Delhi Blast: केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले के नजदीक हुए कार विस्फोट को बुधवार को एक 'जघन्य आतंकवादी घटना' करार दिया।सरकार ने इसी के साथ जांच एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे इस मामले की 'अत्यंत तत्परता और पेशेवर तरीके' से जांच करें ताकि इसके पीछे के लोगों और उनके प्रायोजकों को बिना किसी देरी के न्याय के शिकंजे में लाया जा सके।भूटान से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं की नीति के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता दोहरायी गई।इसमें कहा गया है कि सरकार के उच्चतम स्तर पर स्थिति पर लगातार 'नजर रखी जा रही है।'
कैबिनेट ने दिल्ली के लाल किले पर हुए हमले को घृणित आतंकी वारदात बताया (फाइल फोटो: canva)
मंत्रिमंडल की बैठक में आतंकवादी घटना में मारे गए निर्दोष लोगों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया। मंत्रिमंडल ने इस नृशंस कृत्य की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया तथा घटना में मारे गए लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया।
'देश ने एक 'घृणित आतंकवादी घटना' देखी है'
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, 'प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 10 नवंबर 2025 की शाम को दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार विस्फोट से जुड़ी आतंकवादी घटना में जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया।' प्रस्ताव में कहा गया है कि देश ने एक 'घृणित आतंकवादी घटना' देखी है, जिसे राष्ट्र विरोधी ताकतों ने लाल किले के निकट कार विस्फोट के माध्यम से अंजाम दिया, जिसके परिणामस्वरूप कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
'मंत्रिमंडल इस नृशंस और कायराना कृत्य की कड़ी निंदा करता है'
इसमें कहा गया, 'मंत्रिमंडल, हिंसा के इस मूर्खतापूर्ण कृत्य के पीड़ितों के प्रति अपनी गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है।'प्रस्ताव में कहा गया, 'मंत्रिमंडल इस नृशंस और कायराना कृत्य की कड़ी निंदा करता है, जिसके कारण निर्दोष लोगों की जान गई। मंत्रिमंडल आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के प्रति कतई बरर्दाश्त नहीं की नीति के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराता है।'
इस धमाके में 12 लोग मारे गए
यह बैठक लाल किले के बाहर विस्फोटक से लदी एक कार में हुए धमाके के दो दिन बाद हो हुई। इस धमाके में 12 लोग मारे गए थे।यह घटना एक अंतरराज्यीय 'सफेदपोश' आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तीन चिकित्सकों समेत आठ लोगों की गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद हुई।
सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री ने केंद्रीय मंत्रिमंडल को आतंकवादी घटना से अवगत कराया और इसके पीछे के लोगों को न्याय के शिकंजे में लाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।
अंतरराज्यीय ‘सफेदपोश’ आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़
सूत्रों ने बताया कि शाह ने मंत्रिमंडल को बताया कि किस तरह सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े हमले को टालने के लिए त्वरित कार्रवाई की, जिसका उदाहरण फरीदाबाद में एक अंतरराज्यीय ‘सफेदपोश’ आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने के बाद बरामद विस्फोटकों की मात्रा है।इसमें सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की गई तथा उनकी देखभाल और सहायता करने वाले चिकित्सा कर्मियों और आपातकालीन कर्मियों के त्वरित प्रयासों की सराहना की गई।
मंत्रिमंडल सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है
मंत्रिमंडल द्वारा पारित प्रस्ताव में प्राधिकारियों, सुरक्षा एजेंसियों और नागरिकों की समय पर और समन्वित प्रतिक्रिया की सराहना की गई, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में साहस और करुणा के साथ काम किया।इसमें कहा गया, 'उनका समर्पण और कर्तव्य भावना अत्यंत सराहनीय है।' प्रस्ताव में कहा गया कि मंत्रिमंडल सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है तथा चिकित्सा और आपात सेवा कर्मियों के त्वरित प्रयासों की सराहना करता है, जिन्हों पीड़ितों को सहायता प्रदान की।
प्रधानमंत्री घायलों से मिलने LNJP अस्पताल गए
इसके मुताबिक, 'मंत्रिमंडल ने दुनिया भर की कई सरकारों की एकजुटता और समर्थन में दिए बयानों के लिए भी अभार व्यक्त किया।' मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रत्येक नागरिक की रक्षा के प्रति अपनी स्थायी प्रतिबद्धता के अनुरूप, सभी भारतीयों के जीवन और कल्याण की रक्षा करने के सरकार के दृढ़ संकल्प को भी दोहराया।इससे पहले भूटान की दो दिवसीय यात्रा से लौटने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री घायलों से मिलने लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल गए।
लाल किला ब्लास्ट में पुलिस को बड़ी सफलता
दिल्ली में सोमवार की शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए ब्लास्ट में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने उस संदिग्ध कार को बरामद कर लिया है, जिसकी तलाश की जा रही थी।जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद पुलिस ने खंदावली गांव के पास से संदिग्ध लाल रंग की इको स्पोर्ट्स कार (डीएल 10 सीके 0458) बरामद की। यह वही कार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह कार उमर के नाम पर रजिस्टर्ड है। उमर वही शख्स है, जिस पर दिल्ली ब्लास्ट में इस्तेमाल हुई आई20 कार चलाने का शक जताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि कई सीसीटीवी फुटेज में उमर को आई20 कार चलाते हुए देखा गया है, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस थानों, चौकियों और सीमा चौकियों को अलर्ट पर रखा
इससे पहले कार की तलाश में दिल्ली पुलिस ने शहर के सभी पुलिस थानों, चौकियों और सीमा चौकियों को अलर्ट पर रखा था। उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस को भी संदिग्ध कार के बारे में जानकारी दी गई थी, और अब पुलिस ने इस कार को फरीदाबाद से ढूंढ निकाला। बता दें कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में 10 नवंबर को यह धमाका हुआ था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
