Foods To Avoid At Night: क्या आपको भी रात में बार-बार नींद टूट जाती है या करवटें बदलते-बदलते सुबह हो जाती है? कई बार लोग सोचते हैं कि इसकी वजह तनाव या थकान है, लेकिन सच्चाई यह है कि आपका खाना भी इसमें बड़ी भूमिका निभा सकता है। हाल ही में आई एक स्टडी में पाया गया कि कुछ फूड्स हमारी नींद की क्वालिटी को प्रभावित करते हैं और यहां तक कि बुरे सपने भी दिला सकते हैं। अगर आप चाहते हैं कि रात को चैन की नींद आए, तो सोने से पहले कुछ चीज़ों को अलविदा कहना जरूरी है।
Foods To Avoid At Night
डेयरी प्रोडक्ट्स से दूरी बनाएं
स्टडी में पाया गया कि दूध, पनीर, आइसक्रीम या दही जैसे डेयरी प्रोडक्ट्स कई लोगों की नींद खराब करते हैं। जिन लोगों को लैक्टोज़ इंटॉलरेंस होता है, उन्हें गैस, पेट दर्द और अपच की समस्या होती है, जिससे रात की नींद टूटी रहती है और नींद गहरी नहीं आती।
मिठाइयां और डेजर्ट्स हैं नींद के दुश्मन
रात को अगर आप मीठा खाने के शौकीन हैं तो ज़रा संभल जाइए। शुगर से भरे डेज़र्ट्स ब्लड शुगर लेवल में उतार-चढ़ाव लाते हैं। इसका असर सीधा नींद पर पड़ता है। स्टडी में कई लोगों ने बताया कि मिठाइयां खाने के बाद उन्हें ज्यादा बुरे सपने आए।
मसालेदार खाना बढ़ाता है परेशानी
रात में तीखा और मसालेदार खाना खाना पेट में जलन और एसिडिटी को बढ़ा देता है। इससे नींद बार-बार टूटती है और नींद का पैटर्न बिगड़ जाता है। इसलिए अगर आपको रात को नींद पूरी चाहिए तो डिनर में हल्का और सादा खाना ही खाएं।
देर रात का भारी खाना भी है नुकसानदायक
बहुत देर से डिनर करना या बहुत ज्यादा भारी खाना खाने से भी नींद पर असर पड़ता है। जब पेट पचाने में बिजी रहता है तो शरीर को आराम नहीं मिल पाता। नतीजा, नींद अधूरी और सपने बेचैन करने वाले हो सकते हैं।
फूड इंटॉलरेंस और नींद का रिश्ता
कुछ लोगों को खास तरह के खाने से एलर्जी या इंटॉलरेंस होती है। स्टडी में पाया गया कि ऐसे लोगों को रात में नींद के दौरान ज्यादा परेशानी होती है। कई बार तो यही वजह बुरे सपनों और बार-बार नींद खुलने का कारण बन जाती है।
अगर आप भी रात में करवटें बदलते-बदलते परेशान रहते हैं तो अपने डिनर पर ध्यान दीजिए। डेयरी, मिठाइयां, मसालेदार और भारी खाना सोने से पहले बिल्कुल अवॉइड करें। इसकी जगह हल्के फल, सलाद या हर्बल चाय लें। इससे आपका पाचन भी ठीक रहेगा और नींद भी गहरी आएगी। याद रखें, अच्छी नींद ही हेल्दी लाइफ की असली चाबी है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
