LIVE

Aaj Ki Taza Khabar: प्रधानमंत्री मोदी 8 नवंबर को वाराणसी में 4 नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाएंगे झंडी, जानिए देश-दुनिया की खबरें

Piyush KumarUpdated Nov 6, 2025, 17:18 IST

भारत में आज पूरा सियासी माहौल बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर गर्म है। पहले चरण के मतदान से पहले एनडीए और महागठबंधन दोनों ने प्रचार का मोर्चा संभाल लिया है। गृह मंत्री अमित शाह आज बेतिया, मोतिहारी और मधुबनी में चुनावी जनसभाएं करेंगे, जहां वे एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में वोट की अपील करेंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आज राज्य के अलग-अलग इलाकों में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी आज गोविंदगंज और चनपटिया में जनसभाएं करेंगी, जहां वे महागठबंधन उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाएंगी।

Aaj Ki Taza Khabar
Aaj Ki Taza Khabar: प्रधानमंत्री मोदी 8 नवंबर को वाराणसी में 4 नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाएंगे झंडी, जानिए देश-दुनिया की खबरें

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए नाइजीरिया को चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि अगर नाइजीरिया ने हालात नहीं सुधारे, तो अमेरिका उसकी सभी आर्थिक सहायता रोक देगा और सैन्य कार्रवाई पर भी विचार करेगा। उनका यह बयान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हलचल पैदा कर रहा है। इसी बीच ट्रंप ने अमेरिका, रूस और चीन के बीच परमाणु निरस्त्रीकरण पर काम करने की एक नई वैश्विक योजना की घोषणा भी की है। उन्होंने कहा कि दुनिया को परमाणु हथियारों से मुक्त करने के लिए अब निर्णायक कदम उठाने की जरूरत है।

NOV 06, 2025 17:18 IST

प्रधानमंत्री मोदी 8 नवंबर को करेंगे वाराणसी का दौरा, 4 नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाएंगे झंडी

भारत की आधुनिक रेल अवसंरचना के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर को सुबह लगभग 8:15 बजे वाराणसी का दौरा करेंगे और चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को झंडी दिखाएंगे। नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु मार्गों पर चलेंगी। प्रमुख गंतव्यों के बीच यात्रा के समय को उल्लेखनीय रूप से कम करने के जरिए, ये ट्रेनें क्षेत्रीय गतिशीलता में वृद्धि करेंगी, पर्यटन को बढ़ाएंगी और देश भर में आर्थिक कार्यकलापों को बढ़ावा देंगी। बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस इस रूट पर सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी और वर्तमान में चल रही विशेष ट्रेनों की तुलना में लगभग 2 घंटे 40 मिनट की बचत करेगी। बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस भारत के कुछ सबसे प्रतिष्ठित धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों, जैसे वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो को जोड़ेगी। यह संपर्क न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि तीर्थयात्रियों और यात्रियों को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो तक त्वरित, आधुनिक और आरामदायक यात्रा भी प्रदान करेगा।
NOV 06, 2025 16:56 IST

पाकिस्तान-अफगान तालिबान के बीच आज इस्तांबुल में फिर शांति वार्ता

पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच पसरा तनाव सुलझ नहीं पाया है और दोनों ओर से आग सुलग रही है। गुरुवार को इस्तांबुल में शांति वार्ता फिर से शुरू होनी है जिसका उद्देश्य सीमा पार आतंकवाद के मुद्दे से निपटना और दोनों पक्षों के बीच तनाव को और बढ़ने से रोकना था। 11 अक्टूबर को सीमा सुरक्षा बलों के बीच झड़पों में दोनों पक्षों के लोग हताहत हुए हैं। पाकिस्तान ने दावा किया कि कम से कम 206 अफगान तालिबान और 110 तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के आतंकवादी मारे गए, जबकि पाकिस्तान के 23 सैनिक हताहत हुए। 15 अक्टूबर को दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम पर सहमति बनी थी, जिसे 19 अक्टूबर को दोहा और 25 अक्टूबर को इस्तांबुल में हुई दो दौर की वार्ताओं के दौरान बढ़ाया गया था।
NOV 06, 2025 16:07 IST

जो राम का नहीं, वह हमारे किसी काम का नहीं- सीएम योगी

CM Yogi Adityanath Rally in Sitamarhi: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सीतामढ़ी जिले के परिहार और सुरसंड विधानसभाओं में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। परिहार से भाजपा प्रत्याशी गायत्री देवी और सुरसंड से जदयू प्रत्याशी नागेंद्र राउत के पक्ष में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बिहार की जनता अब पहचान का संकट से निकलकर, विकास का विकल्प चुन रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भगवान श्रीराम और जानकी पर सवाल उठाए उनको सबक सिखाना है, क्योंकि जो राम का नहीं है, वह हमारे किसी काम का नहीं है।
NOV 06, 2025 11:50 IST

विश्व कप विजेता महिला टीम की प्रधानमंत्री के साथ टैटू और त्वचा की देखभाल पर भी हुई बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके आवास पर मुलाकात के दौरान भारतीय महिला क्रिकेटरों ने न सिर्फ विश्व कप में अपने विजयी अभियान पर बातचीत की बल्कि इस दौरान टैटू और यहां तक ​​कि त्वचा की देखभाल को लेकर भी चर्चा हुई।
भारत ने पिछले सप्ताह नवी मुंबई में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला वैश्विक खिताब जीता था। इसके बाद टीम ने मुख्य कोच अमोल मजूमदार और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास के साथ बुधवार को यहां प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी।
NOV 06, 2025 11:50 IST

शाहजहांपुर में घर के बाहर सो रहे दंपति को ट्रैक्टर-ट्राली ने रौंदा, मौत

शाहजहांपुर जिले में घर के बाहर सो रहे दंपति को ट्रैक्टर-ट्राली ने रौंद दिया, जबकि उनकी दस वर्ष की पोती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने बताया कि बुधवार रात थाना पुवाया अंतर्गत पुवायां निगोही मार्ग पर एक ट्रैक्टर ट्राली जब सुनारा बुजुर्ग गांव पहुंची तभी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन ने घर के बाहर सो रहे दंपति को रौंद दिया ।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान रामशंकर (48) एवं उनकी पत्नी तारावती (45) के रूप में की गई है। हादसे में अपनी दादी के पास सो रही वंदना (10) गंभीर रूप से घायल हो गई।
NOV 06, 2025 11:48 IST

ट्रंप ने न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर ममदानी का मजाक उड़ाते हुए कहा ‘‘जो भी उनका नाम है''

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी का मजाक उड़ाते हुए उनका नाम ही नहीं लिया और कहा कि ‘‘जो भी उनका नाम है’’। साथ ही ट्रंप ने यह दावा किया कि चार नवंबर को हुए चुनावों के बाद अब अमेरिकी जनता को ‘‘वामंपथ और सामान्य बोध (कॉमस सेंस)’’ के बीच में से एक को चुनना होगा।

फ्लोरिडा के मियामी में बुधवार को ‘अमेरिका बिजनेस फोरम’ को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि जब वह पिछले साल पांच नवंबर को दूसरी बार राष्ट्रपति चुने गए तब अमेरिकी जनता ने अपनी संप्रभुता ‘‘बहाल’’ की थी लेकिन मंगलवार को मेयर चुनाव के साथ उसका ‘‘कुछ हिस्सा खो दिया’’ है।

यह बयान उस समय आया जब एक दिन पहले भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट जोहरान ममदानी को न्यूयॉर्क सिटी के पहले मुस्लिम और दक्षिण एशियाई मेयर के रूप में चुना गया।

ट्रंप ने चेतावनी दी, ‘‘आप देखना, न्यूयॉर्क में क्या होता है, भयानक... मैं उम्मीद करता हूं कि ऐसा न हो, लेकिन आप देखोगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘...और वह ममदानी या जो भी उनका नाम है, सोचते हैं कि पुरुषों का महिलाओं के खेलों में खेलना बहुत शानदार है।’’
ट्रंप ने पहले भी चेतावनी दी थी कि ममदानी की जीत न्यूयॉर्क सिटी के लिए ‘‘पूरी तरह आर्थिक और सामाजिक तबाही’’ लेकर आएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मंगलवार के नतीजों के बाद, अब अमेरिकी जनता के सामने चुनाव बहुत साफ है हमारे पास दो विकल्प हैं : वामंपथ या कॉमन सेंस। क्या यह आपको समझ में आता है?’’ उन्होंने दोहराया कि उनके नेतृत्व में अमेरिका किसी भी रूप में साम्यवादी देश नहीं बनेगा।
NOV 06, 2025 11:47 IST

मोटापे की नई दवाएं ‘चमत्कारी इलाज' नहीं : विशेषज्ञ

इक्कीसवीं सदी में मोटापा सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बनकर उभरा है। यह एक दीर्घकालिक रोग है जो शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से कई जटिलताएं उत्पन्न करता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, 1990 से 2022 के बीच मोटापे का वैश्विक प्रसार दोगुना हो गया और अब यह दुनिया भर में, 88 करोड़ वयस्क और 16 करोड़ बच्चों सहित एक अरब से अधिक लोगों को प्रभावित कर रहा है ।
फ्रांस भी इससे अछूता नहीं है। एक अनुमान के अनुसार, देश में करीब 80 लाख लोग मोटापे से ग्रस्त हैं। इसकी दर 1997 में 8.5 प्रतिशत से बढ़कर 2012 में 15 प्रतिशत और 2020 में 17 प्रतिशत हो गई।
हाल में विकसित नई दवाएं- ग्लूकागन-लाइक पेप्टाइड-1 (जीएलपी-1) एनालॉग्स- चिकित्सकों के लिए नई उम्मीदें लेकर आई हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि केवल इन दवाओं के भरोसे मोटापे पर काबू नहीं पाया जा सकता।
डब्ल्यूएचओ के अनुसार, अधिक वजन और मोटापा शरीर में असामान्य या अत्यधिक वसा संचय है जो स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण होता है। 25 से अधिक बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) को अधिक वजन और 30 से अधिक को मोटापा माना जाता है।
अब तक मोटापे के इलाज में जीवनशैली सुधार, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधि, मनोवैज्ञानिक सहयोग और जटिलताओं की रोकथाम मुख्य उपाय रहे हैं। गंभीर मामलों में बेरिएट्रिक सर्जरी भी विकल्प रही है।
मोटापे की पुरानी दवाओं जैसे डेक्सफेनफ्लुरामीन (आइसोमेराइड) और बेनफ्लुओरेक्स (मेडिएटर) को हृदय और फेफड़ों पर गंभीर दुष्प्रभावों के कारण बाजार से हटा लिया गया था।
NOV 06, 2025 11:46 IST

वायदा बाजार में सोना, चांदी की कीमतों में तेजी

वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में बृहस्पतिवार को उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
मजबूत अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की टिप्पणियों ने अतिरिक्त ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को कमजोर कर दिया जिससे कीमती धातु में लाभ सीमित हो गया।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर में आपूर्ति वाले अनुबंधों के सोने का भाव मामूली 59 रुपये या 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,20,522 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
दूसरी ओर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा अनुबंधों की कीमत 103 रुपये या 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,47,424 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
NOV 06, 2025 11:43 IST

आरसीबी ने मालोलन रंगराजन को महिला टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुरुवार को तमिलनाडु के पूर्व स्पिनर मालोलन रंगराजन को अगले साल होने वाले महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के चौथे सत्र से पहले अपनी महिला टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया।
रंगराजन ल्यूक विलियम्स की जगह लेंगे, जिन्हें 2024 में मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। बिग बैश लीग में एडिलेड स्ट्राइकर्स के साथ अपनी प्रतिबद्धताओं के कारण ऑस्ट्रेलिया का यह पूर्व खिलाड़ी डब्ल्यूपीएल में अपनी सेवाएं नहीं दे पाएगा।
NOV 06, 2025 06:46 IST

भागलपुर और आरा में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

बिहार चुनाव के मद्देनजर पीएम नरेंद्र मोदी आज भागलपुर और आरा में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 11 नवंबर को चुनाव होना है।