Manipur News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों ने बुधवार को राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद भाजपा विधायक थोकचोम राधेश्याम सिंह ने दावा किया कि उनकी पार्टी की अगुवाई में 44 विधायक में राज्य में नई सरकार का गठन करने के लिए तैयार हैं। सिंह ने राजभवन में नौ अन्य विधायकों के साथ राज्यपाल से मुलाकात की।
मणिपुर में सरकार बना सकती है भाजपा।
उन्होंने कहा, 'लोगों की इच्छाओं के अनुरूप 44 विधायक सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। हमने इस इच्छा को राज्यपाल तक पहुंचा दिया है। हमने राज्य की समस्याओं का हल निकालने पर भी चर्चा की है।'
मणिपुर में लोकप्रिय सरकार के गठन की उम्मीद-निर्दलीय विधायक
निर्दलीय विधायक सपम निशिकांत सिंह ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि यहां पर एक लोकप्रिय सरकार का गठन शीघ्र होगा। हम राज्यपाल से यहां एक लोकप्रिय सरकार का गठन करने के लिए कहते हैं। हमने राज्यपाल को एक पत्र भेजा है जिस पर हम सभी लोगों के हस्ताक्षर हैं। एनडीए के सभी विधायक चाहते हैं कि मणिपुर में एक लोकप्रिय सरकार बने। हम लोगों से समर्थन भी चाहते हैं। पत्र पर 22 विधायकों के हस्ताक्षर हैं। 10 विधायक यहां राज्यपाल से मिलने आए हैं।
पूर्व सीएम ने राज्यपाल से मौजूदा हालात पर की चर्चा
इससे पहले मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से राज्य के मौजूदा हालात पर चर्चा की और उनसे ग्वालताबी की घटना के समाधान के लिए प्रदर्शनकारियों को बातचीत के लिए आमंत्रित करने का आग्रह किया। पिछले सप्ताह ग्वालताबी की घटना को लेकर मेइती बहुल इंफाल घाटी में विरोध प्रदर्शन हुए थे। यह आरोप लगाया गया था कि सुरक्षा बलों ने उस सरकारी बस को ग्वालताबी जांच चौकी के पास रोक लिया था जिस पर 20 मई को उखरूल जिले में शिरुई लिली उत्सव को कवर करने के लिए जा रहे पत्रकार सवार थे। आरोप यह भी है कि सुरक्षा बलों ने सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय (डीआईपीआर) के कर्मचारियों को बस के शीशे पर लिखे राज्य के नाम को सफेद कागज से ढकने के लिए मजबूर किया था।
