आज की ताजा खबर: पीएम मोदी से मिले सीएम योगी, पालघर में इमारत का हिस्सा ढहने के बाद 250 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, कोई घायल नहीं
अमेरिका में सीनेट ने लंबे समय से लंबित रूस की तेल और गैस बिक्री पर लगने वाले प्रतिबंधों से संबंधित विधेयक (बिल) को मंजूरी दे दी है। इस विधेयक से संबंधित कानून लागू होने का सर्वाधिक असर भारत, चीन, जापान और यूरोप के कुछ देशों पर पड़ सकता है। इन देशों के माल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप 100 प्रतिशत तक टैरिफ (आयात शुल्क) लगा सकेंगे।
अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद को शनिवार को सुपुर्द ए खाक किया जाएगा। इसके लिए कसारी-मसारी में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उनका शव फिलहाल कसारी-मसारी के पास हटवा गांव में रखा है. यहां अबान की बुआ प्रवीन कुरैशी रहती हैं. शुक्रवार को यहां मय्यत के आखिरी दीदार के लिए काफी लोग पहुंचे थे।
झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों की गतिविधियां आज तेज रहने वाली हैं। एक तरफ छात्रों के प्रतिनिधिमंडल और राज्य सरकार के बीच स्टेट गेस्ट हाउस में वार्ता प्रस्तावित है, वहीं दूसरी ओर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से सुबह 11 बजे विशाल मार्च निकाला जाएगा। छात्र प्रतिनिधिमंडल और सरकार के बीच होने वाली बैठक को आंदोलन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इस वार्ता में छात्रों से जुड़े परीक्षा और भर्ती संबंधी मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। छात्रों की ओर से लंबे समय से JPSC-JSSC की परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार सुबह 11 बजे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। प्रधानमंत्री डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों और पीएचडी शोधार्थियों को संबोधित करेंगे।
असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 99 हुई
डिजास्टर रिपोर्टिंग एंड इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (DRIMS) असम बुलेटिन के अनुसार, असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 99 हो गई है।राजा रघुवंशी के दो भाई गिरफ्तार, ढाबे में अवैध तौर पर परोसी जा रही थी शराब
मेघालय में 2025 में हनीमून के दौरान जान से मार डाले गए इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी के दो बड़े भाइयों और उनके ढाबे के तीन कर्मचारियों को संज्ञेय अपराध रोकने के प्रावधानों के तहत शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि ढाबे में ग्राहकों को अवैध तौर पर शराब परोसे जाने के खुलासे के बाद यह कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) निधि सक्सेना ने बताया कि राऊ थाना क्षेत्र में राजा रघुवंशी के दो बड़े भाइयों-सचिन रघुवंशी और विपिन रघुवंशी के ढाबे में ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी, जबकि संचालकों ने इसके लिए कोई लाइसेंस नहीं ले रखा था। उन्होंने बताया कि दोनों भाइयों के साथ ही उनके ढाबे के तीन कर्मचारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 और अन्य प्रावधानों के तहत संज्ञेय अपराध रोकने के लिए एहतियातन गिरफ्तार किया गया। सक्सेना ने बताया कि ढाबे में अवैध तौर पर शराब परोसे जाने को लेकर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। एसीपी ने बताया कि ढाबे के कर्मचारियों की जानकारी पुलिस को नहीं देने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 (किसी लोक सेवक के जारी आदेश की अवहेलना) के तहत अलग मामला दर्ज किया गया है। राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी 2025 में शादी के कुछ दिनों बाद हनीमून के लिए मेघालय गए थे, जहां राजा की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मेघालय पुलिस ने सोनम, उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और तीन कथित भाड़े के हत्यारों को गिरफ्तार किया था।मेरठ में पुलिस ने नौ माह की अपहृत बच्ची को बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
उत्तर प्रदेश के मेरठ में बेगमपुल मेट्रो स्टेशन के सामने से अपह्रत नौ माह की बच्ची को पुलिस ने शनिवार को सकुशल बरामद कर लिया और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। कैंट के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने बेगमपुल, हापुड़ अड्डा, जीरो माइल और हुमायूंपुर समेत संभावित रास्तों पर लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम बच्ची तक पहुंचने में सफल रही और उसे सकुशल बरामद कर लिया। गुप्ता ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेडिकल थाना क्षेत्र के कमालपुर निवासी युसूफ और हुस्ने आलम तथा लोहिया नगर थाना क्षेत्र निवासी अकबर के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि युसूफ और हुस्ने आलम ने बच्ची का कथित तौर पर अपहरण किया था और उसे अकबर को सौंपने के लिए बुलाया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पांच अगस्त की रात करीब तीन बजे सूचना मिली थी कि बेगमपुल मेट्रो स्टेशन के सामने एक महिला सो रही थी और उसकी नौ माह की बच्ची को मोटरसाइकिल सवार अज्ञात युवक उठाकर ले गए। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर बच्ची की बरामदगी के लिए चार टीमें गठित की गई थीं।चार उच्च न्यायालयों में 30 न्यायाधीश नियुक्त किए गए
चार उच्च न्यायालयों में शनिवार को 30 न्यायाधीशों की नियुक्ति की गई, जिनमें से 20 न्यायाधीश अधिवक्ता हैं जबकि बाकी 10 न्यायिक अधिकारी हैं। कानून मंत्रालय के एक बयान के अनुसार मद्रास उच्च न्यायालय में 15 न्यायाधीशों की नियुक्ति की गई है, जबकि कलकत्ता उच्च न्यायालय में आठ न्यायाधीश नियुक्त किए गए हैं। बयान में कहा गया है कि कर्नाटक उच्च न्यायालय में छह न्यायाधीशों और मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में एक न्यायाधीश की नियुक्ति की गई है। उच्च न्यायालयों में वकीलों और न्यायिक अधिकारियों (निचली अदालतों के न्यायाधीशों) को न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया जाता है। अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किए गए लोगों को आमतौर पर दो साल बाद न्यायाधीश या स्थायी न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया जाता है।डोनाल्ड ट्रंप के दामाद माइकल बोलोस निजी यात्रा पर कोच्चि पहुंचे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद माइकल बोलोस शनिवार को निजी यात्रा पर कोच्चि पहुंचे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप के पति माइकल बोलोस के साथ भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद थे। पुलिस सूत्रों ने कहा था कि अपने प्रवास के दौरान बोलोस कोच्चि और पड़ोसी अलप्पुझा के पर्यटन स्थलों की यात्रा कर सकते हैं। हालांकि उनके कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी की पुष्टि नहीं हुई है। मीडिया की कुछ खबरों में कहा गया कि केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बोलोस के साथ चर्चा की, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने इन खबरों का खंडन किया। उन्होंने पुष्टि की कि मुख्यमंत्री ने अमेरिका के राजदूत के साथ बातचीत की। सरकार के एक सूत्र ने कहा, ’’यह एक आधिकारिक बैठक थी। इस संबंध में आई कोई भी अन्य खबर गलत है।’’ संपर्क किए जाने पर अमेरिकी दूतावास के एक प्रवक्ता ने कहा, ’’माइकल बोलोस करीब एक दशक से राजदूत गोर के मित्र हैं। वह अपने मित्र से मिलने के लिए इस साल दूसरी बार भारत की यात्रा कर रहे हैं। वह यहां निजी हैसियत से आए हैं, किसी आधिकारिक यात्रा पर नहीं।’’ राजदूत गोर ने बाद में सोशल मीडिया हैंडल पर बोलोस के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ’’भारत में आपका फिर से स्वागत है बोलोस। केरल में आपका साथ पाकर बेहद रोमांचित महसूस कर रहा हूं।’’ बाद में टेलीविजन चैनलों के फुटेज में बोलोस को अलप्पुझा में जलमार्गों की सुंदरता का आनंद लेते और वहां हाउसबोट की सवारी करते हुए देखा गया।सूत्रों ने बताया कि वह शनिवार को ही केरल से रवाना हो सकते हैं।
आनंद भवन से निकलते समय राहुल गांधी को काला झंडा दिखाने का प्रयास
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के यहां आनंद भवन से बाहर निकलते समय कुछ लोगों ने उन्हें कथित तौर पर काला झंडा दिखाने का प्रयास किया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने हालांकि यह प्रयास विफल कर दिया। कांग्रेस के स्थानीय नेता इरशाद उल्ला ने यह जानकारी देते हुए बताया, "जब राहुल गांधी शाम को केपी ग्राउंड में ’छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आनंद भवन से रवाना हो रहे थे तो कुछ लोगों ने उन्हें काला झंडा दिखाने का प्रयास किया, जिसे हम लोगों ने विफल कर दिया।" उन्होंने इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और खुफिया एजेंसी पर गंभीर सवाल खड़े किए। इरशाद ने दावा किया कि पार्टी ने इस विरोध प्रदर्शन और काले झंडे की आशंका की सूचना पहले ही खुफिया विभाग को दे दी थी, इसके बावजूद प्रशासन ने कोई संज्ञान नहीं लिया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से पुलिस और प्रशासन की विफलता है।भारी पुलिस बल के बीच अतीक के बेटे अबान को सुपुर्द-ए-खाक किया गया
माफिया और पूर्व सांसद दिवंगत अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद के शव को शनिवार शाम भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफना दिया गया। पुलिस ने बताया कि शाम करीब छह बजे अबान के बड़े भाई उमर और अली को पुलिस अभिरक्षा में यहां लाया गया, जिसके जनाजा निकला और कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसके शव को दफनाया गया। अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए उसके दो भाइयों को शुक्रवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय से सशर्त पैरोल मिली थी। अली झांसी जेल में और उमर लखनऊ जेल में कैद था। न्यायमूर्ति अजय भनोट और न्यायमूर्ति दिवेश चंद्र सामंत ने अतीक अहमद की बहन परवीन कुरैशी की याचिका पर सुनवाई करते हुए उमर व अली को अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सशर्त पैरोल दी थी। पुलिस ने बताया कि अबान के जनाजे में भारी संख्या में लोग शामिल हुए और कुछ लोगों ने पुलिस अवरोधकों को तोड़ने का प्रयास किया हालांकि हल्का बल प्रयोग कर उन्हें संभाला गया। झांसी जिले में बृहस्पतिवार को एक सड़क हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गयी थी जबकि कार सवार तीन अन्य लोग घायल हो गये थे। घायलों को शुक्रवार रात झांसी के अस्पताल से लाकर प्रयागराज में भर्ती कराया गया। शुक्रवार सुबह अबान का शव हटवा गांव स्थित उसकी बुआ परवीन कुरैशी के घर लाया गया। अबान का शव अतीक अहमद की कब्र के पास ही दफनाया गया है। इसी कब्रिस्तान में अतीक के भाई अशरफ और बेटे असद की भी कब्र है। सड़क दुर्घटना का शिकार हुए अबान और उसके एक साथी के शव लेकर देर रात उनके परिजन झांसी से प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे और शुक्रवार सुबह यहां पहुंचे थे। अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था कि तभी रास्ते में पुंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उसकी तेज रफ्तार एसयूवी कार बेकाबू होकर एक डिवाइडर से टकराकर पलट गयी। इस हादसे में अबान अहमद (21) और उसके दोस्त सोनू (25) की मौत हो गई थी। इसके अलावा कार सवार आजम, मोहम्मद जावेद और उमर घायल हुए। अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 को तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।बेंगलुरु-मैसुरु एक्सप्रेसवे पर बस दुर्घटना में दो लोगों की मौत, 24 घायल
बेंगलुरु-मैसुरु एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से बस चालक और परिचालक की मौत हो गई, जबकि 24 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हादसा एक्सप्रेसवे के बिदादी क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कोझिकोड की केएसआरटीसी बस चालक अरुण एन. एम. और परिचालक मिदिलेश के. के तौर पर की गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में बस चालक और परिचालक ने दम तोड़ दिया जबकि घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, संदेह है कि बस चालक को वाहन चलाते समय झपकी आ गई, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर लगे साइनबोर्ड से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अधिकारी के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पलट गई। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद व्यस्त एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।राजस्थान के सीकर में पिपराली रोड के पास सीवर खुदाई के दौरान मिट्टी में एक मजदूर फंसा
पालघर में इमारत का हिस्सा ढहने के बाद 250 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, कोई घायल नहीं
महाराष्ट्र में पालघर जिले के नालासोपारा में शनिवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत का कुछ हिस्सा ढहने के बाद करीब 250 निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना से वहां रहने वाले लोगों और अधिकारियों में घबराहट फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब साढ़े 12 बजे बस्ती के अचोले इलाके स्थित रोशनी अपार्टमेंट में हुई। दस साल पुरानी इस इमारत में 56 फ्लैट हैं। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब इमारत की दूसरी मंजिल पर बनी बालकनी का एक हिस्सा टूटकर पहली मंजिल पर गिर गया। इसके बाद दबाव बढ़ने से पहली मंजिल का हिस्सा भी ढहकर नीचे गिर गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल कर्मी, वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीसीएमसी) के अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे तथा बड़े पैमाने पर बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया। अधिकारी ने कहा कि बचाव दल ने इमारत में मौजूद सभी लोगों को तेजी से बाहर निकाल लिया। करीब 250 लोगों (जिनमें अधिकतर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे) को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। घटना के समय ज्यादातर पुरुष निवासी काम पर गए हुए थे। अधिकारी ने बताया कि इमारत का बचा हुआ हिस्सा खतरनाक हालत में है और इस ढांचे को अब पूरी तरह से सील कर दिया गया है। नगर निकाय के अधिकारी मौके का निरीक्षण करने के बाद इमारत को गिराने या उसे मजबूत करने के संबंध में अंतिम निर्णय लेंगे। इमारत से निकाले गए परिवारों को अस्थायी राहत शिविरों में भेज दिया गया है।पीएम मोदी से मिले सीएम योगी
हरियाणा के गुरुग्राम में भारी जलभराव के कारण यातायात बाधित
दिल्ली में भारी मानसूनी बारिश और ऊपर से पानी छोड़े जाने के बाद कालिंदी कुंज ओखला बैराज पर यमुना का पानी का लेवल लगभग 202 मीटर तक पहुंच गया।
राहुल गांधी के आगमन से पूर्व छात्र-छात्राओं के मनोरंजन की पूरी व्यवस्था
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ’छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पूर्व यहां केपी ग्राउंड में एकत्र हो रहे छात्र-छात्राओं के मनोरंजन की पूरी व्यवस्था पार्टी ने की है। कार्यक्रम में मुंबई से आए रैपर यहां पहुंचे छात्र-छात्राओं का मनोरंजन कर रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि राहुल गांधी कार्यक्रम स्थल पर साढ़े छह बजे तक आ सकते हैं और छात्र-छात्राओं को राहुल के इंतजार में बोरियत ना हो, इसलिए यह व्यवस्था की गई है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बी.कॉम प्रथम वर्ष की छात्रा श्लेषा यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय के छात्रावास में कई तरह की समस्याएं हैं और मौका मिला तो वह राहुल जी को इस बारे में बताएंगी। आयोजन स्थल केपी ग्राउंड में तैयारियों को बावजूद कई जगह पानी और कीचड़ मौजूद है लेकिन फिर भी छात्र, प्रतियोगी छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में राहुल गांधी को सुनने यहां पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम में कांग्रेस की इकाई सेवादल से भी करीब 150 कार्यकर्ता पहुंचे हैं। इस बीच, यहां लोगों को मुहिम ई20 मिलावटी पेट्रोल शीर्षक से पर्चे बांटे जा रहे हैं, जिसमें लिखा है कि ’एथनॉल पेट्रोल’ धोखा है।असम में बाढ़ से हाल बेहाल
दक्षिण दिल्ली में पार्किंग स्थल की दीवार ढहने से आठ वाहन क्षतिग्रस्त
दिल्ली के देवली इलाके में भारी बारिश के दौरान एक निजी पार्किंग स्थल की दीवार अचानक ढह गई, जिससे वहां खड़े आठ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम करीब पांच बजे दक्षिणी दिल्ली की नई बस्ती में हुई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि दीवार ढहने के बाद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और जहां उन्होंने कई वाहनों को मलबे के नीचे दबा हुआ पाया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इलाके में सीवर पाइपलाइन का काम चल रहा था। उनका कहना है कि भारी बारिश के बीच चल रहे इस काम के कारण ढांचे के आसपास की जमीन कमजोर हो गई होगी। हालांकि, ढांचा गिरने की सही वजह अभी पता नहीं चल सकी है। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश होने से कई इलाकों में जलभराव हो गया तथा राष्ट्रीय राजधानी में दीवारों और मकानों के गिरने की कई शिकायतें मिलीं। अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों का आकलन किया जा रहा है और मौके से मलबा हटाया जा रहा है।दिल्ली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी सदन पहुंचे
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा मुलाकात
बागपत में कांवड़ यात्रा के जोर पकड़ने पर जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए
नोएडा के जिला अस्पताल के तीसरी मंजिल ऑपरेशन थिएटर के पास फॉल सीलिंग गिरा
नोएडा के जिला अस्पताल के तीसरी मंजिल ऑपरेशन थिएटर के पास फॉल सीलिंग गिरा। हालांकि, सीलिंग गिरने के दौरान कोई मौजूद नहीं था। जानकारी के मुताबिक, गायनो डिपार्टमेंट की OT गैलरी में हादसा हुआ है। सीलिंग फॉल गिरने से हॉस्पिटल के रख रखाव पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ये जिला अस्पताल 400 करोड़ की लगात से तैयार हुआ था। इससे पहले भी जिला अस्पताल के कई हिस्सों में फॉल सीलिंग गिर चुका है।‘काश पदक जीतने वालों में और बेटियां होतीं'- IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उनकी इच्छा है कि आईआईटी दिल्ली के दीक्षांत समारोह में पदक और पुरस्कार पाने वालों में लड़कियां भी शामिल हों। उन्होंने अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने में महिलाओं की अधिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। आईआईटी दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में स्नातक छात्रों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "क्योंकि आप सिर्फ एक डिग्री नहीं ले रहे हैं; आप देश के लिए बहुत कुछ करने के सपने लेकर यहां से जा रहे हैं।" अपनी उपलब्धियों के लिए पदक और पुरस्कार पाने वाले छात्रों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, "अगर एक-दो बेटियां भी होतीं तो और भी अच्छा होता। माफ कीजिए। सिर्फ एक-दो क्यों? उनकी संख्या और ज्यादा होनी चाहिए थी।" पढ़ाई-लिखाई में शानदार प्रदर्शन को देखते हुए, प्रधानमंत्री ने मेधावी छात्रों को संस्थान के सबसे प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किए, जिनमें राष्ट्रपति स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक, शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और परफेक्ट टेन स्वर्णपदक शामिल थे। समारोह के दौरान 587 पीएचडी शोधार्थियों समेत 3,000 से ज्यादा स्नातकों को डिग्री प्रदान की गयी। प्रधानमंत्री ने आईआईटी दिल्ली के सोनीपत परिसर में स्थापित एआई-संचालित उच्च-प्रदर्शन सुपरकंप्यूटिंग सुविधा ’परम प्रज्ञा’ का भी उद्घाटन किया। उम्मीद है कि यह अत्याधुनिक सुविधा कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा साइंस, उन्नत कंप्यूटिंग और अंतःविषय अनुसंधान क्षमताओं के क्षेत्रों में संस्थान की क्षमताओं को काफी बढ़ाएगी।सिद्धिविनायक दान विवाद: फडणवीस ने पिछले पांच साल के मंदिर रिकॉर्ड की जांच के दिए आदेश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में कथित दान अनियमितताओं की व्यापक जांच के आदेश दिए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मंदिर के पिछले पांच वर्षों के रिकॉर्ड की जांच करने का निर्देश दिया है। यह निर्देश महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के उस आरोप के बाद आया है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि मंदिर से हर साल करीब 18 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई। इसके बाद नौ कर्मचारियों की गिरफ्तारी हुई थी और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्वतंत्र जांच की मांग की थी। अधिकारियों के अनुसार, सिद्धिविनायक मंदिर न्यास के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात कर वर्ष 2023 से 2026 के बीच हुए चढ़ावे और आय का विस्तृत ब्योरा दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि फडणवीस ने जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा है। पिछले महीने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी मामले में स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए अधिकारियों को प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे।राहुल गांधी का हुआ प्रयागराज एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
जम्मू-कश्मीर के रामबन में टनल के अंदर कई गाड़ियों की टक्कर में SSB के तीन जवान घायल
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर एक टनल के अंदर SSB की तीन गाड़ियों की टक्कर में SSB के कम से कम तीन जवान घायल हो गए।रिश्वत लेने के आरोप में अहमदाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी समेत दो गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने छह इमारतों के ’फायर एनओसी’ (अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र) मंजूर करने के बदले कथित तौर पर 36,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार करने के आरोप में अहमदाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। वडोदरा एसीबी के मुताबिक, अहमदाबाद नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी अमित डोंगरे ने छह इमारतों के फायर एनओसी मंजूर करने के लिए कथित तौर पर प्रति इमारत 6,000 रुपये रिश्वत मांगी थी। उन्होंने उनके लिये यह रकम वसूलने के लिए भावसिंह झाला को रखा था। एसीबी के मुताबिक, शिकायतकर्ता शहर की इमारतों में अग्नि संबंधी सुरक्षा से जुड़े काम देखने वाला अग्नि सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) है। उसने राज्य सरकार के पोर्टल पर छह इमारतों के ’फायर एनओसी’ मंजूर कराने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि वरिष्ठ अग्निशमन अधिकारी की ओर से भावसिंह झाला ने प्रत्येक एनओसी के लिए 6,000 रुपये की रिश्वत मांगी। लिखित शिकायत के आधार पर एसीबी ने शुक्रवार को जाल बिछाया और शिकायतकर्ता से बातचीत करने के बाद 36,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए झाला को रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी ने बताया कि मामले में सीएफओ और झाला को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके मुताबिक, दोनों ने मिलकर रिश्वत लेने की साजिश रची थी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।छत्तीसगढ़ में दुष्कर्म के बाद महिला व उसकी बेटी की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद उसकी और उसकी 10 माह की बेटी की हत्या के आरोप में पुलिस ने 65 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला 15 जुलाई की रात जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के एक गांव का है और आरोपी की पहचान कोड़ासिया गांव निवासी भिखारीराम नागवंशी के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि जब महिला झोपड़ी में सो रही थी तभी नागवंशी ने कथित तौर पर उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने ईंट से उसपर हमला कर दिया और उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि पति की मृत्यु के बाद महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी और वह गांव में खेत में बनी एक झोपड़ी में अपनी 10 माह की बच्ची के साथ रहती थी।उन्होंने बताया कि इस दौरान बच्ची रोने लगी तो नागवंशी ने गला दबाकर और ईंट प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले की छानबीन शुरू की तथा 21 दिन बाद नागवंशी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि नागवंशी को शुक्रवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
हेमंत सरकार और छात्रों के बीच बातचीत बेनतीजा, 10 अगस्त विधानसभा घेराव करेंगे छात्र
हेमंत सरकार और छात्रों के बीच आज भी बातचीत बेनतीजा निकली। बता दें कि प्रदर्शनकारी 10 अगस्त को विधानभा का घेराव करेंगे।केरल में नौका हादसों के बाद लापता हुए तीन मछुआरों की तलाश जारी
केरल के तिरुवनंतपुरम और कोल्लम जिलों में मछली पकड़ने वाली नौकाओं से जुड़े अलग-अलग हादसों के बाद 31 जुलाई से लापता तीन मछुआरों की तलाश शनिवार को फिर शुरू की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।तलाश अभियान शनिवार को नौवें दिन भी जारी रहा। तिरुवनंतपुरम जिले के विड़िण्गम और मुथलापोझी तथा कोल्लम जिले के नींदकारा इलाके में तलाश की जा रही है। पुथेनथुरा निवासी गौतम कृष्णा (26) नींदकारा में मछली पकड़ने वाली एक नौका के 31 जुलाई को पलट जाने के बाद से लापता है, इस हादसे में गौतम के पिता राधाकृष्णन (48) और उसके दादा राजीवन (74) की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने बताया कि गौतम की मां रेशमा के विरोध प्रदर्शन के बाद शुक्रवार से तलाश अभियान तेज कर दिया गया। इसके लिए तटीय पुलिस की अतिरिक्त नौकाएं तैनात की गई हैं तथा भारतीय तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टरों और ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।
इस बीच, विड़िण्गम तटीय पुलिस पुल्लुविला निवासी जॉन (54) की तलाश जारी रखे हुए है। वह भी 31 जुलाई को तिरुवनंतपुरम तट के पास एक अलग नौका हादसे के बाद से लापता है। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल और मछुआरों की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।
आईआईटी दिल्ली के दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार सुबह 11 बजे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। प्रधानमंत्री डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों और पीएचडी शोधार्थियों को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित भी करेंगे। इनमें राष्ट्रपति स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक, शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और परफेक्ट टेन स्वर्ण पदक शामिल हैं।
झारखंड में JPSC-JSSC को लेकर आज छात्रों का बड़ा आंदोलन, सरकार से वार्ता के साथ ABVP निकालेगी विशाल मार्च
झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों की गतिविधियां आज तेज रहने वाली हैं। एक तरफ छात्रों के प्रतिनिधिमंडल और राज्य सरकार के बीच स्टेट गेस्ट हाउस में वार्ता प्रस्तावित है, वहीं दूसरी ओर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से सुबह 11 बजे विशाल मार्च निकाला जाएगा। छात्र प्रतिनिधिमंडल और सरकार के बीच होने वाली बैठक को आंदोलन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इस वार्ता में छात्रों से जुड़े परीक्षा और भर्ती संबंधी मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। छात्रों की ओर से लंबे समय से JPSC-JSSC की परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं।आज सुपुर्द ए खाक किया जाएगा अतीक अहमद का छोटा बेटा
अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद को शनिवार को सुपुर्द ए खाक किया जाएगा। इसके लिए कसारी-मसारी में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उनका शव फिलहाल कसारी-मसारी के पास हटवा गांव में रखा है. यहां अबान की बुआ प्रवीन कुरैशी रहती हैं. शुक्रवार को यहां मय्यत के आखिरी दीदार के लिए काफी लोग पहुंचे थे।भारत समेत 5 देशों पर 100 फीसदी टैरिफ लगाएगा अमेरिका!
अमेरिका में सीनेट ने लंबे समय से लंबित रूस की तेल और गैस बिक्री पर लगने वाले प्रतिबंधों से संबंधित विधेयक (बिल) को मंजूरी दे दी है। इस विधेयक से संबंधित कानून लागू होने का सर्वाधिक असर भारत, चीन, जापान और यूरोप के कुछ देशों पर पड़ सकता है। इन देशों के माल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप 100 प्रतिशत तक टैरिफ (आयात शुल्क) लगा सकेंगे।Jharkhand Students Protest: छात्र और सरकार के बीच हुई बातचीत
झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों की राज्य सरकार के साथ पहले दौर की मीटिंग खत्म हो गई है। हेमंत सोरेन सरकार ने 4 मंत्रियों का एक पैनल बनाया था जिसने 10 छात्रों के डेलिगेशन से बात की। छात्रों से बातचीत करने और उनकी मांगों को सुनने के लिए पैनल में चमरा लिंडा (झामुमो), सुदिव्य कुमार सोनू (झामुमो), दीपिका पांडेय सिंह (कांग्रेस) और संजय प्रसाद यादव (राजद) शामिल हैं।'मुझे पार्टी से नहीं निकाला गया', शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे का तंज-'मुझसे प्रेम करने वालों ने उड़ाई अफवाह'
Maharashtra UCC समिति में मतभेद, पूर्व जस्टिस आर.सी. चव्हाण ने दिया इस्तीफा, लगाए गंभीर आरोप
ग्वालियर में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया को काले झंडे दिखाने पर हंगामा, भाजपा के दो गुट आपस में भिड़े
राम मंदिर चढ़ावा मामले में ‘बड़ी मछलियों' पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? कांग्रेस ने की ‘फॉरेंसिक ऑडिट' की मांग
Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा की 12 सीटों पर चुनाव का ऐलान, यूपी की 10 सीटें शामिल
© 2026 Times Horizon Private Limited
