अस्पताल के आईसीयू में भर्ती मरीज पहले ही गंभीर स्थिति से जूझ रहे होते हैं। ऐसे में अगर शरीर में गंभीर फंगल संक्रमण भी फैल जाए तो खतरा कई गुना बढ़ सकता है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) की एक देशव्यापी स्टडी ने इसी खतरे की गंभीर तस्वीर सामने रखी है। अध्ययन के मुताबिक, आईसीयू में गंभीर इनवेसिव फंगल संक्रमण से जूझ रहे 53.6 फीसदी मरीजों की अस्पताल में मौत हो गई। यानी ऐसे हर 100 मरीजों में करीब 54 मरीजों को बचाया नहीं जा सका। यह शोध द लैंसेट रीजनल हेल्थ-साउथईस्ट एशिया में प्रकाशित हुआ है।
ICU में फंगल संक्रमण का बड़ा खतरा: ICMR स्टडी में 53.6% मरीजों की मौत की चेतावनी (Photo: iStock)
1,78,417 ICU मरीजों के आंकड़ों का अध्ययन
यह कोई छोटे स्तर का अध्ययन नहीं था। शोधकर्ताओं ने जनवरी 2023 से नवंबर 2025 के बीच देश के 63 आईसीयू में भर्ती 1,78,417 मरीजों के आंकड़ों का विश्लेषण किया। इनमें 2,500 मरीजों में इनवेसिव फंगल संक्रमण की पुष्टि हुई। आंकड़ों के मुताबिक, हर 1,000 आईसीयू एडमिशन में करीब 14 मरीज इस गंभीर संक्रमण से प्रभावित मिले। अध्ययन में देश के अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों के चिकित्सा केंद्रों को शामिल किया गया था।
सबसे ज्यादा मामले कैंडिडा के
अध्ययन में सबसे ज्यादा मामले इनवेसिव कैंडिडियासिस के मिले। कुल फंगल संक्रमणों में इसकी हिस्सेदारी 57.1 फीसदी थी। इसके बाद 37 फीसदी मामले इनवेसिव एस्परजिलोसिस के थे। म्यूकर माइकोसिस के 3.4 फीसदी मामले सामने आए।
इनवेसिव फंगल संक्रमण सामान्य फंगल इंफेक्शन से अलग और ज्यादा गंभीर स्थिति होती है। इसमें फंगस शरीर के अंदर गहराई तक पहुंच सकता है और खून या महत्वपूर्ण अंगों को प्रभावित कर सकता है।
स्टेरॉयड और वेंटिलेटर से क्यों बढ़ता है खतरा?
स्टडी में कुछ ऐसे कारण भी सामने आए हैं, जो मरीज की स्थिति को और गंभीर बना सकते हैं। इनवेसिव कैंडिडियासिस के मामलों में सेप्सिस, लंबे समय से चली आ रही लिवर की बीमारी, इम्यूनिटी कमजोर होना और स्टेरॉयड का इस्तेमाल ज्यादा मृत्यु जोखिम से जुड़े मिले।
वहीं एस्परजिलोसिस के मरीजों में मैकेनिकल वेंटिलेशन, स्टेरॉयड और कमजोर इम्यूनिटी ज्यादा जोखिम से जुड़े पाए गए। इसका मतलब यह नहीं है कि हर स्टेरॉयड लेने वाले या वेंटिलेटर पर मौजूद मरीज को फंगल संक्रमण होगा। बल्कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों में ये स्थितियां संक्रमण के खिलाफ शरीर की क्षमता को प्रभावित कर सकती हैं।
कैंडिडा ऑरिस ने बढ़ाई एक और चिंता
अध्ययन में एंटीफंगल दवाओं के प्रति प्रतिरोध का मुद्दा भी सामने आया। कैंडिडा के मामलों में कैंडिडा ट्रॉपिकॉलिस सबसे ज्यादा पाया गया। वहीं कैंडिडा ऑरिस में फ्लुकोनाजोल के प्रति उच्च स्तर का प्रतिरोध देखा गया। ऐसे मामलों में सही दवा चुनना डॉक्टरों के लिए चुनौती बन सकता है।
जल्दी पहचान सबसे जरूरी
शोधकर्ताओं ने फंगल संक्रमण की जल्द पहचान के लिए तेज जांच तकनीकों, अस्पतालों में बेहतर संक्रमण नियंत्रण और एंटीफंगल दवाओं के जिम्मेदार इस्तेमाल पर जोर दिया है।
दरअसल, आईसीयू में समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। गंभीर फंगल संक्रमण की पहचान जितनी देर से होगी, इलाज उतना मुश्किल हो सकता है। इसलिए इस स्टडी का संदेश सिर्फ यह नहीं है कि फंगल संक्रमण कितना खतरनाक है, बल्कि यह भी है कि समय पर पहचान, सही दवा और लगातार निगरानी कई मरीजों के लिए निर्णायक साबित हो सकती है।
