Ajwain ke patte ke fayde: बरसात आते ही सर्दी-जुकाम, पेट दर्द, गैस, भारीपन और साइनस जैसी दिक्कतें शुरू हो जाती हैं। मौसम तो सुहाना होता है, लेकिन सेहत के लिए कई बार ये मौसम मुश्किलें बढ़ा देता है। ऐसे में अगर आप चाहें कि ये बारिशें सिर्फ मजा दें, बीमारियां नहीं तो आपको रसोई में रखे अजवाइन की ओर ध्यान देना चाहिए। आयुर्वेदिक डॉक्टर और हेल्थ इन्फ्लुएंसर डॉ. चैताली राठौर बताती हैं कि अजवाइन, जिसे आयुर्वेद में यवानी कहा जाता है, मॉनसून में सेहत का असली रक्षक बन सकती है। जानिए कैसे, और किन दो आसान तरीकों से आप इसका फायदा उठा सकते हैं।
Ajwain ke patte ke fayde
अजवाइन के पत्ते के फायदे - Ajwain ke patte ke fayde
अजवाइन सिर्फ तड़का लगाने का काम नहीं करती, ये बरसात के मौसम में हमारी सेहत को दुरुस्त रखने में भी बहुत काम आती है। डॉ. चैताली राठौर के अनुसार, अजवाइन में एंटी-इंफ्लेमेटरी और डिटॉक्सिफाइंग गुण होते हैं, जो खासकर इस मौसम में शरीर की सफाई और सुरक्षा का काम करते हैं। इसके पत्ते भी समान लाभ प्रदान करता है।
सर्दी-जुकाम और साइनस में करें स्टीम
अगर आपको बार-बार सर्दी हो रही है या नाक बंद रहती है, तो अजवाइन के पत्तों और बीजों की भाप लेना बहुत फायदेमंद है। एक मुट्ठी पत्ते और एक चम्मच बीज उबाल लें और उसी पानी की भाप लें। यह तरीका साइनस की सूजन को कम करता है और नाक के बंद रास्तों को खोलता है। दिन में दो से तीन बार कर सकते हैं।
गैस, पेट दर्द और भारीपन में अजवाइन का पानी
पेट फूला हुआ लगता है, खाना पच नहीं रहा या मरोड़ हो रही है ऐसे में एक गिलास गर्म पानी में एक चम्मच अजवाइन डालकर थोड़ी देर उबालें और फिर धीरे-धीरे पिएं। डॉ. राठौर कहती हैं कि ये पानी पाचन को मजबूत करता है और तुरंत राहत देता है। लेकिन इसे रोज की आदत न बनाएं, सिर्फ जरूरत के समय ही लें।
क्यों है ये मसाला मॉनसून में खास?
मॉनसून में इम्युनिटी कमजोर हो जाती है और बैक्टीरियल इंफेक्शन बढ़ जाते हैं। ऐसे में अजवाइन शरीर को अंदर से साफ करती है और विषैले तत्वों को बाहर निकालती है। साथ ही, यह भूख बढ़ाती है, पाचन ठीक करती है और कफ को भी संतुलित रखती है। इसलिए बरसात में इसका सेवन और भी जरूरी हो जाता है।
किन लोगों को अजवाइन से बचना चाहिए?
हर चीज की तरह अजवाइन भी हर किसी के लिए नहीं है। डॉ. चैताली राठौर बताती हैं कि अगर किसी को पित्त की समस्या है या शरीर में गर्मी ज्यादा है, तो अजवाइन से दूरी रखें। इसके अलावा, पुरुषों में जो फर्टिलिटी की समस्या से जूझ रहे हैं, उनके लिए भी इसका सेवन सही नहीं माना जाता।
तो अगली बार जब बरसात में जुकाम या पेट दर्द सताए, तो डॉक्टर के पास भागने से पहले रसोई में रखी अजवाइन को आजमाएं। डॉ. चैताली राठौर के बताए ये आसान घरेलू उपाय न सिर्फ असरदार हैं बल्कि पूरी तरह प्राकृतिक भी हैं। सही समय पर सही चीज़ों का इस्तेमाल, आपको मौसम के असर से बचाकर सेहतमंद बनाए रख सकता है।
