Independence Day 2026: भारत आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, जो देश के इतिहास में एक बेहद अहम दिन है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किला परिसर में होने वाले समारोह का नेतृत्व करेंगे। देशभक्ति के माहौल के बीच कार्यक्रम के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पहली बार लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का गायन किया जाएगा।
लाल किले पर पहली बार गूंजेगा वंदे मातरम्
देशभर में राज्यों की राजधानियों और अन्य शहरों व कस्बों में औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें झंडा फहराने के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। मुख्य समारोह लाल किला परिसर में आयोजित किया जाएगा और पीएम मोदी समारोह का नेतृत्व करेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह भव्य समारोह राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' की 150 वर्षों की गौरवशाली विरासत को समर्पित होगा और 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य की दिशा में देश की यात्रा में 'युवा शक्ति' की ऊर्जा, आकांक्षाओं और महत्वपूर्ण योगदान का उत्सव मनाया जाएगा।
लाल किला पहुंचने पर पीएम मोदी का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह करेंगे। रक्षा सचिव प्रधानमंत्री को दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल राजेश सेठी से परिचित कराएंगे।
मंत्रालय ने पूर्व में एक बयान में कहा था कि इसके बाद जीओसी प्रधानमंत्री को सलामी मंच तक ले जाएंगे, जहां पर सेना के तीनों अंगों और दिल्ली पुलिस के संयुक्त दल द्वारा प्रधानमंत्री को सलामी दी जाएगी। इसके बाद प्रधानमंत्री सलामी गारद का निरीक्षण करेंगे। सलामी गारद की टुकड़ी में थल सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस में से प्रत्येक के एक अधिकारी और 24 जवान शामिल होंगे। गुरुवार को लाल किले पर इस कार्यक्रम की 'फुल-ड्रेस रिहर्सल' हुई।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए भारतीय सेना को समन्वयक सेवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सलामी गारद की कमान लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन सिंह संभालेंगे। प्रधानमंत्री के गार्ड में सेना की टुकड़ी का नेतृत्व मेजर आदित्य शर्मा, नौसेना की टुकड़ी का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कमांडर नीलम राणा और वायु सेना की टुकड़ी का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर विपिन कुमार करेंगे। दिल्ली पुलिस की टुकड़ी की कमान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) विनीत कुमार संभालेंगे।
21 तोपों की सलामी
पीएम मोदी सलामी गारद का निरीक्षण करने के बाद लाल किले की प्राचीर की ओर बढ़ेंगे। दिल्ली क्षेत्र के जीओसी प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्राचीर पर बने मंच तक ले जाएंगे। बयान में कहा गया, ''कैप्टन सोनिया सिंह चौहान प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय ध्वज फहराने में सहायता करेंगी। ध्वजारोहण के साथ ही 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) के बहादुर गनर्स द्वारा 21 तोपों की सलामी दी जाएगी।''
मंत्रालय के अनुसार, स्वदेशी 105 मिमी लाइट फील्ड गन से सुसज्जित इस सेरेमोनियल बैटरी की कमान मेजर पवन सिंह शेखावत संभालेंगे। गन पोजीशन ऑफिसर की जिम्मेदारी नायब सूबेदार (गनरी में सहायक प्रशिक्षक) अनुतोष सरकार निभाएंगे।
तिरंगे को दी जाएगी 'राष्ट्रीय सलामी'
मंत्रालय ने कहा, ''नेशनल फ्लैग गार्ड में थल सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस से एक-एक अधिकारी और 32-32 जवान शामिल होंगे। पीएम मोदी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के समय यह इंटर-सर्विसेज गार्ड और पुलिस गार्ड 'राष्ट्रीय सलामी' देंगे।'' फहराए जाने के बाद तिरंगे को 'राष्ट्रीय सलामी' दी जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'सर्वश्रेष्ठ भारत बनाने की रखें भावना', स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति मुर्मू का देश के नाम संबोधन; पढ़ें बड़ी बातें
बयान में कहा गया, ''इस दौरान सेना का बैंड, जिसमें एक जेसीओ और 25 अन्य रैंक के जवान शामिल होंगे, 'वंदे मातरम्' की धुन बजाएगा। लाल किले पर मौजूद सभी लोग इसके साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन करेंगे और फिर उसके बाद राष्ट्रगान का गायन होगा। सेना के बैंड का संचालन सूबेदार ईश्वर सिंह करेंगे।''
MI-17 हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा
मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री जिस समय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, लगभग उसी समय भारतीय वायु सेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर कार्यक्रम स्थल पर पुष्पवर्षा करेंगे। इनमें से एक हेलीकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज, जबकि दूसरा 'वंदे मातरम्' अंकित ध्वज लेकर उड़ान भरेगा। इन हेलीकॉप्टर की कमान विंग कमांडर रजत और स्क्वाड्रन लीडर अंकित वार्ष्णेय संभालेंगे।
5,000 विशेष अतिथि होंगे शामिल
पुष्पवर्षा के बाद प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन के समापन पर राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेट और 'मेरा भारत' के स्वयंसेवक राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन करेंगे। इस वर्ष लाल किले पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करने वाले लोग शामिल होंगे।
