देश

मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 21 अवैध बंकर ध्वस्त; तेंगनौपाल में 13 IED बरामद

Manipur: मणिपुर के उखरुल जिले में सुरक्षा बलों ने 21 अवैध बंकर नष्ट कर दिए है। तेंगनौपाल में मैगजीन सहित 9 मिमी की दो पिस्तौल और 13 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किए गए।

Image

मणिपुर में सुरक्षाबलों ने कई बंकर किए नष्ट (फाइल फोटो- PTI)

Manipur: मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उखरुल जिले में 21 अवैध बंकरों को नष्ट कर दिया है। पुलिस ने रविवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, ये बंकर सशस्त्र उपद्रवियों द्वारा अवैध रूप से बनाए गए थे और सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए थे।

पुलिस ने कहां-कहां चलाया अभियान?

पुलिस के मुताबिक, यह अभियान शनिवार को उखरुल जिले के लिटान थाना क्षेत्र के सिकिबंग गांव और मोंगकोट चेपु गांव में चलाया गया। इस दौरान सिकिबंग गांव में 14 और मोंगकोट चेपु गांव में सात बंकरों को ध्वस्त किया गया। सुरक्षा बलों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाकर इन ठिकानों को चिन्हित किया और बाद में उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया। उखरुल जिले में हाल ही में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान की ड्यूटी के दौरान गोली लगने से मौत हो गई थी। बताया गया है कि पश्चिम बंगाल निवासी बीएसएफ के कांस्टेबल को मोंगकोट चेपु गांव के पास तैनाती के दौरान गोली लगी थी, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है।

कहां से मिले पिस्तौल और IED ?

इसी बीच, सुरक्षा बलों ने एक अलग अभियान में तेंगनौपाल जिले के मोरेह क्षेत्र में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है। तलाशी के दौरान मैगजीन सहित 9 मिमी की दो पिस्तौल और 13 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किए गए। सुरक्षा के मद्देनजर इन आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया।

पुलिस लगातार चला रही है अभियान

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। सुरक्षा बल संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा रहे हैं ताकि किसी भी तरह की हिंसक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article