1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में वीरता के लिए वीर चक्र से सम्मानित लांस हवलदार के.जी. जॉर्ज (सेवानिवृत्त) का रविवार को केरल में 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। उनके पोते रेमो जॉन ने पीटीआई को बताया, मेरे दादाजी का शनिवार तड़के निधन हो गया। उनका जन्म फरवरी 1931 में हुआ था और उन्होंने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भाग लिया था।
के जी जॉर्ज का निधन(X:@mountain_rats)
1965 के युद्ध में दिखाई थी वीरता
जॉन (21) ने बताया कि उनका जन्म केरल में हुआ था और कोट्टायम स्थित उनके आवास पर वृद्धावस्था संबंधी कारणों से उनका निधन हो गया। जॉर्ज ने भारतीय सेना के सिग्नल कोर में सेवा की थी, जो 1911 में स्थापित एक महत्वपूर्ण इकाई है। उनके वीर चक्र प्रशस्ति पत्र में 1965 के युद्ध के दौरान उनके वीरतापूर्ण कार्यों का वर्णन है और लिखा है कि उन्होंने उच्च कोटि का साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन किया।
इसमें कहा गया है, 6 से 10 सितंबर 1965 की अवधि के दौरान, दुश्मन की लगातार गोलाबारी और हवाई हमले के बावजूद, लांस हवलदार (लाइनमैन फील्ड) के.जी. जॉर्ज ने पाकिस्तान के वाघा सेक्टर में बाधित संचार को बहाल करने के लिए अपने सेक्शन का नेतृत्व करना जारी रखा।
प्रशस्ति पत्र में लिखा है- 8 और 9 सितंबर, 1965 की रात को, अपनी जान जोखिम में डालकर भी, उन्होंने दुश्मन के हमले के दौरान ब्रिगेड मुख्यालय से अग्रिम बटालियनों तक संचार स्थापित किया। ऐसा करके लांस हवलदार के. जी. जॉर्ज ने उच्च कोटि का साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया और उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया, उनके पोते जॉन, जो इस समय कोट्टायम में हैं, ने बताया कि केरल में उनका परिवार मेरे पिता और मेरे भाई के आने का इंतजार कर रहा है, जो इस समय दुबई में हैं।
उन्होंने कहा, पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण वे अभी तक दुबई से बाहर नहीं आ पाए हैं, लेकिन मंगलवार तक उनके भारत लौटने की उम्मीद है। इस बीच, हमने अपने दादाजी के पार्थिव शरीर को स्थानीय शवगृह में संरक्षित करवा लिया है। पोते ने बताया कि दुबई से केरल लौटने के बाद कोट्टायम में अंतिम संस्कार और दफन संस्कार होगा।
