हेल्थ

Heatwave: बार-बार कोल्ड ड्रिंक पीना क्यों बढ़ा सकता है Dehydration, गर्मी में ज्यादातर लोग कर रहे ये बड़ी गलती

How Cold Drinks Cause Dehydration: हीटवेव के दौरान बार-बार कोल्ड ड्रिंक पीना शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकता है। जानिए कैसे सिर्फ ठंडक महसूस होना और शरीर का हाइड्रेट रखना दोनों अलग बातें हैं।

Image

गर्मी में बार-बार कोल्ड ड्रिंक पीकर हो सकते हैं डिहाइड्रेशन का शिकार

How Cold Drinks Cause Dehydration: आजकल आपने देखो होगा भीषण गर्मी और हीटवेव (Heatwave) के बीच ज्यादातर लोग ठंडक पाने के लिए बार-बार कोल्ड ड्रिंक पी रहे हैं। बता दें कि ठंडी बोतल हाथ में आते ही कुछ देर के लिए राहत जरूर मिलती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही आदत शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकती है? कई लोग प्यास लगने पर पानी की बजाय कोल्ड ड्रिंक पीना पसंद करते हैं और यहीं सबसे बड़ी गलती हो जाती है। गर्मी में शरीर को सिर्फ ठंडक नहीं, बल्कि पर्याप्त पानी की जरूरत होती है। अगर आप भी दिनभर कोल्ड ड्रिंक के सहारे गर्मी से बचने की कोशिश कर रहे हैं, तो यह जानना जरूरी है कि इससे आपकी सेहत पर क्या असर पड़ सकता है।

कोल्ड ड्रिंक प्यास बुझाती है लेकिन..

कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद व्यक्ति को कुछ मिनटों के लिए अच्छा महसूस होता है और प्यास भी कम लगती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि शरीर को उतना पानी मिल गया, जितनी उसे जरूरत थी। यही वजह है कि थोड़ी देर बाद फिर से प्यास लगने लगती है और लोग एक और बोतल खोल लेते हैं।

ज्यादा मीठी ड्रिंक गर्मी में बन सकती है परेशानी

अधिकतर कोल्ड ड्रिंक्स में चीनी की मात्रा काफी ज्यादा होती है। गर्मी में जब शरीर पहले से ही पानी खो रहा होता है, तब ज्यादा मीठे पेय उसे और नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे शरीर को पानी की जरूरत और बढ़ सकती है। इसलिए प्यास बुझाने के लिए कोल्ड ड्रिंक सबसे अच्छा विकल्प नहीं माना जाता।

बार-बार कोल्ड ड्रिंक पीने की आदत क्यों है गलत

कई लोग सोचते हैं कि जितनी ज्यादा ठंडी ड्रिंक पिएंगे, उतनी ज्यादा राहत मिलेगी। लेकिन ऐसा नहीं है। बार-बार कोल्ड ड्रिंक पीने से लोग पानी पीना कम कर देते हैं। नतीजा यह होता है कि शरीर में धीरे-धीरे पानी की कमी होने लगती है और थकान, सिरदर्द या कमजोरी जैसी दिक्कतें महसूस हो सकती हैं।

शरीर में पानी की कमी के संकेत कैसे पहचानें

अगर बार-बार प्यास लग रही है, मुंह सूख रहा है, बहुत ज्यादा थकान महसूस हो रही है या चक्कर जैसा लग रहा है, तो यह शरीर में पानी की कमी का संकेत हो सकता है। ऐसे समय में कोल्ड ड्रिंक नहीं, बल्कि पानी या दूसरे प्राकृतिक पेय ज्यादा फायदेमंद होते हैं।

तो गर्मी में क्या पीना रहेगा बेहतर

हीटवेव के दौरान सादा पानी सबसे अच्छा साथी है। इसके अलावा नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ और घर में बने हल्के पेय भी शरीर को तरोताजा रखने में मदद कर सकते हैं। ये शरीर में पानी की कमी पूरी करने के साथ-साथ गर्मी से राहत भी देते हैं।

गांठ बांध लें ये बात

गर्मी में ठंडी कोल्ड ड्रिंक पीना बुरा नहीं है, लेकिन इसे पानी का विकल्प समझना बड़ी गलती हो सकती है। अगर आप हीटवेव के दौरान खुद को स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो कोल्ड ड्रिंक पर निर्भर रहने के बजाय पर्याप्त पानी और घरेलू पेय पदार्थों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। छोटी-सी यह आदत आपको गर्मी की कई परेशानियों से बचा सकती है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article