हेल्थ

Morning Vs Evening Tea: सुबह और शाम की चाय में छिपे हैं 5 बड़े फर्क, एक छोटी गलती आपकी नींद कर सकती है खराब

Morning Vs Evening Tea: क्या आप सुबह और शाम दोनों समय चाय पीते हैं? मगर क्या आप जानते हैं कि चाय पीने का समय आपकी एनर्जी, पाचन और नींद पर असर डाल सकता है? जानिए सुबह और शाम की चाय में क्या अंतर है, कौन-सी चाय कब बेहतर है और कौन-सी छोटी गलती आपकी नींद खराब कर सकती है।

Image

सुबह की चाय और शाम की चाय में होता है बड़ा फर्क

Morning Vs Evening Tea: भारत में चाय सिर्फ एक ताजगी देने वाली ड्रिंक नहीं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। कई लोगों की आंखें सुबह की पहली चाय से ही खुलती हैं, तो कुछ लोग शाम को चाय पीकर दिनभर की थकान दूर करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सुबह और शाम की चाय का असर शरीर पर एक जैसा नहीं होता? बता दें कि चाय पीने का समय आपकी ऊर्जा, मूड, पाचन और नींद तक को प्रभावित कर सकता है। यही वजह है कि कई बार लोग यह समझ नहीं पाते कि चाय पीने के बावजूद उन्हें बेचैनी या रात में नींद क्यों नहीं आती है। आइए जानते हैं सुबह और शाम की चाय में क्या फर्क होता है और कौन सी छोटी गलती आपकी नींद खराब कर सकती है।

1. सुबह की चाय देती है एनर्जी और फोकस

सुबह उठने के बाद शरीर को एक्टिव होने में थोड़ा समय लगता है। ऐसे में एक कप चाय दिमाग और शरीर को तरोताजा महसूस करा सकती है। चाय में मौजूद कैफीन सुस्ती कम करने में मदद करता है, इसलिए सुबह की चाय पीने के बाद कई लोगों को काम करने में ज्यादा फोकस महसूस होता है।

2. खाली पेट चाय पीना पड़ सकता है भारी

कई घरों में बिस्तर से उठते ही चाय पीने की आदत होती है। हालांकि यह आदत हर किसी के लिए अच्छी नहीं मानी जाती। खाली पेट ज्यादा कड़क चाय पीने से पेट में जलन, भारीपन या असहजता महसूस हो सकती है। बेहतर है कि चाय के साथ कुछ हल्का खा लिया जाए या नाश्ते के बाद चाय पी जाए।

3. सुबह हर्बल टी भी हो सकती है फायदेमंद

अगर आप रोज एक जैसी चाय पीकर बोर हो गए हैं तो अदरक, तुलसी या नींबू वाली हल्की हर्बल चाय भी अच्छा विकल्प हो सकती है। इससे शरीर को ताजगी महसूस होती है और दिन की शुरुआत भी अच्छी होती है।

4. शाम की चाय का मकसद है रिलैक्स करना

सुबह की चाय जहां आपको एक्टिव बनाती है, वहीं शाम की चाय का मकसद दिनभर की थकान कम करना होता है। ऑफिस या घर के कामों के बाद एक कप चाय लोगों को सुकून का एहसास देती है। लेकिन यहां सही चाय चुनना बहुत जरूरी है।

5. यही छोटी गलती बिगाड़ सकती है आपकी नींद (chai and sleep)

बहुत से लोग रात के करीब या देर शाम तक कड़क चाय पीते रहते हैं। यही आदत नींद की दुश्मन बन सकती है। चाय में मौजूद कैफीन दिमाग को लंबे समय तक सक्रिय रख सकता है, जिससे रात में जल्दी नींद नहीं आती। अगर आप शाम को चाय पीना चाहते हैं तो तुलसी, पुदीना या दूसरी हर्बल चाय चुन सकते हैं। ये शरीर को आराम देने में मदद कर सकती हैं।

आखिर चाय पीने का सही तरीका क्या है

चाय का मजा तभी है जब उसे सही समय और सही मात्रा में पिया जाए। सुबह की चाय आपको दिनभर के लिए तैयार कर सकती है, जबकि शाम की हल्की चाय दिनभर की थकान कम करने में मदद कर सकती है। बस इतना ध्यान रखें कि देर रात या जरूरत से ज्यादा चाय पीने की आदत आपकी नींद और सेहत दोनों पर भारी पड़ सकती है।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article