Diet During Pregnancy: सर्दियों में गर्भवती महिलाओं को अपना खास ध्यान रखना होता है। दरअसल, इस सीजन में इम्यूनिटी कमजोर होने पर कई तरह के संक्रमण का खतरा रहता है। ऐसे में मां और बच्चे दोनों को नवुकसान हो सकता है। इस स्थिति में प्रेग्नेंट महिलाओं को अपने डाइट पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है, ताकि उनकी इम्यून पावर बूस्ट हो सके। सर्दियों में आपको ताजे फल, सब्जियों, अनाज इत्यादि का सेवन करना चाहिए। आइए जानते हैं सर्दियों में गर्भवती महिलाएं क्या खाएं?
सर्दियों में गर्भवती महिलाएं क्या खाएं?
सर्दियों में गर्भवती महिलाएं क्या खाएं?
सर्दियों में अगर आप खुद को स्वस्थ रखना चाहती हैं, तो अपने आहार पर ध्यान दें। इसके लिए आप कई तरह के आहार अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। आइए जानते हैं कुछ हेल्दी आहार के बारे में-
दही का करें सेवन
सर्दियों में अगर आप खुद को फिट रखना चाहते हैं तो दही का सेवन करें। दही में भरपूर रूप से कैल्शियम होता है, जो भ्रूण के विकास के लिए काफी अच्छा माना जाता है। इसके साथ ही दही के सेवन से आपकी हड्डियों को भी मजबूती मिल सकती है। अगर आप सर्दियों में संक्रमण और बैक्टीरियल समस्याओं से दूर रहना चाहते हैं तो दही का सेवन जरूर करें।
फलियां है फायदेमंद
सर्दियों में गर्भवती महिलाओं को अपने आहार में फलियों को शामिल करना चाहिए। इसके लिए आप अपने आहार में मसूर, मटर, बीन्स, सोयाबीन, मूंगफली, छोले जैसी चीजों को शामिल कर सकते हैं। इस तरह की फलियां फाइबर का काफी अच्छा स्त्रोत होती हैं। साथ ही इसमें फोलिक एसिड (बी9) भी होता है, जो भ्रूण के विकास के लिए जरूरी पोषक तत्वों में से एक है।
मेथी के पत्ते का करें सेवन
गर्भवती महिलाओं को सर्दियों में मेथी के पत्तों का सेवन करना चाहिए। मेथी के पत्तों का सेवन करने से शरीर में आयरन की कमी को दूर किया जा सकता है। साथ ही यह भ्रूण की कोशिकाओं के लिए फायदेमंद है। इतना ही नहीं, मेथी के पत्तों का सेवन करने से शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह बेहतर तरीके से हो सकता है, जो आपके समग्र स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। अगर आप चाहते हैं कि आपके भ्रूण का विकास सही से हो तो मेथी के पत्तों को अपने आहार में जरूर शामिल करें।
सर्दियों में इन तीनों का सेवन गर्भवती महिला के लिए लाभकारी माना गया है, लेकिन अगर इन खाने की चीजों से एलर्जी है या इनके सेवन से परेशानी महसूस होती है तो ऐसी स्थिति में इनका सेवन ना करें और डॉक्टर से संपर्क करें।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)
