, 2024 19:11 IST

दोबारा भाजपा छोड़ने के बजाय राजनीति छोड़ दूंगा: लवली

कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष पद से हाल में इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने वाले अरविंदर सिंह लवली ने बुधवार को कहा कि वह भाजपा छोड़ने के बजाय राजनीति छोड़ देंगे। लवली पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान, नसीब सिंह और अमित मलिक सहित प्रदेश कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ पिछले सप्ताह भाजपा में शामिल हो गए थे। इससे पहले भी लवली 2017 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। हालांकि, कुछ महीनों के भीतर वह 2018 में वापस कांग्रेस में लौट आये थे। तब से वह कांग्रेस में थे और हाल में दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पसंद को लेकर पार्टी नेतृत्व के साथ मतभेद के चलते उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी। लवली ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘पिछली बार मैंने गुस्से के कारण कांग्रेस छोड़ने का फैसला किया था। हालांकि, इस बार हमने ठंडे दिमाग और बहुत सोच-विचार के साथ फैसला किया है। अब हम यहीं (भाजपा में) राजनीति करेंगे या पार्टी छोड़ने के बजाय राजनीति छोड़ देंगे।’ लवली के साथ मौजूद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि लवली और अन्य नेता पार्टी में अपनी भूमिका तय करने के लिए स्वतंत्र होंगे। लवली ने कहा कि किसी भी पार्टी में कार्यकर्ता की भूमिका सबसे अहम होती है और पार्टी उन्हें जो निर्देश देगी, वह उस भूमिका को निभाएंगे और पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। लवली दिल्ली लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के 40 स्टार प्रचारकों में शामिल हैं।
MAY 08, 2024 19:00 IST

कांग्रेस हमेशा देश को धर्म और जाति के नाम पर बांटती रही है: ईरानी

केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी के नेता सैम पित्रोदा की उस टिप्पणी पर हमला बोला, जिसमें उन्होंने कहा कि 'पूर्व के लोग चीनी और दक्षिण के लोग अफ्रीका जैसे दिखते हैं। स्मृति ने कहा कि वह (कांग्रेस) हमेशा देश को धर्म एवं जाति के नाम पर बांटती रही है।' भाजपा नेता ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा, 'आज पता चला है कि उनका एक और घिनौना सच सामने आया है, कि इस देश में कौन किस रंग का है कौन किस भू भाग का है। यह पार्टी (कांग्रेस) उस आधार पर हमारे देशवासियों को बांटने और उनका अपमान करने का दुस्साहस करती है।' स्मृति ने कहा कि आज कांग्रेस नेता के मुख से जो शब्द प्रस्तुत हुए हैं वह अपने आप न सिर्फ निंदनीय है बल्कि वह कहीं ना कहीं राहुल गांधी और गांधी परिवार की हमारे राष्ट्र के प्रति सोच को दर्शाता है। पित्रोदा ने सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित इस साक्षात्कार में कहा, 'हम भारत जैसे विविधता से भरे देश को एकजुट रख सकते हैं। जहां पूर्व के लोग चीनी जैसे लगते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरों और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे लगते हैं।'
MAY 08, 2024 18:59 IST

यूपीआई पारिस्थितिकी के विस्तार पर आरबीआई गवर्नर ने बैठक की

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने यूपीआई पारिस्थितिकी तंत्र के विस्तार, उत्पादों का दायरा बढ़ाने और नवीन भुगतान समाधानों को बढ़ावा देने के तरीकों पर बुधवार को बैंकों एवं अन्य हितधारकों के साथ चर्चा की। एकीकृत भुगतान प्रणाली (यूपीआई) मोबाइल फोन के जरिये एक से दूसरे बैंक में तत्काल लेनदेन की सुविधा देने वाली भुगतान व्यवस्था है। इसका विकास आरबीआई की इकाई भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने किया है। आरबीआई ने बयान में कहा कि दास ने यूपीआई पारिस्थितिकी तंत्र के प्रमुख हितधारकों- बैंकों, एनपीसीआई, मोबाइल एप्लिकेशन प्रदाताओं और प्रौद्योगिकी सेवा प्रदाताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में यूपीआई की पहुंच को और बढ़ाने के लिए संभावित रणनीतियों पर चर्चा की गई। बयान के मुताबिक, ‘यूपीआई को अपनाने और उपयोग को व्यापक बनाने से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर व्यापक चर्चा हुई। हितधारकों ने अपने मूल्यवान सुझाव साझा किए।’ इस दौरान यूपीआई बुनियादी ढांचे को बढ़ाने और उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार करने की रणनीतियों और पारिस्थितिकी तंत्र के सामने आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान के लिए अनूठे समाधानों पर चर्चा हुई। केंद्रीय बैंक ने कहा कि बैठक में मिले तमाम सुझावों की समीक्षा की जाएगी और उनपर समुचित कदम उठाया जाएगा। इस बैठक में आरबीआई के डिप्टी गवर्नर टी रबिशंकर और केंद्रीय बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
MAY 08, 2024 18:47 IST

केजरीवाल की जमानत याचिका पर 10 मई को SC का फैसला

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आगामी 10 मई को बड़ी राहत मिल सकती है। सीएम केजरीवाल की अंतरिम जमानत को लेकर सुप्रीम कोर्ट इस दिन आदेश पारित करेगा। बता दें, दिल्ली की एक अदालत ने बीते मंगलवार को धनशोधन मामले में केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 मई तक बढ़ा दी है। पढ़ें पूरी खबर
MAY 08, 2024 18:25 IST

बंगाल: तीसरे चरण में चार लोकसभा सीटों पर 77.53 प्रतिशत मतदान हुआ

तीसरे चरण के मतदान के दौरान मंगलवार को पश्चिम बंगाल की चार लोकसभा सीटों पर 73.37 लाख मतदाताओं में से कुल 77.53 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। एक निर्वाचन अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। बुधवार को एक संशोधित आंकड़ा जारी किया गया जिसके मुताबिक सात मई को शाम पांच बजे तक लगभग 74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद में सबसे अधिक 81.52 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद मालदा दक्षिण (76.69 प्रतिशत), मालदा उत्तर (76.03 प्रतिशत) और जंगीपुर (75.72 प्रतिशत) का स्थान रहा। चारों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 57 उम्मीदवार मैदान में हैं।
MAY 08, 2024 18:23 IST

रूपाला ने क्षत्रिय समाज पर की गई टिप्पणी को लेकर एक बार फिर मांगी माफी

केंद्रीय मंत्री और राजकोट लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार परषोत्तम रूपाला ने पूर्ववर्ती राजपूत शासकों पर अपनी कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए बुधवार को क्षत्रिय समुदाय से माफी मांगी। मामले में वह इससे पहले भी समुदाय से माफी मांग चुके हैं। उन्होंने इस विवाद को अपने सार्वजनिक जीवन का सबसे कठिन समय बताया। यह माफी गुजरात में लोकसभा चुनाव संपन्न होने के एक दिन बाद आई है। रूपाला ने कहा कि वह अपनी टिप्पणी के कारण अपने सार्वजनिक जीवन के सबसे कठिन समय से गुजरे हैं और उन्होंने क्षत्रियों से उदारता दिखाने और उन्हें माफ करने का आग्रह किया। भाजपा नेता ने कहा, ‘यह मेरी गलती थी और जो कुछ भी हुआ उसके लिए मैं पूरी तरह से जिम्मेदार था, लेकिन मेरी पूरी पार्टी इस विवाद में फंस गई। यह मेरे लिए बहुत दुखद है क्योंकि पार्टी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मेरी वजह से परेशानी हुई।’ राज्य की 26 सीटों में से राजकोट सहित 25 सीटों पर सात मई को मतदान हुआ था। सूरत में भाजपा उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध जीत चुके हैं। राजपूतों ने भाजपा से राजकोट में रूपाला को उम्मीदवार के रूप में हटाने की मांग की थी।
MAY 08, 2024 18:22 IST

सोलहवें वित्त आयोग ने कर हस्तांतरण फॉर्मूले पर मांगी जनता से राय

सोलहवें वित्त आयोग ने बुधवार को कर हस्तांतरण फार्मूला और राज्यों की समेकित निधि बढ़ाने के उपायों जैसे बिंदुओं पर आम जनता और संगठनों से विचार आमंत्रित किए। अरविंद पनगढ़िया की अध्यक्षता में 16वें वित्त आयोग का गठन 31 दिसंबर, 2023 को किया गया था। पूर्व व्यय सचिव अजय नारायण झा, सेवानिवृत्त नौकरशाह एनी जॉर्ज मैथ्यू और अर्थशास्त्री मनोज पांडा इसके पूर्णकालिक सदस्य हैं जबकि एसबीआई समूह के मुख्य आर्थिक सलाहकार सौम्य कांति घोष अंशकालिक सदस्य हैं। आयोग 31 अक्टूबर, 2025 तक अपनी रिपोर्ट राष्ट्रपति को सौंप देगा। इसकी अनुशंसाएं एक अप्रैल, 2026 से शुरू होकर अगले पांच साल के लिए लागू होंगी। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, ‘16वां वित्त आयोग आम जनता, इच्छुक संगठनों और व्यक्तियों से आयोग के लिए निर्दिष्ट संदर्भ की शर्तों के साथ अपनाए जा सकने वाले सामान्य दृष्टिकोण पर सुझाव एवं विचार आमंत्रित करता है। इसके अलावा 16वें वित्त आयोग के कामकाज से संबंधित किसी अन्य मुद्दे पर भी विचार आमंत्रित किए जाते हैं।’ सुझाव 16वें वित्त आयोग की वेबसाइट फिनकॉमइंडिया.एनआईसी.इन के जरिये दिए जा सकते हैं। केंद्र और राज्यों के बीच कर हस्तांतरण और राजस्व वृद्धि के उपायों का सुझाव देने के अलावा आयोग आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत गठित कोष से संबंधित आपदा प्रबंधन पहल के वित्तपोषण की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा भी करेगा। वित्त आयोग एक संवैधानिक निकाय है जो केंद्र और राज्यों के बीच वित्तीय संबंधों पर अपनी सिफारिशें देता है। आयोग के सुझाव पांच साल की अवधि के लिए लागू होते हैं। एन के सिंह के नेतृत्व वाले 15वें वित्त आयोग ने सिफारिश की थी कि 2021-22 से 2025-26 की अवधि में राज्यों को केंद्र के विभाज्य कर पूल का 41 प्रतिशत दिया जाए। इसके पहले वाई वी रेड्डी की अगुवाई वाले 14वें वित्त आयोग ने भी इसी अनुपात की सिफारिश की थी।
MAY 08, 2024 18:21 IST

महाराष्ट्र विधान परिषद की चार सीटों पर 10 जून को होगा चुनाव

महाराष्ट्र विधान परिषद की चार सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 10 जून को होंगे। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को इसकी घोषणा की। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक इसकी मतगणना 13 जून को होगी। विधान परिषद के मौजूदा सदस्यों (एमएलसी) का छह साल का कार्यकाल सात जुलाई को समाप्त हो जाएगा। राज्य में जिन सीटों के लिए चुनाव होगा, उनमें मुंबई शिक्षक और मुंबई स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इनका प्रतिनिधित्व वर्तमान में कपिल पाटिल (लोक भारती)-मुंबई शिक्षक और विलास पोटनीस (शिवसेना (यूबीटी))-मुंबई स्नातक द्वारा किया जाता है। इसके अलावा कोंकण संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निरंजन डावखरे करते हैं, जबकि नासिक संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किशोर दराडे करते हैं। निर्वाचन आयोग के बयान के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 22 मई है। नामांकनपत्र की जांच 24 मई को होगी, जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 27 मई है।
MAY 08, 2024 18:20 IST

जम्मू कश्मीर: सज्जाद लोन के पास 12 करोड़ रुपये की संपत्ति

अलगाववाद की राह छोड़कर मुख्यधारा की राजनीति में आए और पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी ने अपने चुनावी हलफनामे में 12 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की और बताया है कि उनका खनिज और धातु व्यापार निगम के साथ 30 साल से विवाद है। अलगाववाद को छोड़कर मुख्यधारा की राजनीति में आने के बाद सज्जाद लोन ने अपने पिता अब्दुल गनी लोन की पीपुल्स कॉन्फ्रेंस को पुनर्जीवित किया। उन्होंने अपने हलफनामे में 6.9 करोड़ रुपये की देनदारी बताई है। 57 वर्षीय सज्जाद लोन जम्मू कश्मीर की बारामूला सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जहां उनका मुकाबला नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला से है। इस सीट पर 20 मई को चुनाव होना है। हलफनामे के मुताबिक, सज्जाद लोन की पत्नी आसमा खान की चल संपत्ति की कीमत 54.80 लाख रुपये है। आसमा खान आतंकी संगठन जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के संस्थापक अमानुल्लाह खान की बेटी हैं। हलफनामे में बताया गया है कि उनके बेटे एम इम्माद लोन और एम अदनान लोन की संपत्ति भी करोड़ों रुपये की है। पीडीपी नीत पिछली सरकार में मंत्री रहे सज्जाद लोन ने हलफनामे में खनिज और धातु व्यापार निगम (एमएमटीसी) के साथ मध्यस्थता के तहत विवादित राशि भी सूचीबद्ध की है, जो 1990 के दशक की शुरुआत में "सोने के बदले सोना" योजना में उनकी भागीदारी के समय की है। ब्रिटेन में वेल्स विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ कार्डिफ से स्नातक सज्जाद लोन ने हलफनामे में बताया है कि उनकी 2022-23 में आय 81.79 लाख रुपये है।
MAY 08, 2024 17:11 IST

कांग्रेस ने विदेश यात्रा को लेकर CM विजयन पर हमला तेज किया

कांग्रेस ने बुधवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की विदेश यात्रा को लेकर उन पर हमला तेज करते हुए जानना चाहा कि क्या देश में जारी लोकसभा चुनाव के बीच मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति भाजपा के खिलाफ प्रचार करने से बचने के लिए जानबूझकर अपनाई गई एक रणनीति थी। कांग्रेस ने कहा कि वह मुख्यमंत्री और उनके कैबिनेट सहयोगियों के विदेश दौरे के विरोध में नहीं है, लेकिन पार्टी चाहती है कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोग, जो भी करें उसमें पारदर्शिता सुनिश्चित हो।कांग्रेस ने यह भी पूछा कि मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी के सदस्यों ने यात्रा का विवरण गुप्त क्यों रखा? राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री विजयन की अनुपस्थिति में नीतिगत निर्णय कौन लेता है। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘उन्होंने अपना प्रभार कैबिनेट में किसी को क्यों नहीं सौंपा? क्या कैबिनेट में कोई ऐसा नहीं है जिसे वह अपनी जिम्मेदारियां सौंप सकें?’ उन्होंने दावा किया कि केरल भीषण गर्मी, कल्लाकदल (अचानक समुद्र में उफान) की घटना जैसे विभिन्न मुद्दों के कारण एक अभूतपूर्व संकट से गुजर रहा है। सतीशन ने आरोप लगाया कि कैबिनेट की बैठक तब भी नहीं बुलाई जाती जब लोगों को सीधे प्रभावित करने वाले मुद्दों पर तत्काल निर्णय लेना होता है। सतीशन ने चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसे समय में जब देश में लोकसभा चुनाव चल रहे हैं तो क्या मुख्यमंत्री भाजपा से डर कर भाग गए हैं?
MAY 08, 2024 17:10 IST

दिल्ली से आठ साल की लड़की का अपहरण करने वाला गिरफ्तार

दक्षिण दिल्ली से आठ साल की बच्ची के अपहरण के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी की पहचान महरौली निवासी मोहम्मद उमर(28) के रूप में की है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अंकित चौहान ने बताया, ‘छह मई को दोपहर 3 बजे, कोटला मुबारकपुर पुलिस स्टेशन को आठ वर्षीय लड़की के अपहरण के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस को तुरंत मौके पर भेजा गया।’ उन्होंने बताया कि परिवार की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 363(अपहरण) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु की गई। पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘लड़की के परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों से गहन पूछताछ की गई। टीम ने हर कोण से जांच पड़ताल की । सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले क्योंकि संदिग्ध को इलाके में घूमते हुए देखा गया था।’ उन्होंने कहा कि बापू पार्क, उदय चंद मार्ग, कोटला मुबारकपुर, गुरुद्वारा रोड, साउथ एक्सटेंशन-1, पिलंजी गांव और अन्य स्थानों पर कई सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के बाद आरोपी को साउथ एक्सटेंशन-1 बस स्टॉप से आते देखा गया।उन्होंने कहा, हमने आरोपी की पहचान करने के लिए डीटीसी बसों के और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जिस लड़की का अपहरण किया गया था उसका विवरण जिपनेट (आसपास के राज्यों की पुलिस नेटवर्किंग प्रणाली) पर अपलोड किया गया था। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को उमर को अंधेरिया मोड़ की झुग्गी बस्ती से गिरफ्तार करने के साथ ही लड़की को बचा लिया गया।
MAY 08, 2024 17:08 IST

सुधाकरन ने कांग्रेस की केरल इकाई के अध्यक्ष का पदभार संभाला

कांग्रेस नेताओं के एक धड़े की नाराजगी की खबरों के बीच, पार्टी के वरिष्ठ नेता के सुधाकरन ने थोड़े अंतराल के बाद बुधवार को केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया। यहां पार्टी मुख्यालय में उनके समर्थकों ने शॉल ओढ़ाकर और नारे लगाकर उनका जोरदार स्वागत किया। हालांकि, सुधाकरन की गैर मौजूदगी में केपीसीसी के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे एम एम हसन सहित कई वरिष्ठ नेता उनके कार्यभार संभालने के समय उपस्थित नहीं थे। इससे पहले, सुधाकरन ने पदभार ग्रहण करने से पहले वरिष्ठ नेता ए के एंटनी से उनके आवास पर मुलाकात की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के निर्देश के अनुसार, लोकसभा चुनाव में कन्नूर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद सुधाकरन ने अस्थायी रूप से हसन को पद सौंप दिया था। ऐसी खबरें आई थीं कि राज्य के नेताओं के एक समूह द्वारा उठाई गई आपत्ति के बाद पार्टी नेतृत्व ने उन्हें केपीसीसी प्रमुख के रूप में कार्यभार फिर से शुरू करने के लिए अगले महीने चुनाव परिणाम आने तक इंतजार करने को कहा है।
MAY 08, 2024 17:08 IST

एचडी रेवन्ना को 14 मई तक सात दिनों की न्यायिक हिरासत

कर्नाटक के जद (एस) विधायक और पूर्व मंत्री एच.डी. रेवन्ना को बुधवार को यहां एक मजिस्ट्रेट अदालत ने 14 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।पुलिस के मुताबिक, रेवन्ना को एक महिला के अपहरण के कथित मामले में विशेष जांच दल ने हिरासत में लिया था। पढ़ें पूरी खबर
MAY 08, 2024 16:41 IST

गर्मियों में अयोध्या, लक्षद्वीप जाने को लेकर सर्वाधिक उत्सुकता

अयोध्या, लक्षद्वीप और नंदी हिल्स जैसे स्थलों पर इस साल की गर्मियों में घूमने-फिरने वाली जगहों के बीच खासा रुझान देखा जा रहा है जबकि ऑनलाइन सर्च में गोवा के बारे में सबसे अधिक दिलचस्पी दिखाई गई है। एक रिपोर्ट में ग्रीष्मकालीन यात्रा संबंधी यह रुझान जारी किए हैं। यात्रा संबंधी ऑनलाइन सेवाएं देने वाले मंच मेकमाईट्रिप ने बुधवार को ग्रीष्मकालीन यात्रा रुझानों पर जारी अपनी रिपोर्ट में कहा कि पिछले साल की समान अवधि की तुलना में मार्च-अप्रैल, 2024 के आंकड़ों के विश्लेषण से भारतीय सैलानियों की यात्रा संबंधी प्राथमिकताओं के संकेत मिले हैं। इन रुझानों से पता चलता है कि इस गर्मी में पुरी और वाराणसी सबसे अधिक ऑनलाइन सर्च किए जाने वाले तीर्थ स्थल हैं, जबकि अयोध्या के बारे में जानकारी जुटाने की दर तेजी से बढ़ी है। मेकमाईट्रिप के आंकड़ों के मुताबिक, ऑनलाइन सर्च में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज करने वाले अंतरराष्ट्रीय गंतव्य स्थल बाकू, अल्माटी और नागोया हैं। यहां तक कि लक्ज़मबर्ग, लैंगकावी और अंताल्या को लेकर भी यात्रियों की दिलचस्पी बढ़ रही है। इसके अलावा 2023 की गर्मियों की तुलना में इस साल पारिवारिक यात्रा खंड में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है जबकि इस अवधि में अकेले यात्रा करने वालों में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मेकमाईट्रिप के सह-संस्थापक और समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजेश मागो ने कहा, 'यात्रा की मंशा के लिहाज से गर्मियों का समय हमेशा ही साल की सबसे बड़ी तिमाहियों में से एक होता है और इस साल भी इस क्षेत्र में उछाल जारी है। हम पिछले साल की तुलना में इससे जुड़ी सर्च में स्वस्थ वृद्धि देख रहे हैं।'