सर्दी में अखरोट कैसे खाएं, कितने अखरोट कब खाना रहेगा सही - Explained
How To Eat Akhrot In Winter: हम में से ज्यादातर लोगं की सर्दियों की ठंडी सुबह हाथों में गर्म चाय और सामने अखरोट के साथ होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं इन्हें खाने का सही तरीका? अक्सर हम रोजमर्रा की बात समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि यही छोटी आदतें हमारी सेहत पर बड़ा असर डालती हैं। इस लेख में जानिए सर्दियों में अखरोट खाने का सही समय, सही मात्रा और वो जरूरी बातें, जो आपकी सर्दी को सेहतमंद और सुकून भरा बना सकती हैं।
- Authored by: Vineet
- Updated Dec 9, 2025, 02:17 PM IST
How To Eat Akhrot In Winter: ठंड का मौसम आते ही हमारे घरों में कई चीजें बदलने लगती हैं। सुबह थोड़ी देर से उठना, धूप सेंकते हुए चाय पीना और गर्म चीजें खाने की चाह अचानक बढ़ जाती है। ऐसे में कई घरों में एक आम सी आदत होती है - सर्दियों में ड्राई फ्रूट्स का डिब्बा सामने रख देना। इसमें कोई किशमिश चुनता है, कोई बादाम, तो कोई अखरोट का टुकड़ा उठाकर उसे धीरे-धीरे चबाने लगता है। लेकिन सर्दियों में अखरोट के सेवन को लेकर लोगों में मन में कई तरह के सवाल रहते हैं। अक्सर लोगों के मन में एक सवाल घूमता रहता है कि क्या सच में अखरोट सर्दियों में फायदेमंद है? कुछ लोग कहते हैं भिगोकर खाना चाहिए, तो कुछ कहते हैं कच्चा खाना ही सबसे अच्छा है। वहीं कई लोग शरीर में गर्मी बढ़ने के डर से अखरोट से दूरी बना लेते हैं।
हेल्थ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि असल में अखरोट सिर्फ एक ड्राई फ्रूट नहीं है, बल्कि यह सर्दियों में शरीर को अंदर से मजबूत बनाने वाला एक प्राकृतिक सुपरफूड है। अगर इसे सही तरीके और सही मात्रा में खाया जाए, तो यह ठंड के मौसम में शरीर को जबरदस्त एनर्जी, गर्माहट और ताकत देने का काम करता है। आज के लेख में हम जानेंगे कि सर्दियों में अखरोट कैसे और कितनी मात्रा में खाना सही रहता है।
सर्दियों में अखरोट कैसे खाएं (Sardi Mein Akhrot Kaise Khaye)
आयुर्वेद की एक्सपर्ट डॉ. चंचल शर्मा कहती हैं जब ठंड का मौसम शुरू हो जाता है तो हमारा शरीर ज्यादा एनर्जी मांगता है, इसलिए इस दौरान ऐसे फूड्स चुनने जरूरी हो जाते हैं जो अंदर से ताकत दें। अखरोट भी उन्हीं में से एक सुपरफूड है। इसके सेवन को लेकर एक्सपर्ट का मानन है कि अखरोट को सीधे भी खाया जा सकता है, लेकिन सबसे अच्छा तरीका है इसे रातभर पानी में भिगोकर सुबह इसे खाना। इससे यह नरम हो जाते हैं और हमारा शरीर भी इन्हें आसानी से पचा पाता है। कुछ लोग इसे हल्का सा सेंककर भी खाते हैं, जो सर्दियों में शरीर को और गर्माहट देता है।
सर्दियों में अखरोट खाने के फायदे
सर्दियों में अखरोट खाने के फायदे (Sardi Mein Akhrot Khane Ke Fayde)
मैक्स हॉस्पिटल से जुड़ी न्यूट्रिशनिस्ट और डायटीशियन डॉ. प्रियंका अग्रवाल बताती हैं जब ठंड बढ़ती है, तो ऐसे में कई लोगों को कमजोरी, जोड़ों का दर्द और थकान महसूस होने जैसी समस्याएं सताने लगती हैं। ऐसी स्थिति में अखरोट शरीर के लिए एक नेचुरल सपोर्ट की तरह काम करता है। वैज्ञानिक रिसर्च और स्टडीज में यह पाया गया है कि अखरोट में ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटीऑक्सीडेंट और हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं, जो इम्यून सिस्टम और दिमाग के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। नियमित तौर पर अखरोट खाने से ये फायदे हो सकते हैं -
- शरीर में गर्माहट बनाए रखने में मदद मिलेगी
- याददाश्त और फोकस बेहतर होगा
- जोड़ों की अकड़न और सूजन में राहत मिलेगी
- त्वचा को रूखेपन से बचाने में मदद मिलेगी
- दिल को हेल्दी और हार्ट डिजीज को दूर रखने में मदद मिलेगी।
रोज कितने अखरोट खाने चाहिए? (Roz Kitne Akhrot Khane Chahiye)
अक्सर लोग सोचते हैं कि ज्यादा खाएंगे तो ज्यादा फायदा मिलेगा, लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं होता है। हेल्थ एक्सपर्ट मानते हैं कि हर चीज की एक सही मात्रा होती है। नियमित सेवन के तौर पर रोज 2 से 4 अखरोट की गिरी पर्याप्त मानी जाती है। इससे शरीर को जरूरी फैट और पोषण मिल जाता है, वो भी बिना नुकसान के। लेकिन इससे अधिक का सेवन एक्सपर्ट की सलाह से ही करना चाहिए।
अखरोट खाने का सही तरीका
सर्दियों में अखरोट खाने का सही तरीका (Sardi Mein Akhrot Khane Ka Sahi Tarika)
डायटीशियन प्रियंका की मानें तो अखरोट को खाने का सही तरीका अपनाने से उसका असर और बेहतर दिखता है। छोटे-छोटे बदलाव बड़ी आदत बन सकते हैं। ऐसे में आप यह तरीका अपना सकते हैं -
- रात को अखरोट पानी में भिगो दें
- सुबह खाली पेट या नाश्ते के साथ खाएं
- आप चाहें तो साथ में एक गिलास दूध ले सकते हैं
- धीरे-धीरे और अच्छी तरह चबाएं
सर्दियों में अखरोट भिगोकर खाएं या कच्चा (Soaked vs Raw Walnuts in Winter)
डॉक्टर चंचल शर्मा की राय में यह अखरोट के सेवन को लेकर पूछे जाने वाले सबसे आम सवालों में से एक है और बिल्कुल जायज भी। साइंटिफिक तौर पर भिगोकर खाने को बेहतर माना जाता है, क्योंकि इस प्रक्रिया में अखरोट में मौजूद फाइटिक एसिड (Phytic Acid) कम हो जाता है और सभी जरूरी पोषक तत्व शरीर को अच्छे से मिलते हैं। अगर आप अखरोट को भिगो नहीं सकते हैं, तो कच्चा अखरोट भी खा सकते हैं, बस इसकी मात्रा बैलेंस रखें।
अखरोट खाने का सही समय क्या है
अखरोट खाने का सही समय (Akhrot Khane Ka Sahi Time)
अखरोट खाने का सबसे अच्छा समय सुबह का माना जाता है, खासकर खाली पेट। सुबह शरीर का मेटाबॉलिज्म एक्टिव होता है, जिससे न्यूट्रिएंट्स बेहतर तरीके से एब्जॉर्ब होते हैं। रात में बहुत ज्यादा अखरोट लेने से कुछ लोगों को भारीपन महसूस हो सकता है।
अखरोट गर्म होता है या ठंडा (Akhrot garam hota hai ya thanda)
आयुर्वेद और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट दोनों ही मानते हैं कि अखरोट की तासीर गर्म होती है। यही वजह है कि यह सर्दियों में शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करता है और गर्मी में इसका सीमित मात्रा में ही सेवन करने की सलाह दी जाती है।
क्या अखरोट खाने से बॉडी हीट बढ़ती है (Does Eating Walnuts Increase Body Heat)
अगर आप अखरोट जरूरत से ज्यादा खाते हैं, तो इससे शरीर में गर्मी बढ़ सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि वे पहले ही तासीर में थोड़े गर्म होते हैं। अगर आप रोज ज्यादा मात्रा में बादाम खाते हैं तो इससे गर्मी बढ़ेगी जिसका असर भी सेहत पर कई तरह से दिखेग जैसे -
- मुंह में छाले
- गले की खराश
- पेट में जलन
- बार-बार प्यास लगना
इसलिए ही कहते हैं सर्दियों में अखरोट खाना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है, लेकिन सही मात्रा और सही तरीके से ही इसे अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए। भिगोकर खाना सबसे बेहतर तरीका है, रोज 2-4 अखरोट की गिरी पर्याप्त होती है और सुबह का समय सबसे अच्छा माना जाता है। अगर आप इन बातों का ध्यान रखेंगे, तो अखरोट सर्दियों में आपकी सेहत का मजबूत साथी बन सकता है।
