हेल्थ

क्या घर की दीवारों का पेंट भी हवा की गुणवत्ता खराब कर सकता है? जानिए सेहत पर कैसे पड़ सकता है असर

Wall Paint Health Effects: क्या नए पेंट की गंध सिर्फ बदबू है या सेहत के लिए भी नुकसानदायक हो सकती है? डॉक्टर से जानिए घर की दीवारों का पेंट इनडोर हवा की गुणवत्ता को कैसे प्रभावित करता है।

Image

दीवारों पर किया गया पेंट कैसे सेहत को प्रभावित करता है

Wall Paint Health Effects: अगर घर में नया पेंट हुआ हो और उसके बाद कुछ दिनों तक तेज गंध महसूस हो, तो इसे अक्सर लोग सामान्य बात मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यही गंध घर के अंदर की हवा की गुणवत्ता को भी प्रभावित कर सकती है? बाहर का प्रदूषण तो हम सब जानते हैं, लेकिन घर के अंदर की हवा भी कई बार हमारी सेहत पर असर डाल सकती है। खासकर नए पेंट के बाद कुछ समय तक हवा में ऐसे रसायन मिल सकते हैं, जो संवेदनशील लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकते हैं। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि हर पेंट नुकसान पहुंचाता है। सही जानकारी और कुछ आसान सावधानियों से इस जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

नए पेंट के बाद हवा क्यों बदल जाती है

यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के कंसल्टेंट इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. के. युगवीर गौड़ के अनुसार, कुछ पेंट में ऐसे रसायन होते हैं जो पेंट सूखने के बाद भी कुछ दिनों तक धीरे-धीरे हवा में निकलते रहते हैं। यही वजह है कि नए पेंट वाले कमरे में तेज गंध आती है। अगर कमरे में हवा आने-जाने का इंतजाम ठीक नहीं है, तो ये रसायन अंदर ही बने रह सकते हैं और घर की हवा पहले जैसी ताजा नहीं रहती।

इसका सेहत पर क्या असर पड़ सकता है

डॉ. के. युगवीर गौड़ बताते हैं कि हर व्यक्ति पर इसका असर एक जैसा नहीं होता। कुछ लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश, सिरदर्द या चक्कर जैसी परेशानी हो सकती है। जिन लोगों को पहले से अस्थमा, एलर्जी या सांस की बीमारी है, उनमें दिक्कत थोड़ी ज्यादा हो सकती है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को भी ऐसे समय में अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।

क्या हर पेंट से ऐसा खतरा होता है

डॉक्टर की राय में इसका जवाब है- नहीं। आजकल बाजार में ऐसे पेंट भी मिलते हैं जिनमें हानिकारक रसायनों की मात्रा काफी कम होती है। अगर आप घर में नया पेंट कराने की सोच रहे हैं, तो ऐसे पेंट चुनना बेहतर रहेगा। साथ ही, हमेशा अच्छी गुणवत्ता वाले और भरोसेमंद कंपनी के पेंट का ही इस्तेमाल करना चाहिए।

पेंट कराने के बाद ये छोटी-छोटी बातें रखें ध्यान

पेंट होने के बाद कुछ दिनों तक घर की खिड़कियां और दरवाजे खुले रखें, ताकि ताजी हवा आती रहे और पेंट की गंध जल्दी बाहर निकल जाए। जब तक गंध पूरी तरह खत्म न हो जाए, कोशिश करें कि छोटे बच्चे, बुजुर्ग या सांस की बीमारी वाले लोग उस कमरे में ज्यादा समय न बिताएं। अगर जरूरत हो तो पंखा या एग्जॉस्ट भी चलाते रहें, ताकि कमरे की हवा बदलती रहे।

कब डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है

अगर नया पेंट होने के बाद लगातार सिरदर्द, सांस लेने में दिक्कत, तेज खांसी, आंखों में ज्यादा जलन या एलर्जी जैसी समस्या बनी रहे, तो इसे हल्के में न लें। डॉ. के. युगवीर गौड़ कहते हैं कि ऐसी स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। समय पर जांच होने से सही कारण पता चल जाता है और जरूरत पड़ने पर इलाज भी जल्दी शुरू किया जा सकता है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article