हेल्थ

सुबह उठते ही बढ़ा रहता है ब्लड प्रेशर, तो रोज करें ये 5 काम, बिना दवा कंट्रोल होगा हाइपरटेंशन

Morning Habits for Hypertension: हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन एक ऐसी समस्या है, जिससे आज बहुत से लोग जूझ रहे हैं। यदि रोज सुबह उठते ही आपका ब्लड प्रेशर बढ़ा रहता है, तो आपको ये 5 काम करने चाहिए।

Image

हाई ब्लड प्रेशर के लिए हाई ब्लड प्रेशर

Morning Habits for Hypertension: हाई ब्लड प्रेशर या हाइपरटेंशन को 'साइलेंट किलर' भी कहा जाता है, क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण कई बार दिखाई नहीं देते हैं। खासतौर पर सुबह के समय ब्लड प्रेशर का बढ़ जाना एक आम समस्या मानी जाती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, सुबह जागने के बाद शरीर में हार्मोनल बदलाव और स्ट्रेस हार्मोन की सक्रियता के कारण ब्लड प्रेशर थोड़ा बढ़ सकता है। लेकिन यह समस्या लगातार बनी रहे, तो हार्ट और ब्लड बेसल्स पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है। हालांकि कुछ जरूरी लाइफस्टाइल चेजेंज करके ब्लड प्रेशर को काफी हद तक नियंत्रित रखा जा सकता है। आइए जानते हैं ऐसे 5 काम जो रोजाना करने से हाइपरटेंशन (High Blood Pressure) को मैनेज करने में मदद मिल सकती है।

1. पानी से करें दिन की शुरूआत

रातभर सोने के दौरान शरीर कई घंटों तक बिना पानी के रहता है, जिससे हल्का डिहाइड्रेशन हो सकता है। सुबह उठकर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर हाइड्रेट होता है और रक्त संचार बेहतर तरीके से काम करता है। रोज सुबह 2 गिलास पानी पीने की आदत ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में सहायक मानी जाती है। इसमें भी गुनगुना पानी पीना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।

2. मॉर्निंग वॉक जरूर करें

सुबह की हल्की सैर दिल और धमनियों के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती है। नियमित वॉक करने से ब्लड प्रेशर सुधरता है, तनाव कम होता है और हृदय मजबूत बनता है। विशेषज्ञों का मानना है कि रोजाना कम से कम 15 से 20 मिनट की वॉक हाई ब्लड प्रेशर के खतरे को कम करने में मदद कर सकती है।

3. गहरी सांस और प्राणायाम करें

तनाव हाई ब्लड प्रेशर के प्रमुख कारणों में से एक है। इसके लिए सुबह कुछ मिनट गहरी सांस लेने, अनुलोम-विलोम या अन्य सरल प्राणायाम करने से मन शांत होता है और नर्वस सिस्टम को आराम मिलता है। इससे ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। ये दोनों क्रियाएं रोजाना करने से आपको शारीरिक और मानसिक सेहत में लाभ मिलता है।

4. नमक का सेवन कम करें

सुबह का नाश्ता दिन का सबसे महत्वपूर्ण भोजन माना जाता है। यदि नाश्ते में अधिक नमक, तली-भुनी चीजें या प्रोसेस्ड फूड शामिल हों, तो ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। नाश्ते में आपको फल, ओट्स, दलिया, अंकुरित अनाज और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दें। पोटैशियम से भरपूर खाद्य पदार्थ भी रक्तचाप संतुलित रखने में मदद करते हैं।

5. ब्लड प्रेशर की जांच करें

यदि आपको पहले से हाई बीपी की समस्या है, तो सुबह के समय नियमित रूप से ब्लड प्रेशर मॉनिटर करना एक अच्छी आदत हो सकती है। इससे आपको अपने स्वास्थ्य की स्थिति का सही अंदाजा मिलता है और जरूरत पड़ने पर समय रहते डॉक्टर की सलाह ली जा सकती है।

हाइपरटेंशन को नियंत्रित करने के लिए सिर्फ दवाओं पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और तनाव प्रबंधन भी उतने ही जरूरी हैं। हालांकि, यदि आपका ब्लड प्रेशर लगातार अधिक बना रहता है, तो डॉक्टर की सलाह के बिना दवा बंद नहीं करनी चाहिए। हालांकि ये उपाय आपको काफी राहत पहुंचा सकते हैं।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article