हर बार टिटनेस का इंजेक्शन लगवाने की नहीं है जरूरत, जानें कितने साल तक रहता है असर; चोट लगने पर कब जरूरी है बूस्टर डोज

When to Get Tetanus Shot After Injury : क्या आप भी चोट लगने पर हर बार टिटनेस का इंजेक्शन लगवा लेते हैं, तो रुक जाएं। शायद हर बार टिटनेस का इंजेक्शन की आपको जरूरत नहीं है।

When to Get Tetanus Shot After Injury : किसी लोहे की चीज से चोट लग जाए, पैर में कील चुभ जाए या शरीर पर गहरा कट लग जाए तो सबसे पहले टिटनेस का इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी जाती है। कई लोग तो छोटी-सी खरोंच आने पर भी तुरंत टिटनेस का इंजेक्शन लगवा लेते हैं, लेकिन क्या हर बार चोट लगने पर टिटनेस का इंजेक्शन लगवाना जरूरी है?

When to Get Tetanus Shot After Injury _ टिटनेस का इंजेक्शन कब लगवाना चाहिए

टिटनेस का इंजेक्शन कब लगवाना चाहिए

मेडिकल रिसर्च के अनुसार, टिटनेस के टीके से मिलने वाली सुरक्षा लंबे समय तक बनी रह सकती है। पूरा टीकाकरण कराने के बाद आमतौर पर बूस्टर डोज 10 साल के अंतराल पर दी जाती है। हालांकि, चोट का प्रकार इस समय को बदल सकता है।

कई मेडिकल स्टडी में सामने आया है कि टिटनेस का पूरा टीकाकरण करा चुके लोगों में एक दशक बाद भी सुरक्षात्मक एंटीबॉडी मौजूद रहती हैं। कुछ शोधों में यह सुरक्षा इससे भी ज्यादा समय तक बने रहने के संकेत मिले हैं। वहीं, गहरी चोट, कील चुभने या मिट्टी से दूषित घाव होने पर पिछली डोज को 5 साल या उससे ज्यादा हो चुके हैं तो डॉक्टर बूस्टर डोज की सलाह दे सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि हर छोटी चोट पर इंजेक्शन लगवाने के बजाय अपनी पिछली वैक्सीन और घाव की स्थिति के अनुसार फैसला लिया जाना ही ठीक रहता है।

कितने साल तक रहता है टिटनेस के इंजेक्शन का असर

टिटनेस के टीके का असर इस बात पर निर्भर करता है कि आपने इसकी कितनी डोज ली हैं। अगर किसी व्यक्ति ने शुरुआती टीकाकरण का पूरा कोर्स और जरूरी बूस्टर डोज ली हैं तो शरीर में टिटनेस के खिलाफ एंटीबॉडी लंबे समय तक बनी रह सकती हैं। सामान्य टीकाकरण शेड्यूल में वयस्कों को हर 10 साल में बूस्टर डोज देने की सलाह दी जाती है।

भारत के राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में बच्चों को 6, 10 और 14 सप्ताह की उम्र में पेंटावैलेंट वैक्सीन दी जाती है। इसके बाद 16 से 24 महीने और 5 से 6 साल की उम्र में डीपीटी बूस्टर दिया जाता है। 10 और 16 साल की उम्र में टीडी वैक्सीन दी जाती है। यानी नियमित टीकाकरण कराने वाले बच्चों को बचपन से ही टिटनेस के खिलाफ कई डोज मिलती हैं।

क्या कहती है मेडिकल रिसर्च

टिटनेस के टीके का असर कितने समय तक रहता है, इसे लेकर कई वैज्ञानिक अध्ययन किए गए हैं। साल 2016 में एरिका हैमरलुंड और उनकी रिसर्च टीम ने 546 वयस्कों पर एक अध्ययन किया था। इसका शीर्षक 'ड्यूरेबिलिटी ऑफ वैक्सीन-इंड्यूस्ड इम्युनिटी अगेंस्ट टेटनस एंड डिप्थीरिया टॉक्सिन्स: ए क्रॉस-सेक्शनल एनालिसिस' था। यह शोध 'क्लिनिकल इंफेक्शियस डिजीजेज' नामक मेडिकल जर्नल में प्रकाशित हुआ था।

इस अध्ययन में लोगों के खून के सैंपल लेकर टिटनेस और डिप्थीरिया के खिलाफ बनी एंटीबॉडी के स्तर की जांच की गई। नतीजों में करीब 97 फीसदी लोगों में टिटनेस के खिलाफ सुरक्षात्मक एंटीबॉडी मिलीं। शोधकर्ताओं ने टिटनेस के खिलाफ बनी एंटीबॉडी का औसत आधा होने का समय करीब 14 साल आंका। गणितीय मॉडल के आधार पर उन्होंने अनुमान लगाया कि टीकाकरण के बाद करीब 95 फीसदी लोगों में 30 साल या उससे ज्यादा समय तक सुरक्षा बनी रह सकती है।

इस रिसर्च में यह भी कहा गया कि टिटनेस के खिलाफ शरीर की इम्युनिटी लंबे समय तक बनी रह सकती है और हर 10 साल में बूस्टर देने की मौजूदा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की जा सकती है। हालांकि, यह एक सीमित समूह पर किया गया एंटीबॉडी अध्ययन था और 30 साल की सुरक्षा का आंकड़ा गणितीय मॉडल पर आधारित था।

1,433 लोगों पर हुई दूसरी स्टडी

साल 2017 में एम. बोरेला-वेंटुरिनी और उनके सहयोगियों ने इटली के पडुआ विश्वविद्यालय के 1,433 विद्यार्थियों और ऐसे कर्मचारियों पर अध्ययन किया, जिनका काम संक्रमण के जोखिम से जुड़ा था। यह शोध 'एपिडेमियोलॉजी एंड इंफेक्शन' मेडिकल जर्नल में प्रकाशित हुआ था। इसका उद्देश्य यह पता लगाना था कि टिटनेस के टीके की आखिरी डोज के कितने समय बाद तक शरीर में सुरक्षात्मक एंटीबॉडी बनी रहती हैं।

शोधकर्ताओं ने पाया कि आखिरी डोज के 10 साल बाद भी 95 फीसदी लोगों में टिटनेस के खिलाफ सुरक्षात्मक एंटीबॉडी का स्तर मौजूद था। इनमें से 49.1 फीसदी लोगों में एंटीबॉडी का स्तर लंबे समय तक सुरक्षा देने वाले स्तर पर पाया गया। अध्ययन में यह भी सामने आया कि जिन लोगों ने जीवन में टिटनेस के टीके की पांच डोज ली थीं, उनमें लंबे समय तक एंटीबॉडी बने रहने की संभावना अधिक थी।

इस स्टडी में शोधकर्ताओं ने निष्कर्ष निकाला कि जिन लोगों का शुरुआती टीकाकरण पूरा है, उनमें बूस्टर की जरूरत 10 साल से आगे भी टल सकती है। हालांकि, यह निष्कर्ष भी एंटीबॉडी के स्तर पर आधारित था। इस कारण चोट लगने के बाद वैक्सीन देने के मौजूदा नियमों का पालन करना जरूरी है।

हर 10 साल में क्यों दिया जाता है टिटनेस का बूस्टर

रिसर्च में लंबे समय तक सुरक्षा मिलने के संकेत जरूर मिले हैं, लेकिन सभी लोगों में एंटीबॉडी का स्तर एक जैसा नहीं रहता है। किसी व्यक्ति में यह तेजी से कम हो सकता है तो किसी में कई वर्षों तक बना रह सकता है। इसी वजह से नियमित टीकाकरण में बूस्टर डोज का शेड्यूल रखा गया है।

भारत में टिटनेस वैक्सीन की उत्पाद संबंधी जानकारी के अनुसार, जिन लोगों का शुरुआती तीन डोज वाला टीकाकरण पूरा हो चुका है, उन्हें आमतौर पर 10 साल बाद बूस्टर डोज दी जाती है। इसके बाद भी निर्धारित अंतराल पर बूस्टर देने का प्रावधान है। इसका मतलब यह है कि टिटनेस का इंजेक्शन हर चोट पर दोबारा लगवाने की जरूरत नहीं होती है, लेकिन वैक्सीन का पूरा कोर्स और बूस्टर समय पर लेना जरूरी है।

चोट लगने पर कब टिटनेस का इंजेक्शन लगवाना जरूरी है

चोट लगने के बाद टिटनेस का इंजेक्शन लगवाने की जरूरत घाव की प्रकृति और पिछली वैक्सीन की तारीख पर निर्भर करती है।

साफ और छोटा घाव होने पर

अगर शरीर पर हल्की खरोंच या छोटा कट लगा है और आपने टिटनेस का पूरा टीकाकरण कराया है तो आखिरी डोज के 10 साल या उससे अधिक समय बाद बूस्टर की जरूरत पड़ सकती है। अगर पिछली डोज को 10 साल से कम समय हुआ है तो आमतौर पर दोबारा इंजेक्शन की जरूरत नहीं होती है।

गहरा या गंदा घाव होने पर

अगर पैर में कील चुभ गई है, गहरी चोट लगी है, मिट्टी या धूल घाव के अंदर चली गई है, जानवर ने काट लिया है या शरीर पर जलने और कुचलने जैसी चोट आई है तो स्थिति अलग होती है। ऐसे घावों में टिटनेस का जोखिम ज्यादा रहता है। अगर टिटनेस का पूरा टीकाकरण हुआ है, लेकिन आखिरी डोज को 5 साल या उससे ज्यादा समय बीत चुका है तो डॉक्टर बूस्टर डोज देने की सलाह दे सकते हैं।

टीकाकरण का रिकॉर्ड नहीं है तो क्या करें

अगर आपने कभी टिटनेस का पूरा कोर्स नहीं लिया है या आपको याद नहीं है कि आखिरी इंजेक्शन कब लगा था तो चोट लगने पर डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें। ऐसी स्थिति में केवल एक बूस्टर लगाना पर्याप्त नहीं भी हो सकता है। डॉक्टर शुरुआती टीकाकरण का कोर्स पूरा कराने की सलाह दे सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय घाव प्रबंधन दिशा-निर्देशों में भी साफ और छोटे घाव तथा गहरे या दूषित घाव के लिए अलग-अलग समय-सीमा निर्धारित की गई है।

कुछ परिस्थितियों में डॉक्टर टिटनेस के टीके के साथ टिटनेस इम्युनोग्लोबुलिन यानी टीआईजी भी दे सकते हैं। यह पहले से तैयार एंटीबॉडी होती हैं, जो शरीर को तुरंत लेकिन अस्थायी सुरक्षा प्रदान करती हैं।

अगर किसी व्यक्ति को पहले टीके नहीं लगे हैं, टीकाकरण अधूरा है या पिछली डोज की जानकारी नहीं है और उसे गहरा या दूषित घाव हुआ है तो टीआईजी की जरूरत पड़ सकती है। एचआईवी या गंभीर इम्युनिटी की कमी वाले लोगों में भी डॉक्टर इसकी सलाह दे सकते हैं। टीआईजी और टिटनेस वैक्सीन का काम अलग-अलग होता है। वैक्सीन शरीर को खुद एंटीबॉडी बनाने के लिए तैयार करती है, जबकि टीआईजी में पहले से तैयार एंटीबॉडी होती हैं। साफ और छोटे घाव में टीआईजी देने की जरूरत नहीं होती है।

क्या जंग लगे लोहे से चोट लगने पर ही टिटनेस होता है

टिटनेस को लेकर सबसे आम धारणा है कि जंग लगे लोहे से चोट लगने से यह बीमारी होती है, लेकिन बीमारी का कारण जंग नहीं, बल्कि क्लॉस्ट्रिडियम टेटानी नाम का बैक्टीरिया है। इसके स्पोर मिट्टी, धूल और जानवरों के मल में पाए जाते हैं। जब ये किसी गहरे घाव या शरीर में हुए छेद के जरिए अंदर पहुंचते हैं तो संक्रमण हो सकता है।

जंग लगी कील या लोहे की पुरानी चीज पर मिट्टी और गंदगी लगी हो सकती है। ऐसी चीज से चोट लगने पर बैक्टीरिया शरीर में पहुंचने का खतरा रहता है। इसलिए केवल जंग लगी कील ही नहीं, बल्कि मिट्टी से दूषित कोई भी गहरा घाव टिटनेस का कारण बन सकता है।

टिटनेस होने पर शरीर में कौन-से लक्षण दिखाई देते हैं

टिटनेस एक गंभीर बीमारी है, जिसमें बैक्टीरिया से निकलने वाला टॉक्सिन शरीर की नसों और मांसपेशियों को प्रभावित करता है। इसके लक्षण आमतौर पर संक्रमण के 3 से 21 दिनों के भीतर दिखाई दे सकते हैं। शुरुआत में जबड़े की मांसपेशियों में जकड़न हो सकती है। इसके अलावा गर्दन और पेट में अकड़न, निगलने में परेशानी और मांसपेशियों में दर्दनाक ऐंठन हो सकती है। गंभीर मामलों में सांस लेने और दिल की धड़कन से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं। इन लक्षणों के सामने आने पर मरीज को तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए।

चोट लगने पर टिटनेस से बचने के लिए क्या करें

चोट लगने पर घाव को साफ पानी से अच्छी तरह धोएं। घाव में मिट्टी, धूल या कोई दूसरी चीज फंसी हो तो उसे हटवाने के लिए डॉक्टर की मदद लें। गहरे घाव, कील चुभने, जानवर के काटने या जलने की स्थिति में मेडिकल जांच जरूर कराएं। डॉक्टर को अपनी पिछली टिटनेस वैक्सीन की तारीख बताएं। अगर वैक्सीन का रिकॉर्ड नहीं है तो यह जानकारी भी दें। घाव की जांच और टीकाकरण के इतिहास के आधार पर डॉक्टर तय करेंगे कि बूस्टर डोज चाहिए या वैक्सीन के साथ टीआईजी भी जरूरी है।

End Article
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपन...

End of Feed